Download App

Hindi Kahani : सीख – लावण्या तान्या से किस बात के लिए नाराज रहता था

Hindi Kahani : हर शनिवार की तरह आज भी तान्या जब दिन में 12 बजे सो कर उठी तो लावण्या के चेहरे पर नाराजगी देख फौरन प्यार से बोली, ‘‘मम्मी, बहुत भूख लगी है, खाना तैयार है न? जल्दी लगा दो, मैं फ्रैश हो कर आई.’’

वहीं बैठे तुषार ने पत्नी का खराब मूड भांप कर समझाते हुए कहा, ‘‘लावण्या, क्यों दुखी हो रही हो? यह तो हर छुट्टी का रुटीन है उस का. चलो, हम भी उस के साथ लंच कर लेते हैं. इस बहाने उस के साथ थोड़ा समय बिता लेंगे.’’

लावण्या कुढ़ते हुए तीनों का खाना लगाने लगी. तान्या आई. डाइनिंग टेबल पर बैठते हुए बोली, ‘‘आप लोग भी खा रहे हैं मेरे साथ, लेकिन अभी तो 12 ही बजे हैं?’’

तुषार बोले, ‘‘इस बहाने ही तुम्हारी कंपनी मिल जाएगी.’’

‘‘यह बात तो ठीक है पापा, मैं खा कर अभी फिर सो जाऊंगी, आज पूरा दिन आराम करना है.’’

लावण्या कुछ नहीं बोली. तीनों खाना खाते रहे. तान्या ने खाना खत्म कर प्लेट उठाई, रसोई में रखी और बोली, ‘‘अच्छा पापा, थोड़ा और आराम करूंगी. और हां मम्मी, मुझे उठाना मत.’’

तान्या ने अपने रूम का दरवाजा बंद किया और फिर सोने चली गई. पतिपत्नी ने बस चुपचाप एकदूसरे को देखा, कहा कुछ नहीं. कहने लायक कुछ था भी नहीं. दोनों मन ही मन इकलौती, आलसी और लापरवाह बेटी के तौरतरीकों पर दुखी थे.

लंच खत्म कर तुषार टेबल साफ करने में लावण्या का हाथ बंटाने लगे. फिर बोले, ‘‘मेरी जरूरी मीटिंग है, कुछ तैयारी करनी है. तुम थोड़ा आराम कर लो.’’

लावण्या ‘हां’ में सिर हिला कर दुखी मन से अपने बैडरूम में जा कर लेट गई. वह सचमुच बहुत दुखी हो चुकी थी. बेटी के रंगढंग उसे बहुत चिंतित कर रहे थे.

तान्या का बीकौम हो चुका था. वह सीए कर रही थी. अब, उस की आर्टिकलशिप चल रही थी. तान्या सुबह साढ़े 9 बजे के आसपास निकलती थी, रात को 9 बजे तक ही आती थी. वह लोकल टे्रन से ही आतीजाती थी.

तान्या काफी थक जाती है, यह जानती है लावण्या. उसे तान्या की इस भागदौड़ से सहानुभूति भी है लेकिन वह हमेशा यही सोचती है कि यह मेहनत ही उस की बेटी का भविष्य बनाएगी.

लावण्या और तुषार ने मन ही मन अपनी बेटी को उच्च शिक्षित, आत्मनिर्भर बनते देखने का सपना संजोया है. वह उस से घर के किसी काम में हाथ बंटाने की उम्मीद भी नहीं करती. वह बस यही चाहती है कि वह पढ़ेलिखे. लेकिन तान्या को पता नहीं क्या हो गया है, वह झुंझलाते हुए बिना कोई बात किए औफिस निकल जाती है. आते ही बैग ड्राइंगरूम में ही पटकती है और टीवी देखने को बैठ जाती है, डिनर करती है और फिर सोने चली जाती है.

कई बार लावण्या ने सोचा कि कहीं उस की बेटी को औफिस में कोई परेशान तो नहीं कर रहा है, पता नहीं कितने अच्छेबुरे खयाल उस के दिल को परेशान करने लगे थे.

एक दिन रात को उस ने बड़े स्नेह से उसे दुलारते हुए पूछा था, ‘‘क्या बात है, बेटी? इतना चिढ़ते हुए औफिस क्यों जाती हो? अब तो 8 महीने ही बचे हैं सीए फाइनल की परीक्षा में, 4 महीने पहले से तुम्हें छुट्टियां भी मिल जाएंगी, बात क्या है?’’

तान्या ने चिढ़ते हुए कहा, ‘‘मम्मी, मुझे सोने दो, मैं थक गई हूं.’’

लावण्या ने फिर थोड़ी गंभीरता से पूछा, ‘‘सो जाना, पहले बताओ, इतने खराब मूड में क्यों रहती हो?’’

‘‘आप को पता नहीं मेरी बात समझ आएगी या नहीं.’’

‘‘मतलब? ऐसी क्या बात है?’’

तान्या उठ कर बैठ गई थी, ‘‘मम्मी, मेरा मन नहीं करता कुछ करने का.’’

‘‘क्या मतलब?’’

‘‘मेरा मन करता है, घर में रहूं, आराम करूं, टीवी देखूं, बस.’’

लावण्या अवाक् सी बेटी का मुंह देखती रह गई थी, कहा, ‘‘यह क्या बात हुई, तान्या?’’

‘‘हां मम्मी, कोई शौक नहीं है मुझे पढ़ने का, औफिस जाने का.’’

‘‘क्या कह रही हो, तान्या? तुम पढ़ाई में तो अच्छी रही हो, तुम्हारा दिमाग भी तेज है और अब तो कम समय ही बचा है फाइनल का.’’

‘‘हां, पता है, पर मेरा मन नहीं करता कुछ करने का. बस, आराम करना अच्छा लगता है मुझे घर में.’’

लावण्या बेटी का आलसी, आरामपसंद स्वभाव जानती तो थी ही, कहने लगी, ‘‘तुम्हें तुम्हारे ही अच्छे भविष्य के लिए पढ़ायालिखाया जा रहा है और तुम ऐसी बातें कर रही हो, बहुत दुख हो रहा है मुझे.’’

‘‘आप को भी तो शौक नहीं रहा जौब करने का, मुझे भी नहीं है तो कौन सी बड़ी बात हो गई.’’

‘‘पर मेरा टाइम और था, तान्या. अब अपने पैरों पर खड़े होना बहुत जरूरी है, लड़कियां हर क्षेत्र में कितना आगे हैं, तुम्हारे पापा तुम्हें हर तरह से आत्मनिर्भर व सफल होते देखना चाहते हैं. हर सुखसुविधा है घर में तुम्हारे लिए, कुछ करोगी नहीं तो क्या करोगी?’’

‘‘वही जो आप कर रही हैं, आप को अपनी लाइफ में कोई कमी लगती है क्या? मैं भी हाउसवाइफ बन जाऊंगी, मुझे क्यों घर के बाहर धक्के खाने भेजना चाहते हो आप लोग?’’

लावण्या ने अपना सिर पकड़ लिया, बेटी की चलती जबान पर गुस्सा भी आया. फिर भी शांत, संयत स्वर में कहा, ‘‘तुम ने अब तक क्यों नहीं बताया कि तुम्हें पढ़ने का शौक नहीं है, कुछ करना नहीं है तुम्हें?’’

‘‘बता कर क्या होता? पापा मुझे ले कर इतने ऊंचे सपने देखते हैं, उन का मूड खराब हो जाता, आप ने आज पूछा तो मैं ने बता दिया.’’

इतने में तुषार ने आवाज दी थी और लावण्या तान्या के रूम से चली गई. तुषार ने लावण्या का उतरा चेहरा देखा, कारण पूछा. पहले तो लावण्या ने छिपाने की कोशिश की लेकिन फिर तान्या की सारी सोच तुषार के सामने स्पष्ट कर दी. दोनों सिर पकड़ कर बैठ गए थे. वे दोनों तो पता नहीं क्याक्या सपने देख रहे हैं और बेटी तो कुछ करना ही नहीं चाहती. तुषार ने इतना ही कहा, ‘‘बाद में प्यार से समझाएंगे, ऐसे ही औफिस के कामों से घबरा गई होगी.’’

फिर वह बाद आज तक नहीं आ पाया था. सोमवार से शुक्रवार तान्या बात के मूड में नहीं होती थी. शनिवार और रविवार पूरा दिन सोती थी. शाम को टीवी देखती थी. रविवार की शाम से ही उस का मूड अगले दिन औफिस जाने के नाम से खराब होना शुरू हो जाता था.

लावण्या मन ही मन आहत थी. मन तो होता था कि बेटी छुट्टियों में मांबाप के साथ हंसेबोले, बातें करे पर बेटी तो अपने आराम की दुनिया से बाहर निकलना ही नहीं चाहती थी. कई बार लावण्या ने फिर समझाया था, ‘‘और भी लड़कियां पूरा दिन काम करती हैं औफिस में, किसी का रुटीन यह नहीं रहता, घर वालों से बात तो ठीक से करती होंगी सब, कुछ घूमतीफिरती भी होंगी, बाहर जाती होंगी फैमिली के साथ, दोस्तों के साथ, तुम्हें तो दोस्तों से मिलने में भी आलस आता है.’’

‘‘मुझे बस आराम करने दिया करो, मम्मी. मुझे कुछ नहीं करना है.’’

‘‘22 साल की तो हो ही गई हो, शादी के बाद कैसे ऐडजस्ट करोगी?’’

‘‘मैं तो कुछ नहीं करूंगी, जल्दी ही जौब भी छोड़ दूंगी.’’

‘‘कैसे बीतेगी तुम्हारी लाइफ? इतना आराम, इतना आलस अच्छा नहीं है.’’

तान्या हंसते हुए बोली, ‘‘एक अच्छी पोस्ट वाला अमीर लड़का ढूंढ़ देना. बस, कट जाएगी लाइफ.’’

लावण्या उस का मुंह देखती रह गई थी. फिर वह परेशान रहने लगी थी बेटी की सोच से.

तुषार बैडरूम में आए. लावण्या को करवटें बदलते देख बोले, ‘‘अरे, तुम सोईं नहीं?’’

‘‘जब भी तान्या के बारे में सोचती हूं परेशान हो जाती हूं. क्यों इतना आराम चाहिए उसे लाइफ में?’’

‘‘अपना मूड मत खराब करो, समझ जाएगी धीरेधीरे.’’

ऐसे ही कुछ दिन और बीते, फिर महीने. मार्च का महीना चल रहा था, जुलाई से तान्या फाइनल के लिए छुट्टी पर रहने वाली थी. फाइनल की क्लास के लिए 60 हजार रुपए फीस भरी गई थी. लेकिन वह एक दिन भी नहीं गई थी.

एक दिन तुषार भी परेशान हो कर बोले, ‘‘तान्या, कैसे पास करोगी फाइनल? इतना टफ होता है, पैसे तो सब डूब ही गए?’’

‘‘अरे पापा, पहली बार फेल हो गई तो दूसरी बार दे दूंगी परीक्षाएं, क्या फर्क पड़ता है, कितनी बार भी दे सकते हैं परीक्षाएं, कोई चिंता नहीं है इस बात की.’’

तुषार को गुस्सा आ गया, ‘‘दिमाग खराब हो गया है? तुम्हें न समय की वैल्यू है न पैसे की, परेशान हो गए हैं हम.’’

तान्या पैर पटकते हुए अपने रूम में गई और लेट कर सो गई.

लावण्या की तो अब नींद ही उड़ने लगी थी. यही चिंता रहती कि आत्मनिर्भर नहीं भी हुई तो कम से कम आराम और आलस तो छोड़े. क्या होगा इस का.

1 महीना और बीता, एक रविवार को दिन में 12 बजे तान्या की आंख किसी के रोने की आवाजों से खुली. कोई जोरजोर से सिसकियां ले रहा था.

तान्या ने बिस्तर छोड़ा, ड्राइंगरूम में आई, वहां पूना में रहने वाली तुषार की चचेरी बहन नीता अपने पति विपिन और 25 वर्षीया बेटी रेनू के साथ बैठी थी. माहौल बहुत गंभीर था. तान्या सब को नमस्ते करते हुए एक कोने में बाल बांधती हुई बैठ गई. रेनू रोए जा रही थी.

नीता सिसकियां भरते हुए कह रही थी, ‘‘तुषार, तू ने मुझे कितना समझाया था. रेनू को अच्छी तरह पढ़ाऊंलिखाऊं, फिर इस का विवाह करूं लेकिन हम ने बेटी को बोझ समझते हुए इस की पढ़ाई छुड़वा कर जल्दी से जल्दी इस का विवाह करना ठीक समझा. अब इस का पति मनोज इसे कम पढ़ेलिखे होने का ताना मारता है. जरूरत के पैसे भी अपमान कर के देता है. अपने दोस्तों की पढ़ीलिखी पत्नियों के सामने इसे नीचा दिखाता है. कभीकभी हाथ भी उठा देता है. इस के ऊपर ही घर का सारा काम है. तू ने कितना समझाया था. मैं ने तेरी बात नहीं सुनी. मैं इसे वहां नहीं जाने दूंगी अब.’’

रेनू रोते हुए बोली, ‘‘मामाजी, मैं क्या करूं? मेरी मदद करो. मेरी वहां कोई इज्जत नहीं है. एकएक पैसे के लिए हाथ फैलाना पड़ता है. घर के बहुत सारे काम मुझे ही करने पड़ते हैं. मेरी जेठानी औफिस जाती हैं. सास भी टीचर हैं. सब कहते हैं तुम्हें घर में ही तो रहना है. घर के सब काम तो करने ही पड़ेंगे. पता नहीं क्या सोच कर उन्होंने मुझे अपनी बहू बनाया. मैं तो उन के जितनी पढ़ीलिखी नहीं, थक जाती हूं, मामाजी, क्या करूं अब?’’

तुषार ने कहा, ‘‘पहले आप लोग फ्रैश हो कर कुछ खाओ, फिर सोचते हैं क्या करना है.’’

लावण्या ने तान्या के भोले चेहरे पर पहली बार चिंता की लकीरें देखीं. फिर उसे बाथरूम में जाते देखा. लावण्या रसोई में व्यस्त हो गई. जब तक उस ने सब का खाना टेबल पर लगाया, नहाधो कर एकदम तैयार हाथ में बैग लिए तान्या को देख कर चौंकी. सब डाइनिंग टेबल पर बैठे थे. तुषार ने कहा, ‘‘बेटा, तैयार क्यों हो गई? कहीं जाना है क्या?’’

‘‘हां पापा, क्लास है मेरी, घाटकोपर जाना है.’’

लावण्या और तुषार चौंके, ‘‘क्या?’’

तान्या ने अपनी प्लेट में खाना रखते हुए कहा, ‘‘हां पापा, क्लास जा रही हूं, फाइनल में कम ही दिन बचे हैं,’’ बाकी मेहमानों की उपस्थिति का ध्यान रखते हुए उन पर नजर डालते हुए तान्या ने आगे कहा, ‘‘मम्मी, जल्दी निकलूंगी. स्नेहा से बाकी नोट्स भी लेने हैं. पहले ही बहुत देर हो गई है.’’

बाकी मेहमान तो नहीं समझे, लावण्या और तुषार बेटी का आशय समझ गए. तुषार मुसकराते हुए बस इतना ही बोले, ‘‘हां, देर तो हो गई है पर इतनी भी नहीं. अब भी समय है.’’

तुषार और लावण्या ने एकदूसरे को चमकती आंखों से देखा. उन की न सही, किसी और की ही सही, एक सीख से उन की बेटी ने कुछ करने की दिशा में आज एक कदम तो उठा ही लिया था.

Best Hindi Story : विद्या का मंदिर – क्या थी सतीश की सोच

Best Hindi Story : “अरे रे, रोकना,” रमा ने एक बार जब फिर राहुल से कार रुकवाई, तो राहुल के मुंह से निकल पड़ा, “ओह नो.”

सामने उस के वही चिरपरिचित हनुमानजी का मंदिर था जिस को वह रोज ही यहां से गुजरते हुए देखता था. पहले यह छोटा सा मंदिर था. देखते ही देखते मंदिर ने भव्य रूप ले लिया था. बढ़ते ट्रैफिक और रोज जाम जैसी स्थिति पैदा होने के मद्देनजर सड़कों को चौड़ी करने के लिए कई अवैध रूप से कब्जा की हुई इमारतों, छोटीमोटी दुकानों को हटा दिया गया. लेकिन इस मंदिर को छूने की हिम्मत किसी को न हुई. सड़क चौड़ी हुई, ट्रैफिक प्लान भी बदला. लेकिन यह मंदिर अपनी जगह पर जस का तस रहा. हां, इस का स्वरूप बदलता रहा. मंदिर में एक के बाद एक भगवान की प्रतिमाएं स्थापित होती रहीं और मंदिर का आकार छोटे से बड़ा होता गया. एक विशालकाय हनुमानजी की प्रतिमा मंदिर के बाहर ऊपर स्थापित कर दी गई. बाईं ओर से एक सड़क जाती और दाईं ओर से दूसरी. रास्ता वन-वे हो गया. वैसे तो मंदिर का मुख्यद्वार सड़क के दाईं ओर खुलता था, लेकिन हनुमानजी की प्रतिमा सड़क को 2 भागों में विभाजित करने वाले स्थान पर मंदिर के ऊपर स्थापित की हुई थी. सिंदूरी रंग की विशालकाय मूर्ति बरबस ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती थी.

राहुल को जो बात सब से ज्यादा अखरती थी, वह थी, वे 2 दुकानें.  मंदिर के बाईं ओर शराब की दुकान और दाईं ओर चिकन कौर्नर.  रोज शाम को इन 2 दुकानों में  जितनी भीड़ उमड़ती थी, उतनी भीड़ तो मंदिर में भी नहीं उमड़ती. बजरंगबलीजी भले ही बल में अव्वल हों, मगर लोकतंत्र के पैमाने में कहीं टिक नहीं पाते थे. सामने बड़ी सी हनुमानजी की प्रतिमा और उन के दोनों तरफ ये दुकानें एक अजीब सा विरोधाभास उत्पन्न करती थीं. शाम को मंदिर में होती आरती और शंखनाद की ध्वनि इन 2 दुकानों में भीड़ से उत्पन्न कोलाहल में दब के रह जाती. यह दृश्य राहुल को बहुत ही हास्यास्पद लगता था. हनुमानजी को क्या देखने को मिल रहा…यह विचार आते ही राहुल को हंसी आ जाती. कभीकभी तो मन करता राहुल का कि हनुमानजी की मूर्ति को कपड़े से ढक दे या इन 2 दुकानों को यहां से हटा दे, इन में दूसरा विकल्प बिलकुल भी संभव न था.

उसी हनुमानजी के मंदिर के आगे रमा ने गाड़ी रुकवा दी.

“मुझे, मंदिर में चलने के लिए मत कहना,” राहुल ने अड़ते हुए कहा.

“भगवान हनुमानजी से भी आशीर्वाद ले लो,” हनुमानजी की प्रतिमा को हाथ जोड़ते हुए रमा बोली.

“मम्मी, आप यह चौथे मंदिर में जा रही हो,” झुंझलाते हुए राहुल ने गाड़ी से उतरते हुए कहा.

राहुल की बातों को अनसुना कर रमा मंदिर में भगवानजी के आगे नतमस्तक हो गई. राहुल उखड़ा सा खड़ा रहा.

पापा की कार राहुल को मुश्किल से ही छूने को मिलती थी, कारण, वे अभी भी राहुल को बच्चा समझते थे और थोड़ा डरते भी थे उस की ड्राइविंग से. नौकरी पर लगते ही राहुल ने सब से पहले अपने लिए कार खरीदी. मम्मीपापा मना ही करते रह गए. लाल रंग की नई चमचमाती कार घर में खड़ी हो गई.

दूसरे दिन राहुल का अपनी नई कार चलाने की सारी खुशी और जोश उस समय ठंडा हो गया, जब उस ने बैग में अपना लंचबौक्स रख, कार की चाबी हवा में घुमाते हुए औफिस जाने के लिए निकलने ही वाला था कि रमा ने रोक दिया.

“पहले गाड़ी देवी मां के मंदिर जाएगी. वहां देवी की पूजा और आशीर्वाद के बाद ही कार चलाएगा.”

“मम्मी, मैं इन सब में विश्वास नहीं करता,” अपनी नई गाड़ी चलाने को उतावला राहुल लापरवाही से बोला.

“मुझे कुछ नहीं सुनना,” रमा ने अपना अंतिम फैसला सुनाया, तो राहुल खीझ गया.

मुंह फुला कर राहुल चाबी वहीं टेबल पर जोर से पटक और बिना कुछ बोले तेजी से औफिस के लिए निकल गया.

“क्यों बच्चे का मूड खराब करती हो,” अखबार पढ़ते हुए सतीश चंद्र बोले.

“आप तो चुप ही रहिए. आप को तो पूजापाठ में कोई आस्था है नहीं, राहुल को भी वैसे ही बना रहे हो,” कार की चाबी को कस कर पकड़ती हुई रमा बोली.

इतवार को सुबहसुबह रमा ने राहुल को उठा दिया.

“मम्मी, चाय तो पिला दो पहले,” उनींदा सा राहुल बोला.

“कोई चायवाय नहीं. मंदिर में पूजा के बाद ही चायनाश्ता करेंगे. जल्दी उठ और नहा कर तैयार हो जाओ, नहीं तो मंदिर में फिर बहुत भीड़ हो जाएगी.”

अधखुली आंखों से राहुल ने देखा- सामने मम्मी तैयार खड़ी थी.

“अभी सोने दो, रोज तो जल्दी उठना पड़ता है,” बोल कर राहुल ने बिस्तर पर दूसरी ओर करवट ले कर लिहाफ अपने ऊपर तक खींच कर फिर सो गया.

“कल औफिस कार से जाना है कि नहीं?” राहुल के ऊपर से लिहाफ खींचती हुई रमा ने ब्रह्मास्त्र छोड़ा.

राहुल को पता था कि बिना देवी के मंदिर जाए मां कार चलाने नहीं देगी. कार चलाने की लालसा ने राहुल के अंदर एकाएक ऊर्जा का संचार कर दिया. एक झटके से उठा और जल्दी से नहा कर तैयार होने लगा.

शहर से 14 किलोमीटर दूर मुख्य सड़क पर बना यह मंदिर अपनी प्राकृतिक छटा से यात्रियों का मन बरबस ही मोह लेता  है. एक ओर विभिन्न किस्म के हरेभरे पेड़ों से आच्छादित पहाड़ियां और दूसरी ओर थोड़ी सी समतल भूमि पर निर्मित देवी मां का मंदिर और पीछे विस्तृत क्षेत्र में फैली बरसाती नदी, जिस में उथला पानी का स्तर. नदी के स्वच्छ, निर्मल जल में छोटेबड़े,  सफेदस्लेटी रंग के गोलाकार पत्थर स्पष्ट दृष्टिगोचर होते हैं, कभीकभार हिरन व हाथी भी नदी के आसपास विचरित करते दिख जाते हैं. दूर सड़क से यह विहंगम दृश्य बड़ा रमणीक लगता है.

इतवार होने की वजह से सच में मंदिर में बहुत भीड़ थी. मंदिर की मान्यता है कि नया वाहन लेने पर देवी से पूजा करवाने पर वाहन और चालक दोनों सुरक्षित रहते हैं. किस्मकिस्म की चमचमाती ब्रैंडेड नई दोपहिया और चौपहिया वाहनों की असंख्य गाड़ियां मंदिर के बाहर खचाखच खड़ी हुई थीं. ऐसा लग रहा, मानो शहर के सारे शोरूमों की गाड़ियां यहीं एकसाथ इकट्ठी हो गई हों. बड़ी मुश्किल से पार्किंग की जगह मिली. भिखारियों की अच्छीखासी तादाद मंदिर के बाहर मंड़रा रही थी.

जब भी कोई नई गाड़ी मंदिर के आगे रुकती, मांगने वालों की टोली उस को घेर लेती. दुआओं का सिलसिला चालू हो जाता- ‘साहब…आप की गाड़ी सलामत रहे…ईश्वर खूब तरक्की दे.’ कुछ नई गाड़ी का नशा… कुछ दुआओं का असर… लोग दरियादिली से इन भिखारियों को खुल कर रुपए दे रहे थे. अभी राहुल और रमा ठीक से उतरे भी नहीं थे कि भिखारियों ने उन को भी घेर लिया और शुरू हो गया उन का राग…आप की गाड़ी सलामत…ईश्वर…

“यह क्या 10 रुपए…” रमा ने जब 10 रुपए दिए तो भिखारिन ने हिकारत से कहा.

“तो कितना दे?” व्यंग्य से राहुल बोला.

“सौ रुपए.” गाड़ियों की बढ़ती कीमतों के साथसाथ भिखारियों के भाव भी बढ़ गए थे.

“सौ रुपये? पकड़ना है तो पकड़…” जैसे ही रमा ने यह कहा, दूसरी भिखारिन ने आ कर लपक लिया.  उस के बाद तो दोनों भिखारिनों में तकरार शुरू हुई, तो दोनों ने वहां से निकलने में ही अपनी भलाई समझी और देवी मां को चढ़ावा चढ़ाने के लिए मंदिर परिसर में बनी दुकान की ओर बढ़ गए.

प्रसाद खरीद कर मांबेटे ने मंदिर के अंदर प्रवेश किया. मंदिर घंटेघड़ियालों के साथ देवी मां के जयकारों से गुंजायमान था. पूरा माहौल भक्तिमय था. पूजा की थाली ले कर दोनों श्रद्धालुओं के लिए बनी लंबी कतार में खड़े हो गए. मई महीने की गरमी में लाइन में खड़ेखड़े दोनों का बुरा हाल हो गया.

“मम्मी, देखो न, कितनी गरमी है,” पसीना पोंछते हुए राहुल ने कहा.

“तभी तो मैं सुबह जल्दी उठने के लिए कह रही थी,” गरमी से बेहाल रमा बोली.

लंबी लाइन धीरेधीरे आगे खिसक रही थी. पूजा के लिए लगी कतार से मंदिर का दाईं ओर का हौल दिखाई दे रहा था, जहां पर भंड़ारा चल रहा था. लोग पंक्तियों में बैठे भोजन का आनंद ले रहे थे. छोले, पूरी, तरकारी, हलवे की खुशबू  हवा में तैर रही थी. सुबह से खाली पेट राहुल को खाने को देख कर जी ललचाने लगा. उस का मन कर रहा था कि पूजा की पंक्ति से हट कर वह खाने की पंगत में बैठ जाए. लेकिन वह मन मसोस कर रह गया और बेताबी से अपने नबर आने का इंतजार करने लगा. जैसेतैसे कर के दोनों की बारी आई. श्रद्धा से पूजा की थाली रमा ने पंडितजी को पकड़ा दी, जिस में पुष्प, फल, मिष्ठान, श्रीफल, देवी मां की लाल चुनरी और एक काली चोटी थी. पंडितजी ने पूजामंत्रोच्चार के बाद सब से पहले उन से दक्षिणा रखवाई, प्रसाद दिया, फिर कार के पास आ कर नारियल फोड़ कर उस का पानी बोनट के ऊपर छिड़क दिया. नारियल वास्तव में तगड़ा था. पानी से लबालब भरा हुआ था. नारियल के फोड़ने से जो अमृतस्राव बहा, वह राहुल के सूखे गले को तो नहीं, पर, कार के बोनट को तरबतर कर गया. नारियल जल कई दिशाओं से होता हुआ बोनट से जमीन पर गिरने लगा, जो पहले से ही कई श्रीफलों के उत्सर्ग से पसीजी हुई थी. उस के पश्चात पंडितजी ने लाल चुनरी कार के साइड मिरर में बांध दी, काली चोटी को गाड़ी के सामने नीचे लटका दिया और पूजा संपन्न हो गई.

राहुल ने राहत की सांस ली और कार में सीट बेल्ट लगाते हुए कहा, “मम्मी, आप भी… अगर पूजा करवाने से सबकुछ सुरक्षित रहता, तो इतने ऐक्सिडैंट न होते सड़कों पर.”

“देखा नहीं कितनी सारी गाड़ियां थीं. बड़ी मान्यता है इस देवी मंदिर की, दूरदूर से लोग आते हैं.  कितना आलीशान हो गया है. शादी के बाद जब तेरे पापा ने अपना स्कूटर खरीदा  था, उस समय तो यह मंदिर छोटा सा था. गाड़ियां तो इक्कीदुक्की हुआ करती थीं. अब देखो,” गर्व से रमा बोली.

अभी गाड़ी थोड़ी दूर ही चली थी कि सामने एक भगवान शनिदेव मंदिर के आगे गाड़ी रुकवा दी रमा ने. यहीं पर ही यह सिलसिला नहीं थमा, एक बार फिर भगवान गणेशजी के मंदिर में राहुल से कार रुकवा दी. फिर वही पूजा शुरू हो गई. और अब यह हनुमानजी का मंदिर. सुबह से निकले हुए, भूख से राहुल का पेट बुरी तरह कुलबुला रहा था.

“आगे शिवजी का मंदिर है, मैं वहां बिलकुल कार नहीं रोकूंगा,” राहुल चेतावनी देते हुए बोला.

“नहीं बेटा, ऐसा नहीं कहते. बस, शिवजी का मंदिर और आगे बिलकुल सड़क पर एक पीर की मजार,” बेटे को मनाने की कोशिश करती हुई रमा बोली.

सतीश चंद्र का फोन बारबार आ रहा था, कभी राहुल को तो कभी रमा को. एक बार फिर फोन की घंटी बज उठी.

“कहां हो तुम लोग?” चिंतित स्वर में सतीश चंद्र बोले.

“बस, पहुंचने ही वाले हैं,” कह रमा ने फोन बंद कर दिया.

“क्या बात है? बड़ी देर कर दी,” 3 बजे घर पहुंचने पर सतीश चंद्र ने व्यग्रता से पूछा.

“पापा, यह आप मम्मी से पूछें.” डाइनिंग टेबल पर खाना लगा देख राहुल तेजी से बाथरूम में हाथ धोने चला गया.

डाइनिंग टेबल पर बैठ वह खाने पर एक तरह से टूट पड़ा.

मुंह में खाना ठूंसे हुए राहुल पापा से बोला, “पापा, मम्मी का बस चलता, तो पता नहीं कितने मंदिरों में और ले जाती मुझे.”

“मुझे तो पता है, तभी तो मैं जाता नहीं,” मुसकरा कर चटकारे लेते हुए पत्नी की ओर देख कर सतीश चंद्र बोले.

जैसे ही रमा ने घूर कर पति की ओर देखा, वे चुपचाप नजरें नीचे कर खाना खाने लगे.

“जब इतनी कम दूरी में 5 मंदिर, तो पता नहीं शहर में कितने होंगे और पूरे देश में. और पापा, मैं ने गौर किया कि मसजिदें भी कम नहीं हैं. एक से बढ़ कर एक. ओ माय गौड!”

“निकल गया न तुम्हारे मुंह से भगवान का नाम,” रमा ने राहुल के शब्दों को पकड़ते हुए कहा.

“मम्मी, आप भी…”

“छोड़ो यह सब, खाना खाओ,” अपनी मुसकराहट को दबाने का असफल प्रयास करते हुए वे बोले.

शाम को रमा चाय और पकौड़े बना कर लाई. आज वह प्रसन्नमना है. बातचीत के साथ तीनों चाय के साथ पकौड़ों का आनंद लेने लगे.

“सुनो जी, मां का मंदिर इतना सुंदर बन गया है कि आप भी देखते, तो दंग रह जाते.”

“और तुम ने उसी रास्ते में सरकारी स्कूल के उखड़ते प्लास्टर और उधड़ते फर्श को नहीं देखा?” जिला शिक्षा अधिकारी के पद से रिटायर हुए सतीश चंद्र का दर्द छलका.

“राहुल के पापा,” रमा तो किसी और ही दुनिया में विचरण कर रही थी. आराधना स्थलों की चकाचौंध से अभिभूत थी. सतीश का कहा तो वह ग्रहण ही न कर पाई. भावातिरेक में बोलती चली जा रही थी, “देवी मां का मंदिर इतना आलीशान हो गया, आप पहचान भी न पाओगे. सुना है मैं ने कि आसपास के लोगों ने मंदिर के लिए जमीन दान की है.”

“अच्छा, पर मैं ने तो लोगों को सरकारी स्कूलों की जमीन का अतिक्रमण करते देखा है. वहां इन की दान प्रवृत्ति कहां चली जाती है.”

“आप भी…मूड खराब कर देते हो, बात को पता नहीं कहां से कहां ले जाते हो,” तमक कर रमा बोली.

“नहीं रमा, समझ में नहीं आता कि हम सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की जर्जर स्थिति पर शर्म करें या फिर आराधना स्थलों की भव्यता पर गर्व? बात को समझने की कोशिश करो.”

“पूजास्थल भी तो हमारी शान है. तमाम स्कूल और नर्सिंग होम हैं तो शहर में.”

“हां हैं, लेकिन क्या वे सब की पहुंच में हैं?

“मंदिर में लोग दुआएं मांगने आते हैं, मन्नतें करते हैं. कितना चढ़ावा चढ़ता है… है न राहुल?” रमा ने उत्कंठा से राहुल की ओर समर्थन की अपेक्षा से देखा.

“उं…मैं तो परेशान हो गया था,” मम्मी की देवी मां की पूजा से मुक्त, चायपकौड़ों से तृप्त, सोफे पर अलसाए सा लेटे हुए, फोन पर उंगलियां घुमाते राहुल ने अनमने मन से कहा.

“दुआ तो मन के कोने में भी हो जाती है, लेकिन इलाज के लिए अस्पताल चाहिए होते हैं,” अपने विचारों में खोए सतीश चंद्र के मुंह से बरबस ही निकल गया.

“आप से तो बात करना ही बेकार है,” झुंझलाती हुई कपप्लेटों को समटते हुए रमा बोली.

“पापा, पहले मैं ने कभी नोटिस नहीं किया था यह, बस. आज जब मम्मी ने इतने सारे मंदिरों में रुकवाया, तो ध्यान गया कि जराजरा सी दूरी पर इतने धार्मिकस्थल क्यों हैं.”

“तुम्हें, इस से क्या समस्या है? ” तुनकती हुई रमा बोली.

“समस्या मुझे नहीं है, देश को है. एक बैड के न मिलने से तड़पतड़प कर प्राण गंवाने वाले समाज की प्राथमिकता कम से कम मंदिरमसजिद या चर्चमठ तो नहीं होने चाहिए,” थोड़ा चिंतित स्वर में राहुल बोला.

“दिमाग खराब हो गया इस का,” कह रमा वहां से उठ किचन में खाना बनाने चली गई.

“पापा, अमेरिका, यूरोप, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड व अन्य विकसित राष्ट्रों में चर्च की संख्या बढ़ने के स्थान पर कम हो रही है, और हमारे देश में…” अब तो राहुल मोरचे पर आ गया, “यूरोप में तो कुछ चर्चों को तो अन्य कार्यों के लिए इस्तेमाल  करना शुरू कर दिया.”

“हमारे देश में लोग आज भी लोकपरलोक में ही उलझे हुए हैं,”  बेहद अफसोस से सतीश चंद्र के मुंह से निकल पड़ा.

“हमारे देश में आज भी लोग रोजगार, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. विकास सिर्फ शहरों तक ही सीमित है. गांवों से लगातार हो रहा पलायन हमारे गांवों की स्थिति को दर्शाता है. सरकारी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती हैं. गरीबी, अशिक्षा, विस्फोटक रूप से बढ़ती जनसंख्या आज भी मुंहबाए खड़ी हैं. अंधविश्वास की जड़ें और गहराई से फैलती जा रही हैं. जिस देश में इतनी समस्याएं हों  और जहां पहले से ही इतने धार्मिकस्थल हो, वहां पर आएदिन नित नए धार्मिकस्थल का निर्माण क्या सही है?” राहुल ने पापा की ओर देखते हुए कहा.

पापाबेटे धार्मिक स्थलों के मुद्दे पर इतना मशगूल हो गए कि उन्हें समय का पता ही नहीं  चला. रमा ने जब खाने के लिए बुलाया, तब उन्हें समय का एहसास हुआ.

“पापा, मैं कह रहा था कि मंदिर…”

“उफ्फ, क्या मंदिरमंदिर लगा रखा है. ऐसा तो नहीं हैं कि हमारे देश ने कोई तरक्की नहीं की. आज घरों में गाड़ी आम बात हो गई है. क्या जमघट था गाड़ियों का देवी मां के मंदिर में,” रमा के संस्कार उसे इस महिमा जगत से निकलने की इजाजत ही नहीं दे रहे थे.

“हां, आंकड़ों में खूब तरक्की की है,” सतीश चंद्र ने खिन्नता से कहा.

“क्या मतलब?” रमा ने उत्तेजित होते हुए कहा.

“रमा, सरकारी संस्थाओं की एक आत्मा होती है, जो सामाजिक सरोकारों के प्रति हमारी संवेदनशीलता से अस्तित्व में रहती है.”

“अभी भी तो हैं सरकारी स्कूल,” रमा बेफिक्री से बोली.

“हां हैं, टिमटिमाते दीये की तरह. याद है तुम्हें ‘इंगलिश मीडियम’ मूवी का वह डायलौग जो इरफान के मुख से बेसाख्ता निकल गया था- ‘सरकारी स्कूलों की इतनी बुरी दशा तो हमारे समय में भी नहीं थी.’ हम ने बहुतकुछ खो दिया है,” एक अफसोस स्वर में उभर आया.

“आप भी क्या बात करते हो, कहां मंदिर और कहां स्कूल.”

“रमा, स्कूल ही असली मंदिर है- विद्या का मंदिर. हम ने अपनी सामाजिक संस्थाओं को कमजोर किया है. किसी चीज का न होना या मामूली सा होना अलग बात है, लेकिन किसी अच्छी चीज का खराब होना एक खतरनाक संकेत है. हमारे समय में कितनी प्रतिष्ठा हुआ करती थी सरकारी स्कूलों की. हम सब भी तो सरकारी स्कूलों में पढ़े हैं. आज थोड़ी सी आय वाला भी अपने बच्चों को इन सरकारी स्कूलों में भेजने से कतरा रहा है. ऐसे में तो हम उन को रौंदते जा रहे हैं जो इस भगदड़ में चल ही नहीं पा रहे है. बहुतकुछ करना चाहता था इन बच्चों के लिए, इन स्कूलों के लिए, किया भी है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं था,” ढहता सरकारी स्कूलों का ढांचा, समर्पित शिक्षकों का अभाव, प्रधानाचार्य की स्कूल के प्रति उदासीनता अनायास ही सतीश चंद्र की आंखों के आगे घूमने लगे. वे खामोश हो खाना खाने लगे.

कुछ पलों तक तो डाइनिंग टेबल पर बस चम्मचों, खाने और डोंगों के खुलने व बंद होने की आवाजें ही आती रहीं.

“एक से बढ़ कर एक स्कूल खुले हुए हैं,” रमा अभी भी हथियार डालने को तैयार न थी.

“क्या वे सब की पहुंच में हैं? नहीं…हम ने ऐसे पेड़ लगा दिए हैं, जिन के फल तोड़ना हरेक के बस की बात नहीं. हम अंतिम छोर में रहने वालों के स्कूलों और अस्पतालों को लील गए.”

“ऐसा नहीं कि दुआएं कुबूल नहीं होतीं. आराधना भी सफल होती है. इन के लिए पूजास्थल तो चाहिए ही.  काश, आप कभी तो मेरे साथ, मेरी आस्था में शामिल हो जाया करो,” बोलतेबोलते रमा का स्वर भीगने लगा.

“जिस दिन तुम नहीं, राहुल गाड़ी रोक कर कहेगा, ‘जरा रुक कर चलते हैं, यहां पर एक सरकारी स्कूल देखने लायक है और यहां के बच्चे देश के विभिन्न उच्च पदों पर आसीन हैं,’ उस दिन मैं समझूंगा कि हमारी आराधना सफल हो गई और उस दिन इन धार्मिक स्थानों की भव्यता देखने को मैं अवश्य जाऊंगा,” खाने की मेज से उठते हुए सतीश चंद्र के उद्गार शब्द बन बह निकले.

Romantic Story : जो बीत गई सो बात गई – विशाल और नंदिता का क्या रिश्ता था

Romantic Story : अपनेमोबाइल फोन की स्क्रीन पर नंबर देखते ही वसंत उठ खड़ा हुआ. बोला, ‘‘नंदिता, तुम बैठो, वे लोग आ गए हैं, मैं अभी मिल कर आया. तुम तब तक सूप खत्म करो. बस, मैं अभी आया,’’ कह कर वसंत जल्दी से चला गया. उसे अपने बिजनैस के सिलसिले में कुछ लोगों से मिलना था. वह नंदिता को भी अपने साथ ले आया था.

वे दोनों ताज होटल में खिड़की के पास बैठे थे. सामने गेटवे औफ इंडिया और पीछे लहराता गहरा समुद्र, दूर गहरे पानी में खड़े विशाल जहाज और उन का टिमटिमाता प्रकाश. अपना सूप पीतेपीते नंदिता ने यों ही इधरउधर गरदन घुमाई तो सामने नजर पड़ते ही चम्मच उस के हाथ से छूट गया. उसे सिर्फ अपना दिल धड़कता महसूस हो रहा था और विशाल, वह भी तो अकेला बैठा उसे ही देख रहा था. नंदिता को यों लगा जैसे पूरी दुनिया में कोई नहीं सिवा उन दोनों के.

नंदिता किसी तरह हिम्मत कर के विशाल की मेज तक पहुंची और फिर स्वयं को सहज करती हुई बोली, ‘‘तुम यहां कैसे?’’

‘‘मैं 1 साल से मुंबई में ही हूं.’’

‘‘कहां रह रहे हो?’’

‘‘मुलुंड.’’

नंदिता ने इधरउधर देखते हुए जल्दी से कहा, ‘‘मैं तुम से फिर मिलना चाहती हूं, जल्दी से अपना नंबर दे दो.’’

‘‘अब क्यों मिलना चाहती हो?’’ विशाल ने सपाट स्वर में पूछा.

नंदिता ने उसे उदास आंखों से देखा, ‘‘अभी नंबर दो, बाद में बात करूंगी,’’ और फिर विशाल से नंबर ले कर वह फिर मिलेंगे, कहती हुई अपनी जगह आ कर बैठ गई.

विशाल भी शायद किसी की प्रतीक्षा में था. नंदिता ने देखा, कोई उस से मिलने आ गया था और वसंत भी आ गया था. बैठते ही चहका, ‘‘नंदिता, तुम्हें अकेले बैठना पड़ा सौरी. चलो, अब खाना खाते हैं.’’

पति से बात करते हुए नंदिता चोरीचोरी विशाल पर नजर डालती रही और सोचती रही अच्छा है, जो आंखों की भाषा पढ़ना मुश्किल है वरना बहुत से रहस्य खुल जाएं. नंदिता ने नोट किया विशाल ने उस पर फिर नजर नहीं डाली थी या फिर हो सकता है वह ध्यान न दे पाई हो.

आज 5 साल बाद विशाल को देख पुरानी यादें ताजा हो गई थीं. लेकिन वसंत के सामने स्वयं को सहज रखने के लिए नंदिता को काफी प्रयत्न करना पड़ा.

वे दोनों घर लौटे तो आया उन की 3 वर्षीय बेटी रिंकी को सुला चुकी थी. वसंत की मम्मी भी उन के साथ ही रहती थीं. वसंत के पिता का कुछ ही अरसा पहले देहांत हो गया था.

उमा देवी का समय रिंकी के साथ अच्छा कट जाता था और नंदिता के भी उन के साथ मधुर संबंध थे.

वसंत भी सोने लेट गया. नंदिता आंखें बंद किए लेटी रही. उस की आंखों के कोनों से आंसू निकल कर तकिए में समाते रहे. उस ने आंखें खोलीं. आंसुओं की मोटी तह आंखों में जमी थी. अतीत की बगिया से मन के आंगन में मुट्ठी भर फूल बिखेर गई विशाल की याद जिस के प्यार में कभी उस का रोमरोम पुलकित हो उठता था.

नंदिता को वे दिन याद आए जब वह अपनी सहेली रीना के घर उस के भाई विशाल से मिलती तो उन की खामोश आंखें बहुत कुछ कह जाती थीं. वे अपने मन में उपज रही प्यार की कोपलों को छिपा न सके थे और एक दिन उन्होंने एकदूसरे के सामने अपने प्रेम का इजहार कर दिया था.

लेकिन जब वसंत के मातापिता ने लखनऊ में एक विवाह में नंदिता को देखा तो देखते ही पसंद कर लिया और जब वसंत का रिश्ता आया तो आम मध्यवर्गीय नंदिता के मातापिता सुदर्शन, सफल, धनी बिजनैसमैन वसंत के रिश्ते को इनकार नहीं कर सके. उस समय नौकरी की तलाश में भटक रहे विशाल के पक्ष में नंदिता भी घर में कुछ कह नहीं पाई.

उस का वसंत से विवाह हो गया. फिर विशाल का सामना उस से नहीं हुआ, क्योंकि वह फिर मुंबई आ गई थी. रीना से भी उस का संपर्क टूट चुका था और आज 5 साल बाद विशाल को देख कर उस की सोई हुई चाहत फिर से अंगड़ाइयां लेने लगी थी.

नंदिता ने देखा वसंत और रिंकी गहरी नींद में हैं, वह चुपचाप उठी, धीरे से बाहर आ कर उस ने विशाल को फोन मिलाया. घंटी बजती रही, फिर नींद में डूबा एक नारी स्वर सुनाई दिया, ‘‘हैलो.’’

नंदिता ने चौंक कर फोन बंद कर दिया. क्या विशाल की पत्नी थी? हां, पत्नी ही होगी. नंदिता अनमनी सी हो गई. अब वह विशाल को कैसे मिल पाएगी, यह सोचते हुए वह वापस बिस्तर पर आ कर लेट गई. लेटते ही विशाल उस की जागी आंखों के सामने साकार हो उठा और बहुत चाह कर भी वह उस छवि को अपने मस्तिष्क से दूर न कर पाई.

वसंत के साथ इतना समय बिताने पर भी नंदिता अब भी रात में नींद में विशाल को सपने में देखती थी कि वह उस की ओर दौड़ी चली जा रही है. उस के बाद खुले आकाश के नीचे चांदनी में नहाते हुए सारी रात वे दोनों आलिंगनबद्ध रहते. उन्हें देख प्रकृति भी स्तब्ध हो जाती. फिर उस की तंद्रा भंग हो जाती और आंखें खुलने पर वसंत उस के बराबर में होते और वह विशाल को याद करते हुए बाकी रात बिता देती.

आज तो विशाल को सामने देख कर नंदिता और बेचैन हो गई थी.

अगले दिन वसंत औफिस चला गया और रिंकी स्कूल. उमा देवी अपने कमरे में बैठी टीवी देख रही थीं. नंदिता ने फिर विशाल को फोन मिलाया. इस बार विशाल ने ही उठाया, पूछा, ‘‘क्या रात भी तुम ने फोन किया था?’’

‘‘हां, किस ने उठाया था?’’

‘‘मेरी पत्नी नीता ने.’’

पल भर को चुप रही नंदिता, फिर बोली, ‘‘विवाह कब किया?’’

‘‘2 साल पहले.’’

‘‘विशाल, मुझे अपने औफिस का पता दो, मैं तुम से मिलना चाहती हूं.’’

‘‘क्यों?’’

‘‘यह तुम मुझ से पूछ रहे हो?’’

‘‘हां, अब क्या जरूरत है मिलने की?’’

‘‘विशाल, मैं हमेशा तुम्हें याद करती रही हूं, कभी नहीं भूली हूं. प्लीज, विशाल, मुझ से मिलो. तुम से बहुत सी बातें करनी हैं.’’

विशाल ने उसे अपने औफिस का पता बता दिया. नंदिता नहाधो कर तैयार हुई. घर में 2 मेड थीं, एक घर के काम करती थी और दूसरी रिंकी को संभालती थी. घर में पैसे की कमी तो थी नहीं, सारी सुखसुविधाएं उसे प्राप्त थीं. उमा देवी को उस ने बताया कि उस की एक पुरानी सहेली मुंबई आई हुई है. वह उस से मिलने जा रही है. नंदिता ने ड्राइवर को गाड़ी निकालने के लिए कहा. एक गाड़ी वसंत ले जाता था. एक गाड़ी और ड्राइवर वसंत ने नंदिता की सुविधा के लिए रखा हुआ था. नंदिता को विशाल के औफिस मुलुंड में जाना था. जो उस के घर बांद्रा से डेढ़ घंटे की दूरी पर था.

नंदिता सीट पर सिर टिका कर सोच में गुम थी. वह सोच रही थी कि उस के पास सब कुछ तो है, फिर वह अपने जीवन से पूर्णरूप से संतुष्ट व प्रसन्न क्यों नहीं है? उस ने हमेशा विशाल को याद किया. अब तो जीवन ऐसे ही बिताना है यही सोच कर मन को समझा लिया था. लेकिन अब उसे देखते ही उस के स्थिर जीवन में हलचल मच गई थी.

नंदिता को चपरासी ने विशाल के कैबिन में पहुंचा दिया. नंदिता उस के आकर्षक व्यक्तित्व को अपलक देखती रही. विशाल ने भी नंदिता पर एक गंभीर, औपचारिक नजर डाली. वह आज भी सुंदर और संतुलित देहयष्टि की स्वामिनी थी.

विशाल ने उसे बैठने का इशारा करते हुए पूछा, ‘‘कहो नंदिता, क्यों मिलना था मुझ से?’’

नंदिता ने बेचैनी से कहा, ‘‘विशाल, तुम ने यहां आने के बाद मुझ से मिलने की कोशिश भी नहीं की?’’

‘‘मैं मिलना नहीं चाहता था और अब तुम भी आगे मिलने की मत सोचना. अब हमारे रास्ते बदल चुके हैं, अब उन्हीं पुरानी बातों को करने का कोई मतलब नहीं है. खैर, बताओ, तुम्हारे परिवार में कौनकौन है?’’ विशाल ने हलके मूड में पूछा.

नंदिता ने अनमने ढंग से बताया और पूछने लगी, ‘‘विशाल, क्या तुम सच में मुझ से मिलना नहीं चाहते?’’

‘‘नहीं.’’

‘‘क्या तुम मुझ से बहुत नाराज हो?’’

‘‘नंदिता, मैं चाहता हूं तुम अपने परिवार में खुश रहो अब.’’

‘‘विशाल, सच कहती हूं, वसंत से विवाह तो कर लिया पर मैं कहां खुश रह पाई तुम्हारे बिना. मन हर समय बेचैन और व्याकुल ही तो रहा है. हर पल अनमनी और निर्विकार भाव से ही तो जीती रही. इतने सालों के वैवाहिक जीवन में मैं तुम्हें कभी नहीं भूली. मैं वसंत को कभी उस प्रकार प्रेम कर ही नहीं सकी जैसा पत्नी के दिल में पति के प्रति होना आवश्यक है. ऐसा भी नहीं कि वसंत मुझे चाहते नहीं हैं या मेरा ध्यान नहीं रखते पर न जाने क्यों मेरे मन में उन के लिए वह प्यार, वह तड़प, वह आकर्षण कभी जन्म ही नहीं ले सका, जो तुम्हारे लिए था. मैं ने अपने मन को साधने का बहुत प्रयास किया पर असफल रही. मैं उन की हर जरूरत का ध्यान रखती हूं, उन की चिंता भी रहती है और वे मेरे जीवन में बहुत महत्त्वपूर्ण भी हैं, लेकिन तुम्हारे लिए जो…’’

उसे बीच में ही टोक कर विशाल ने कहा, ‘‘बस करो नंदिता, अब इन बातों का कोई फायदा नहीं है, तुम घर जाओ.’’

‘‘नहीं, विशाल, मेरी बात तो सुन लो.’’

विशाल असहज सा हो कर उठ खड़ा हुआ, ‘‘नंदिता, मुझे कहीं जरूरी काम से जाना है.’’

‘‘चलो, मैं छोड़ देती हूं.’’

‘‘नहीं, मैं चला जाऊंगा.’’

‘‘चलो न विशाल, इस बहाने कुछ देर साथ रह लेंगे.’’

‘‘नहीं नंदिता, तुम जाओ, मुझे देर हो रही है, मैं चलता हूं,’’ कह कर विशाल कैबिन से निकल गया.

नंदिता बेचैन सी घर लौट आई. उस का किसी काम में मन नहीं लगा. नंदिता के अंदर कुछ टूट गया था, वह अपने लिए जिस प्यार और चाहत को विशाल की आंखों में देखना चाहती थी, उस का नामोनिशान भी विशाल की आंखों में दूरदूर तक नहीं था. वह सब भूल गया था, नई डगर पर चल पड़ा था.

नंदिता की हमेशा से इच्छा थी कि काश, एक बार विशाल मिल जाए और आज वह मिल गया, लेकिन अजनबीपन से और उसे इस मिलने पर कष्ट हो रहा था.

शाम को वसंत आया तो उस ने नंदिता की बेचैनी नोट की. पूछा, ‘‘तबीयत तो ठीक है?’’

नंदिता ने बस ‘हां’ में सिर हिला दिया. रिंकी से भी अनमने ढंग से बात करती रही.

वसंत ने फिर कहा, ‘‘चलो, बाहर घूम आते हैं.’’

‘‘अभी नहीं,’’ कह कर वह चुपचाप लेट गई. सोच रही थी आज उसे क्या हो गया है, आज इतनी बेचैनी क्यों? मन में अटपटे विचार आने लगे. मन और शरीर में कोई मेल ही नहीं रहा. मन अनजान राहों पर भटकने लगा था. वसंत नंदिता का हर तरह से ध्यान रखता, उसे घूमनेफिरने की पूरी छूट थी.

अपने काम की व्यस्तता और भागदौड़ के बीच भी वह नंदिता की हर सुविधा का ध्यान रखता. लेकिन नंदिता का मन कहीं नहीं लग रहा था. उस के मन में एक अजीब सा वीरानापन भर रहा था.

कुछ दिन बाद नंदिता ने फिर विशाल को फोन कर मिलने की बात की. विशाल ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि वह उस से मिलना नहीं चाहता. नंदिता ने सोचा विशाल को नाराज होने का अधिकार है, जल्द ही वह उसे मना लेगी.

फिर एक दिन वह अचानक उस के औफिस के नीचे खड़ी हो कर उस का इंतजार करने लगी.

विशाल आया तो नंदिता को देख कर चौंक गया, वह गंभीर बना रहा. बोला, ‘‘अचानक यहां कैसे?’’

नंदिता ने कहा, ‘‘विशाल, कभीकभी तो हम मिल ही सकते हैं. इस में क्या बुराई है?’’

‘‘नहीं नंदिता, अब सब कुछ खत्म हो चुका है. तुम ने यह कैसे सोच लिया कि मेरा जीवन तुम्हारे अनुसार चलेगा. पहले बिना यह सोचे कि मेरा क्या होगा, चुपचाप विवाह कर लिया और आज जब मुझे भूल नहीं पाई तो मेरे जीवन में वापस आना चाहती हो. तुम्हारे लिए दूसरों की इच्छाएं, भावनाएं, मेरा स्वाभिमान, सम्मान सब महत्त्वहीन है. नहीं नंदिता, मैं और नीता अपने जीवन से बेहद खुश हैं, तुम अपने परिवार में खुश रहो.’’

‘‘विशाल, क्या हम कहीं बैठ कर बात कर सकते हैं?’’

‘‘मुझे नीता के साथ कहीं जाना है, वह आती ही होगी.’’

‘‘उस के साथ फिर कभी चले जाना, मैं कब से तुम्हारा इंतजार कर रही थी, प्लीज…’’

नंदिता की बात खत्म होने से पहले ही पीछे से एक नारी स्वर उभरा, ‘‘फिर कभी क्यों, आज क्यों नहीं, मैं अपना परिचय खुद देती हूं, मैं हूं नीता, विशाल की पत्नी.’’

नंदिता हड़बड़ा गई. एक सुंदर, आकर्षक युवती सामने मुसकराती हुई खड़ी थी. नंदिता के मुंह से निकला, ‘‘मैं नंदिता, मैं…’’

नीता ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘जानती हूं, विशाल ने मुझे आप के बारे में सब बता रखा है.’’

नंदिता पहले चौंकी, फिर सहज होने का प्रयत्न करती हुई बोली, ‘‘ठीक है, आप लोग अभी कहीं जा रहे हैं, फिर मिलते हैं.’’

नीता ने गंभीरतापूर्वक कहा, ‘‘नहीं नंदिता, हम फिर मिलना नहीं चाहेंगे और अच्छा होगा कि आप भी एक औरत का, एक पत्नी का, एक मां का स्वाभिमान, संस्कारों और कर्तव्यों का मान रखो. जो कुछ भी था उसे अब भूल जाओ. जो बीत गया, वह कभी वापस नहीं आ सकता, गुडबाय,’’ कहते हुए नीता आगे बढ़ी तो अब तक चुपचाप खड़े विशाल ने भी उस के पीछे कदम बढ़ा दिए.

नंदिता वहीं खड़ी की खड़ी रह गई. फिर थके कदमों से गाड़ी में बैठी तो ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दी.

वह अपने विचारों के आरोहअवरोह में चढ़तीउतरती रही. सोच रही थी जिस की छवि उस ने कभी अपने मन से धूमिल नहीं होने दी, उसी ने अपने जीवनप्रवाह में समयानुकूल संतुलन बनाते हुए अपने व्यस्त जीवन से उसे पूर्णतया निकाल फेंका था.

जिस रिश्ते को कभी जीवन में कोई नाम न मिल सका, उस से चिपके रहने के बदले विशाल को जीवन की सार्थकता आगे बढ़ने में ही लगी, जो उचित भी था जबकि वह आज तक उसी टूटे बिखरे रिश्ते से चिपकी थी जहां से वह विशाल से 5 साल पहले अलग हुई थी.

नंदिता अपना विश्लेषण कर रही थी, आखिरकार वह क्यों भटक रही है, उसे किस चीज की कमी है? एक सुसंस्कृत, शिक्षित और योग्य पति है जो अच्छा पिता भी है और अच्छा इंसान भी. प्यारी बेटी है, घर है, समाज में इज्जत है. सब कुछ तो है उस के पास फिर वह खुश क्यों नहीं रह सकती?

घर पहुंचतेपहुंचते नंदिता समझ चुकी थी कि वह एक मृग की भांति कस्तूरी की खुशबू बाहर तलाश रही थी, लेकिन वह तो सदा से उस के ही पास थी.

घर आने तक वह असीम शांति का अनुभव कर रही थी. अब उस के मन और मस्तिष्क में कोई दुविधा नहीं थी. उसे लगा जीवन का सफर भी कितना अजीब है, कितना कुछ घटित हो जाता है अचानक.

कभी खुशी गम में बदल जाती है तो कभी गम के बीच से खुशियों का सोता फूट पड़ता है. गाड़ी से उतरने तक उस के मन की सारी गांठें खुल गई थीं. उसे बच्चन की लिखी ‘जो बीत गई सो बात गई…’ पंक्ति अचानक याद हो आई.

Love Story : एहसास – कैसे उबर पाई श्रेया इस गर्त से

Love Story : आईने में निहारती, तैयार होती श्रेया से किरण ने पूछा, ‘‘कहां जा रही हो इस समय?’’ श्रेया बड़बड़ाई, ‘‘ओह मौम, आप को बताया तो था कि आज मनजीत की बर्थडे पार्टी है, उसी में जा रही हूं.’’

‘‘मेरी समझ में यह नहीं आता कि तुम लोगों की बर्थडे पार्टी इतनी देर से क्यों शुरू होती है? थोड़ी पहले नहीं हो सकती क्या?’’

मांबेटी की तकरार सुन कर किशोर को लगा कि अगर उन्होंने मध्यस्थता नहीं की, तो बात बिगड़ सकती है. ड्राइंगरूम से उन्होंने कहा, ‘‘किरण, यह तुम लोगों की किटी पार्टी नहीं है, जो दोपहर में होती है. यह तो जवानों की पार्टी है… श्रेया बेबी, तुम जाओ, मम्मी को मैं समझाता हूं.’’

‘‘थैंक्स ए लौट… पापा… बाय सीयू.’’

‘‘बाय ऐंड टेक केयर स्वीटहार्ट… थोड़ीथोड़ी देर में फोन करती रहना.’’

श्रेया ने सैनिकों की तरह सैल्यूट मारते हुए कहा, ‘‘येस सर,’’ और चली गई.

उस के जाते ही किरण की बकबक शुरू हुई, ‘‘श्रेया को आप ने बिलकुल आजाद कर दिया है. मेरी तो यह सुनती ही नहीं है.’’

‘‘किरण, सोचो, यह हमारी संतान है.’’

‘‘वह भी एकलौती… और लाडली भी,’’ पति की बात बीच में काटते हुए किरण बोली.’’

‘‘तुम गुस्से में कुछ भी कहो, लेकिन हमें अपनी संतान पर भरोसा होना चाहिए. श्रेया 21 साल की हो गई है. बच्चों की यह उम्र बड़ी नाजुक होती है. इस उम्र में ज्यादा रोकटोक ठीक नहीं है. कहीं विद्रोह कर के गलत रास्ते पर चली गई तो…’’

‘‘लेकिन यह भी तो सोचो, रात 9 बजे वह पार्टी में जा रही है, वहां न जाने कैसेकैसे लोग आए होंगे.’’

किशोर ने दोनों हाथ हवा में फैलाते हुए कहा, ‘‘किरण, अब श्रेया की चिंता छोड़ कर मेरी चिंता करो. कुछ खानेपीने को मिलेगा कि किचकिच से ही पेट भरना होगा.’’

‘‘जब देखो तब मजाक, बात कितनी भी गंभीर हो, हंस कर उड़ा देते हो.’’ बड़बड़ाते हुए किरण किचन में चली गई.

श्रेया की तरह ही किशोर भी मांबाप की एकलौती संतान थे. अमेरिका के एक विशाल स्टोर को कौटन की शर्ट्स सप्लाई करने का बढि़या बिजनैस था उन का. नोएडा के इंडस्ट्रियल एरिया में बहुत बड़ी फैक्टरी भी थी, जहां शर्ट्स तैयार होती थीं. नोएडा के ही सैक्टर 15ए जैसे पौश एरिया में उन की विशाल कोठी थी. राज्य के ही नहीं, केंद्र के भी तमाम राजनेताओं और अधिकारियों से उन के अच्छे संबंध थे.

इन्हीं संबंधों की वजह से वे एनजीओ भी चलाते थे. एनजीओ का कामकाज श्रेया संभालती थी. शायद श्रेया के लिए ही उन्होंने एनजीओ का काम शुरू किया था. इस से भी उन्हें मोटी कमाई होती थी, लेकिन पुराने विचारों वाली किरण को श्रेया से हमेशा शिकायत रहती थी. उसे ले कर जब भी पतिपत्नी में बहस होती, किरण बनावटी गुस्सा कर के एक ही बात कहती, ‘‘मेरी तो इस घर में कोई गिनती ही नहीं है.’’

‘‘ऐसी बात नहीं है. इस घर में पहला नंबर तुम्हारा ही है.’’

‘‘ये सब बेकार की बातें हैं,’’ किरण उसी तरह कहती, ‘‘छोड़ो इन बातों को. मैं इतनी भी बेवकूफ नहीं, जितना तुम समझते हो.’’

श्रेया की सहेली थी, मनजीत कौर. दोनों ने एमबीए साथसाथ किया था. एमबीए करने के बाद जहां श्रेया अपने एनजीओ का कामकाज देखने लगी थी, वहीं मनजीत एक मल्टीनैशनल कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर हो गई थी, लेकिन दोनों के संबंध आज भी वैसे ही थे. वे सप्ताह में कम से कम 2-3 बार तो मिल ही लेती थीं, लेकिन रविवार की शाम का खाना निश्चित रूप से दोनों किसी रैस्टोरैंट में साथसाथ खाती थीं.

मनजीत को पार्टियों का बहुत शौक था इसलिए वह अकसर पार्टियों में जाती रहती थी. इस के बाद श्रेया से मिलने पर पार्टियों की चर्चा भी करती थी. कभीकभार श्रेया भी मौका मिलने पर मनजीत के साथ डिस्कोथिक, होटल या रैस्टोरैंट में होने वाली पार्टियों में चली जाती थी. एक दिन मनजीत ने कहा, ‘‘यार श्रेया, इस संडे को एक अलग तरह की पार्टी है. तू कभी इस तरह की पार्टी में गई नहीं है इसलिए मैं चाहती हूं कि तू भी उस पार्टी में मेरे साथ चल.’’

‘‘अलग तरह की पार्टी. उस पार्टी में क्या होता है?’’ श्रेया ने हैरानी से पूछा.

‘‘चल कर खुद ही देख लेना. लौटने में थोड़ी देर हो सकती है, इसलिए घर में कोई बहाना बना देना. बहाना क्या बनाना, बता देना कि मेरी बर्थडे पार्टी है.’’

उसी पार्टी में शामिल होने के लिए मनजीत जब श्रेया को एक फार्महाउस में ले कर पहुंची, तो उसे बहुत हैरानी हुई. श्रेया ने पूछा, ‘‘तू मुझे यहां क्यों ले आई?’’

‘‘यहीं तो वह पार्टी है. इस तरह की पार्टियां ऐसी ही जगहों पर होती हैं, क्योंकि ये एकदम व्यक्तिगत होती हैं. इन पार्टियों में वही लोग आते हैं, जो आमंत्रित होते हैं. अनजान लोगों को अंदर बिलकुल नहीं जाने दिया जाता,’’ मनजीत ने समझाया.

दोनों फार्महाउस की विशाल इमारत के सामने पहुंचीं, तो वहां खड़ा एक युवक आगे बढ़ा और मनजीत से हाथ मिलाते हुए बोला, ‘‘तो यही हैं आप की फ्रैंड श्रेयाजी,’’ इस के बाद वह श्रेया को गहरी नजरों से देखते हुए बोला, ‘‘मैं अमन हूं, आप पहली बार मेरी इस पार्टी में आई हैं, इसलिए आप का विशेष रूप से स्वागत है.’’

कानफोड़ू डीजे म्यूजिक, म्यूजिक की ताल पर थिरकते युवकयुवतियां. पूरा हौल सिगरेट के धुएं से भरा था. मनपसंद दोस्त… सबकुछ तो था यहां. फिर भी श्रेया का मन नहीं लग रहा था. इसलिए उस के मुंह से निकल गया, ‘‘व्हाट ए बोरिंग पार्टी… यहां के म्यूजिक में कोई दम नहीं है. यहां तो सब जैसे नशे में हैं.’’

श्रेया की बात का कोई और जवाब देता, उस से पहले वही स्मार्ट युवक, जो गेट पर मिला था, उस के सामने आ कर बोला, ‘‘हाय श्रेया, शायद आप यहां खुश नहीं हैं. आप को न मेरी यह पार्टी अच्छी लग रही है और न ही यह म्यूजिक.’’

‘‘जी, आप की इस पार्टी में मैं बोर हो रही हूं. म्यूजिक में भी कोई दम नहीं है. क्राउड भी बहुत है. फिर यहां मैं देख रही हूं कि लोग डांस करने के बजाय छेड़छाड़ ज्यादा कर रहे हैं. मुझे यह सब पसंद नहीं है.’’

‘‘दरअसल, मेरा डीजे आज छुट्टी पर है इसलिए इस डीजे को लगाना पड़ा. आप पहली बार इस पार्टी में आई हैं, इसलिए आप को यहां का माहौल रास नहीं आ रहा है. बेसमैंट में मेरा पर्सनल कमरा है. वहां अच्छा म्यूजिक कलैक्शन भी है और एकांत भी. आप वहां चल सकती हैं. वहां हर चीज की व्यवस्था है. खानेपीने की, म्यूजिक की और आराम करने की भी.’’

अमन की बातें सुन कर श्रेया का दिमाग घूम गया, वह होंठों ही होंठों में बुदबुदाई, ‘‘हूं, अमीर बाप की औलाद, अपनेआप को समझता क्या है? आप का एकांत, म्यूजिक, ड्रिंक और आराम आप को मुबारक.’’

‘‘मिस श्रेया, एक मिनट. आप को मुझ से बात न करनी हो, तो कोई बात नहीं. लेकिन जाने से पहले मेरी एक बात जरूर सुन लीजिए.’’

दोनों हाथ कमर पर रख कर श्रेया बोली, ‘‘बोलो.’’

‘‘मिस श्रेया, मैं ने आप से जो कहा, शायद उस से आप ने मुझे पैसे वाले बाप का बिगड़ा बेटा समझ लिया. आप सोच रही हैं कि यह फार्महाउस मेरे बाप का है और मैं उन के पैसे पर ऐश कर रहा हूं. यही सोच है न आप के दिमाग में मेरे लिए.’’

श्रेया ने कोई जवाब नहीं दिया. वह होंठ चबाते हुए यही सोच रही थी कि इस का कहना सच है. यही धारणा थी उस के मन में उस के प्रति.

श्रेया को चुप देख कर अमन आगे बोला, ‘‘श्रेया, ऐसी बात नहीं है. फौर योर काइंड इन्फौरमैशन, 2 साल पहले मैं लंदन से पढ़ाई पूरी कर के दिल्ली आया हूं. वहां 4 साल पढ़ाई करने के बाद जीतोड़ मेहनत कर के जो कमाया है, कुछ वह रकम और कुछ बैंक से कर्ज ले कर यह फार्महाउस खरीदा है. यह फार्महाउस मैं पार्टियों के लिए किराए पर देता हूं और खुद भी पार्टियां करता हूं. बाप की एक पाई भी इस में नहीं लगी है. आप जैसे ग्राहकों की मेहरबानी से मैं इस फार्महाउस से मोटी कमाई कर रहा हूं. उम्मीद है कि अगले साल तक मैं इस में रैस्टोरैंट और डिस्कोथिक भी शुरू कर दूंगा. इस के अलावा ऐंटरटेनमैंट के बिजनैस में मोटी रकम लगाने का इरादा है. जस्ट विश मी ए लक, आप ने मुझे जो समय दिया, उस के लिए धन्यवाद. चलिए.’’

श्रेया ने हाथ बढ़ा कर अमन को रोका, ‘‘रुकिए, मिस्टर अमन, सौरी. आप को मैं पहचान नहीं पाई, यह मैं स्वीकार करती हूं. ऐक्चुअली आज मेरा मूड ठीक नहीं है. चलिए, आप का म्यूजिक कलैक्शन देखती हूं. मेरा मतलब सुनती हूं.’’

‘‘थैंक यू, चलिए.’’

अगले दिन सुबह श्रेया की आंख खुली, तो मम्मी झकझोर रही थीं, ‘‘श्रेया…श्रेया… ओ श्रेया…’’

श्रेया दोनों हाथों से सिर दबाते हुए बोली, ‘‘ओह मौम, कितने बजे हैं? मेरा तो सिर फटा जा रहा है…’’

‘‘साढ़े 11 बज रहे हैं और अब भी तेरा सिर फटा जा रहा है? पार्टी में क्या पिया था?’’

‘‘क्या… साढ़े 11…’’ इतना कहतेकहते श्रेया को रात की बातें याद आ गईं. पैप्सी पीतेपीते उसे चक्कर आ गया था. फिर उसे होश नहीं रहा. अच्छा हुआ कि मनजीत ने उसे झकझोर कर जगाया था और घर तक छोड़ गई थी. श्रेया कान पर हाथ रखते हुए बोली, ‘‘ओ मौम, आप तो जानती हैं कि मैं हार्ड ड्रिंक नहीं लेती. आप की कसम मम्मी.’’

श्रेया ने कसम खाई, तो किरण को थोड़ी राहत महसूस हुई. उन्होंने बेटी का हाथ पकड़ कर उठाते हुए कहा, ‘‘चल उठ, जल्दी से नहाधो कर नाश्ता कर ले.’’

अंगड़ाई ले कर आलस्य को झटकते हुए श्रेया पलंग से उठ कर खड़ी हुई. मम्मी के गले में बांहें डाल कर बोली, ‘‘मम्मी, पापा तो चले गए होंगे? उन से थोड़ा काम था.’’

‘‘तो मोबाइल पर बात कर ले,’’ किरण ने कहा, ‘‘रास्ते में होंगे. अभी फैक्टरी नहीं पहुंचे होंगे.’’

बाथरूम का दरवाजा बंद करते हुए श्रेया बोली, ‘‘जाने दीजिए. रात को आएंगे, तो बात कर लूंगी. एक प्रोजैक्ट के बारे में चर्चा करनी थी. खैर, अब तो वह हो नहीं पाएगी.’’

शाम को किशोर लौटे, तो घर का माहौल देख कर ही समझ गए कि स्थिति ठीक नहीं है. ब्रीफकेस मेज पर रख कर सोफे पर पसरते हुए बोले, ‘‘भई, कोई मुझे भी तो बताएगा कि यहां क्या हुआ है?’’

‘‘आप की लाडली कह रही है कि उसे एक प्रोजैक्ट तैयार करना है, जिस में राजस्थान के एक गांव में देहव्यापार करने वाली महिलाओं में होने वाले यौन रोगों के बारे में पता कर के उन के इलाज और उन के पुनर्वास के लिए क्या व्यवस्था की जा सकती है, इस का सर्वे करना है. यह वहां जा कर उन के बीच रह कर उन के बारे में सर्वे करेगी. लड़की के लिए यह कैसा प्रोजैक्ट है?’’

किशोर उठ खड़े हुए, ‘‘रियली, यह बात है. मैं तो समझा श्रेया ने किसी क्रिश्चियन लड़के से प्यार कर लिया है और…’’

‘‘अरे, आप भी कैसे बाप हैं?’’

‘‘देखो किरण, तुम्हें श्रेया की चिंता है न? तुम्हारा सोचना है कि उस गांव में वह अकेली जाएगी. तो सुनो, मुझे तो इस बात की जरा भी चिंता नहीं है. रही बात तुम्हारी चिंता की, तो हम एक काम करते हैं. हम भी इस के साथ चलते हैं. जैसलमेर में मेरा एक दोस्त रहता है. उसी के पड़ोस में एक मकान किराए पर ले लेंगे. तब तो अपनी लाड़ली अकेली नहीं रहेगी. फिर इस के एनजीओ में काम करने वाले लोग भी तो रहेंगे. यह वहां अपना काम करेगी और हम लोग जैसलमेर घूमेंगे. श्रेया, तुम्हें कब जाना है?’’

‘‘प्रोजैक्ट जल्दी ही जमा करना है. आप को जब समय मिले, पहुंचा दीजिए. प्रोजैक्ट जमा होने के बाद ही मंत्रालय से ऐड मिलेगा. मैं इस प्रोजैक्ट को किसी भी हालत में हाथ से नहीं जाने देना चाहती.’’

15 दिन में तैयारी कर के किशोर बेटी श्रेया और पत्नी किरण के साथ जैसलमेर से 60 किलोमीटर दूर रेत के धोरों के बीच बसे एक कसबे में रहने वाले सरपंच के यहां जा पहुंचे. किशोर को देखते ही सरपंच ने कहा, ‘‘आइए…आइए… किशोरजी, कल रात को ही आप लोगों के बारे में साहब का फोन आया था.’’

श्रेया अपने पापा और मम्मी के साथ वहां के एक गांव में देहव्यापार करने वाली महिलाओं के जीवन पर अध्ययन करने आई थी. उसे यहां महीने, डेढ़ महीने रहना था. किशोर के एक मित्र जैसलमेर में डिप्टी कलैक्टर थे. उन्होंने ही शहर से इतनी दूर श्रेया के रहने के लिए सरपंच से कह कर एक मकान की व्यवस्था करवा दी थी. किशोर, श्रेया और किरण को चायनाश्ता कराने के बाद सरपंच ने वहां खड़े एक युवक से कहा, ‘‘बुधिया, यह ले चाबी. साहब को उस मकान पर पहुंचा दे, जहां इन के रहने की सारी व्यवस्था की गई है.’’

‘‘यह लड़का…’’ किशोर ने पूछा.

‘‘अरे साहब, यह बुधिया है. आप यहां नए हैं. पूरे दिन आप के साथ रहेगा. घर की साफसफाई करेगा, घरबाहर के काम करेगा. पहले यह एक ढाबे पर काम करता था. खाना भी बना लेता है. गरीब घर का लड़का है, जो इच्छा हो, जाते समय दे दीजिएगा,’’ सरपंच ने कहा.

श्रेया 18-19 साल के उस युवक को देख रही थी. गठा शरीर, भरीपूरी पानीदार आंखें, बिखरे बाल. शरीर से चिपकी टीशर्ट और हाफ पैंट.

धीरेधीरे सब व्यवस्थित हो गया. अच्छा गांव था. साफ दिल के लोग थे. रोज सवेरे श्रेया और बुधिया निकल पड़ते. किशोर अपनी कार ले गए थे. श्रेया स्वयं गाड़ी चलाती थी, इसलिए उसे कहीं भी आनेजाने में कोई परेशानी नहीं होती थी. देहधंधा करने वाली महिलाओं से श्रेया मिलती, उन से बातें करती, सवाल करती और उन के जवाब वौइस रिकौर्डर में रिकौर्ड कर लेती. शाम को घर आ कर अपने लैपटौप में सब सेव कर लेती. अगले दिन फिर वही काम.

उस शाम श्रेया बाथरूम से निकली, तो उस के युवा शरीर में जवानी की उथलपुथल मची थी. यह भी कैसा इलाका है. वह जिस गांव में सर्वे कर रही थी, वहां के लोग पत्नियों से धंधा कराते हैं, व्यभिचार की कमाई खाते हैं. पैसों के लिए अपनी पत्नी को दूसरे के हवाले करते हैं. न जाने कैसेकैसे लोग उन के पास आते हैं और उन से कितनी ही महिलाओं को कैसेकैसे यौनरोग लग गए हैं.

फिर भी वे धंधा करती हैं. अपनी ये बीमारियां न जाने कितने लोगों को बांट रही हैं. इस के अलावा भी गांवों में ऐंटरटेनमैंट के नाम पर पत्नी से व्यभिचार, एक से अधिक लोगों से संबंध, पत्नी को पत्नी न समझ कर उस का हर तरह से शोषण, ऐसीऐसी बातें श्रेया को जानने को मिलतीं, जिन से उस का  रोमरोम सिहर उठा था.

श्रेया समय से प्रोजैक्ट पूरा कर के नोएडा वापस आ गई. उस ने प्रोजैक्ट तैयार कर के जमा भी कर दिया. काम पूरा होने के कुछ दिन बाद एक दिन किरण ने पति से कहा, ‘‘अपनी श्रेया को पता नहीं क्या हो गया है? जैसलमेर से लौटने के बाद वह चुपचुप रहती है.’’

‘‘वह ज्यादा बोलती है, तब भी तुम्हें परेशानी होती है. अब चुप है, तो भी तुम्हें परेशानी हो रही है,’’ किशोर ने हंसी में कहा.

‘‘बच्चे जैसे रहते हैं, उसी तरह रहें, तो अच्छे लगते हैं. मैं बड़बड़ाती हूं, तो इस का मतलब यह नहीं कि वह अपना स्वभाव ही बदल ले,’’ थोड़ा परेशान हो कर किरण ने कहा.

‘‘सयानी लड़की है. हर चीज मैं नहीं पूछ सकता. मां लड़कियों की सहेली जैसी होती है. अब तुम्हीं पता करो कि चुप्पी की वजह क्या हो सकती है?’’

इस के बाद किरण ने श्रेया से चुप्पी की वजह पूछी, तो उस ने जो बताया, सुन कर वह सन्न रह गईं. उसी शाम श्रेया को एम्स के रिटायर्ड स्किन स्पैशलिस्ट डा. स्वजन को दिखाया गया. डा. स्वजन ने श्रेया की गहन जांच की. उस के बाद उन्होंने उसे किरण के साथ बाहर भेज कर किशोर को अंदर बुला लिया और बड़ी गंभीरता से बोले, ‘‘आप की बेटी का किसी ऐसे आदमी से संबंध है, जो खतरनाक यौनरोग का शिकार है. यह यौनरोग उन्हीं मर्दों को होता है, जो अकसर बाजारू औरतों के पास जाते हैं. यह रोग उन्मुक्त सैक्स करने वालों को होता है, यह ऐसा रोग है, जो जीवन भर पीछा नहीं छोड़ेगा. जब तक दवा चलती रहेगी, ठीक रहेगा. दवा बंद होने के कुछ दिन बाद फिर उभर आएगा.’’

किशोर क्या कहते, उन का सिर शर्म से झुक गया. उन्होंने श्रेया को जो छूट दी थी, उस ने उस का गलत फायदा उठाया था. उन्हें बेटी पर बहुत विश्वास था, लेकिन उस ने उन के विश्वास को तोड़ दिया था. अब उन्हें पश्चात्ताप हो रहा था कि उन्होंने पत्नी की बात मानी होती, तो आज बेटी की जिंदगी बरबाद न होती. बेटी तो नासमझ थी, वे तो समझदार थे. अगर अपनी समझदारी दिखाते हुए बेटी पर अंकुश लगाए रहते, तो आज यह दिन देखने को न मिलता. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या कहें, इसलिए डाक्टर जो कहते रहे, सिर झुकाए सुनते रहे.

डाक्टर ने आगे कहा, ‘‘इस के लिए बच्चे ही नहीं, मांबाप भी उतने ही दोषी हैं. मांबाप के पास बच्चों के लिए समय ही नहीं होता और जिन के पास समय होता है, वे अपने बच्चों को आधुनिक बनाने के चक्कर में बिगाड़ देते हैं. बच्चे देर रात तक पार्टियां करते हैं, डिस्कोथिक जाते हैं, उन्हें रोकते ही नहीं. इस तरह की जगहों पर जाने वाले बच्चे ही ऐसे रोग लाते हैं. वहां नशा करने के बाद वे किस से मिलते हैं, क्या करते हैं, उन्हें होश ही नहीं रहता. उस के बाद जिंदगी बरबाद हो जाती है. आप की बेटी को एड्स भी हो सकता था. अब आप इस बात का ध्यान रखें कि आगे वह उस आदमी से न ही मिले, तो अच्छा रहेगा वरना दवा भी फायदा नहीं करेगी.’’

डाक्टर की बातें सुन कर किशोर को श्रेया पर गुस्सा तो बहुत आया, लेकिन इस के लिए वे खुद को भी दोषी मान रहे थे. उन्होंने ही उसे आजादी दे रखी थी. उन्होंने सोचा, अगर इन सब बातों की जानकारी किरण को हो गई, तो वह बेटी का ही नहीं, उन का भी जीना हराम कर देगी. वे डाक्टर के कैबिन से बाहर आए, तो किरण ने उन्हें सवालिया नजरों से घूरा. श्रेया की नजरों में भी सचाई जानने की उत्सुकता थी. जब किशोर कुछ नहीं बोले, तो श्रेया ने पूछ ही लिया, ‘‘पापा, डाक्टर ने आप को अकेले में क्यों बुलाया था, कोई गंभीर बात है क्या?’’

‘‘नहीं, कोई गंभीर बात नहीं है. डाक्टर ने ऐसे ही बातचीत के लिए बुलाया था. चलो, घर चलते हैं,’’ कह कर किशोर आगे बढ़ गए, तो पीछेपीछे श्रेया और किरण भी चल पड़ीं. घर आ कर वे ड्राइंगरूम में सोफे पर बैठ गए. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि श्रेया को वे उस की बीमारी के बारे में कैसे बताएं, जिस से वह स्वयं को उस आदमी से मिलने से रोक सके. वे सामने बैठी श्रेया को एकटक ताक रहे थे. श्रेया को पापा की नजर बदलीबदली सी लगी. इस तरह उन्होंने उसे पहले कभी नहीं देखा था. श्रेया से रहा नहीं गया, तो उस ने कहा, ‘‘क्या बात है पापा, डाक्टर ने क्या कहा, मुझे क्या हुआ है?’’

किशोर ने पलभर में निर्णय ले लिया. उन्हें लगा कि सचाई छिपाने का कोई फायदा नहीं है. बेटी को बचाने के लिए उन्होंने शर्मसंकोच त्याग कर कहा, ‘‘बेटा, केयरफुली, डाक्टर के कहने के अनुसार तुम्हें खतरनाक यौन रोग हुआ है. यह बीमारी तुम्हें किसी ऐसे आदमी से मिली है, जिसे यह बीमारी पहले से रही होगी.’’

श्रेया बच्ची नहीं थी, उस की समझ में आ गया कि पापा क्या कह रहे हैं. पापा की बातें सुनते ही उसे कमरा गोलगोल घूमता हुआ लगा. बड़ी मुश्किल से उन के मुंह से निकला, ‘‘व्हाट…आप? हैव यू गोन मैड. नो…नो… दिस इज नौट पौसिबल.’’

‘‘श्रेया प्लीज. जस्ट टैल मी कि तुम्हारा किस आदमी से संबंध है. बेटा, अब उस से बिलकुल संबंध मत रखना. डाक्टर ने कहा है कि अगर उस आदमी से संबंध खत्म नहीं किए, तो यह बीमारी कभी ठीक नहीं होगी.’’

पापा की बात सुन कर श्रेया को झटका सा लगा. उस की समझ में यह नहीं आया कि आज तक उस ने ऐसा कुछ किया ही नहीं, तो फिर डाक्टर या पापा उस से ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं. राजस्थान में वह ऐसी औरतों से मिली जरूर है, जिन्हें इस तरह की बीमारी थी, तो क्या मिलने भर से उसे इस बीमारी ने पकड़ लिया, लेकिन ये लोग संबंध बनाने की बात कर रहे हैं जबकि आज तक उस ने किसी पुरुष से संबंध बनाया ही नहीं है.

श्रेया उठी और पापा के सीने पर सिर रख कर फफक पड़ी. किशोर बिना कुछ बोले उस की पीठ सहलाने लगे. उन्होंने श्रेया को रोने दिया, जिस से उस का मन हलका हो जाए, रो लेने के बाद श्रेया ने किशोर से सीने पर सिर रखेरखे ही कहा, ‘‘पापा, आप सोच रहे होंगे कि नासमझी में बच्चों से गलतियां हो जाती हैं, लेकिन मैं ने इस तरह की कोई गलती नहीं की है.’’

‘‘कोई बात नहीं बेटा, जो हो गया, सो हो गया. तुम्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. हम तुम्हारे साथ हैं. जरूरत पड़ी, तो हम तुम्हारा इलाज विदेश तक में कराएंगे. ठीक है, तुम आराम करो. इस सब के बारे में अभी अपनी मम्मी को कुछ मत बताना, वे बेकार में परेशान होंगी,’’ कह कर किशोर बगल में रखे फोन से किसी को फोन करने लगे.

श्रेया सोच में डूब गई. तभी उसे 8-9 महीने पहले की फार्महाउस की वह पार्टी याद आ गई. फार्महाउस के स्मार्ट मालिक अमन की बातों से प्रभावित हो कर श्रेया बेसमैंट में स्थित उस के कमरे में चली गई थी. बहुत अच्छा कमरा था. सोफासैट, छोटा सा बार और कुछ बार स्टूल, अमन ने कहा, ‘‘बोलिए, क्या लेंगी श्रेयाजी? व्हाइट वाइन या रैडवाइन? हाऊ अबाउट चिल्ड बीयर?’’

‘‘सौरी, नो हार्ड ड्रिंक फौर मी. जस्ट गिव मि ए ग्लास औफ पैप्सी, अगर हो, तो… न हो तो पीने के लिए पानी ही दे दीजिए.’’

‘‘औफकोर्स पैप्सी है. आप सामने की रैक से अपने मनपसंद गाने की सीडी सलैक्ट कीजिए, तब तक मैं पैप्सी ले आता हूं,’’ कह कर अमन बार की ओर चला गया, तो श्रेया सीडी देखने लगी. थोड़ी देर बाद अमन श्रेया के पास आ कर बोला, ‘‘श्रेया, यह लो पैप्सी. भई, मुझे तो कोक पसंद है, हम दोनों की ड्रिंक भले ही सौफ्ट है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि हमारी फ्रैंडशिप हार्ड होगी… चीयर्स.’’

श्रेया ने मुसकराते हुए अपना गिलास धीरे से अमन के गिलास से टकराया और पैप्सी की चुसकी लेने लगी. थोड़ी देर बाद श्रेया का सिर चकराने लगा. क्या हुआ, वह सोच पाती, उस के पहले ही अमन ने उसे बांहों में भर लिया था. ‘ओह नो…’ अब उस की समझ में आया कि सादी पैप्सी पीने के बावजूद अगले दिन वह क्यों सुस्त थी. उस का शरीर क्यों टूट रहा था. उस के मुंह से चीख निकल गई, ‘‘यू रास्कल, आई विल किल यू.’’

श्रेया की चीख सुन कर फोन पर बातें कर रहे किशोर फोन छोड़ कर बोले, ‘‘क्या हुआ बेटा?’’

‘‘कुछ नहीं पापा, डाक्टर सच कह रहे हैं. मेरे साथ धोखा हुआ है. मगर…’’

श्रेया की बात काटते हुए किशोर बोले, ‘‘जो हुआ बेटा जाने दो. मैं ने कहा न कि मैं तुम्हारा इलाज विदेश में कराऊंगा. जब मैं तुम्हारे साथ हूं, तो तुम्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.’’

श्रेया एक बार फिर पापा के सीने से लग कर सिसकते हुए बोली, ‘‘थैंक्यू पापा. मुझे भी अपनी गलती का एहसास हो गया है लेकिन हमें उस आदमी की शिकायत पुलिस में करनी चाहिए. अन्यथा वह मेरी जैसी न जाने कितनी युवतियों की जिंदगी बरबाद करता रहेगा.’’

किशोर फटी आंखों से बेटी को देखते रहे. उस के चेहरे पर दृढ़ता देख कर सिर पर हाथ फेरते हुए बोले, ‘‘ठीक है बेटी, हम इस की भी व्यवस्था करते हैं. अभी कमिश्नर साहब से बात कर के सारी बात बताते हैं.’’

पिता की बातें सुन कर श्रेया एक बार फिर से फफक पड़ी.

West Bengal : कानूनी क्रूरता के शिकार हुए शिक्षक

West Bengal : कईयों के कंधों पर बूढ़े मांबाप की देखभाल और सेवा शुमार की भी जिम्मेदारी है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट के 3 अप्रैल के एक क्रूर और निर्मम फैसले ने इन का सबकुछ छीन लिया है.

यह फैसला क्या है और क्यों विधिक क्रूरता का पर्याय होने के साथसाथ अव्यवहारिक भी है यह समझने से पहले थोड़े से में यह समझना जरुरी है कि मामला क्या है जिस में पीड़ितों को ही गुनाहगार मानते सजा दे दी गई है और असल मुजरिमों में से अधिकतर के कहीं अतेपते नहीं हैं. एक तरह से उन्हें बाइज्जत बरी कर दिया है.

साल 2016 में पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग यानी WBSSC ने शिक्षक और गैर शिक्षण (नान टीचिंग) कर्मचारी पदों के लिए रिक्तियां निकाली थीं. इस परीक्षा के तहत 25753 उम्मीदवारों का चयन किया गया. जैसा कि आमतौर पर पूरे देशभर में होता है वह पश्चिम बंगाल में भी हुआ कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही परीक्षा में भ्रष्टाचार के आरोप लगना शुरू हो गए.

कई उम्मीदवारों ने यह दावा किया कि उन्हें काबिल होते हुए भी नौकरी नहीं मिली और उन से कम काबिल उम्मीदवारों का चयन हो गया. 5 से ले कर 15 लाख प्रति पद की घूसखोरी और राजनातिक संरक्षण के भी आरोप लगे.

हल्ला मचा तो इस गड़बड़झाले की जांच हुई जिस से पता चला कि आरोप गलत नहीं हैं और कई नियुक्तियां गैरकानूनी तरीकों से की गईं. मसलन, उम्मीदवारों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और बड़े पैमाने पर ओएमआर शीट्स में हेराफेरी हुई. सीबीआई और ईडी की जांच में कई अधिकारीयों और सत्तारूढ़ टीएमसी नेताओं सहित कुछ भाजपा नेताओं के नाम सामने आए.

इन में से एक बड़ा चर्चित नाम राज्य के तत्कालीन शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और उन की एक करीबी युवती पेशे से मौडल बेइन्तहा खूबसूरत अर्पिता मुखर्जी का था.

इन दोनों के यहां जुलाई 2022 में छापे पड़े जिन में भारी मात्रा में देशीविदेशी नगदी (लगभग 49 करोड़) और सोनाचांदी वगैरह बरामद हुए. इस के तीसरे ही दिन दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया. इस नगदी के तार स्वभाविक रूप से इस भर्ती से जोड़े गए. मामला कलकत्ता हाईकोर्ट में तकरीबन 8 साल चला और कोर्ट ने अप्रैल 2024 में अपना फैसला सुनाया जिस में कहा गया था कि सभी 25753 नियुक्तियों को रद्द किया जाता है. इतना ही नहीं चुने गए उम्मीदवारों को अबतक मिली सैलरी भी वापस करना होगी वह भी 12 फीसदी ब्याज के साथ.

इस फैसले से समूचे पश्चिम बंगाल में हड़कंप मच गया. धरनेप्रदर्शन हुए और उम्मीद के मुताबिक तथाकथित दोषियों ने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली. लगभग एक साल की सुनवाई के बाद 3 अप्रैल 2025 को मामूली फेरबदल के साथ सब से बड़ी अदालत ने हाईकोर्ट का फैसला यथावत रखा.

चीफ जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की बेंच ने अपने आदेश में कहा कि सभी नियुक्तियां रद्द रहेंगी. क्योंकि 2016 की चयन प्रक्रिया इतनी दूषित और दोषपूर्ण थी कि अब उसे सुधार पाना संभव नहीं होगा. हां इतना रहम जरूर सुप्रीम कोर्ट ने किया कि कर्मचारियों को सैलरी वापस नहीं करना पड़ेगी. क्योंकि कई कर्मचारी इस प्रक्रिया में हालातों का शिकार थे. दिव्यांगों को नई चयन प्रक्रिया तक नौकरी में बने रहने की छूट दी गई. उन्हें उम्र में भी छूट रहेगी. सुप्रीम कोर्ट ने नई भर्ती प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने का भी आदेश दिया.

इसलिए अव्यवहारिक है

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब नया सेशन शुरू है. बड़ी तादाद में नियुक्तियां रद्द होने से राज्य की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है. हाल तो यह है कि सैकड़ों स्कूलों को माध्यमिक बोर्ड की कक्षाओं से ले कर परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्याकंन तक के लिए संकट का सामना करना पड़ रहा है. पूरे देश की तरह पश्चिम बंगाल पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है अब सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला कोढ़ में खाज सरीखा साबित हो रहा है. कई स्कूलों में तो समेटिव यानी यूनिट टेस्ट भी नहीं हो पा रहे.

इधर WBSSC के मुखिया सिद्धार्थ मजूमदार ने तो फैसला आते ही यह कहते हाथ खड़े कर दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया तीन महीने में पूरी नहीं हो सकती. हम कानूनी सलाह ले रहे हैं उस के बाद ही कुछ कह सकते हैं. दिलचस्प सवाल अब यह उठ खड़ा हो रहा है कि निकाले गए कई टीचर्स उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे थे अब क्या वह भी अवैध होगा?

यह ठीक वैसा ही सवाल है जैसा मध्यप्रदेश के व्यापम घोटाले के बाद सुर्खियों में रहा था कि क्या उन डाक्टरों द्वारा किया गया इलाज भी नाजायज करार दिया जाएगा जिन्होंने फर्जी तरीकों से एमबीबीएस में दाखिला लिया था और सफलतापूर्वक डाक्टरी की डिग्री हासिल कर ली थी. उन का एडमिशन तो फर्जी हो सकता है लेकिन डिग्री का क्या?

बड़ी दिक्कत का सामना उन स्कूलों को करना पड़ रहा है जिन में छात्र ज्यादा हैं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक थोक में शिक्षक बाहर हो रहे हैं. मुर्शिदाबाद जिले के ब्लाक फरक्का के अर्जुनपुर हाईस्कूल में करीब 9500 छात्र हैं और 70 में से 36 शिक्षकों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है. ऐसे स्कूलों के बाबत सुप्रीम कोर्ट खामोश ही रहा है जबकि WBSSC ने हलफनामे के जरिए ऐसे आंकड़े अदालत में पेश किए थे.

घुन के साथ पिसा गेंहू

9 साल चले इस मामले के कई दिलचस्प पहलू भी हैं. सुप्रीम कोर्ट में हुई बहस के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से पैरवी कर रहे अधिवक्ता राकेश द्वेवेदी ने दलील दी थी कि भर्ती घोटाले की जांच राज्य सरकार ने की थी जिस में पाया गया था कि कुछ उम्मीदवारों की ओएमआर शीट्स में मार्क्स बढ़ाए गए थे. लेकिन सीबीआई ने 952 उम्मीदवारों की ओएमआर शीट में गड़बड़ी की बात की.

इस पर सीजेआई ने उन से पूछा कि तो स्थिति से निबटने के लिए आपने कहा कि चलो ठीक है गलत तरीके से नियुक्त किए गए लोगों को हटाने के बजाय अतिरिक्त पद बना देते हैं. द्विवेदी जी, एक बात बताइए अगर आप को गड़बड़ी मिलेगी तो आप उम्मीदवारों को बाहर नहीं करेंगे क्या? इस पर राकेश द्विवेदी ने कहा सरकार का आदेश वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवारों के लिए था.

सीजेआई ने तुरंत इस बात को यह कहते काटा कि सही कह रहे हैं आप दोनों उम्मीदवारों को बाहर नहीं निकालना चाहते थे आप. क्या दागी उम्मीदवारों और सही तरीके से एग्जाम देने वालों को अलगअलग नहीं किया जा सकता क्या.

इस पर एसएससी की तरफ से पैरवी कर रहे वकील जयदीप गुप्ता ने कहा हम भी उम्मीदवारों को अलगअलग करने के पक्ष में थे.
राकेश द्विवेदी ने भी सहमति जताते कहा हम भी यही चाहते थे कि उम्मीदवारों को अलगअलग किया जाए लेकिन हाईकोर्ट बहुत आगे ही चला गया उस ने सभी उम्मीदवारों के लिए एकसा फैसला सुना दिया.

इस दलील के कोई खास माने नहीं थे क्योंकि गड़बड़ी की शुरुआत तो तभी हो गई थी जब सरकार ने 24640 पदों के लिए रिक्तियां निकाली थीं. लेकिन बाद में पदों की संख्या 25153 कर दी थी. अदालत ने इस बात को ज्यादा ध्यान में रखा. यह मानना स्वभाविक भी था कि यह बढ़ोतरी घूस वगैरह के लिए की गई है लेकिन इस की सजा बेदाग उम्मीदवारों को भी भुगतना पड़ रही है. मुमकिन है घूसखोरी से भरे पदों की संख्या ज्यादा हो लेकिन यह कोई नहीं कह सकता कि चयनित सभी उम्मीदवारों ने घूस दी थी.

फैसले के बाद उस से व्यक्तिगत रूप से असहमति जताते मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा भी था कि सभी ने घूस नहीं दी होगी. उन की मंशा यह थी कि जो बेदाग हैं कम से कम उन्हें तो बर्खास्त न किया जाए.

लेकिन दिक्कत यह थी कि दागी और बेदागों की छटनी कौन और कैसे करे यानी भूसे के ढेर से गेंहू कौन बीने. यहां यह सोचाजाना लाजिमी है कि बेदागों को भी सजा मिलना जायज था क्या, जब कि न्याय का मूलभूत सूक्ति वाक्य यह है कि भले ही सौ गुनाहगार छूट जाएं लेकिन एक बेगुनाह को सजा नहीं मिलनी चाहिए. इस मामले में तो बेगुनाहों की तादाद हजारों में है. इस के पहले शायद ही ऐसा हुआ हो कि कानून की चक्की में घुन के साथ गेंहू पिसा हो.

अगर किसी भी तरह से सही और गलत का विभाजन किया जा सकता होता तो तय है हजारों शिक्षक आज झींक नहीं रहे होते जिन के सामने एक अंधकारमय कल मुंह फाड़े खड़ा है. दिख यह भी रहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसला तो दे दिया लेकिन वह दूध का दूध और पानी का पानी नहीं कर पाया है.

हर कहीं होता है ऐसा

इस परीक्षा में 23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे यानी एक पद के लिए लगभग सौ उम्मीदवार थे. अव्वल तो सरकारी नौकरी ही भाग्य की बात मानी जाती है तिस पर वह शिक्षक की हो तो बात सोने पे सुहागा जैसी होती है. इस नौकरी में काम कम है अलाली और मस्ती ज्यादा है. शिक्षक पढ़ाते कम हैं राजनीति ज्यादा करते हैं. हर कभी ये शिकायतें वायरल होती रहती हैं कि स्कूल तो स्कूल टीचर भी ठेके पर चल रहे हैं.

शिक्षक स्कूल जाएं न जाएं उन से सफाई मांगने बाले खुद ही दफ्तरों से नदारद रहते किसी मंत्री नेता या बड़े साहब के यहां एड़ियां चटका रहे होते हैं. इस नौकरी को हासिल करने लोग कुछ भी करने के लिए तैयार रहते हैं. घूस भी देते हैं और सिफारिशें भी करवाते हैं. ऐसे में घपलेघोटाले न हों तो जरूर हैरानी होती है.
सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार का ज्ञात सब से बड़ा घोटाला मध्यप्रदेश का व्यापम घोटाला था जिस में हजारों नाकाबिल काबिलों का हक मारते मैडिकल कालेजों में दाखिला ले कर डाक्टर बन बैठे थे.

पश्चिम बंगाल की तर्ज पर ही उत्तरप्रदेश में साल 2019 में उत्तरप्रदेश में सामने आया था जब 69 हजार शिक्षकों की भर्ती गलत तरीके से होने पर बवाल मचा था यह मामला हालांकि जातिगत आरक्षण में गड़बड़ी का था लेकिन नुकसान तो इस से भी कम नहीं हुआ था. इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी कोलकाता हाईकोर्ट जैसा फैसला देते चयनित शिक्षकों की लिस्ट को रद्द कर दिया था.

त्रिपुरा में 2010 में भी ऐसा ही हुआ था जब त्रिपुरा हाईकोर्ट ने 10323 शिक्षकों की नियुक्तियों की आवेदन प्रक्रिया को रद्द कर दिया था. कर्नाटक में भी साल 2015 में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में आरोप लगे थे इस मामले में सितम्बर 2022 में कई कर्मचारियों और अधिकारीयों की गिरफ्तारी हुई थी. ज्यादा नहीं महज एक साल पहले ओडिशा में भी यही सब कुछ हुआ था. इस मामले में शिक्षक भर्ती गिरोह का पर्दाफाश हुआ था जिस के तार दूसरे राज्यों तक फैले हुए थे.

अब से कोई 25 साल पहले सम्पन्न हुआ हरियाणा का शिक्षक भर्ती घोटाला तो नजीर बन चुका है जिस में तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उन के बेटे अजय चौटाला को 2013 में सजा हुई थी. एक आइएएस अधिकारी विद्याधर जो कि मुख्यमंत्री के राजनितिक सलाहकार भी थे सहित कुल 62 दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी.

फंदे में नेता ही क्यों

ऐसे घोटाले इफरात से होते हैं इन में बड़े नेताओं के नाम उछलते हैं तो सुर्खियां भी ज्यादा बनती हैं. लेकिन नेताओं का रोल अधिकारियों खासतौर से आईएएस के मुकाबले बहुत सीमित रहता है जो कि भर्ती प्रक्रिया का नक्शा बनाते हैं. नेता मंत्री तो बस अपने चहेतों की सिफारिश करते हैं लेकिन इस में होता यह है कि छूट अधिकारियों को भी मिल जाती हैं जिन की मंशा सिर्फ पैसा बनाने की होती है.

बड़े अफसर से बाबू और चपरासी तक घोटाले में शामिल हो जाते हैं देखते ही देखते दलालों का रेकेट भी खड़ा हो जाता है और पदों की बोलियां लगने लगती हैं. नाकाबिल लोग नोट ले कर इन सभी की परिक्रमा शुरू कर देते हैं और जिस से सौदा पट जाए उसे गड्डी थमा देते हैं. कोई नेता कागजी कार्रवाई नहीं करता है न ही नोटशीट चलाने जैसी सरकारी रस्म निभाता क्योंकि यह यानी भर्ती करना उस के अधिकार क्षेत्र के बाहर की बात होती है इस के लिए तो बहुत पहले ही पेनल बन चुकी होती है.

पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में किसी ने यह नहीं पूछा कि ओएमआर शीट्स की कम्प्यूटर जांच के बाद कहां और किस ने नाकाबिलों की शीट्स या उन के पेज बदले. अगर वे कटीफटी थीं तो उन के बाबत शिकायत क्यों नहीं की गई. इस गड़बड़झाले और घोटाले में पार्थ चौधरी जैसे नेताओं की रजामंदी तो हो सकती है.

उन्होंने अपना हिस्सा लिया भी हो सकता है लेकिन उन पर यह आरोप नहीं मढ़ा जा सकता कि उन्होंने प्रश्नपत्र या उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ की होगी या ओएमआर शीट्स में सही उत्तरों पर टिक लगाई होगी. यह काम तो आइएएस अधिकारी और क्लर्कों की मिलीभगत के बिना हो ही नहीं सकता.

इन सभी का कुछ खास नहीं बिगड़ना मुकदमा चलता रहेगा कार्रवाई होती रहेगी लेकिन असल गाज तो उन शिक्षकों पर गिरी है जिन की बसीबसाई गृहस्थियां उजड़ने की स्क्रिप्ट सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने लिख दी है. बात सीधेसीधे करे कोई भरे कोई वाली कहावत को चरितार्थ करती हुई है.

Love Story : मृगमरीचिका – जब मीनू की जिंदगी में आ गया मयंक

Love Story : ‘‘मम्माआज मैं अपनी नई वाली बोतल में पानी ले जाऊंगी,’’ नन्ही खुशी चहकते हुए मुझ से बोली.

‘‘ओके,’’ कहते हुए मैं ने उसे स्कूल के लिए तैयार किया.

‘‘मीनू पार्लर की लिस्ट मैं सतीश को दे आया था. 11-12 बजे तक सामान पहुंचा देगा. तुम चैक कर लेना,’’ ऋ षभ ने नाश्ता करते हुए कहा.

ठीक है आप चिंता न करें, ‘‘मैं ने कहा, फिर खुशी और ऋ षभ के चले जाने के बाद मैं आरामकुरसी पर निढाल हो गई. यह तो अच्छा था कि ऋ षभ के औफिस के रास्ते में ही खुशी का स्कूल पड़ता था और वे उसे स्कूल ड्रौप करते हुए अपने औफिस निकल जाते थे वरना तो उसे स्कूल छोड़ने भी मुझे ही जाना पड़ता. दोपहर 1 बजे तक उस का स्कूल होता था. तब तक मैं अपने सभी काम निबटा कर उसे ले आती थी. तभी अचानक किसी ने जोर से दरवाजा खटखटाया. मैं ने दरवाजा खोला, तो सामने पड़ोसिन ममता हांफती हुई दिखाई दी.

‘‘क्या हुआ? कहां से भागतीदौड़ती चली आ रही है?’’ मैं ने पूछा, क्योंकि मैं उसे अच्छी तरह जानती थी कि उसे तिल का ताड़ बनाना बहुत अच्छी तरह आता है.

‘‘यार बुरी खबर है. मयंक की बीवी ने आत्महत्या कर ली.’’

‘‘क्या? क्या कह रही है तू?’’

‘‘हां यार सभी सकते मैं हैं,’’ वह बोली और फिर पूरी बात बताने लगी.

उस के जाने के बाद मेरे दिमाग ने काम करना ही बंद कर दिया. उफ पूजा ने यह क्या कर लिया. अपने 2 साल के बच्चे को यों छोड़ कर… लेकिन वह तो प्रैगनैंट भी थी. मतलब उस ने नन्ही सी जान को भी अपनी कोख में ही दफन कर लिया. आखिर ऐसा उस ने क्यों किया… मैं जानती थी, फिर भी हैरान थी. दिमाग में बहुत से प्रश्न हथौड़े की तरह चलते जा रहे थे…

मयंक को तो मैं अच्छी तरह जानती थी. उस की शादी में नहीं गई थी, लेकिन लोगों से सुना अवश्य था कि बहुत खूबसूरत व समझदार है उस की पत्नी. बाद में तो यह तक सुनने में आया था कि बातबात पर वह पत्नी को मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देता है. उसे उस के मायके नहीं जाने देता. यहां तक कि उस के मातापिता के लिए अपशब्द भी कहता है.

एक बार एक आयोजन में उस की पत्नी से मुलाकात हुई थी, तो आंखों में आंसू भर कर उस ने मुझ से यही 2 शब्द कहे थे कि दीदी, काश हम भी आप की तरह खुशहाल होते.

हां खुशहाल ही तो थी मैं कि मयंक के चंगुल से बच निकली थी. वाकई अगर ऋ षभ ने न संभाला होता, तो मैं कतराकतरा हो कर कब की टूट कर बिखर गई होती. सोचतेसोचते मेरा मन अतीत की गहराइयों में विचरने लगा…

‘‘भाभी यह रंग आप पर बहुत खिल रहा है,’’ कुछ गहरे गुलाबी रंग की साड़ी पहन कर घर के बाहर सब्जी खरीदते समय किसी ने मुझे पीछे से आवाज दी.

हम नएनए ही शिफ्ट हुए थे. मयंक हमारे पड़ोसी का लड़का था. 23-24 की उम्र में उस का शारीरिक सौष्ठव कमाल का था.

जी थैंक्स, कह कर मैं अपनी ओर एकटक निहारते मयंक को देख थोड़ी असहज हो गई.

मयंक ने कहना जारी रखा, ‘‘सच कुछ लोगों को कुदरत ने फुरसत में बनाया होता है और आप उन में से एक हो?’’

‘‘यह कुछ ज्यादा नहीं हो गया क्या?’’ मैं कहते हुए हंस दी.

अंदर आ कर खुद को शीशे में निहारते हुए मैं खुद भी बुदबुदा उठी कि सच में कुदरत ने मुझे फुरसत में बनाया है. दूध सी मेरी काया और उस पर तीखे नैननक्श मेरी सुंदरता में चार चांद लगाते हैं. उस पर कपड़ों का मेरा चुनाव लोगों के बीच मुझे चर्चा का विषय बना देता था.

वैसे तो ऐसी तारीफें सुनने की मुझे आदत सी पड़ गई थी, लेकिन मयंक द्वारा की गई तारीफ से मुझ में एक अजीब सी सिहरन दौड़ गई. उस का मेरी आंखों में गहरे झांक कर देखना फिर अर्थपूर्ण तरीके से मुसकराना मुझे अच्छा लगा. सच कहूं तो उस के शब्दों से ज्यादा उस की मोहक मुसकान ने मुझे लुभाया. पड़ोसी होने के नाते गाहेबगाहे उस से मेरी मुलाकात होती रहती थी.

उस वक्त खुशी बहुत छोटी थी और मेरे पार्लर के भी ढेर सारे काम होते थे. ऐसे में कभीकभी मैं झुंझला उठती थी. एक दिन मैं ऋषभ से अपनी परेशानी का रोना ले कर बैठी ही थी कि मयंक आ गया. बातों ही बातों में उस ने मुझे मदद की पेशकश की, जिसे मुझ से पहले ऋ षभ ने स्वीकार कर लिया.

अब मयंक तकरीबन रोज मेरे छोटेमोटे कामों में हाथ बंटाने के लिए आने लगा. उस की गाड़ी पर बैठतेउतरते समय जब कभी मेरा हाथ उस से टच होता तो वह बड़ी ही शरारत से मुसकरा उठता. मन ही मन उस की यह शरारत मुझे अच्छी लगती, पर ऊपर से मैं उसे बनावटी गुस्से से देखती तो झट से सौरी बोल कर अपना मुंह घुमा लेता. धीरेधीरे मुझे उस के साथ की आदत पड़ गई.

उधर ऋषभ की प्राइवेट जौब थी. वे देर रात घर आते थे. कई बार तो उन्हें औफिस के काम से शहर के बाहर भी रहना होता था. वैसे भी ऋ षभ मेरे लिए एक बोरिंग इंसान थे, जिन्हें मेरी खूबसूरती से ज्यादा औफिस की फाइलों से प्यार था. हां, मेरी और खुशी की जरूरतों का वे पूरा ध्यान रखते थे.

पर उम्र का जोश कहें या वक्त की कमजोरी, मेरा चंचल मन इतने भर से संतुष्ट नहीं था या यों कह लें कि मयंक ने किसी शांत झील की तरह पड़ी मेरी सोई हुई कामनाओं को अपने आकर्षण के जादू का पत्थर फेंक जगा दिया था.

मयंक की छेड़छाड़, जानेअनजाने उस का छू जाना, उस का जोशीला साथ अब मुझे रोमांचित करने लगा था. मयंक तो पहले से ही बेपरवाह और दुस्साहसी किस्म का इंसान था,

मेरे मौन में उस ने मेरी रंजामंदी शायद महसूस कर ली थी. अब अधिकतर वह मेरे साथ ही रहने लगा.

खुशी को स्कूल छोड़ना व लाना, जब मैं पार्लर में व्यस्त रहूं तो उसे पार्क घुमाना, मेरे पार्लर का सामान लाना, शौपिंग में मेरी मदद करना आदि काम वह खुशीखुशी करता था. ऋषभ के शहर से बाहर रहने पर भी वह हमारा बहुत खयाल रखता था.

मैं उस जगह नई थी और ऋषभ किसी से सीधे मुंह बात भी नहीं करते थे, इसलिए लोगों की निगाहें हमें देख कर भी अनदेखा करती थीं. हालांकि पार्लर में कई महिलाएं हमारे बीच क्या चल रहा है, इस खबर को जानने के लिए उत्सुक नजर आती थीं, लेकिन मैं मस्त हो कर अपना काम करती थी. लेकिन इतना तय था कि मैं और खुशी दोनों ही मयंक के मोहपाश में बंधी जा रही थीं. खुशी तो बच्ची थी पर मैं बड़ी हो कर भी बहुत नादान.

ऐसी ही एक शाम ऋ षभ चेन्नई में थे. मैं और मयंक पार्लर का कुछ सामान लेने गए थे. खुशी को मैं ने ऋ षभ की रिश्ते में लगने वाली एक मौसी (जो हमारे घर के पास ही रहती थीं) के यहां छोड़ दिया था. बाजार से लौटते हुए हमें देर हो चुकी थी. बारिश और हलकी फुहारों ने हमें कुछ भिगो भी दिया था. उस की गाड़ी से उतरते समय तेज ब्रेक लगने के कारण मैं उस से जा चिपकी और मेरे दोनों हाथ उस के कंधों पर जा टिके. वाकई यह बहुत खूबसूरत सुखानुभूति थी, जिस ने मुझे रोमांचित कर दिया. बहरहाल ताला खोल कर हम अंदर आ गए.

‘‘मयंक अब तुम जाओ. काफी देर हो चुकी है. मैं खुशी को ले कर आती हूं,’’ मेरे कहने पर भी वह सोफे पर बैठा रहा.

‘‘अगर रात यहीं रुक जाऊं तो?’’ उस की आंखों में फिर वही शरारत थी.

चाह कर भी उसे इनकार न कर सकी. मौसम की खुमारी कहें या गीले तन की खुशबू, हम दोनों ही बहकने लगे. मयंक ने मेरा हाथ खींच कर मुझे सोफे पर बैठा लिया. पूरी रात न मुझे खुशी की याद रही न अपने पत्नीधर्म की.

रात के उस व्यभिचार के बाद भी मैं सुबह बड़े ही सहज भाव से उठी और खुद को तरोताजा महसूस किया. मयंक के साथ ने जैसे जीवन में एक उमंग भर दी थी. उस वक्त मेरे मन में कोई अपराधबोध या आत्मग्लानि नहीं थी. मैं बहुत खुश थी और खुशी को मौसी के घर से यह बहाना कर के ले आई कि रात बहुत हो चुकी थी तो मैं ने आप को डिस्टर्ब करना ठीक नहीं समझा. मौसी ने फौरन मेरी बात पर विश्वास भी कर लिया.

अपने सभी काम समय पर निबटा कर पार्लर खोलते वक्त मैं यही सोचने लगी कि ऋ षभ तो कल आने वाले हैं यानी आज रात भी… और मैं सुर्ख होने लगी. जल्दी से सारे काम निबटाने के बाद उम्मीद के मुताबिक अंधेरा होते ही मयंक आ गया. खुशी को सुला कर हम दोनों एक बार फिर प्यार में डूब गए. मुझे पता नहीं था कि मेरी यह खुमारी आगे क्या गुल खिलाने वाली है.

ऋ षभ के चेन्नई से आ जाने के बाद हमारी मुलाकात उतनी आसान न रही और न ही हमारे मिलने की कोई उपयुक्त जगह. 10-12 दिनों में ही हमारे बीच में जिस्मानी दूरी आने से हम बौखला उठे और फिर आपसी रजामंदी से भाग जाने का निर्णय ले लिया, किसी भी अंजाम की परवाह किए बगैर. मयंक का तो पहले ही अपने परिवार से कोई खास जुड़ाव नहीं था. इधर उस के शारीरिक आकर्षण में बंधी मैं भी घायल हिरनी सी उस के साथ चलने को तत्पर हो उठी.

एक दिन खुशी के स्कूल की छुट्टी थी. तब ऋषभ के औफिस जाने के बाद मैं ने खुशी को खिलापिला कर सुला दिया और चल पड़ी अपने नए सफर की ओर.

अब सोचती हूं तो बहुत धिक्कारती हूं खुद को परंतु उस वक्त वासना की आंधी के आगे मेरा सतीत्व और ममत्व दोनों हार गए थे.

गोवा के एक रिजोर्ट में 2-3 दिन रहने के बाद जब हमारी खुमारी कुछ उतरी, तो समझ आया कि जीवन में शारीरिक जरूरतों के अलावा भी बहुत कुछ जरूरी होता है. उस का कारण यह था कि मयंक जो 10-15 हजार रुपए अपने घर से लाया था, वे खत्म होने को थे. मेरे पास जो भी कैश था, मैं ने मयंक के हाथ में रख दिया.

‘‘इस से क्या होगा?’’ उस के चेहरे पर नाराजगी के भाव थे.

‘‘तो मैं क्या करूं, जो मेरे पास था तुम्हें दे दिया. अब क्या करना है तुम जानो,’’ मैं गुस्से में बोली.

‘‘अच्छा तो क्या सारी जिम्मेदारी मेरी है.

तुम भी तो कुछ ला सकती थीं?’’ उस ने झुंझला कर कहा.

‘‘तो प्यार का दम भरते ही क्यों थे जब तुम्हारी जेब खाली थी? बहुत बड़े मर्द बनते थे न? अब कहां गई तुम्हारी मर्दानगी? बातें तो चांदसितारों की करते थे. क्या तुम्हें इन खर्चों के बारे में पहले नहीं सोचना चाहिए था?’’ मैं ने गुस्से में अपने पहने हुए गहने उतार कर उस के हाथों में रख दिए.

‘‘मुझ पर चीखने की बजाय अपने गरीबान में झांको और देने ही हैं तो सारे गहने दो… यह मंगलसूत्र भी,’’ मयंक ने उतावलेपन से मेरी ओर बढ़ते हुए कहा.

‘‘नहीं इसे मैं नहीं दूंगी. यह ऋ षभ के प्यार की निशानी है,’’ मैं ने भावावेश में कहा.

‘‘वाह रे सतीसावित्री. पति और बच्ची को छोड़ते समय तुम्हारा कलेजा नहीं पसीजा और अब उस की निशानी को रखने का नाटक कर रही हो,’’ मयंक अब बेशर्मी पर उतर आया था.

‘‘तुम्हें शर्म नहीं आती… आज मैं तुम्हारे कारण ही अपनी हरीभरी गृहस्थी को छोड़ कर यहां हूं. यहां तक कि अपनी बेटी खुशी को भी छोड़ दिया मैं ने तुम्हारे लिए,’’ मैं लगभग चीखते हुए बोली.

‘‘तो कोई एहसान नहीं किया. तुम्हारा पति तुम्हें जो नहीं दे पाया, वह मैं ने दिया है. बड़े मजे किए हैं तुम ने मेरे साथ मैडम,’’ मयंक ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया था.

मयंक के इस बदले रूप को देख कर मैं हैरान रह गई. मन का क्षोभ, बेबसी और ठगे जाने की पीड़ा आंखों से बह निकली. मन के किसी कोने में घर से भागने का मलाल भी हुआ और अपनी नामसझी पर गुस्सा भी आया.

मुझे रोता देख मयंक मेरे पास आया और हमेशा की तरह मुझे दुलारने की कोशिश की, लेकिन आज उस की यह हरकत मुझे बहुत नापाक लगी. आवेश में आ कर मैं ने उस के गाल पर जोरदार तमाचा जड़ दिया, ‘‘दूर हो जा मुझ से, मेरे पास आने की हिम्मत भी मत करना.’’

‘‘अरे पागल हो गई है क्या? क्यों चिल्ला रही है? भीड़ इकट्ठी हो जाएगी. मत भूल कि हम यहां भाग कर आए है… तुम्हारी जो मरजी आए करो,’’ कह कर मयंक पैर पटकता हुआ कमरे से बाहर चला गया.

उस वक्त अपनी हालत के लिए अपने सिवा किसे कोसती. ऋ षभ ने 1-2 बार अप्रत्यक्ष रूप से मुझे समझाने की कोशिश भी की थी, परंतु उस समय मुझ पर मयंक के प्यार का ऐसा भूत सवार था कि बिना कोई आगापीछा सोचे मैं यह काम कर बैठी. अब मैं अपनी उसी करनी पर शर्मिंदा हो कर रोए जा रही थी.

शाम हो गईं मयंक नहीं लौटा. अब मैं और घबरा गई. अगर उस ने भी मुझे छोड़

दिया तो मैं क्या करूंगी, कहां जाऊंगी? एक तो अनजानी जगह उस पर हाथ में दो पैसे भी नहीं… शायद सच्चे रिश्तों को नकारने की मुझे सजा मिली थी. मेरी बरबादी की शुरुआत हो चुकी थी. ऋ षभ जैसे सच्चे जीवनसाथी और अपनी मासूम बच्ची को धोखा दे कर मैं ने जो वासनाजनित गलत राह चुनी थी उस की भयावहता का यह सिर्फ आगाज था. मयंक को मैं कौल पर कौल किए जा रही थी, पर उस का मोबाइल स्विच्ड औफ था.

वहां इसी तरह ऋ षभ भी तो परेशान हो रहे होंगे, यह विचार आते ही उन्हें फोन लगाना चाहा, पर फिर रुक गई कि किस मुंह से और क्या सफाई दूंगी मैं? मयंक द्वारा लाई गई इस नई सिम में और कोई भी नंबर सेव नहीं था. रात होने को थी. मेरा सारा धैर्य जवाब दे चुका था.

तभी दरवाजे पर हुई आहट से दौड़ कर दरवाजा खोला तो हैरानपरेशान ऋ षभ को देखते ही चौंक पड़ी. मन चाहा कि लिपट जाऊं उन से और जी भर कर रो लूं, पर अपनी करतूत याद आते ही मुझ पर मानो घड़ों पानी पड़ गया. मयंक के पापा भी उन के साथ थे, पर मुझे कमरे में अकेली पा कर वे बाहर ही बैठ गए मयंक के इंतजार में.

ऋ षभ ने पास आ कर स्नेह से मेरी पीठ पर हाथ रखा तो मैं पिघल कर उन के सीने से लग गई,  ‘‘मुझे माफ कर दो ऋ षभ, मुझ से बहुत बड़ी गलती हो गई,’’ मैं ने हिचकियां लेते हुए कहा.

काफी देर तक खड़े रह ऋषभ अपनी मूक संवेदनाएं प्रकट करते रहे, फिर बोले, ‘‘घर चलो मीनू, खुशी तुम्हारी राह देख रही है.’’

‘‘नहीं ऋ षभ अब मैं वहां क्या मुंह ले कर जाऊंगी. खुशी से क्या कहूंगी? मैं ने जो भी किया है, उस की कोई माफी नहीं,’’ कह मैं सिसक उठी.

ऋ षभ काफी देर तक मुझे समझाते रहे. उन्होंने बताया कि किस तरह मयंक के किसी दोस्त से हमारी जानकारी निकाल कर बड़ी मुश्किल से यहां आए हैं. मैं मन ही मन और भी लज्जित हो गई. आखिरकार मैं लौटने को तैयार हो गई. करती भी क्या. मयंक का असली रंग तो देख ही चुकी थी.

‘‘अंकलजी, आप मयंक से बात कर उसे ले आना, मैं मीनू को ले कर जा रहा हूं,’’ चिंतित बैठे मयंक के पिता से ऋषभ ने कहा और मेरा हाथ पकड़ कर बाहर आ गए.

घर पहुंचते ही दादी के हाथों से छिटक कर खुशी मम्मामम्मा कहते हुए मेरे गले आ लगी. मैं उसे जोर से छाती से लगा कर प्यार करने लगी. वहां मौजूद सभी लोगों को शायद यह प्यार बनावटी लग रहा हो, पर मैं वास्तव में शर्मिंदा थी. ऋ षभ की वजह से सभी ने ज्यादा रिएक्ट नहीं किया, पर उन की निगाहों में खासी नाराजगी दिखी. मेरा अपना भाई भी मुझ से दूर खड़ा था.

मुझे लौटे 2-3 दिन बीत चुके थे. सारा समय मैं अपने कमरे में ही रहती थी. ऋ षभ आ कर मुझे खाना खिला जाते. नन्ही खुशी तो जैसे चहक उठी थी. पर मेरे सासससुर व भाई ने अभी तक मुझ से कोई बात नहीं की थी.

ऐसे ही एक रात अचानक मेरी नींद खुली तो देखा ऋ षभ मेरे पास नहीं हैं, हां खुशी मेरी ही बगल में सोई थी. मैं उठ कर उन्हें पुकारती हुई बाहर निकली ही थी कि बैठक से आती आवाजों ने मुझे ठिठकने को मजबूर कर दिया.

ये आवाजें मेरे भाई की थीं. वह कह रहा था,  ‘‘जीजाजी मैं आंटीअंकलजी की बात से सहमत हूं. यह रिश्ता अब सामान्य नहीं हो पाएगा. यह दीदी की गलती नहीं शर्मनाक हरकत है, जिस का दंड उस के साथसाथ सारी जिंदगी आप को भी भुगतना पड़ेगा और आगे जा कर खुशी को भी.’’

‘‘मेरी बात तो सुनो,’’ ऋ षभ ने कुछ कहना चाहा.

‘‘नहीं जीजाजी आप सुनो… खुशी अभी छोटी है. बड़ी हो कर जब उसे सब मालूम पड़ेगा तो वह भी अपनी मां को कभी माफ नहीं कर पाएगी और फिर यह तो सोचिए कि ऐसी लड़की से कौन शादी करना चाहेगा जिस की मां भाग…’’

‘‘बस करो जतिन… तुम बहुत बोल चुके,’’  ऋ षभ ने थोड़ा गुस्से से कहा.

‘‘क्या गलत कह रहा है जतिन… अरे वह तो उस का भाई है उस का अपना खून. जब वह उसे बरदाश्त नहीं कर पा रहा है, तो तू किस मिट्टी का बना है?’’ इस बार ऋ षभ के पापा बोले.

‘‘पापा, आप सभी समझने की कोशिश करें. मैं मीनू को जानता हूं… पत्नी है वह मेरी. अगर उस से कोई गलती हुई है, तो कहीं न कहीं मैं भी कुछ हद तक उस के लिए जिम्मेदार हूं. उस की इच्छाओं और चाहतों को मैं ने भी कहीं नजरअंदाज किया होगा, तभी तो उसे मयंक की जरूरत पड़ी होगी,’’ ऋ षभ के चेहरे पर गहरी संवेदना के भाव थे.

‘‘मैं यह नहीं कहता कि मीनू से गलती नहीं हुई है. लेकिन यही गलती मयंक से भी हुई है और आप का समाज मयंक को तो बाइज्जत बरी कर देगा इस गुनाह से. कल से ही वह फिर आवारागर्दी करता नजर आएगा इसी महल्ले में. फिर मेरी मीनू ही यह सजा क्यों भुगते? पति हूं मैं उस का. जीवन भर साथ निभाने के वादे किए थे तो उस की इस मुश्किल घड़ी में कैसे उस का हाथ छोड़ दूं? और अगर मान लीजिए यही गुनाह मुझ से हो जाता तो उसे यह मशवरा देने के बजाय आप लोग यही समझा रहे होते कि मीनू जाने दे, माफ कर दे ऋ षभ को. अपनी गृहस्थी टूटने से बचा ले, और न जाने क्याक्या?

‘‘सिर्फ इसलिए कि वह एक औरत है, उस के द्वारा की गई भूल के लिए हम उसे सूली पर चढ़ा दें? माफ कीजिए यह सजा मुझे मान्य नहीं है. मीनू के हमारे जीवन में होने से ही हमारी खुशियां हैं, उस के बिना मैं और खुशी दोनों अधूरे हैं. मैं मीनू की जिंदगी बरबाद नहीं कर सकता पापा. यह मेरा अंतिम निर्णय है.’’

ऋ षभ के दिए तर्कों का किसी के पास जवाब नहीं था. सभी चुप हो गए, पर मेरा मन चीत्कार कर उठा. बोली, ‘‘मुझे माफ कर दो ऋ षभ. तुम ने मेरी पीड़ा को समझा, पर मैं आज तक तुम्हें पहचान न सकी. किसी के बाहरी आकर्षण में पड़ कर मैं ने तुम्हारा दिल दुखाया और तुम्हें बहुत गहरा घाव दे बैठी. सचमुच मैं माफी के योग्य नहीं हूं.’’

पर कहते हैं न कि समय बड़े से बड़ा घाव भी कर देता है. इस घटना को 1 महीना हो गया था. ऋ षभ और मेरे बीच सभी कुछ सामान्य हो चला था. मैं अभी भी बाहर निकल कर लोगों का सामना करने से कतराती थी. मयंक के बारे में भी मुझे कोई जानकारी नहीं थी. अगस्त माह शुरू हो चुका था. बारिश का मौसम मुझे सब से सुहावना लगता था.

ऐसी ही एक खूबसूरत शाम ऋ षभ को घर जल्दी आया देख मैं चौंक पड़ी, ‘‘आज इतनी जल्दी?’’ मैं ने पूछा.

‘‘हां, तैयार हो जाओ, कहीं घूमने चलते हैं,’’ ऋषभ ने मुसकरा कर कहा.

‘‘लेकिन खुशी सो रही है,’’ मैं ने बात टालने की गरज से कहा, क्योंकि मैं बाहर जाना ही नहीं चाहती थी.

‘‘मैं ने मौसी को बोल दिया है. आज वे खुशी के साथ यही रुक जाएंगी,’’ ऋ षभ ने कहा.

‘‘ठीक है, फिर मैं तैयार हो जाती हूं,’’ मैं ऋषभ को बिलकुल नाराज नहीं करना चाहती थी. मेरी वजह से उन्होंने पहले ही काफी कुछ सहा था.

जब तक हम तैयार हुए, बारिश ने मौसम को और भी खुशगवार बना दिया था.

मौसी आ गई थीं. खुशी को उन्हें सौंप जब मैं बाहर निकली तो मेरी ओर देखते हुए इन्होंने एक प्यारी सी मुसकान बिखेरी. फिर गाड़ी निकालने लगे. मैं भी गेट खोल कर इन की मदद करने लगी.

तभी अचानक मयंक के घर पर मेरी नजर पड़ी. ऊपर बालकनी से वह मुझे न जाने कब से निहारे जा रहा था. उस घटना के बाद मेरा और मयंक का पहली बार सामना हो रहा था. मेरा असहज हो जाना स्वाभाविक था.

ऊपर देखते हुए मैं लड़खड़ा सी गई. तभी 2 मजबूत बाजुओं ने मुझे सहारा दे कर थाम लिया. ये ऋ षभ थे जिन्होंने बड़ी ही अदा से मेरा हाथ थाम मुझे कार में बैठाया. आसपास के घरों से भी कई जोड़ी निगाहों ने हमें तब तक कैद में रखा जब तक कि हम उन की आंखों से ओझल नहीं हो गए.

खूबसूरत आलीशान होटल के अंदर एकदूसरे का हाथ थामे हम ने प्रवेश किया. अपनी खोई गरिमा को वापस पा कर मैं तो फूली नहीं समा रही थी. मन ही मन उस एक पल का शुक्रिया अदा कर रही थी, जिस पल मैं ने उन से शादी के लिए हां की थी.

हौल की धीमी रोशनी में ऋ षभ ने मुझे डांस के लिए इनवाइट किया, जिसे मैं ने सहर्ष स्वीकार कर लिया. उन के सीने से लग कर डांस करते हुए मैं खुद को संसार की सब से खुशहाल औरत समझ रही थी. कुछ देर बाद प्यारा सा डिनर कर के हम होटल के उस कमरे में जाने लगे, जो ऋषभ ने पहले से ही बुक किया हुआ था.

‘‘ये सब करने की क्या जरूरत थी ऋ षभ,’’ काफी समय बाद मैं ने उन्हें उन के नाम से पुकारा.

‘‘अंदर तो आओ,’’ कह कर ऋ षभ ने मुझे अपनी बांहों में उठा लिया.

‘‘अरे, यह क्या कर रहे हैं? सब हमें देख रहे हैं,’’ मैं ने शरमाते हुए कहा.

‘‘देखने दो. इन्हें भी तो मालूम हो कि हमारी शरीकेहयात कितनी खूबसूरत हैं,’’ अंदर आ कर इन्होंने मुझे बैड पर लिटाते हुए कहा. उस के बाद अपनी जेब से एक छोटा सा गिफ्ट निकाल कर बड़े ही रोमांटिक अंदाज में मुझे पेश किया. उस में से हार्ट शेप की एक डायमंड रिंग निकाल कर इन्होंने मुझे पहना दी.

‘‘थैंकयू ऋ षभ,’’ कह मैं इन के गले लग गई. मेरी आंखों आंसुओं से भीगी थीं.

अपनी पीठ पर गीलेपन का एहसास होते ही इन्होंने मेरा चेहरा हाथों में ले लिया, ‘‘यह क्या? तुम रो रही हो?’’

‘‘मैं ने तुम्हें बहुत दुख पहुंचाया है ऋषभ… किस मुंह से माफी मांगू?’’

‘‘बस मीनू अब इस टौपिक को आज के बाद यहीं खत्म कर दो. तुम मेरी प्रेयसी, प्रेरणा सभी कुछ हो. तुम्हें घर ला कर मैं ने कोई एहसान नहीं किया है. बस अब वह सब तुम्हें देने की कोशिश कर रहा हूं, जिस की तुम हकदार हो. मेरी एक बात ध्यान से सुनो. जब तक तुम खुद को माफ नहीं कर देतीं, हर कोई तुम्हें गुनहगार बताता रहेगा, इसलिए प्लीज इस तकलीफ से बाहर आओ. मैं तुम्हें इस तरह आत्मग्लानि में जीते नहीं देख सकता,’’ कह कर ऋ षभ ने मुझे अपने सीने से लगा लिया.’’

उस खूबसूरत रात उन पवित्र बांहों के आगोश में जाने कितने समय बाद मुझे चैन की नींद आई. दूसरा पूरा दिन भी हम होटल में ही रुके. आज मुझे मयंक का शारीरिक आकर्षण ऋ षभ के प्यार के आगे बौना नजर आ रहा था. मौसी से फोन कर हम लगातार खुशी के संपर्क में भी रहे.

घर आने के बाद हमारी जिंदगी बदल चुकी थी. अपनी उस गलती को नादानी समझ मैं भी भुलाने लगी थी. ऋ षभ के प्यार व विश्वास ने मेरे दिलोदिमाग में मजबूती से अपनी जड़ें जमा ली थीं.

एक दिन ऋ षभ ने मुझे पार्लर की चाबी सौंपते हुए अपना काम दोबारा शुरू करने को कहा. मैं थोड़ा सोच में पड़ गई. एक तो महीनों से पार्लर बंद पड़ा था, दूसरे पार्लर आने वाली औरतों की निगाहों में तैरते प्रश्नों का सामना कैसे करूंगी यह सोच कर मन बैठा जा रहा था. मगर ऋ षभ ने मुझे अपने साथ का भरोसा दिया.

उसी दिन कामवाली बाई के साथ जुट कर मैं ने अपना पार्लर साफ किया. कई कौस्टमैटिक जो ऐक्सपायर्ड हो गए थे, उन्हें हटा कर हर चीज व्यवस्थित की. कुछ जरूरी सामान की लिस्ट बनाई. पार्लर खोले 2-3 दिन हो गए थे, उस का बोर्ड भी ऋ षभ ने साफ कर फिर से लगा दिया था, परंतु एक भी क्लाइंट अभी तक नहीं आई थी. अपने सभी काम जल्दी से निबटा कर मैं पार्लर में बैठ जाती. किसी के आने का पूरा दिन बैठेबैठे इंतजार करती रहती. ऋ षभ से मेरे मन की बेचैनी छिपी नहीं थी.

एक दिन इन्होंने शाम के खाने पर अपने सहयोगी को पत्नी के साथ बुलाया. वे लोग खाना खा कर बैठे. थोड़ी देर हंसीमजाक और मस्ती का दौर चला. बातों ही बातों में जब ऋ षभ ने उन्हें बताया कि मेरी वाइफ बहुत टैलेंटेड हैं व पार्लर चलाती हैं, तो उन के दोस्त की पत्नी ने मेरा पार्लर देखा और सराहा. अगले ही दिन वे अपनी एक फ्रैंड के साथ पार्लर आईं और काफी काम कराया, मैं बहुत उत्साहित थी.

उन के जाने के बाद बैठी ही थी कि कुछ दूर रहने वाली नैंसी और ममता भी आ गईं. नैंसी बड़ी ही मुंहफट थी. मैं ने हंस कर दोनों का स्वागत किया. नैंसी को अपने बालों को अलग लुक देना था तथा ममता को वैक्सिंग करवानी थी. नैंसी को अपने बालों की कटिंग बहुत पसंद आई. दोनों ही मेरे काम से खुश दिखीं. इस दौरान हमारे बीच कुछ फौर्मल सी बातचीत भी हुई.

एक दिन सुबहसुबह छुट्टी के दिन खुशी अभी सो कर नहीं उठी थी, ऋषभ वाशरूम में थे कि तभी किसी ने बैल बजाई. यह सोच कर कि बाई आ गईर् होगी मैं ने दरवाजा खोला तो सामने मयंक को देख कर अचकचा गई. मेरा मन कसैला हो गया और चेहरे पर तनाव आ गया.

‘‘भैया हैं क्या?’’ मयंक धीरे से बोला और आंखों ही आंखों में मुझे कुछ समझाने की कोशिश करने लगा. उस की आंखों के भाव समझ मुझे उस से नफरत हो आई. क्या अब भी उसे मुझ से कुछ उम्मीद है? छि: यह अपनेआप को समझता क्या है? बहुत कड़े शब्दों में कोई जवाब देना चाहती थी कि तभी ऋ षभ ने पीछे से आवाज दी, ‘‘आओआओ मयंक, तुम्हारा ही इंतजार कर रहा था.

‘‘जी भैया आज्ञा कीजिए,’’ शब्दों में शहद घुली मिठास ले कर वह बेशर्मों की तरह बोला.

‘‘जान, मयंक के लिए कुछ ले कर आओ,’’ मेरे हाथों को थाम ऋ षभ ने मेरी पेशानी को चूमते हुए कहा.

‘‘जी,’’ ऋ षभ की बात का आशय समझ मैं वहां से चली आई.

‘‘मयंक, आप की भाभी यानी हमारी बेगम साहिबा का जन्मदिन आ रहा है 26 सितंबर को, तो एक पार्टी प्लान करने की सोच रहा हूं.’’

‘‘जी भैया बहुत अच्छा, मैं सारा इंतजाम कर दूंगा,’’ मयंक को जैसे इसी मौके की तलाश थी.

ऋ षभ के बताए गार्डन में मयंक द्वारा वाकई बहुत खूबसूरत इंतजाम कर दिया गया. हालांकि इस बीच मयंक ने मुझे फिर से बहकाने का एक भी मौका नहीं छोड़ा. जब भी मेरे सामने अपनी जाहिल हरकतें करता और मैं उसे जवाब देने को आतुर होती, न जाने कहां से ऋ षभ हमारे बीच आ जाते. ऐसा लगता कि वे हमेशा मेरे पास ही हैं. लेकिन एक बात तो तय थी कि मयंक के जिन गुणों या हरकतों पर पहले मैं रीझ उठती थी अब उस की उन्हीं हरकतों पर मुझे क्रोध आता था.

शाम को ऋ षभ के पसंदीदा ग्रे शेड गाउन को पहन जब उन का हाथ थाम कर मैं ने गार्डन के हौल में प्रवेश किया, तो सभी ने तारीफ भरी नजरों से तालियां बजा कर हमारा स्वागत किया. पिंक कलर की फ्रौक में खुशी भी किसी परी से कम नहीं लग रही थी.

केक कटने के बाद बजती तालियों के बीच सब से पहले मैं ने खुशी को केक खिलाया, फिर ऋ षभ ने मुझे व मैं ने ऋ षभ को खिलाया.

तभी अचानक लाइट के चले जाने से जो जहां था वहीं खड़ा रह गया. किसी को कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. कई लोगों की मिलीजुली आवाजें कानों में आ रही थीं कि सहसा किसी ने मेरा हाथ पकड़ा और मुझे एक ओर ले चला. एक पल को तो मैं समझ नहीं पाई, पर फिर उन हाथों की छुअन का एहसास होते ही मैं ने उस व्यक्ति के गालों पर एक झन्नाटेदार थप्पड़ रसीद कर दिया.

तभी लाइट आ गई. मेरा अंदाजा बिलकुल सही था, यह मयंक ही था, जिस ने लाइट जाने का फायदा उठाने की कोशिश की थी. फिर तो मैं ने मयंक को खूब खरीखोटी सुनाई. मेरे मन में उस के पति जितना आक्रोश था सारा मेरी जबान पर आ गया. उस की कारगुजारियों को बेपरदा करतेकरते मैं स्वयं भी आत्मग्लानि से भर भावुक हो उठी.

तभी किसी ने फिर पीछे से मेरा हाथ थाम लिया. हां ये ऋ षभ ही थे हमेशा की तरह.

आगे ऋ षभ ने कहा, ‘‘दोस्तो, हकीकत से आप सभी अच्छी तरह वाकिफ हैं. जो भी कुछ हो चुका है उस में मैं अपनी पत्नी का दोष नहीं मानता. कई बार स्थितियां व निर्णय हमारे बस में नहीं रहते. मेरा मानना है कि मेरी पत्नी आज भी उतनी ही पवित्र है और आज भी मैं उस का उतना ही सम्मान करता हूं जितना पहले करता था, बल्कि अब और ज्यादा. वैसे भी कायदे से सजा उसे मिलनी चाहिए, जो आज भी वही गलती दोहराने की कोशिश में लगा है. आप सभी देख चुके हैं. सचाई आप के सामने है.’’

थप्पड़ खाने के बाद मयंक कुछ गुस्से और चिढ़ से मुझे घूरने लगा. तभी ऋ षभ की साफगोई देख कर महल्ले वाले भी हमारे पक्ष में बोलने लगे. बात बढ़ती देख मयंक के मम्मीपापा उसे वहां से ले कर चले गए.

पार्टी में आए अचानक इस व्यवधान के लिए ऋ षभ और मैं ने मेहमानों से काफी मांगी. फिर सभी ने उत्साहपूर्वक पूरा प्रोग्राम अटैंड किया. पार्टी में जो कुछ हुआ उस ने मेरे खोए आत्मविश्वास को एक बार फिर लौटा दिया. ऋ षभ के साथ ने मुझ में एक साहस का संचार कर दिया.

मयंक को बारबार बुला कर उस से मेरा सामना कराना भी ऋषभ ने जानबूझ कर कराया था, ताकि मैं समाज के सामने अपने अपराधबोध से मुक्त हो सकूं, क्योंकि वे मयंक को मुझ से बेहतर समझ पाए थे और जानते थे कि मुझ से मिलने पर वह दोबारा अपनी जलील हरकत अवश्य दोहराएगा.

बहरहाल, अब मैं बेधड़क बाहर आनेजाने लगी. मेरी झिझक व संकोच दूर हो गया था. मयंक मुझे फिर दिखाई नहीं पड़ा. दूसरे पड़ोसियों से ही मालूम हुआ कि मयंक के मातापिता अपना घर बेच कर कहीं और चले गए हैं. सुन कर मैं ने राहत की सांस ली.

उन के घर बदलने के 7-8 महीने बाद ही पता चला था कि मयंक की शादी हो गई है. अब उड़तीउड़ती खबरें कभीकभार सुनने को मिलती हैं कि वह अपनी पत्नी को बहुत परेशान करता है. मैं खुद को धन्य समझती हूं कि ऋषभ जैसा जीवनसाथी मुझे मिला, जिस ने मुझे मयंक के झूठे मोहपाश के दलदल से बचा लिया.

तभी मेरी नजर घड़ी पर गई तो चौंक उठी कि खुशी के आने का वक्त हो गया है. घर का सारा काम जस का तस पड़ा था. खुशी को लेने जाने के लिए ताला लगा कर घर से निकली, रास्ते में ऋ षभ को फोन किया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें मालूम हो चुका है, वे भी स्तब्ध हैं यह जान कर कि उस की पत्नी ने आत्महत्या कर ली है.

मैं पूजा के लिए वाकई बहुत दुखी थी. लेकिन मयंक जैसे अवसरपरस्त व बदतमीज इंसान के लिए मेरे मन में कोई संवेदना नहीं थी.

Social Story : महाजाल – पाखंडी बाबाओं की पोल खोलती कथा

Social Story : क्यों लोग भूल जाते हैं कि जो संत, बाबा, महात्मा बने लोग जनता का पैसा बटोर कर खुद मालामाल बन कर मौज कर रहे हैं और उन्हें कंगाली मुसीबत में डाल रहे हैं, ऐसे बाबा या महात्मा उन का क्या भला करेंगे?

पिताजी को महंत श्रवणदास के कमरे में छोड़ कर रक्षित बाहर आया और बड़े बेमन से हौल में लगा टीवी देखने लगा. अचानक टीवी पर आ रहे समाचार ने उसे चौंकाया-

‘हाथरस में भोलेबाबा के प्रवचन के दौरान हुई भगदड़, 121 लोगों की मौत. भगदड़ में दबे अधिकांश लोग भयंकर गरमी और उमस में सांस न ले पाने व दबने से मर गए.’

ओह, ये बाबा लोग और न जाने कितने परिवारों को तोड़ेंगे और न जाने कितने लोगों की जान लेंगे. जाते ही क्यों हैं लोग इन के प्रवचन सुनने, आखिर हमारे जैसा ही कोई इंसान कैसे भगवान का दूत हो सकता है? अब वह दूसरों की क्या कहे, उस के अपने पिता ने ही मंदिर और भगवान को ले कर तूफान मचा रखा है. आखिर हार कर उसे पिताजी को उन के कहे अनुसार महंत के पास लाना ही पड़ा है.

वह बहुत अच्छी तरह जानता है कि ये सब ढोंगी हैं पर खुद को बताते ऐसे हैं जैसे मानो ये भगवान से साक्षात्कार कर के आए हों. पर आज सबकुछ जानते हुए भी वह अपने पिता के आगे मजबूर है और अपने ही पिता को अपने साथ अहमदाबाद में रहने के लिए राजी करने के लिए उसे मंदिर के महंत के आगे नतमस्तक ही होना पड़ रहा है. इन ढोंगियों के आगे झुकते हुए वह बेबस है, हताश है पर करे तो करे क्या. अपने पिता को यों मंदिर में इन के भरोसे भी तो नहीं छोड़ सकता.

“अरे, तुम यहां बैठे हो, पिताजी कहां हैं,” बड़ीबहन रितिका की आवाज सुन कर वह चौंक गया.

“बड़ी देर हो गई तुझे आने में. तुम तो सुबह ही पहुंचने वाली थीं यहां,” रक्षित ने कुछ उदास स्वर में कहा.

“दिल्ली से तो सही समय पर चली थी ट्रेन पर आगरा पहुंचतेपहुंचते लेट हो गई. हां, तो फिर क्या हुआ, कुछ निराकरण निकला कि नहीं,’’ रितिका ने रक्षित के पास बैठते हुए कहा.

“क्या निकलेगा, वे बस मंदिर में रहना चाहते हैं और कहीं नहीं, न तेरे पास, न मेरे पास. मंदिर के बड़े महंत जी से कहा है उन्हें समझाने के लिए, देखो क्या होता है,” रक्षित ने उदास स्वर में कहा.

“ओह, पूरी जिंदगी तो निकल गई हमारी यह सब देखतेदेखते, अब और कितना देखना पड़ेगा. सच, मैं आज 55 वर्ष की होने को आई लेकिन बचपन से यही सब देखती आई हूं अपने घर में,” कहते हुए रितिका मानो अपने बचपन में पहुंच गई.

उस समय वह 10 साल की थी जब प्रोफैसर पिता हर दिन एक बाबा के आश्रम में जाया करते थे. हमेशा कालेज के बाद पिता को लेट आते देख एक दिन मां झगड़ पड़ीं, ‘आजकल कहां चले जाते हो, रोज ही लेट आते हो और आते ही, बस, खाना खा कर सो जाते हो? न बच्चों की चिंता होती है तुम्हें और न घर की. पूरे दिन खटतेखटते मैं थक जाती हूं, तुम्हें समझ क्यों नहीं आता?’

‘अरेअरे भागवान, इतना गुस्सा क्यों कर रही हो, तुम्हें पता है, आज मैं बाबा रामेश्वर जी का प्रवचन सुनने गया था. बहुत पहुंचे हुए संत हैं. तुम भी चलना मेरे साथ, बहुत अच्छा लगेगा. बहुत अच्छा प्रवचन देते हैं. सच पूछो तो जिंदगी जीना सिखा रहे हैं वे लोगों को. इतने सारे लोग आए थे कि जगह कम पड़ गई.’

‘मुझे नहीं जाना ऐसे किसी भी बाबा के पास. मेरा तो घर ही मेरा मंदिर है और तुम्हें भी यही सलाह दूंगी कि तुम भी अपना ध्यान बीवीबच्चों में लगाओ, इन बाबा के पास नहीं.’ मां ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा.

‘तुम अपना उपदेश अपने पास रखो. मैं तो जाऊंगा. कब से तलाश थी मुझे एक गुरु की. अब लगता है मेरी वह खोज पूरी हो गई है. तुम्हें पता नहीं है कि हर इंसान का एक गुरु होना जरूरी है ताकि जीवन के किसी भी मोड़ पर आई समस्याओं के समाधान के लिए गुरु जी की शरण में जाया जा सके, और गुरु ही वह सीढ़ी होता है जो इंसान को इस संसार में जीवन जीने का तरीका व मोक्ष प्राप्त करने का मार्ग बताता है,’ पापा ने उत्सुकतापूर्वक और अपने गुरुजी पर भरोसा जताते हुए कहा था.

“पापा हर दिन अपने कालेज के बाद न केवल बाबा के आश्रम में जाते थे बल्कि खासा पैसा भी देते थे. जिस पर घर में हमेशा झगड़े होते रहते थे. इसी सब के बीच एक दिन अचानक पापा का तथाकथित गुरु वह बाबा अपने सारे भक्तों का पैसा ले उड़ा. भक्त हैरत से रोते कल्पते रहे. आम भक्तों की ही तरह पापा काफी दिनों तक उदास रहे और फिर धीरेधीरे ठीक हो गए.

“और फिर उस के बाद अपने घर में आगमन हुआ बाबा बाल ब्रह्मचारी का जिन के बारे में उन के चेलेचपाटों ने प्रचारित किया कि वे बाल्यावस्था में हैं और बाल्यावस्था वह अवस्था होती है जब पूर्ण जीवन जी चुकने के बाद इंसान मोक्ष और जीवन के अंत की ओर प्रस्थान करने लगता है तो उस की बुद्धि और विवेक बिलकुल बच्चे जैसा हो जाता है और ये ब्रह्मचारी बाबा अपनी उसी अवस्था में हैं.

“बाबा हर दिन नईनई चीजों की मांग करते थे, बिलकुल बच्चों की तरह जिद किया करते थे. कभी बच्चों की तरह रोना शुरू कर देते तो कभी जोरजोर से हंसना, रक्षित ने अपनी याददाश्त पर जोर डालते हुए कहा.

“तुझे याद है, पापा ने खुद कभी मोंटी कार्लो का स्वेटर नहीं पहना था और बाबा जी के लिए मोंटी कार्लो का स्वेटर ले कर आए थे और बाबा जी ने बच्चों की तरह खुश होते हुए खुद वह ब्रैंडेड स्वेटर पहन कर पापा को अपना फटा व मैलाकुचेला स्वेटर दे दिया था जिसे पहन कर पापा जी खुद को देवदूत समझते थे और नहाधो कर उस फटे स्वेटर को पहन कर बाहर वाक किया करते थे,” रितिका ने उदास स्वर में कहा.

“वह दिन याद है जब चाचाचाची आए हुए थे और पापा अपने उन बालब्रह्मचारी गुरुजी को घर ले कर आ गए थे. वह ढोंगी बाबा अकसर पानी के गिलास को उठा कर फेंक देता था. सामान इधर उधर छुपा देता था और फिर पापा कहते थे कि वो अभी बालबुद्धि में होने के कारण इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं,” रक्षित ने कहा.

“अरे तुम्हें याद है कि अकसर इस बात के पीछे मम्मीपापा में जम कर लड़ाई हुआ करती थी. वे कहती थीं कि यदि बाबा बच्चा हैं तो कभी जमीन पर क्यों नहीं बैठते, क्यों अपने हाथ में पहना सोने का कड़ा किसी को नहीं देते,” रितिका बोली थी.

“सच में उस दिन तो अति ही हो गई थी जब पापा एक दिन के लिए घर आए चाचाचाची को घर छोड कर बाबा के पीछेपीछे चले गए थे और 2 दिनों बाद वापस लौटे थे और इस घटना के कुछ दिनों बाद ही वह बालब्रह्मचारी बाबा मंदिर के आश्रम के लिए इकट्ठा किया गया सारा चंदा ले कर रफूचक्कर हो गया था. बाद में पता चला कि वह ढोंगी बालब्रह्मचारी बाबा हरियाणा का रहने वाला 5 बच्चों का पिता था और उस के नाम अनेक एफ़आईआर दर्ज थीं और फिर जब हम ने पापा से कहा कि आप के गुरुजी नौदोग्यारह हो गए तो पापा के पास शब्द नहीं थे उस के बारे में बोलने को,” रक्षित ने व्यंग्यपूर्ण हंसते हुए कहा.

“भाई, मुझे समझ नहीं आता कि एक पढ़ालिखा इंसान, जो कालेज में बच्चों को इतिहास पढ़ाता है, दिमाग से कभी क्यों नहीं सोच पाया कि ये जितने भी बाबा होते हैं इन का सारा क्रियाकलाप उन की स्वार्थसिद्धि और आम जनता से पैसा वसूलने के लिए होता है. हां, वह बात दूसरी है कि ये सारे काम अप्रत्यक्ष रूप से होते हैं जो आम जनता को जरा भी दिखाई नहीं देते और जनता हमेशा यही गुणगान करती है कि, ‘फलां बाबा बहुत पहुंचा हुआ है. मेरी फलांनी समस्या को चुटकियों में हल कर दिया,’ रितिका ने गंभीरतापूर्वक कहा तो रक्षित फिर एक घटना को याद करते हुए बोला,

“अरे रितू, तुम ने सही कहा. तुम्हें वह अपने पड़ोस में रहने वाली बिल्लो आंटी याद हैं जो बिलकुल सामान्य महिला थीं पर नवरात्र के दिनों में शाम होते ही चाची को शाम के 6 बजे से देवी आनी प्रारंभ हो जाती थी. दिन में साधारण सी साड़ी पहनने वाली आंटीजी शाम को सुर्ख लाल रंग की साड़ी पहन, खुले काले बालों को सामने अपने मुख पर फैला कर बारबार गरदन को आगेपीछे ठीक वैसे ही हिलाती थीं जैसे फिल्मों में देवी का रूप दिखाया जाता है. उन का एक बेरोजगार लड़का उन देवीरूपी आंटी जी का दूत बना रहता था जो देवी का असिस्टेंट बन कर आंटी के साइड में मोरपंखी का चंवर हिलाता रहता था.

“आंटी के वेदी पर बैठते ही कुछ ही देर में वहां कितने लोगों की भीड़ लग जाया करती थी जो अपनी जिंदगी की अनेक समस्याएं ले कर आते थे देवी जी से निराकरण करवाने. कोई अपने बीमार बेटे को लाता, कोई बेरोजगार अपनी नौकरी की तारीख़ पूछता तो कोई अपने विवाह की तारीख़. और वे तथाकथित देवी जी एक कटोरी में रखे ज्वार के कुछ दाने बेटे के हाथ में रख देती थी और बेटा फिर एक कलावा का धागा और कुछ हवन की भभूत समस्याग्रस्त भक्तों के हाथ में रख देता व समस्या के अनुसार समय बता कर कहता था, जब समस्या हल हो जाए तो देवीजी पर सामर्थ्यानुसार चढ़ावा चढ़ा देना.”

“पर रक्षित, बिल्लों आंटी ज्वार के दाने क्यों रखती थीं अपने बेटे के हाथ में?” रितिका ने कुछ उत्सुकता से पूछा.

“अरे, यह बिल्लो आंटी के पूरे परिवार का मिलाजुला प्रयास था. उन लोगों ने कोडवर्ड बना रखे थे जैसे बीमारी के लिए 2 दाने, नौकरी के लिए 4 और विवाह के लिए 5 दाने. बस, आंटी समस्या के अनुसार दाने अपने बेटे के हाथ पर रखती थीं और बेटा उस की व्याख्या करता था. आंटी का बेटा बीमारी वाले को 15 दिन, शादीविवाह वाले को 6 माह में समस्या हल हो जाने को कहता था क्योंकि आमतौर पर बीमारी 15 दिन में ठीक हो जाती है, शादीविवाह, नौकरी आदि के लिए चूंकि इंसान प्रयासरत रहता है तो 6 माह में सौल्व हो ही जाती है. तुम याद करो, वे अंकल कहते थे कि चार बेटों और एक बेटी यानी कुल 7 सदस्यीय परिवार के लिए साल के 2 नवरात्र बहुत बड़े सहारा होते हैं क्योंकि साल में 2 बार आने वाली इन 9 रात्रियों के दौरान उन के यहां नकद, कपड़े, फल और ढेरों मेवा चढ़ावे के रूप में इतने अधिक आ जाया करते थे कि सालभर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती थी.”

“मुझे तो कभी समझ ही नहीं आता कि हमारे जीवन की समस्यायों को कोई दूसरा कैसे सुलझा सकता है, किसी की बीमारी को डाक्टर ठीक करेगा या ये बाबा और देवियां. नौकरी तो इंसान की मेहनत से लगेगी या इन ढोंगियों के आशीर्वाद से. क्यों अपने ऊपर भरोसा न कर के लोग इन बाबाओं के चक्कर में पड़ते हैं और वे बाबा तो सम्रद्ध होते जाते हैं जबकि आम आदमी कंगाल हो जाता है,” रितिका ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा.

“क्या ये सब हमारे पापा के टाइम में ही होता था, दीदी? आज का यूथ इन सब से दूर है क्या?” रक्षित ने कुतूहल से कहा.

“अरे कहां का दूर है, आज का युवा तो और अधिक उलझा है. तुम खुद ही सोचो, अगर युवा दिमाग से काम लेता तो क्या यह हाथरस वाला हादसा होता, क्या हर दिन नए कथावाचक और धर्मगुरुओं का जन्म होता, सीहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में रुद्राक्ष वितरण के दौरान हुई भगदड़ और मारी गई जनता इस बात का प्रतीक है कि क्या युवा और क्या वृद्ध, सभी इन की गिरफ्त में हैं और ये लोग खुद ऐशोआराम की जिंदगी जीते हैं और जनता को मूर्ख बनाते हैं.

“आजकल अकसर मंदिरों और बाबाओं के प्रवचनों में इतनी अधिक भीड़ होती है कि पुलिस और प्रशासन की सारी तैयारियां धरी की धरी रह जाती हैं और हर दिन नएनए हादसे हो जाते हैं. तुम्हें क्या लगता है, यह केवल बड़ेबुजुर्गों की भीड़ होती है? बिलकुल नहीं. इन में युवा अधिक, बुजुर्ग कम होते हैं.

“अपनी इटावा वाली मौसी अपनी बेटी के मिर्गी के दौरों के इलाज के लिए एक बाबा के पास जाया करती थीं और वह बाबा मौसी को बाहर बिठा कर उन की बेटी के साथ संबंध बनाया करता था जो उन की बेटी ने खुद बाद में बताया. अब मिर्गी जैसी बीमारी का इलाज ये बाबा करेंगे या डाक्टर. पर बात यह है कि अभी तो हमारे पिताजी ने ही अपनी सारी तार्किक बुद्धि को एक डब्बे में बंद कर रखा है. कुछ समझ नहीं आता कि क्या करें?” रितिका ने उदास स्वर में कहा.

“अपने पिताजीमाताजी तो और भी महान हैं. इन लोगों ने तो सारी सीमाएं ही क्रौस कर दी हैं. हम दोनों की शादी के बाद रिटायमैंट का जितना भी पैसा मिला उस सब को तो इन्होंने मंदिर बनवाने में लगा दिया. मंदिर के पुजारी और महंत ने भी भांप लिया कि इन के पास पैंशन का अच्छाखासा पैसा है, मोटा आसामी है, सो न केवल पुजारी बल्कि पुजारी का पूरा परिवार इन दोनों की जम कर सेवा करता था और ये लोग जम कर उन के ऊपर खर्च करते थे.

“इन लोगों ने अपने प्रवचनों से उन का इतना अधिक ब्रेनवाश कर दिया कि हम दोनों में से किसी के भी पास रहना पसंद न कर के इन्होंने यहां मंदिर पर रहना पसंद किया. उन्हें हम दोनों से अधिक ये पुजारी और इन का परिवार अपना लगने लगा. अचानक एक दिन माताजी को अटैक आ गया, रह गए बेचारे पिताजी. जो जिंदगीभर मोक्ष और गुरु व ईश्वर की तलाश करते लेकिन हाथ आया पत्नी का वियोग और अब इन्हें मंदिर से बढ कर और कोई जगह अपने लिए उपयुक्त नहीं लगती. यानी, अब जितना भी पैसा बचा है उस पर भी नजर है इन सब की.”

“समस्या पिताजी की नहीं है, रक्षित, समस्या इन तथाकथित पंडे, पुजारी और बाबाओं ने उत्पन्न कर रखी हैं क्योंकि इन्होंने आम आदमी के दिमाग में अपने उलटेसीधे प्रवचनों से यह भर दिया है कि मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य मोक्ष प्राप्त करना है और इसी मोक्ष के चक्कर में पिताजी इन बाबाओं के चक्कर लगाते रहे और अब यहां मंदिर पर ही रहने की जिद लगा कर बैठ गए हैं. न चाहते हुए भी हमें इन बाबाओं की शरण में आना पड़ा है.”

रक्षित और रितिका को मंदिर के प्रांगण में बैठा देख कर मंदिर के पुजारी ने उन्हें बड़े महंतजी के कमरे में जा कर विश्राम करने के लिए कहा तो वे दोनों उस कमरे की तरफ चल दिए. एसी, डबल बेड, सोफे और महंगे कारपेट जैसी आधुनिक सुखसुविधाओं से संपन्न इस कमरे को देखते ही वे दोनों दंग रह गए. रितिका ने जैसे ही अपना सिर सोफे पर टिकाया, उसे वह दिन याद आ गया जब उस की बोर्ड की परीक्षाएं होने वाली थीं और मम्मीपापा पर आसाराम बापू के दीक्षा शिविर में जाने का भूत सवार था क्योंकि आसाराम बापू के भक्तों ने उस समय यह प्रचारित किया था कि इस समय दीक्षा लेने से बहुत बड़ा पुण्य प्राप्त होने वाला है और मोक्ष तो प्राप्त हो ही जाएगा. रिजर्वेशन न मिलने के बावजूद ये दोनों 2 ट्रेन बदल कर अहमदाबाद में दीक्षा लेने पहुंचे थे और फिर घर के मंदिर में आसाराम बापू की तसवीर लगा कर उसी की पूजा की जाती थी.

“दूसरों को मोक्षप्राप्ति का रास्ता बताने वाले वे आसाराम बापूजी आज जेल की हवा में मोक्ष प्राप्त कर रहे हैं,” व्यंग्यपूर्ण हंसी हंसते हुए रक्षित ने कहा.

“पर भैया, मुझे यह समझ नहीं आता कि बारबार धोखा खाने के बाद भी ये पापा जैसे लोग संभलते क्यों नहीं, क्यों इन के झांसे में आ जाते हैं?’’

“इस का कारण है न, दीदी, कि जब इंसान अपने जीवन की समस्याओं से परेशान हो जाता है तो उन का सामना करने की जगह इन बाबाओं के पास जाता है और ये बाबा, जो अपने को भगवान का दूत बताते हैं, इंसान को समस्यायों का सामना करना नहीं, उन से भागना सिखाते हैं ताकि समस्या बनी रही और भक्त इन के पास आता रहे और ये मालामाल होते रहें. पर सोचने की बात है जो इंसान अपने जीवन की समस्याओं न सुलझा पाने के कारण बाबा और पंडित बन जाता है वह हमारे जीवन की समस्याओं को क्या सुलझाएगा.

“तुम्हें याद होगा कि जब अपने पड़ोस में रहने वाली आंटी के पति लिवर की बीमारी के कारण अस्पताल में भरती थे तभी आंटी के गुरु ने उन्हें महामृत्युंजय मंत्र का जाप कराने की सलाह देते हुए कहा था कि आप बस 21 हज़ार बार मंत्र का जाप करवा लो, गारंटी से अंकल ठीक हो कर घर आ जाएंगे. इस प्रति मंत्र के 100 रुपए के हिसाब से पंडितजी ने 21,000 हज़ार रुपए मंत्र के और 4,000 रुपए अन्य सामग्री के लिए हथियाए. उधर पंडितजी मंत्र का जाप करते रहे, इधर अंकलजी की मृत्यु हो गई.”

“सब अच्छी तरह याद है मुझे, कुछ भी नहीं भूला हूं. एक बात और याद आ रही है जब मम्मी लिवर सिरोसिस के कारण लंबे समय तक बीमार रही थीं और तब पापा के एक दोस्त अपने घर में एक बाबा को ले कर आए थे. बाबा क्या, 55 साल के अधेड़ थे वे. 15 वर्षों से फल और दूध का ही सेवन करने वाले वे बाबा अपने घर को देख कर पापा से बोले थे,

“शर्माजी, आप का घर बहुत बढ़िया है परंतु ड्राइंगरूम के कोने में एक बहुत ही खतरनाक आत्मा का वास है जिस ने मुझे आप के घर का अन्न-जल तक ग्रहण नहीं करने दिया है. यदि आप ने इस का इलाज नहीं करवाया तो अभी तो केवल पत्नी ही बीमार हुई है, आगे चल कर घर के मुखिया को भयंकर हानि भी हो सकती है. बस, इस के बाद उन बाबा जी अपने घर में 11 हज़ार रुपए ले कर पूजा की. मम्मी तो दवाई और डाक्टर से सही हुईं पर वह बाबा 11 हज़ार रुपए ले कर चला गया था. और तुम्हें पता है, वह यूपी के अयोध्या में रहने वाला एक बेरोजगार युवक था जिस की पत्नी बीमार रहती थी और 35 साल की अविवाहित बेटी घर में बैठी थी. अब सोचो, जो बाबा अपने ही घर का भला नहीं कर पा रहा, वह दूसरों का क्या भला करेगा.”

रक्षित और रितिका बातें कर ही रहे थे कि तभी मंदिर के पुजारी ने कमरे में आ कर कहा, “बड़े महंतजी आप को बुला रहे हैं.”

जैसे ही वे दोनों बड़े महंतजी के कमरे में पहुंचे, वे बोले, “शर्माजी अभी आप के साथ अहमदाबाद ही जाएंगे. हां, हर 2-3 माह में आप दोनों इन्हें यहां जरूर ले कर आएंगें, इस बात का वादा करिए आप लोग.”

“जीजी बिलकुल,” कहते हुए उन दोनों ने न चाहते हुए भी हाथ जोड़ दिए.

“अभी आप लोग आराम करें. शाम की आरती और भोजन ग्रहण कर के जाइएगा,” बड़े महंतजी ने अपनी मधुर वाणी से कहा.

बाहर आ कर रक्षित और रितिका दोनों ने लंबी सांस ली, चलो पापा ने अपनी जिद तो छोड़ दी.

“पर दीदी, इस सब से बचने का कोई उपाय है क्या. क्या लोग मेरी और तुम्हारी जैसी तार्किक सोच को अपना कर जीवन को सरल और सहज नहीं बना सकते?” रक्षित ने रितिका की तरफ़ मुखातिब होते हुए कहा.

“देखो रक्षित, जब तक इंसान ख़ुद के आत्मबल पर भरोसा न कर के इन बाबाओं, पंडितों के चक्कर में फंसता रहेगा तब तक जनता ख़ुद कंगाल और ये मालामाल होते रहेंगे. जिस दिन आम जनता इन के पास आना बंद कर देगी, इन का सारा धंधा चौपट हो जाएगा. एक और बात, जब तक हमारेतुम्हारे जैसे लोग तर्क से नहीं सोचेंगे तब तक इन के जाल में फंसते रहेंगे. और देश में हर दिन एक नए बाबा का जन्म होता रहेगा,” रितिका ने लंबी सांस भरते हुए कहा.

Romantic Story : सम्मोहन – स्त्रीपुरुष के रिश्ते को समझाती कहानी

Romantic Story : “रुचि, आज शाम क्या कर रही हो, चलो न कहीं घूमते हैं. विम्मी भी गई है. तुम्हारा पति भी एक हफ़्ते को बाहर गया है. क्या कहती हो, बताओ?” व्योम ने अपनी दोस्त से कहा.

“शाम को बता पाऊंगी, कल सैमिनार है.”

“ठीक है, हो सके तो चलना. विम्मी के बिना घर में घुसने का मन ही नहीं होता.”

“ओके बाबा, देखती हूं” कह कर रुचि ने फ़ोन काट दिया.

दिन का मौसम उमड़घुमड़ कर सिसकियां ले रहा था, कभी हवा का झोंका पत्तियों की आपस में सरसराहट,  कभी शांत सी घुमस जो बिसूरती सी जान पड़ती थी. व्योम को आज घर जाने का मन नहीं था, पत्नी विम्मी डिलीवरी के लिए मायके गई हुई थी और दोस्त रोहन  विदेश गया हुआ था, उस की पत्नी थी रुचि.

रुचि, रुचि का पति रोहन, व्योम और व्योम की पत्नी  विम्मी चारों कालेज समय से गहरे दोस्त थे. पिकनिक हो पार्टी या कोई स्कूल का फंक्शन, यह चौकड़ी मशहूर थी. एकदूसरे के बिना ये चारों ही अधूरे थे. रोज़ ही मिलतेजुलते. रुचि कब रोहन के नज़दीक आ गई, खुद इन दोनों को भी पता नहीं चला. दोनों के मातापिता आधुनिक विचारों के थे, इसलिए शादी में कोई दिक़्क़त नहीं हुई.

रुचि का पति विदेश गया था, उसे  रोहन की याद आ रही थी. आ रहा था गुजरा खूबसूरत लमहा, वो शादी की तैयारी, उस की शादी के बाद फिर व्योम व विम्मी का एक हो जाना. यादों ने दस्तक दी तो एक मुसकान होंठों पर आ गई. यादें जाने कब कहां गिरफ़्त में ले लें.

कालेज से लौट ख़ाना ले कर  बैठी तो यादों के पन्ने पलटने लगे,

रुचि, रोहन  शादी की तैयारी व अन्य व्यस्तताओं में व्यस्त थे. दोनों व्योम और विम्मी से नहीं मिल  पा रहे थे. नए जीवन की सुनहरी भोर में मगन, तानाबाना बुन रहे  थे. न वक्त की खबर न औरों की. जीवन में ऐसे सुनहरे पल होते भी हैं भरपूर जीने के लिए.

विम्मी ने रुचि को फ़ोन किया, ‘रुचि क्या कर रही है?’

‘अरे यार विम्मी, क्या बताऊं, तेरे साथ जो लहंगा लिया था, सिल कर आया, तो टाइट है. वही नाप लेने टेलर आया है. मेरी कजन भी आई है, कह रही है, उसे भी कपड़े दिलवा दूं. वह बाहर से आई है. तू ऐसा कर, व्योम के साथ चली जा.’

‘ओके, गुड लक,’ कह कर विम्मी ने फ़ोन काट दिया.

“व्योम, चल कहीं डिनर करने  चलते हैं. रुचि तो अपनी शादी की तैयारी में व्यस्त है,” विम्मी ने व्योम से कहा.

व्योम भी रोहन के शादी की तैयारी में व्यस्त होने से एकाकी महसूस कर रहा था. उस ने उत्साहित होते हुए कहा, ‘पहले थिएटर चलते हैं, एक नया नाटक बहुत अच्छा  लगा है, फिर डिनर करेंगे.’

व्योम विम्मी अब ज़्यादा मिलने लगे. पहले मिलते थे तो चारों ही. लेकिन अब रोहन और रुचि अपनी शादी की तैयारी में व्यस्त थे, इसलिए व्योम और विम्मी अकसर मिलने लगे, कभी पिक्चर, कभी शौपिंग, कभी थिएटर. कई बार ऐसा मिलना एकदूसरे के क़रीब ले आता है. व्योम विम्मी भी बह गए समय की खूबसूरत धारा में जिस के  प्रवाह का रुख़ एक ही था. नज़दीकियां दिलों में हलचल मचा गईं. परिचय ने प्रगाढ़ता का आंचल ओढ़ लिया.

एकदूसरे की आंखों में खुद के ख़्वाब पढ़ने लगे. साथ बैठे सांझ तले, तो डूबते सूरज की लालिमा के सौंदर्य को निहारते एकदूसरे के हो बैठे.

‘यार रुचि,  तुझे कुछ बताना था. विम्मी अपनी सब से प्रिय सहेली रुचि के साथ प्यार के खूबसूरत एहसास को बांटना चाहती थी.

“बोल, बोल, क्या तीर मारा, बता जल्दी, कहीं यह वह तो नहीं, ज़रा सी आहट होती है तो दिल…’

रुचि ने फ़ोन पर ही प्यारी सी धुन विम्मी को सुनाई.

विम्मी  बोली, ‘तू तो हमेशा ही  तूफ़ान बनी रहती है. तो सुन, तू हमेशा कहती थी न, मैं और व्योम भी लवबर्ड बन जाएं, तो चल, हम ने भी अपनी ख़्वाबों की दुनिया में रंग भर लिया. तेरे साथसाथ हम भी फेरे कर लेंगे.’

‘नोनो, पहले मैं शादी करूंगी, फिर तुम और व्योम करोगे, जिस से एकदूसरे की शादी को एंजौय तो कर सकें. अरे, न तेरे कोई बहन न मेरे, साली बन कर जूता छिपाई कौन करेगा?’

‘ओके, चल यह भी ठीक है.’

रोहन रुचि भी ख़ुशियों की  नई डगर में खिलते फूलों की ख़ुशबुओं संग तैरने लगे. अब प्यार ने यथार्थ का रुख़ किया. कुछ दिनों बाद विम्मी  व्योम ने भी गृहस्थी के नवजीवन में प्रवेश किया. इन चारों दोस्तों ने एक ही शहर मद्रास में रहने का निर्णय किया. रोहन आईआईटी में प्रोफैसर  और व्योम  मल्टीनैशनल कंपनी में नौकरी करता था.

अब शादी हुई तो सपनीली दुनिया में ज़िम्मेदारियों ने थपकी देनी शुरू कर दी.

अब रोहन को अपने देश से बाहर जा कर अमेरिका के कालेज  में लैक्चर देने का अवसर मिला, जिस की उसे कब से तमन्ना थी. रुचि एक कालेज में पढ़ाती थी, साथ ही, पीएचडी भी कर रही थी. विम्मी और व्योम के घर नन्हे मेहमान ने आने की दस्तक दी. प्रैग्नैंसी की कुछ परेशानियों की वजह से विम्मी को मायके आना पड़ा.

इन का आपस में विश्वास बहुत गहरा था. चारों मित्रता के मजबूत व पवित्र धागे में बंधे थे.

मत जाओ रोहन, मैं अकेली कैसे रहूंगी, 3 वर्षों का लंबा समय, यह कहना चाहती थी लेकिन नहीं कह पाई. मायूसी ने चेहरे पर पांव पसार दिया. रोहन को विदेश जाना था, रुचि परेशान हो गई, कैसे रहेगी रोहन के बिना. मन दुविधा में था. ऐसे मौक़े कैरियर को ऊंचाइयों पर ले जाते हैं, तो भला रोहन के पांव की बेड़ी कैसे बनती.

रोहन ने रुचि का उतरा चेहरा देखा तो समझ गया कि वह परेशान है, बोला, “अरे 3 साल का समय होता ही कितना है, चुटकियों में ही निकल जाएगा. और फिर, विम्मी, व्योम भी तो साथ हैं. कोई दिक़्क़त हो तो उन्हें बुला लेना. और डियर, अब तुम तो इस घर की रानी हो, रानियां तो बहादुर होती हैं.”

रोहन ने रुचि का मूड हलका करने के उद्देश्य से मज़ाक़ किया. वह जानता था रुचि को थोड़ी दिक़्क़त होगी लेकिन उसे विम्मी, व्योम पर पूरा भरोसा था. जीवन की डगर में कभी ऐसी उलझनें भी आती हैं. आगे की ओर बढ़ते कदम जाने क्यों मुड़ कर  रुकते  हैं.

भरेमन से रुचि ने रोहन को अमेरिकी यूनिवर्सिटी में लैक्चररशिप के लिए भेज दिया. मन तो रोहन का भी टूट रहा था लेकिन भविष्य सामने खड़ा था. एयरपोर्ट से लौट कर आई, तो घर का ख़ालीपन और भी स्याह हो कर उसे डराने लगा. वैसे भी, उसे शुरू से अकेले अच्छा नहीं लगता था. फिर आज तो उस का प्यार, जो अब जीवनसाथी है, लंबे अंतराल के लिए जा रहा है.

एक तरफ़ उस का मन यह भी कह रहा था जीवन में बारबार अवसर नहीं मिलते, उस की वजह से कहीं रोहन की तरक़्क़ी में रुकावट न आए. रुचि मन को समझाने लगी. वह यह भी जानती थी कि अगर बहुत ज़्यादा दबाव डालती तो रोहन रुक जाता इसलिए उस ने एक बार के बाद  मना नहीं किया. लेकिन ख़ुद को संभालने की कोशिश में नाकाम रही.

मन का क्या करे, मातापिता की अकेली संतान. अब तो मम्मीपापा भी रहे नहीं. हिचकियां ले कर रो पड़ी. शाम से ही घना कुहरा, बादलों का साया था जैसे मौसम भी उस से आज आंखमिचौली खेल रहा हो. मन की धरती गीली हो धंसने लगी. बिजली कड़की तो रुचि ने भाग कर खिड़कियां बंद कर दीं. खिड़की से दिखते बादलों से बनने वाली अजीब आकृतियां उसे डराने लगी थीं.

रोते हुए बिस्तर में घुस उस ने चादर सिर तक खींच ली. अभी तो रोहन गया है, पहाड़ जैसे 3 साल का समय कैसे काटेगी?

तभी दरवाज़े की घंटी बजी. उस ने डर कर दरवाज़ा नहीं खोला. फिर फ़ोन बज उठा. उस ने चौंक कर फ़ोन देखा, तैरता हुआ व्योम का नाम उस के मन में स्फूर्ति देने लगा.

“क्या बात है, तुम दरवाज़ा क्यों नहीं खोल रही हो?”

“अच्छा, घंटी तुम ने बजाई थी.”

रुचि ने दौड़ कर दरवाज़ा खोला और व्योम से लिपट गई . घबराहट में पसीने से तर रुचि को व्योम ने कंधे से पकड़ सोफ़े पर बिठाया, पानी पीने को दिया.

रुचि थोड़ा नौर्मल हुई तो व्योम बोला, ”अरे, तुम इतनी परेशान क्यों  हो? मैं और विम्मी हैं. थोड़े समय की ही तो बात है, बच्चा होने के बाद तो विम्मी भी मायके से आ जाएगी. कोई दिक़्क़त हो, तो मुझे फ़ोन करना, मैं तुरंत आ जाऊंगा. मैं अब चलता हूं, थोड़ा काम है औफिस  का, सोचा, तुम अकेली होगी तो हालचाल लेने आया था. वैसे भी रुचि, तेरा ध्यान नहीं रखा तो रोहन मुझे मार डालेगा,” व्योम ने मज़ाक़ करते हुए कहा.

“नहीं, प्लीज़ व्योम, आज मत जाओ. मुझे अकेले में डर लगता है.”

अभी व्योम रुचि से बात कर ही रहा था कि व्योम का फोन बजा.

”कहां हो व्योम?” विम्मी का फ़ोन था.

”तुम तो जानती हो, रोहन विदेश चला गया, मैं रुचि के पास आया हूं, वह अकेले डरती है न.”

“अच्छा किया, वहीं रुक जाओ. कुछ समय में रुचि को आदत हो जाएगी अकेले रहने की. बेबी होने के बाद तो मैं भी आ ही जाऊंगी.”

उस दिन व्योम को रुकना पड़ा.

समय अपनी चाल चलता रहा. लेकिन समय जैसे बीत नहीं रहा था रुचि के लिए.

विम्मी जबतब रुचि को फोन करती रहती थी. दिन तो रुचि का स्कूल में पढ़ाने में  निकल जाता था लेकिन शाम के बाद उसे डर लगता था. बाहर जाने का मौक़ा आसानी से कहां मिलता है, इसलिए उस ने रोहन को जाने दिया था. लेकिन बचपन से अपने अंदर बैठे डर से आज तक नहीं जीत पाई थी वह.

रोहन अकसर रुचि को समझाता, ‘हमारे डर का 80 प्रतिशत केवल काल्पनिक होता है. तुम अपने डर को समझो, तुम से कितना कहा था डाक्टर को दिखा दो लेकिन तुम मानी नहीं. अगर समय मिले तो व्योम या विम्मी के साथ चली जाना.’

व्योम को भी रोहन फोन करता, ‘देख, मेरी बीवी का ध्यान रखना वरना आ कर बहुत मारूंगा’ और कह कर दोनों दोस्त खिलखिला कर हंस देते.

एक दिन रुचि औफ़िस से आई, तो उस के बदन में बहुत तेज दर्द था. रात होते उसे तेज बुख़ार हो गया. व्योम को पता लगा, तुरंत पहुंच गया. रातभर  व्योम रुचि के सिर पर  ठंडे पानी की पट्टी रखता रहा.

जब बुख़ार हलका हुआ तो व्योम ने सोचा सामने सोफ़े पर ही लेट जाता हूं लेकिन बुख़ार में  रुचि ने उस का हाथ कस कर पकड़ रखा था. व्योम की  निगाह अचानक उस के चेहरे पर पड़ी. रुचि के चेहरे का भोलापन उस के अंदर समाने लगा. अचानक उस ने सिर झटका, कहीं कुछ उसे खींचने लगा था. नहीं, ऐसे कैसे सोच सकता है. उस की तो प्यारी सी बीवी है जिस के प्रति उस का कर्तव्य भी है. उस ने ह्रदयतल से प्यार  किया है. पर मन  भटकन के रास्ते के सारे पत्थर सपनों की आंधी से उड़ा देता है.

उस ने आहिस्ता से अपना हाथ छुड़ाया और सामने जा कर सोफ़े पर लेट गया. सुबह उस का सिर भारी था. रुचि की तबीयत भी अब ठीक थी. बुख़ार उतर चुका था.

मन में आई कोमल संवेदनाएं उसे मथने लगीं. दिल भी अजीब है. मन की कशिश इतनी मज़बूत होती है जिस के साए पैरों को अनगिनत रस्सियों से जकड़ लेते हैं. अपनी सोच में डूबे व्योम को अगले दिन  रुचि  के घर जाने में  झिझक महसूस होने लगी.

”व्योम, तुम आए नहीं, क्या हुआ?” रुचि ने शाम होते ही व्योम को फ़ोन मिला दिया.

व्योम ने जिस तरह देखभाल की थी, रुचि को बहुत अच्छा लगा था. उसे आज व्योम का बेसब्री से इंतज़ार था. लेकिन आज व्योम अपनी भावनाओं को समेटे बैठा रहा. क्या समझाता, दिल ने बग़ावत कर दी है. वह रुचि के पास नहीं गया. व्योम नहीं आया तो  रुचि इंतज़ार में बाहर बालकनी में बैठ गई. उस की उदासी बढ़ती जा रही थी. शाम धीरे से रात का आंचल ओढ़ने लगी, इतने दिनों से लगातार मिलने से अब रुचि को  भी मिलने की आदत होने लगी थी. अच्छा लगने लगा था. मिलती तो पहले भी थी पर उसे भी शायद कुछ नया फील हो रहा था जो खींच रहा था. शायद अकेलापन और सान्निध्य जीवन में कोमल भावनाओं के प्रस्फुटन का कारण बन गया था.

ज़रूरत में साथ आए, अब बिना ज़रूरत भी मिलने लगे. वैसे, पहले भी तो मिलते थे. लेकिन तब इस साथ का मतलब केवल दोस्ती था. लेकिन अब साथ का अर्थ बदल रहा था. रुचि और व्योम अनजाने ही खिंचे जा रहे थे. उन्हें नहीं पता था उन के दिलों में उठता ज्वार उन्हें किस दिशा ले जाएगा.

रुचि को  व्योम का मजबूरी में मिला साथ अब अच्छा लग रहा था. शाम होते ही उस के आने का इंतज़ार रहता. वह खुद सोचती कि उसे अब क्या हो रहा है. रोहन के फोन से ज़्यादा व्योम के आने का इंतज़ार रहता. घंटों दोनों साथ बिताते. अब शौपिंग व पिक्चर भी चले जाते. एक अनजानी कशिश  में बंधे अनजान राहों पर बढ़ने लगे दोनों.

समय ने करवट ली, विम्मी ने प्यारी गुड़िया को जन्म दिया. व्योम को जैसे ही पिता बनने की खबर मिली, वह ख़ुशी से झूम उठा. उस ने रुचि को फ़ोन किया, “रुचि, ख़ुशख़बरी सुनो, जिस का इतने दिनों से इंतज़ार था. मैं पिता बन गया हूं, अभी फ़ोन आया है. मुझे जाना होगा अपनी नन्ही गुडिया को देखने.”

वो कुछ और भी कहना चाहता था लेकिन शायद शब्द साथ नहीं दे रहे थे.

फोन पर व्योम से यह खबर सुन दो मिनट को तो मौन रह गई, समझ ही नहीं पाई जिस स्वप्न में जीने लगी थी, जल्दी यथार्थ के झोंके से टूटने वाला है. वह भूल गई थी यथार्थ और स्वप्न का अंतर. शायद मानवमन कल्पना के सुखद पलों में डूब यथार्थ को परे धकेल देता है. यही हो रहा था रुचि व व्योम के साथ.

”क्या हुआ कुछ बोल क्यों नहीं रही रुचि, तुम ठीक तो हो?”

लेकिन रुचि का मौन वो अनकहा सच मुखर कर रहा था जो दोनों के दिल महसूस करने लगे थे. वह अपनी दोस्त विम्मी की प्यारी बिटिया होने पर ख़ुश थी लेकिन व्योम के जाने की बात सुन परेशान भी.

“वो मैं मैं यह कह…”

इस के बाद उस की आवाज़ भीग सी गई. भाव चाह कर भी शब्द नहीं ले पाए. उस ने फ़ोन काट दिया.

उस की आंखों  से निकल बूंदें दिल का दर्द समेटे गालों पर लिखने लगीं. इस अजीब परेशानी की शिकायत हो भी तो किस से? वो व्योम को विम्मी के पास जाने से मना भी तो नहीं कर सकती थी.

व्योम खुद मजबूर था. उस ने विम्मी से भी तो प्यार किया है. और अब,

आज फिर दिल की कशमकश उसे तोड़ रही थी. वह 2 भागों में बंट रहा था. भटकन और यथार्थ की लड़ाई में. रुचि की कशमकश आंधी की तरह उसे झिंझोड़ रही थी.

तभी रोहन का फोन आ गया. रुचि बिलख पड़ी. बिखरते एहसासों को जैसे किनारा मिल गया हो.

“रोहन, प्लीज़ आ जाओ. अब परेशान हो गई हूं. बहुत अकेलापन लगता है तुम्हारे बिना.”

“क्यों परेशान होती हो, मेरे पास अभी तो फ़ोन आया था विम्मी के प्यारी सी गुड़िया हुई है. अब तो विम्मी भी आ जाएगी. उस की प्यारी सी बिटिया से तुम्हारा मन भी लग जाएगा. इसी खबर की ख़ुशी बांटने के लिए मैं ने तुम्हें फ़ोन किया है. और देखो, तुम भी आदत डाल लो, लौट कर तो हमें भी तैयारी करनी है.”

रोहन की दिल लुभाने वाली बातों से रुचि थोड़ी शांत हुई. ऐसे लगा जैसे घाव पर मलहम लगा हो. उस की विचारतंद्रा सही मार्ग का अनुसरण करने लगी. रोहन से बात करते विचारों की आंधियों ने उसे घेर लिया. उस ने अपने मन को समझाया. नहीं, मैं अपनी दोस्त विम्मी और अपने पति से धोखा नहीं कर सकती. संभालना होगा मुझे खुद को. दोस्ती के प्यारे रिश्ते को कलंकित नही करूंगी मैं, वरना अपनी ही नज़रों में गिर जाऊंगी. पर विडंबना दुस्वप्न से जागने पर कुछ देर टूटन भ्रम का आवरण उतारना नहीं चाहती. पैर धंसते जाते हैं गहरे समंदर की रेतीले धरती पर, पांव संभालना कब आसान होता है.

कोई आवाज़ ना सुनकर रोहन बोला, “तुम ठीक तो हो, कुछ बोल क्यों नहीं रही? अच्छा सुनो, जैसे इतने दिन निकले और भी निकल जाएंगे, मैं कुछ दिनों की छुट्टी ले कर जल्दी आने की कोशिश करता हूं.“

“प्लीज़, जल्दी आ जाओ, कह कर रुचि सिसक पड़ी और फ़ोन काट दिया.

रुचि ने व्योम से बात करते हुए बिना जवाब दिए फ़ोन काट दिया था, इसलिए   व्योम तुरंत रुचि के घर आ गया. वह सोच रहा था, नए पनपते भाव जो रुचि की आंखें भी बोलती हैं, उस के खुद के दिल में भी हैं, आज कह दूंगा.

उस ने दोतीन बार बेल बजाई. रुचि को थोड़ा समय खुद को संयत करने में लगा.

व्योम ने फ़ोन कर दिया, “रुचि, दरवाज़ा खोलो, क्या हुआ?”

“नहीं व्योम, तुम जाओ. अब हम अकेले नहीं मिलेंगे. जिस रिश्ते से बेकुसूर अपने लोग टूटें उसे वहीं ख़त्म होना ज़रूरी है. वापस चले जाओ, व्योम.”

‘अवांछित प्रेम बल्लरी को समय रहते उखाड़ फेंकना ज़रूरी था,’ यह बुदबुदाने के साथ मुंह में दुपट्टा दबा रो पड़ी रूचि. कहीं उस की आवाज़ व्योम न सुन ले, इसलिए कुछ अनकहा ही रह जाए तो बेहतर है. संभलने में वक्त तो लगता है, संभाल लेगी खुद को, भटकने नहीं देगी न खुद को और न व्योम को. संभालना ही तो होता है समय पर सही दिशा में खुद को. सम्मोहन का भ्रमजाल जितनी जल्दी टूट जाए, अच्छा है.

Best Hindi Story : प्रतिकार – क्या इंतकाम पर कर्तव्य भारी पड़ गया

Best Hindi Story : आपरेशन टेबल पर पड़े मरीज को देख कर डा. आराधना सकते में आ गई. यह वही दरिंदा था जिस ने उस के हंसतेखेलते परिवार को उजाड़ दिया था. रात में मां का फोन आया था कि वह सुबह आ रही हैं. उन्हें स्टेशन से लेने के लिए वह निकल ही रही थी कि फोन की घंटी बज उठी. उस ने रिसीवर उठाया तो पता चला कि फोन अस्पताल के आपातकालीन विभाग से आया था और उसे जल्दी पहुंचने के लिए कहा गया था.

कई महीनों के बाद तो उस ने छुट्टी ली थी. मां उस से मिलने आ रही हैं. पिछली बार जब वह घर गई थी तब केवल 4 दिन की छुट्टियां ली थीं. मां ने उस से पूछा था, ‘अब फिर कब आओगी’ तो उस ने कहा था, ‘मां, अब तुम मुझ से मिलने आना. मेरा आना संभव नहीं हो पाएगा.’

तब मां ने कहा था, ‘तुम छुट्टी लोगी, तभी मैं वहां आऊंगी. स्टेशन से ले जा कर घर बिठा देती हो… अकेले घर में मन ही नहीं लगता. कम से कम उस दिन तो छुट्टी ले ही लिया करो.’

यही सोच कर उस ने मां को अपनी छुट्टी की खबर दी थी और मां आ रही थीं. पर अचानक अस्पताल से फोन आने के बाद उस की समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करे. वह जानती थी कि अकेले भी मां को स्टेशन से घर आने में कितनी तकलीफ होगी. भैयाभाभी जानेंगे तो अलग गुस्सा होंगे कि यदि उस के पास मां के लिए इतना भी समय नहीं है तो वह उन्हें अपने पास बुलाती ही क्यों है.

जल्दी में कुछ और उपाय नहीं सूझा तो उस ने डा. कपिल के पापा से मां को स्टेशन से लाने के लिए अनुरोध किया. वह जानती थी कि मां को लाने और घर तक छोड़ने में कम से कम डेढ़ घंटा तो लग ही जाएगा. उधर अस्पताल से दूसरी बार फोन आ चुका था. मां पहली बार जब आई थीं तब कपिल के पापा से उन की मुलाकात

हुई थी इसलिए परेशानी की कोई बात नहीं थी.

ताला लगा कर चाबी उस ने कपिल के पापा को दे दी. उन की इस असुविधा के लिए उस ने पहले ही फोन पर उन से क्षमा मांग ली थी. तब उन्होंने फोन पर हंस कर कहा था, ‘‘तुम्हारी मां के आ जाने से मुझ बुड्ढे को भी कोई बात करने वाला मिल जाएगा.’’

उन की बात सुन कर वह भी खिलखिला कर हंस पड़ी थी.

अस्पताल पहुंचते ही वह डा. सिद्धांत के कमरे में गई. उन्होंने ही उसे फोन कर के बुलाया था. मरीज की प्राथमिक चिकित्सा कर दी गई थी पर आपरेशन की तुरंत आवश्यकता थी. समय पर आपरेशन न करने से मरीज की जान को खतरा था.

उस ने देखा कि आपरेशन थिएटर के बाहर एक औरत बुरी तरह से रोते हुए नर्स से कह रही थी, ‘‘सिस्टर, मैं अभी पूरे पैसे जमा नहीं करा सकती पर मैं जल्दी ही बिल चुका दूंगी.’’

सिस्टर ने झिड़कते हुए कहा था, ‘‘पैसा नहीं है तो किसी सरकारी अस्पताल में ले जाओ. इसे यहां क्यों ले कर आई हो?’’

‘‘यहां के डाक्टर योग्य हैं. मेरा इस अस्पताल पर विश्वास है. मैं जानती हूं कि डा. आराधना और डा. सिद्धांत मेरे पति को बचा लेंगे इसीलिए मैं यहां आई हूं. सिस्टर, मैं एकएक पैसा चुका कर ही यहां से जाऊंगी.’’

नर्स से बात करने के बाद वह औरत उस के पास आ कर रोतेरोते कह रही थी, ‘‘प्लीज, मेरे पति को बचा लीजिए. मुझे पता है कि आप मेरे पति को बचा सकती हैं. बचा लेंगी न आप?’’

उस ने उस औरत को सांत्वना दी, ‘‘देखिए, अपनी ओर से डाक्टर पूरा प्रयत्न करता है. यह उस का कर्तव्य होता है. आप चिंता न करें. सब ठीक हो जाएगा. क्या हुआ था आप के पति को?’’

‘‘पता नहीं डाक्टर, रात पेट में दाईं ओर दर्द होता रहा. सुबह उठते ही खून की उलटी हो गई. मैं घबराहट में कुछ कर ही नहीं सकी. जो रुपए घर में रखे थे उन्हें भी नहीं ला सकी. डाक्टर, आप इन का इलाज शुरू कीजिए, मैं घर जा कर पैसे ले आऊंगी.’’

नर्स ने फार्म पर हस्ताक्षर कराते समय उस औरत से पूछा, ‘‘क्या तुम्हारे पति शराब पीते हैं?’’

‘‘हां, सिस्टर, बहुत अधिक पीते हैं. यह शराब ही इन्हें ले डूबी है. शराब के नशे में क्याक्या नहीं किया इन्होंने. सारी संपत्ति गंवा दी. अच्छाखासा कारोबार था, सब समाप्त हो गया. सासससुर बेटे के गम में ही चल बसे. मैं अकेली औरत क्याक्या करूं. कोई संतान भी नहीं हुई जो उस से मेरा जीवन अच्छा कट जाता,’’ कह कर वह औरत फिर रोने लगी.

वह उन की बातों को सुन रही थी लेकिन उस का ध्यान मरीज की ओर था जो अभी भी बेहोशी की हालत में था. डा. सिद्धांत भी आ गए थे. वह उन के साथ ही मरीज के पास आ गई. उस ने नब्ज देखी. ब्लडप्रेशर चेक किया. उस समय सबकुछ सामान्य था.

‘‘आपरेशन किया जा सकता है डा. सिद्धांत,’’ यह कह कर उस ने मरीज की ओर ध्यान से देखा. चेहरा कुछ जाना- पहचाना सा लग रहा था. उस चेहरे की प्रौढ़ता के पीछे वह मरीज की युवावस्था का चेहरा ढूंढ़ने लगी तो उस चेहरे को क्षणांश में ही पहचान गई. उस ने मरीज को फिर से देखा. उस की नजरें धोखा नहीं खा सकतीं. 20 बरसों के बाद भी वह उसे पहचान गई.

एक पल को उसे जोर का झटका लगा. उस के कदम आपरेशन थिएटर की ओर नहीं बढ़ सके. कमरे में जा कर वह कुरसी पर धम से बैठ गई. थोड़ा पानी पीने के बाद उस ने कुरसी के पीछे सिर टिका कर आंखें मूंद लीं.

तब वह 12-13 साल की थी और दीदी 17 की रही होंगी. वह 7वीं कक्षा में थी और दीदी 12वीं में, शिवांक सब से छोटा था. दोनों बहनें एक ही स्कूल में पढ़ने जाती थीं. स्कूल दूर नहीं था इसलिए दोनों पैदल ही जाया करती थीं. मां सुबह उठ कर नाश्ता तैयार करतीं. पापा कभीकभी उन को स्कूटर से भी स्कूल छोड़ आते थे.

दीदी पढ़ने में बहुत तेज थीं. पापा भी उन का पूरा ध्यान रखते थे. शाम को आफिस से आ कर दोनों की पढ़ाई के बारे में, स्कूल की अन्य गतिविधियों के बारे में पूछते रहते और जो भी कठिनाई होती उसे दूर करते थे. चूंकि पापा आफिस के साथसाथ दीदी को नियमित नहीं पढ़ा पाते थे अत: दीदी को विज्ञान पढ़ाने के लिए ट्यूशन लगा दी थी. वह चाहते थे कि दीदी अच्छे अंकों से पास हों क्योंकि पापा दीदी को डाक्टर बनाना चाहते थे.

दीदी भी पापा की इच्छाओं को समझती थीं. वह आज्ञाकारी बेटी बन उन की हर बात को मानती थीं. स्कूल में दीदी एक आदर्श विद्यार्थी मानी जाती थीं और परीक्षा में टौप करेगी ऐसी सभी आशा करते थे.

दीदी स्कूल से आ कर ट्यूशन के लिए जाती थीं. शाम को मां दीदी को अपने साथ लाती थीं. उस दिन शिवांक को बहुत तेज बुखार था. इसलिए मां ने उन दोनों बहनों को एकसाथ भेज दिया था ताकि वापसी में दोनों एकसाथ आ सकें.

जनवरी का महीना था. दोनों बहनें घर की ओर आ रही थीं कि वह अनहोनी हो गई जिस ने उस के घर को तिनकातिनका कर बिखेर दिया. उस अंधेरे ने जीवन में जो अंधकार भर दिया उस की पीड़ा वह आज भी महसूस करती है.

ट्यूशन पढ़ाने वाले अध्यापक के घर से निकल कर वे कुछ दूर ही पहुंची थीं कि एक कार तेजी से उन के पास आ कर रुकी और वे कुछ संभल पातीं कि कार खोल कर उतरे युवकों ने उन्हें कार में धकेल दिया. कार चल पड़ी तो उन दोनों युवकों ने अपनी हथेलियों से उन का मुंह जोर से बंद कर दिया ताकि वे चिल्ला न सकें.

तीनों युवकों ने उन्हें ले जा कर एक कमरे बंद कर दिया था. फिर कुछ देर बाद तीनों युवक दोबारा वहां आए. वह डरीसहमी कोने में दुबक  कर खड़ी देखती रही. उस के सामने ही उस की दीदी को नंगा कर दिया गया. एक ने दीदी के बाजू पकड़ लिए और दूसरे ने टांगें और फिर तीसरा…वह राक्षस, दीदी छटपटाती रहीं, चिल्लाती रहीं लेकिन उन के रोने को किसी ने नहीं सुना. वह दीदी को बचाने गई तो एक ने ऐसे जोर से धक्का दिया कि वह दीवार से जा टकराई और बेहोश हो गई.

जब होश आया तो सबकुछ समाप्त हो चुका था. वे तीनों दरिंदे कमरे से जा चुके थे. दीदी बेहोश पड़ी थीं. बाहर निकल कर उस ने देखा तो उस की समझ में नहीं आया कि कौन सी जगह है. सारी रात वह यह सोच कर रोती रही कि उस की मां और पापा कितने परेशान हो रहे होंगे.

सुबह होने पर वह कमरे से बाहर निकल कर आई और किसी तरह अपने घर पहुंच कर मां व पापा को सारी बात बताई. जब उन्हें यह सब पता चला तो उन के पैरों के नीचे से जमीन ही खिसक गई. वे उसे ले कर वहां गए जहां दीदी को वह बेहोश छोड़ कर आई थी. दीदी अभी भी बेहोश पड़ी थीं. पापा दीदी को ले कर अस्पताल गए तो डाक्टरों ने इलाज से ही पहले ढेरों प्रश्न कर डाले. पापा ने जाने कैसेकैसे कह कर सिफारिश कर उस का इलाज शुरू करवाया था. लेकिन तब तक दीदी बहुतकुछ खो चुकी थीं. मानसिक रूप से विक्षिप्त दीदी थोड़ीथोड़ी देर बाद चीखने लगतीं, कपड़े फाड़ने लगतीं.

परीक्षाएं शुरू हुईं और समाप्त भी हो गईं. दीदी बेखबर थीं और फिर एक दिन इसी बेखबरी में दीदी चल बसीं. पापा ने ठान लिया था कि वह इस का बदला ले कर रहेंगे. उन्होंने अपने जीवन का जैसे उद्देश्य ही बना लिया था कि अपराधियों को उस के किए की सजा दिला कर रहेंगे. पुलिस में रिपोर्ट तो लिखाई ही थी. उस की पहचान पर पुलिस ने उन युवकों को पकड़ भी लिया. अदालत में मुकदमा चला, जज के सामने भी उस ने चिल्ला कर उस युवक के बारे में बताया था लेकिन उन लोगों ने ऐसेऐसे गवाह पेश कर दिए जिस से यह साबित हो गया कि वह तो घटना वाले दिन शहर में था ही नहीं. अमीर पिता का बिगड़ा बेटा था सो पैसे के बल पर छूट गया. बाकी दोनों युवकों को 3-3 माह की सजा हुई, बस.

पापा टूट तो पहले ही गए थे, फैसला आने के बाद तो जैसे बिखर ही गए. उन्होंने उस शहर से अपना ट्रांसफर करवा लिया लेकिन वहां भी वह संभल नहीं पाए. दीदी की मृत्यु वह सहन नहीं कर पाए और एक दिन उन्होंने हम सब को छोड़ कर आत्महत्या कर ली.

पापा ने एक मकान ले रखा था. मां उसी में आ कर रहने लगीं. उन्होंने एक कमरा अपने पास रखा और बाकी कमरे किराए पर चढ़ा दिए.

पापा और दीदी की मौत ने उसे कुछ ही समय में बड़ा कर दिया. वह शांत, चुप रहने लगी. पढ़ाई में उस ने मन लगाना शुरू कर दिया. चूंकि पापा दीदी को डाक्टर बनाना चाहते थे इसलिए उस ने ठान लिया था कि वह पापा की इच्छा को अवश्य पूरी करेगी. वह दीदी जैसी प्रतिभावान नहीं थी पर अपनी लगन और दृढ़ निश्चय के कारण वह सफलता की सीढि़यां चढ़ती गई और एक दिन उस ने डाक्टर बन कर दिखा ही दिया. आज वह एक सफल डाक्टर है और लोग उसे

डा. आराधना के रूप में जानते हैं. इस इलाके में उस का नाम है.

मां विवाह के लिए पिछले 5 सालों से जिद कर रही हैं लेकिन वह ऐसा सोच भी नहीं सकती. वह मानसिक रूप से इस के लिए खुद को तैयार नहीं कर पाती. शायद दूसरी वजह यही है कि बचपन में जो वीभत्स दृश्य उस ने देखा था उस कुंठा से वह निकल नहीं पाई है. हार कर मां ने शिवांक का विवाह कर दिया और उसी के पास वह रहती है.

आज जिस पुरुष को अभी देख कर वह आई है, वह कोई और नहीं बल्कि वही दरिंदा था जिस ने उस के सामने ही उस की दीदी की इज्जत से खेल कर उन्हें मौत के मुंह में धकेल दिया था और दीदी को न्याय नहीं दिला पाने की पीड़ा में पापा ने आत्महत्या कर ली थी.

उस के मन में उबाल उठ रहा था, जो न्याय दीदी को पापा नहीं दिला पाए थे वह दिलवाएगी. वह उस व्यक्ति से अवश्य प्रतिकार लेगी. तभी दीदी और पापा की आत्मा को शांति मिल सकेगी. वह उस का इलाज नहीं करेगी जो इस समय जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहा है.

वह निश्ंिचत हो कर वैसे ही कुरसी पर सिर टिकाए बैठी रही पर उस के मन को अभी भी कुछ कचोट रहा था. उसे लगा जैसे कुछ गलत हो रहा है.

जब वह कोई निर्णय नहीं ले पाई तो उस ने अपने घर आई मां को फोन किया. बड़ी देर तक फोन की घंटी बजती रही, किसी ने रिसीवर उठाया ही नहीं. फिर उस ने कपिल के घर फोन किया. फोन कपिल के पापा ने उठाया. उस ने छूटते ही पूछा, ‘‘अंकल, मां नहीं आईं क्या? घर पर फोन किया था. किसी ने रिसीवर उठाया ही नहीं.’’

‘‘च्ंिता न करो, बेटी, तुम्हारी मां मेरे घर में हैं. तुम थीं नहीं सो इधर ही उन्हें ले कर चला आया.’’

‘‘अंकल, मां से बात कराएंगे?’’

‘‘क्यों नहीं, अभी करवा देता हूं.’’

‘‘हैलो, मां कैसी हैं आप, सौरी, मैं आप को लेने नहीं आ सकी.’’

‘‘कोई बात नहीं, बेटी. मैं तुम्हारी मजबूरी को समझती हूं. तुम च्ंिता मत करो. चाय पी कर मैं घर चली जाऊंगी. तुम अपना काम कर के ही आना.’’

‘‘मां, आप अस्पताल में आ सकती हैं?’’

‘‘क्यों, क्या बात है, बेटी? तुम्हारी आवाज भर्राई हुई क्यों है?’’

‘‘कुछ नहीं, मां. बस, आप यहां आ जाओ,’’ उस ने छोटे बच्चों की तरह मचलते हुए कहा.

‘‘अच्छा, मैं अभी आ रही हूं,’’ कहते हुए उस ने फोन काट दिया.

मां जब अस्पताल पहुंचीं तब भी वह अपने कमरे में निश्चल बैठी थी. मां को देखते ही वह उन से लिपट कर रोने लगी. मां उसे भौचक देखती रहीं, सहलाती रहीं. थोड़ा मन शांत हुआ तो मां से अलग हो कर फिर से कुरसी पर आंखें मूंद कर बैठ गई. लग रहा था जैसे उस में खड़े होने की शक्ति ही नहीं रही.

मां ने च्ंितित स्वर में पूछा, ‘‘आराधना, क्या बात है. सबकुछ ठीक तो है न, बोल क्यों नहीं रही बेटी.’’

वह फिर से रोने लगी और रोतेरोते उस ने मां को उस व्यक्ति के बारे में सबकुछ बता दिया.

मां भी सकते में आ गईं. जरा संभलीं तो बोलीं, ‘‘मत करना उस का आपरेशन, मरने दे उसे. यही उस की सजा है. मेरा घर बरबाद कर के वह अभी तक जीवित है. हमें कानून से न्याय नहीं मिला, अब समय है, तू बदला ले सकती है. तभी साधना और तुम्हारे पिता की आत्मा को शांति मिलेगी. कुछ सोचने की जरूरत नहीं. चुपचाप घर चल, तू ने छुट्टी तो ले ही रखी है.’’

वह उसी तरह कुरसी पर सिर टिकाए बैठी रही. तभी नर्स ने कमरे में आ कर कहा, ‘‘डाक्टर, आपरेशन की तैयारी पूरी हो गई है. आप भी जाइए.’’

नर्स तो कह कर चली गई पर वह मां की ओर देखने लगी. मां ने उस से फिर कहा, ‘‘देख ले, आराधना, अच्छा अवसर मिला है. मत जा, कोई और यह आपरेशन कर लेगा.’’

‘‘मां, यह आपरेशन मैं ही कर सकती हूं, इसीलिए तो घर से बुलवाया गया था.’’

‘‘सोच ले.’’

‘‘मैं अभी आती हूं,’’ कह कर वह अपने कमरे से बाहर आ गई. मरीज के साथ आई औरत वहीं खड़ी थी. उस का दिल चाहा कि वह उस से सबकुछ बता दे कि उस के पति ने क्याक्या किया था. पर इस में उस औरत का क्या दोष है.

वह बिना कुछ बोले आपरेशन थिएटर में चली गई. देखा तो वह व्यक्ति अचेतावस्था में आपरेशन टेबल पर लेटा हुआ था. उस की मनोस्थिति से बेखबर यदि और थोड़ी देर उस का आपरेशन नहीं किया गया तो वह बच नहीं पाएगा. वह इस वहशी का अंत देखना चाहती है. वह पापा और दीदी की मृत्यु का बदला लेना चाहती है. लेकिन उस के मन की दृढ़ता पिघलने क्यों लगी है? कभी उस औरत का दारुण रुदन सुनाई देने लगता तो कभी उस का गिड़गिड़ाता हुआ चेहरा सामने आ जाता तो कभी दीदी और पापा सामने आ जाते. कभी मां के शब्द कानों में गूंजने लगते. यह कैसा अंतर्द्वंद्व है. वह बदला ले या अपना कर्तव्य निभाए. मन दीदी का साथ दे रहा था तो अंतरात्मा उस का.

वह थोड़ी देर खड़ी रही. खाली- खाली आंखों से उस व्यक्ति को देखती रही. उस के चेहरे पर भाव आजा रहे थे.

नर्स हैरानी से उसे देख रही थी. बोली, ‘‘डाक्टर, सब ठीक है न?’’

‘‘ठीक है,’’ कह कर वह ग्लव्स और ऐप्रेन पहनने लगी.

2 घंटे के अथक परिश्रम के बाद आपरेशन पूरा हो गया. वह निढाल सी हो कर बाहर आई. वह औरत उस की ओर बढ़ी पर उस से वह कुछ कह नहीं पाई. उस के कंधे पर हाथ रख वह अपने कमरे की ओर चली आई थी. मां अभी तक वहीं थीं. वह उन की गोद में सिर रख कर फफकफफक कर रो पड़ी. मां उस के सिर को सहलाते हुए खुद भी रो पड़ीं. उन दोनों की आंखों से अब आंसू के रूप में अतीत का दर्द बह रहा था.

सुदर्शन रत्नाकर  

Women’s Leadership : महिला सरपंच से मुख्यमंत्री तक पतियों का बोलबाला

Women’s Leadership : यह कोई नई बात नहीं है, जब स्त्री को आगे रख कर उस के सारे अधिकार पुरुष ने अपने हाथों में ले लिए. भारत के लोकतंत्र में तो यह आम बात है कि जब कोई महिला सरपंच या मुख्यमंत्री बनती है तो वह महज रबर स्टाम्प ही होती है, कामकाज तो सारा उस के पति, ससुर या बेटे ही चलाते हैं.

महिलाओं की लीडरशिप पर सवाल उठाता एक विवाद दिल्ली में पिछले दिनों तब शुरू हुआ जब दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना सिंह ने दिल्ली की वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता का एक वीडियो एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि- इस फोटो को ध्यान से देखिए जो व्यक्ति एमसीडी (दिल्ली नगर निगम), डीजेबी (दिल्ली जल बोर्ड), पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) और डीयूएसआईबी (दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड) के अफसरों की मीटिंग ले रहा है वह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता हैं.

आतिशी ने आगे लिखा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि एक महिला के सीएम बनने के बाद उन के पति सरकारी कामकाज संभाल रहे हैं. क्या रेखा गुप्ता को काम संभालना नहीं आता? इस वजह से दिल्ली में रोज लंबेलंबे पावर कट हो रहे हैं. प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ रही है.

‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा से सवाल किया कि सीएम रेखा गुप्ता के पति दिल्ली सरकार में किस पद पर हैं, जो वे सरकारी अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं? इस तरह की राजनीति करना दिल्ली की 2 करोड़ जनता का अपमान है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीएम रेखा गुप्ता केवल रबर स्टाम्प की मुख्यमंत्री है. मगर दिल्ली कोई फुलेरा की पंचायत नहीं है.

इस के बाद तो जैसे भूचाल सा आ गया और महिलाओं के नेतृत्व को ले कर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. भाजपा के नेता अपनी खीज उतारने के लिए आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की पत्नी को भी निशाना बनाते सुनाई दिए जो केजरीवाल के जेल में बंद रहने के दौरान जनता और मीडिया से वार्ता करते दिखाई दी थीं.

यह कोई नई बात नहीं है, जब स्त्री को आगे रख कर उस के सारे अधिकार पुरुष ने अपने हाथों में ले लिए. देश की पंचायतों में तो यह आम बात है कि जब कोई महिला सरपंच बनती है तो वह महज रबर स्टाम्प ही होती है, कामकाज तो सारा उस के पति, ससुर या बेटे ही चलाते हैं.

हां, देश की राजधानी में ऐसी तस्वीर पहली बार नजर आई जब मुख्यमंत्री के पति जो किसी भी सरकारी पोस्ट पर नहीं हैं, इतने बड़ेबड़े विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं. यानी रेखा गुप्ता, जिन की क्षमताओं पर भरोसा कर के दिल्ली की जनता ने दिल्ली की उन्हें कमान सौंपी थी, जनता के हित से जुड़े फैसले वे नहीं बल्कि उन के पति ले रहे हैं? मनीष गुप्ता यदि सरकार में होते तो भी कोई बात नहीं थी, मगर न तो वे सरकार में हैं और न कोई अधिकारी हैं. ऐसे में विपक्ष द्वारा सवाल उठाना गलत नहीं है.

आपने ग्रामीण क्षेत्रों में महिला ग्रामप्रधान के पति द्वारा पंचायत संबंधी काम करने की बातें खूब सुनी होंगी लेकिन अब पति एक सीढ़ी ऊपर चढ़ कर मुख्यमंत्री के साथ सरकारी काम निपटा रहे हैं. विपक्षी पूछ रहे हैं- तो क्या रेखा गुप्ता को सरकारी काम संभालना नहीं आता? क्या उन की ऐसी ही योग्यता और क्षमता के आधार पर उन्हें दिल्ली की गद्दी सौंपी गई? क्या वजह है कि रेखा गुप्ता से सत्ता नहीं संभल रही है? एक मुख्यमंत्री पति किस हैसियत से राजकाज चला रहा है? हिंदू राष्ट्र बनाने वालों को मुख्यमंत्री के लायक एक अदद सक्षम विधायक नहीं मिला? किस मजबूरी में रेखा गुप्ता को दिल्ली की जनता पर थोप दिया गया?

लखनऊ में भी मेयर सुषमा खर्कवाल से ज्यादा उन के पुत्र मयंक खर्कवाल शासन का काम संभालते हैं. किसी को यदि सुषमा खर्कवाल से फोन पर बात करनी हो तो उन का फोन उन के पुत्र के पास ही रहता है. मजबूरी में लोगों को अपनी विपदा उन्हीं को सुनानी पड़ती है और फिर उन की मर्जी पर होता है कि किस का काम होगा और किस का नहीं.

मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि चुनाव जीतते ही उन के पति ही पंचायत औफिस में नजर आते हैं. मनरेगा, गौठान निर्माण, नाली निर्माण, खड़ंजा रोड, स्कूल सहित अन्य कार्यों में महिला सरपंच की जगह उन के पति काम करवाते हैं. कोई ग्रामीण जब अपने काम से पंचायत दफ्तर पहुंचते हैं तो वहां सरपंच के बजाय सरपंच पति ही मिलता है और सरपंच एक हाथ लंबा घूंघट कर घर में चूल्हा फूंक रही होती है.

ग्राम पंचायतों में महिलाओं की आरक्षित सीट पर पुरुष चुनाव नहीं लड़ सकते, इसलिए वे अक्सर अपनी पत्नी को चुनाव में खड़ा कर देते हैं. पत्नी के जीतने के बाद अपना दबदबा कायम रखते हैं और पत्नी को मोहरे के रूप में इस्तेमाल करते हैं.

73वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1992 द्वारा जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने और प्रतिनिधि लोकतंत्र के माध्यम से उन की सामाजिकआर्थिक स्थिति में सुधार लाने की कोशिश तो की गई है, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं के लिए आरक्षण भी किया है मगर यह सुधार सिर्फ सरकारी कागजों तक ही सीमित हैं. जमीन पर औरत की स्थिति जस की तस है.

महिला सरपंच घर में बच्चे पालती है, चूल्हाचौका करती है, सासससुर की सेवा करती है और सरपंच पति पंचायत भवन में सरकारी कामकाज चलाता है. गांव के भले के लिए आने वाले सरकारी धन में कैसे कितना हिस्साबांट करना है, कितनी सड़कें कागजों पर बनवानी हैं, कितने हैंडपंप कागजों पर लगवाने हैं, कितने स्कूलों की मरम्मत की खानापूर्ति होनी है, कहां लाइट लगवानी है, ये सारी डीलिंग सरपंच पति ही करता है.

महिला सरपंच किसी कठपुतली की तरह होती है जिस की डोर पति, देवर, ससुर, बेटे की उंगलियों में फंसी होती है. उस से कब किस कागज पर साइन करवाने हैं, कब कितने पैसे बैंक खाते से निकलवाने हैं, यह सब पितृसत्ता तय करती है.

दरअसल पितृसत्ता से दब कर और डर कर रहना धर्म के नाम पर महिलाओं को उन के जन्म लेने के बाद घुट्टी में घोल कर पिलाया जाता है, जिस के प्रभाव से वे जीवनभर निकल नहीं पाती हैं. जिस भी स्त्री के सिर पर पिता, पति, देवर, ससुर, बेटे बैठे हैं वह स्त्री कितनी भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर ले और कितनी भी ऊंची कुर्सी पर क्यों न बैठ जाए, अपनी मर्जी से कोई कार्य नहीं कर पाती हैं. संविधान से तमाम अधिकार मिले होने के बावजूद वह अपने अधिकारों का प्रयोग नहीं कर पाती. पितृसत्ता की भारी बेड़ियां उस के कदम रोक देती हैं.

एक शादीशुदा, बच्चों वाली महिला कई बार ट्रांसफर, प्रमोशन लेने से इंकार कर देती है क्योंकि उच्च पद पर ज्यादा जिम्मेदारी और ज्यादा समय देना पड़ता है. ऐसी स्त्रियां फील्ड वर्क भी करने से बचती हैं क्योंकि फील्ड वर्क में सारा दिन दौड़ना पड़ता है और घर लौटने का कोई निश्चित समय नहीं होता.

शादीशुदा महिला को छह बजते ही घर लौटने की चिंता सालने लगती है. रात के खाने में क्या पकना है, सुबह बच्चों और पति के टिफिन में क्या देना है, इन्हीं विचारों में घिरी वह तेजी से घर की तरफ भागती नजर आती है. जरा सी देर हो गई तो सास बखेड़ा खड़ा कर देगी, घर में महाभारत मच जाएगा, पति भी डांटेगा और बच्चे भी बोलने से नहीं चूकेंगे, यह डर चेहरे पर झुर्रियों की संख्या में इजाफा करता चला जाता है.

स्त्री की नेतृत्व क्षमता तभी उभरती है जब उस के सिर पर कोई पुरुष न हो. देश की प्रधानमंत्री रहीं आयरन लेडी इंदिरा गांधी की नेतृत्व क्षमता तब उभर कर सामने आई जब उन के पिता जवाहरलाल नेहरू और उन के पति फिरोज गांधी का निधन हो गया. भारतीय राजनीति में इंदिरा गांधी के समान तेजस्वी और मजबूत फैसले लेने वाली महिला कोई और नहीं हुई.

जयललिता, ममता बनर्जी और मायावती जैसी ओजस्वी महिलाओं की लीडरशिप की दुनिया कायल है मगर वह इसी वजह से है क्योंकि उन्होंने विवाह नहीं किया. उन्होंने पितृसत्ता को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. जो फैसला लिया स्वयं लिया. सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित इस में जरूर अपवाद हैं क्योंकि दोनों ही विवाहित थीं, फिर भी उन का नेतृत्व तगड़ा रहा. इस की वजह यह थी कि दोनों अपने कामों में पतियों का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया और उन के पतियों ने भी इस बात को समझा.

देश में अनेक बड़ी कंपनियों में उच्च पदों पर कार्यरत महिलाओं पर यदि नजर डालें तो आप पाएंगे कि अधिकांश ने या तो विवाह नहीं किया है, या वे तलाकशुदा हैं. यह बात दर्शाती है कि स्त्री तभी आगे बढ़ सकती है जब उस के पैरों में पुरुष नाम की बेड़ी न हो. क्योंकि पुरुष हमेशा स्त्री को अपने अंगूठे के नीचे रखना चाहता है. यह उस की जन्मजात प्रवृत्ति है. वह उसे रसोई और बैडरूम में बांधे रखता है. पढ़ीलिखी कामकाजी विवाहित महिला रसोई और बैडरूम से छुटकारा नहीं पा पाती और इसीलिए जीवन में आगे नहीं बढ़ पाती है.

धर्म को रचने वाला पुरुष है. कभी किसी महिला ने धर्मग्रंथों की रचना की हो, ऐसा सुनने को नहीं मिला. तो जो ग्रंथ पुरुषों ने रचे उस में उन्होंने स्त्री को काबू में रखने के लिए अनेकानेक नियम बनाए. सारे धार्मिक कृत्यों को पूरा करने की जिम्मेदारी उस के सिर पर रख दी. सारे सेवा कार्य उस की पीठ पर लाद दिए. न करने पर दंड की व्यवस्था भी रखी. नर्क और जहन्नुम का डर भी दिखाया.

लिहाजा स्त्री जीवनभर इन्हीं धार्मिक कर्मकांडों में घिरी रहती है, उसे सोचनेविचारने का समय ही नहीं मिलता कि धर्मग्रंथों की जो बातें बचपन से घुट्टी की तरह पिलाई गईं, वे ठीक भी हैं या नहीं. अविवाहित होने पर पिता उस को धर्म के नाम पर डराए रखता है और शादी के बाद पति. उस का खुद का नेतृत्व और विचार तो कभी उभरता ही नहीं है.

पढ़लिख कर जो स्त्रियां नौकरी में आ जाती है और अपने विवेक का इस्तेमाल करने लगती हैं, चूल्हेचौके के चक्कर में नहीं फंसतीं, पुरुष की गुलाम बन कर नहीं रहतीं उन में नेतृत्व के गुण उभर कर सामने आते हैं. वे अपने विवेक से काम करती हैं.

यह सच है यदि स्त्री पितृसत्ता की बेड़ियों से आजाद हो जाए तो वह पुरुषों के मुकाबले ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकती हैं. आमतौर पर स्त्रियां बेईमान नहीं होतीं, वे भावुक होती हैं, संवेदनशील और ममतामई होती हैं लिहाजा वह दुनिया को ज्यादा खूबसूरत बना सकती हैं.

यदि दुनिया का नेतृत्व स्त्री के हाथों में हो तो जगहजगह जो लड़ाइयां छिड़ी हुई हैं, बमबारूद के गोले फट रहे हैं, धरती लहू से लाल हो रही है, यह सब होना रुक जाए. पूरी धरती शांत और सुंदर हो जाए. यह सब हो जाए मगर शर्त ये है कि स्त्री पितृसत्ता से किसी तरह खुद को आजाद करें.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें