Download App

घर से दूर बैठ करना चाहते हैं अपने कंप्यूटर को एक्सेस, अपनायें ये तरीका

मान लीजिए आप अपने औफिस या घर से दूर हैं और आपको अपने कंप्यूटर में मौजूद किसी जरुरी फाइल को एडिट करना हो तो क्या करेंगे. घबराइए नहीं ऐसे में कहीं पर भी होने पर आप किसी भी कंप्यूटर से अपने लैपटौप या पीसी का एक्सेस प्राप्त कर उसे ठीक कर सकते हैं. अगर आप किसी दूसरे के कंप्यूटर या अपने कंप्यूटर का ऐक्सेस पाना चाहते हैं या किसी दूर बैठे शख्स को अपने कंप्यूटर का ऐक्सेस देना चाहते हैं, तो आपके लिए कुछ डेस्कटौप टूल्स मौजूद है.

ये प्रोग्राम आपको किसी दूसरे डिवाइस के जरिए आपके कंप्यूटर को सुरक्षित रूप से कनेक्ट करने की अनुमति देते हैं. आप अपने कंप्यूटर को किसी भी स्थान से पूरी तरह से नियंत्रित कर सकते हैं. यहां हम इस रिपोर्ट में आपको बताएंगे कि किस तरह आप दूर बैठे अपने कंप्यूटर का आसानी से एक्सेस प्राप्त कर सकते हैं.

माइक्रोसौफ्ट और एप्पल के टूल्स

एप्पल और माइक्रोसौफ्ट दोनों के पास ही अपना रिमोट डेस्कटौप टूल्स मौजूद है. लेकिन यह आपके ऊपर निर्भर करता है कि आपकी जरुरत क्या है. हालांकि, यह विकल्प आपकी पहली पसंद नहीं होनी चाहिए. आपको बता दें कि एप्प्ल 79.99 डौलर की कीमत पर बड़े पैमाने पर एक रिमोट डेस्कटौप प्रोग्राम की बिक्री करता है. लेकिन यह वास्तव में आईटी प्रोफेशनल और नेटवर्क मैनेजर के लिए है. वहीं अगर आप घर बैठे एक मैक से दूसरे मैक को कनेक्ट करना चाहते हैं तो आपके लिए स्क्रीन शेयरिंग एक बेहतर विकल्प हो सकता है. इसके लिए आपको कुछ भी खर्च करने की जरुरत नहीं होगी

इसके लिए आपको, सिस्टम प्रेफरेंस में जाना होगा. इसके बाद शेयरिंग पर क्लिक करें और स्क्रीन शेयरिंग बटन पर टिक करें. अब सिस्टम प्रेफरेंस में वापस जाएं, iCloud सेक्शन पर जाएं और Back to My Mac पर टिक करें. इसे सेट करने के बाद, आप अपने मूल मैक को किसी दूसरे मैकओएस मशीन से एक्सेस कर सकते हैं जिसे आपके पुराने iCloud अकाउंट में साइन किया गया है. अब फाइंडर को ओपन करें और साइडबार के शेयर सेक्शन में जाएं. अब इस सेक्शन में अपने होम कंप्यूटर को खोजें, उसे क्लिक करें और शेयर स्क्रीन को चुनें.

Back to my Mac

स्क्रीन शेयरिंग मैक डिवाइस के लिए काफी अच्छा काम करती है. यह आपके एप्पल कंप्यूटर से किसी अन्य औपरेटिंग सिस्टम से एक्सेस करने की प्रक्रिया को थोड़ा जटिल बनाता है. जब आप इस विधि का उपयोग करते हुए विंडोज और दूसरे डिवाइस से मैकओएस का रुख करते हैं तो आपको इसके लिए कुछ एडवांस नेटवर्क की आवश्यकता होगी. इसके बजाए आप थर्ड पार्टी रिमोट डेस्कटौप टूल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

माइक्रोसौफ्ट विंडोज और मैकओएस दोनों के लिए अपना खुद का रिमोट डेस्कटौप डिवाइस बनाता है. लेकिन आपको बता दें कि, आप सिर्फ विंडोज के प्रोफेशनल, अल्टीमेट या विंडोज के एंटरप्राइज वर्जन पर चलने वाली मशीन से ही इसे कनेक्ट कर सकते हैं. हालांकि, अगर आपने विंडोज के इन वर्जन में से किसी भी एक को इनस्टौल किया है, तो आप रिमोट डेस्कटौप असिस्टेंट प्रोग्राम का प्रयोग एक्सेस कौन्फिगर करने के लिए कर सकते हैं. लेकिन आप इसके स्थान पर थर्ड पार्टी औप्शन का उपयोग कर सकते हैं.

थर्ड पार्टी टूल्स, गूगल क्रोम

एप्पल और माइक्रोसौफ्ट जहां आईटी प्रोफेशनल के लिए रिमोट टूल्स की पेशकश करते हैं, वहीँ गूगल क्रोम द्वारा बनाया गया फ्री रिमोट एक्सेस का इस्तेमाल कोई भी कर सकता है. आपको इसके लिए अपने गूगल अकाउंट के माध्यम से एक्सेस प्राप्त करना होगा और टूल एक ही सिंकिंग टेक्नोलौजी के जरिए आपके पासवर्ड और लौग इन जानकारी को कई प्लेटफार्मों पर क्रोम में उपलब्ध कराता है. आप गूगल के रिमोट टूल का इस्तेमाल अपने ब्राउजर के लिए, एंड्राइड एप के रूप में और यहां तक कि आईओएस डिवाइस के लिए भी कर सकते हैं.

किसी कंप्यूटर से कनेक्ट होने से पहले आपको उस कंप्यूटर पर वेब एप को इनस्टौल करना होगा जिसे आप दूर से एक्सेस करना चाहते हैं. अब एप को लौन्च करें और रिमोट कनेक्शन को एनेबल करें. इसके बाद आपको इसमें पिन एंटर करना होगा जिसका इस्तेमाल भविष्य में आपके कंप्यूटर का एक्सेस प्राप्त करने के लिए किया जाएगा. उसी स्क्रीन पर आप डिवाइस के डिफौल्ट नाम के बगल में पेन्सिल आइकन पर क्लिक करें.

क्रोम रिमोट डेस्कटौप

इसके बाद उस डिवाइस को चालू करें, जहां से आप अपने ओरिजनल कंप्यूटर का एक्सेस पाने का प्लान कर रहे हैं. अगर आप किसी दूसरे कंप्यूटर पर हैं, तो वेब ऐप को लौन्च करें और आपको ओरिजिनल मशीन माई कंप्यूटर लिस्टिंग के अंतर्गत दिखाई देगी. उस पर क्लिक करें, और पहले सेट किए गए पिन को एंटर करें. रिमोट मशीन एक रिमोट एक्सेस विंडो को ओपन करेगा, जिसके भीतर आप अपने ओरिजिनल कंप्यूटर की डेस्कटौप स्क्रीन देखते हैं और रिमोट माउस और कीबोर्ड के माध्यम से इसके साथ इंटरैक्ट करते हैं. इसके अलावा, आप टास्क परफौर्मेंस को पूरा करने के लिए एप विकल्प को प्राप्त कर सकते हैं इसमें नया विंडो बनाना, डेस्कटौप के साइज को बदलना या फिर प्रिंट स्क्रीन कमांड भेजने जैसे टास्क शामिल है. आप रिमोट एक्सेस विंडो के ऊपरी बाएं आइकन पर दिए इन विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं.

बैग्स का टशन : आप की पर्सनैलिटी में चार चांद लगा देंगे

पार्टी में जाने के लिए मेघना तैयार हो चुकी थी. मेकअप, पार्टी डै्रस, हाई हील की सैंडल, केशसज्जा सभी कुछ अपनी जगह फिट था, लेकिन फिर भी एक कमी थी जो आईने में खल रही थी. क्या रह गया है? सोचसोच कर वह परेशान थी. यह देख उस की सहेली ऋचा ने टोका, हैंडबैग कहां है मैडमजी?

हां, फैशन के दौर में बैग को इग्नोर करना नामुमकिन है, क्योंकि यह आप की पर्सनैलिटी को उभारता है. जितना ध्यान एक युवती अपनी पोशाक पर देती है उतना ही अपने बैग पर भी देती है ताकि उस की चमक में कोई कमी न रह जाए.

जहां बैग हमारे फैशन का हिस्सा है वहीं वह हमारी कई जरूरतें भी पूरी करता है. कई बार मजाक में कहा जाता है कि एक युवती अपने बैग में पूरा जहान ले कर चलती है, आप ने फिल्मों में भी ऐसे मजाकिया सीन देखे होंगे जहां हीरोइन का पर्स खाली करते समय उस में से दुनियाभर का सामान निकलता है.

खास बात यह है कि युवतियों की अलगअलग जरूरतों के लिए बने हैं ये डिजाइनर्स पर्स, ताकि स्टाइल के साथ उन का काम भी आसान हो जाए. जब औफिस जाना हो तो बड़ा बैग और किसी पार्टी में जाना हो तो चमकीला छोटा पर्स.

आइए, जानते हैं अलगअलग प्रकार के बैग्स के बारे में और साथ ही यह भी जानेंगे कि किस तरह के बैग आप की पर्सनैलिटी में चारचांद लगाते हैं.

स्लिंग बैग

हलकेफुलके लंबी बैल्ट वाले स्लिंग बैग आकर्षक लगते हैं. युवतियों की यह खास पसंद हैं. सस्तेसुंदर और टिकाऊ स्लिंग बैग 300 से ले कर 1,300 रुपए तक मिल जाते हैं.

ऐक्सपर्ट्स मानते हैं कि इस तरह के बैग्स लेने वाली युवतियां प्रैक्टिकल अप्रोच वाली होती हैं. वे एकसाथ बहुत सारी बातों को ले कर ऐक्साइटेड रहती हैं. यही नहीं, उन के शौक और हौबीज की लिस्ट भी बहुत लंबी रहती है.

टोटबैग

ये बड़े साइज के बैग होते हैं. इन के हैंडल भी बड़े होते हैं ताकि इन्हें आसानी से कंधे पर लटकाया जा सके. इन में जगह की कोई कमी नहीं होती. जितना चाहे सामान रखें. ये सूती कपड़े, चमड़े, जूट आदि से बने होते हैं. 125 से ले कर 2,000 रुपए तक में उपलब्ध हो जाते हैं.

द सेशल

ये बैग मुलायम फ्रेम के होते हैं जो स्टाइलिश लगते हैं. इन में अधिक सामान रखा जा सकता है जिस से आप को काफी आसानी होती है. जैसे मेकअप की जरूरी चीजें, मोबाइल आदि. ये 500 से 3,000 रुपए तक मिल जाते हैं. यानी इस में आप को सस्ते से ले कर महंगे दोनों तरह की वैराइटी आसानी से मिल जाएंगी.

होबो

शौपिंग पर जाने के लिए होबो काफी अच्छे हैं. इन में अधिक जगह होने से सामान रखने में दिक्कत नहीं होती. होबो को जब ले कर चलें तब आप का पहनावा कैजुअल हो. होबो की कीमत 300 से ले कर 3,000 रुपए तक हो सकती है.

जिन युवतियों को होबो भाता है वे आर्ट लवर होती हैं. इन के दिमाग में नित नए आइडिया आते हैं. साथ ही ये परफैक्शन को पसंद करने वाली भी होती हैं.

क्लच

यदि आप क्लासी फैशन परस्त हैं तो क्लच एक स्टाइलिश पसंद होगी. क्लच आप के परिधान में चारचांद लगा देता है. इस में आप अपनी रोजमर्रा की छोटीमोटी चीजों को रख सकती हैं. यह दिखने में बहुत ही कूल सा लुक देता है. क्लच का अच्छाखासा कलैक्शन 200 से ले कर 2,000 रुपए तक में मिलता है.

हाल ही में कुछ नए फैशनेबल बैग बाजार में आए हैं, जैसे क्विल्टेड बैग जो रजाई जैसे बुने दिखते हैं, स्टडेड बैग जिन में मेटल के बीड्स जड़े होते हैं और फ्रिंजेस बैग्स आदि.

नौकरीपेशा युवतियां अपने लिए स्टाइलिश लैपटौप बैग्स भी ले सकती हैं, हालांकि इन की कीमत थोड़ी अधिक होती है, 6,500 से ले कर 10,000 रुपए तक.

स्वास्थ्य पर असर

बैग का वजन आप के वजन के 10 फीसदी से अधिक नहीं होना चाहिए. यदि आप बैकपैक लेती हैं तो उसे दोनों कंधों पर लटकाना आप के हित में है और यदि आप उसे एक कंधे पर लटकाना पसंद करती हैं तो उस की लंबाई कमर तक होनी चाहिए. वरना कंघों पर भार पड़ने से आप के लिए प्रौब्लम खड़ी हो सकती है.

बैग को शरीर के एक तरफ लटकाने से कंधे, कमर और यहां तक कि सिर में भी दर्द की समस्या हो सकती है. डा. एरिक्सन बताती हैं कि कंधे की मांसपेशियों पर जोर पड़ने से सिरदर्द की शिकायत हो सकती है.

इसी तरह, पतले स्ट्रैप वाले बैग, खास कर मैटल स्ट्रैप वाले, कंधे के दर्द को और बढ़ा सकते हैं. इसीलिए चौड़ी बैल्ट वाले बैग लें, जिन में वजन बराबरी से बंट जाता है. इन बातों को ध्यान में रख कर अगर आप बैग खरीदेंगी तो आप के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा.

जानिये बौलीवुड स्टार्स के वो मजेदार नाम जो शायद ही आपने सुने हों

बौलीवुड स्टार्स आपने काम से दुनिया भर में नाम कमाते हैं. मगर घर वालों और दोस्तों के लिए वे खास होते हुए भी आम होते हैं. वे उन्हें उनके नाम से नहीं निक नेम से बुलाते हैं, जिसकी वजह से बौलीवुड में प्यार में कोई आलू कहलाता है, तो किसी को लोग कहते हैं पप्पू. आइये जानते हैं कुछ और भी नामचीन स्टार्स के ऐसे ही मजेदार नाम जो शायद ही आपने कभी सुने हों.

बिपाशा बसु

बंगाली बाला बिपाशा बसु को उनके घर वाले और करीबी दोस्त प्यार से बौनी बुलाते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि जब बिपाशा पैदा हुई थीं, तब वह काफी तंदुरुस्त थीं.

आलिया भट्ट

आज स्लिम-ट्रिम दिखने वाली आलिया भट्ट को बचपन में आलू कहकर पुकारा जाता था. आलिया बचपन में गोल-मटोल थीं. जिसकी वजह से प्यार दुलार में सब उन्हे आलू कहकर बुलाते थे. फिर क्या था आलू कहते-कहते यह उनका निक नेम ही बन गया.

आफताब शिवदासनी

हिंदी सिनेमा इंडस्ट्री में आफताब शिवदासनी का निक नेम सबसे क्यूट है. उनके करीबी दोस्त उन्हें फैफी कर कह कर पुकारते हैं.

श्रद्धा कपूर

श्रद्धा को उनके दोस्त चिरकुट कहते हैं. बेशक यह नाम जानकर उनके फैंस जरूर हैरान होंगे. बचपन के दोस्त और शानदार एक्टर वरुण धवन ने उन्हें यह निक नेम दिया था.

रणबीर कपूर

इस राकस्टार के दादा जी इसे गंगलू कहते थे. जबकि घर वाले आमतौर पर उन्हे डब्बू कहकर पुकारतें हैं. लेकिन वह मां के लिए रेमंड हैं. इसलिए उनकी मां रणबीर को रेमंड नाम से बुलाती हैं

सोनम कपूर

सोनम जितनी सुंदर हैं, उतनी प्यारी भी हैं. उनकी लम्बाई भी काफी अच्छी है. जिस वजह से उनके पिता उन्हें मजाक में कई बार उन्हें जिराफ कह कर पुकारते हैं.

ऐश्वर्या राय बच्चन

विश्व सुंदरी रही ऐश्वर्या को लोग ऐश तो कहते ही हैं पर इनका निकनेम गुल्लू है. आज भी कई बार लोग उन्हें प्यार से गुल्लू कह देते हैं.

शाहिद कपूर

चाकलेटी ब्वाय से लेकर हार्ड हिटिंग हैदर इमेज तक सफर तय करने वाले शाहिद को शाशा नाम से भी बुलाया जाता है. उनका यह निक नेम सुनने में थोड़ा गर्ली जरूर लगता है पर जब उनके करीबी उन्हें इस नाम से पुकारते हैं, तो यही लड़कियों जैसा नाम शाहिद के लिए बेहद ही प्यारा निक नेम बन जाता है.

ऋतिक रोशन

इंडस्ट्री से लेकर पूरी दुनिया में इनका नाम मशहूर है. फिर भी हम आपको इलका निकनेम बता ही देते हैं. ऋतिक रोशन का नाम डुग्गू है

प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा का निक नेम पिग्गी चाप्स हर कोई जानता होगा. उनका यह नाम अभिषेक बच्चन ने रखा गया, लेकिन बेहद कम ही लोगों को पता है कि उनका असली निक नेम मिमी और मिठ्ठू है.

सेलिना जेटली

एक्ट्रेस, माडल और एक्स-मिस इंडिया सेलिना को चिंकी नाम से पुकारा जाता है.

वरुण धवन

वरुण धवन अपने दोस्तों के बीच भले ही पप्पू न हो, लेकिन इनके मित्र उन्हें प्यार से पप्पू बुलाते हैं.

परिणीति चोपड़ा

परिणीति चोपड़ा जितनी टैलेंटेड, क्यूट और सुंदर एक्ट्रेस हैं. वह जितनी सुन्दर और प्यारी हैं उतना ही प्यारा उनका निक नेम है. सभी उन्हे तिशा कहकर बुलाते हैं.

अजय देवगन

मां अजय देवगन को राजू कहती थीं. जबकि पत्नी सिर्फ जे (J) नाम से बुलाती हैं.

अनुष्का शर्मा

अनुष्का का निकनेम उनके फुल नेम का नूशी वर्जन नूशी है.

अब कौल करने के लिए डायल नहीं करना पड़ेगा नंबर

गूगल ने अपने जीमेल में शानदार अपडेट दिया है. गूगल जीमेल यूजर्स के लिए नंबर लिंक करने का फीचर लेकर आया है. हालांकि ओएस फंक्शन में एंड्रायड और आईओएस में फोन नंबर लिंक करने का फीचर पहले से उपलब्ध है. लेकिन जीमेल के लिए यह फीचर बिलकुल नया है. इस फीचर की खासियत है की यह यूजर्स का समय बचाने के साथ-साथ उनका काम भी आसान कर देगा.

ईमेल से दूसरी एप्स और वेबसाइट्स पर किसी जानकारी को कौपी और पेस्ट करने में काफी समय बर्बाद होता है. तो यूजर्स इन टास्क को और भी बेहतर तरीके से कर पाएं, इसके लिए गूगल नया फीचर लेकर आया है.

कैसे करेगा काम

एंड्रायड पर जीमेल, आईओएस और वेब पर यह फीचर आज से उपलब्ध होगा. इसके तहत टेक्स्ट इंटरैक्टिव हाइपरलिंक में तब्दील हो जाएंगे.

अब आप एड्रेस पर क्लिक कर के ही उसे मैप पर ढूंढ पाएंगे. इसके लिए आपको एड्रेस मैप पर कौपी पेस्ट नहीं करना होगा.

इसी के साथ अगर आप मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो फोन नंबर के लिंक पर क्लिक करते ही डिफाल्ट फोन एप से कालिंग हो जाएगी. इसमें आप चाहे एंड्रायड या ओएस का इस्तेमाल कर रहे हों या वेब का, आपको एड्रेस और फोन नंबर हाइपरलिंक की तरह दिखेंगे.

इसी के साथ आपको बता दें, गूगल ने हाल में ही भारत में यूपीआई आधारित मोबाईल पेमेंट एप ‘तेज’ लौन्च कर दी है. इस एप से यूजर्स यूटिलिटी बिल से लेकर मूवी टिकट तक बुक करा पाएंगे.

ऐसा माना जा रहा है की गूगल ने अपने प्रतिद्वंदी अमेजन और फ्लिपकार्ट को टक्कर देने के लिए इस एप को पेश किया है. इसी के साथ पेटीएम जैसी कंपनी के लिए भी बड़ी टक्कर कही जा सकती है. तेज 55 भारतीय बैंक्स जैसे की एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एसबीआई को सपोर्ट करता है. यह एप अंग्रेजी समेत सात अन्य भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है. यह एंड्रायड और आईओएस दोनों ही यूजर्स के लिए उपलब्ध है.

कुलदीप की हैट्रिक और धोनी की स्टंपिंग, कुछ अनोखा था दूसरे मैच का खेल

भारतीय क्रिकेट टीम ने कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स पर आस्ट्रेलिया को चारों खाने चित करते हुए 50 रन से मात दी. टीम इंडिया ने टौस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 252 रन बनाए. मेजबान टीम पारी की आखिरी गेंद पर औलआउट हुई. जवाब में कंगारू बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए और पूरी टीम 43.1 ओवर में 202 रन पर ढेर हो गई. भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने दूसरे वनडे में दमदार प्रदर्शन किया. आइए नजर डालते हैं भारतीय खिलाड़ियों द्वारा बनाए गए अनोखे रिकार्ड्स पर.

चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की हैट्रिक

टीम इंडिया की नई स्पिन सनसनी कुलदीप यादव ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में हैट्रिक लेने की उपलब्धि हासिल की. वनडे में यह कीर्तिमान रचने वाले वह पहले भारतीय स्पिनर हैं.

कुलदीप यादव ने अपने कोटे के 8वें और आस्ट्रेलियाई पारी के 33वें ओवर की दूसरी, तीसरी व चौथी गेंद पर क्रमशः मैथ्यू वेड (2), एशटन आगर और पैट कमिंस को अपना शिकार बनाया.

भारत की ओर से कुलदीप से पहले वनडे क्रिकेट में सिर्फ दो तेज गेंदबाज कपिल देव और चेतन शर्मा के नाम ही यह उपलब्धि दर्ज थी. उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे 22 साल के कुलदीप दूसरे ऐसे गेंदबाज हैं, जिसने ईडन में वनडे में यह मुकाम हासिल किया है. चार जनवरी, 1991 को कपिल देव ने इसी ऐतिहासिक ग्राउंड में श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में हैट्रिक ली थी.

वहीं, चेतन शर्मा ने 1987 के विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में यह कारनामा किया था. कुलदीप हालांकि एक मामले में दोनों से आगे हैं. ईडन में औफ स्पिनर हरभजन सिंह के नाम भी हैट्रिक दर्ज है, हालांकि भज्जी ने 2000-01 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में लगातार तीन गेंदों में विकेट लिए थे.

हैट्रिक के मामले में एशियाई खिलाड़ियों का दबदबा

हैट्रिक लेने के मामले में एशियाई गेंदबाज सबसे आगे हैं. अभी तक वनडे मैचों में 43 हैट्रिक हो चुकी हैं, जिसमें से 24 बार एशियाई खिलाड़ियों ने हैट्रिक पूरी की है. पाकिस्तान और श्रीलंका के गेंदबाजों ने आठ-आठ हैट्रिक ली है, जबकि बांग्लादेश के गेंदबाज कुल मिलाकर पांच बार हैट्रिक लिए हैं. भारतीय गेंदबाजों ने तीन बार हैट्रिक ली है. श्रीलंका के लसिथ मलिंगा ने सबसे ज्यादा तीन बार हैट्रिक ली है, जबकि चामिंडा वास के नाम दो हैट्रिक हैं. पाकिस्तान के वसीम अकरम और सकलैन मुश्ताक के नाम दो-दो हैट्रिक हैं. 2017 में हैट्रिक लेने वाले सभी खिलाड़ी एशियाई हैं. 2017 में अभी तक तीन हैट्रिक हो चुके हैं और ये तीनों एशियाई खिलाड़ी हैं.

कैच आउट, रन आउट फिर भी नौट आउट रहे पांड्या

ईडन गार्डेस में भारतीय पारी के दौरान एक बेहद नाटकीय घटना घटी. 48वें ओवर में आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन की हाई फुलटास गेंद पर मेहमान टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने हार्दिक पांड्या का कैच लपक लिया, हालांकि स्मिथ भांप गए कि ऊंचाई के कारण इसे ‘नो बौल’ करार दिया जा सकता है, इसलिए उन्हें गेंद वापस केन रिचर्डसन की ओर फेंककर उन्हें क्रीज से निकल चुके पांड्या को रन आउट करने को आवाज लगाई. तब तक पांड्या खुद को कैच आउट मानकर पवेलियन की तरफ बढ़ चुके थे.

इसी बीच बारिश शुरू हो गई और मैच रोकना पड़ा. बाद में फील्ड अंपायर अनिल चौधरी और रिचर्ड इलिंगवर्थ ने आपस में विचार विमर्श कर इसे ‘नो बौल’ करार दिया. इसके बाद स्मिथ और रिचर्डसन ने पांड्या के रन आउट होने की अपील की. हालांकि, अंपायरों ने उनकी इस अपील को भी ठुकरा दिया. आपको बता दें कि इसके पीछे आईसीसी का एक नियम है.

चूंकि, पांड्या खुद को कैच आउट मानकर पवेलियन की तरफ बढ़ चुके थे, इसलिए उन्हें आईसीसी हैंडबुक के नियम 27.7 के मुताबिक रन आउट नहीं माना गया और कैच व रनआउट दोनों होने के बावजूद वह नौट आउट रहे. हालांकि, वह बाद में केन रिचर्डसन का शिकार बने.

धोनी की शानदार स्टंपिंग

ईडन गार्डेन में खेले गए दूसरे मैच में भले ही धोनी अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए लेकिन इनकी जादुई स्टंपिंग ने मैच का रुख बदल दिया.

इस मैच के एक ऐसा मौका था जब आस्ट्रेलियाई टीम लगातार स्कोर बना रही थी और 22वें में कोहली ने युजवेंद्र चहल के हाथ गेंदबाजी सौंप दी थी. लेकिन वह खिलाड़ियों पर ज्यादा हावी नहीं हो पाएं और ऐसे में धोनी ने मैच का रुख बदल दिया. चहल की गेंद पर दो छ्क्का लगाकर आत्मविश्वास से भरे मैक्सवैल अगली गेंद को क्रीज से आगे निकल गए लेकिन गेंद स्पिन होकर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में चली गई. इससे पहले मैक्सवेल कुछ समझते धोनी ने उन्हें आउट कर दिया था. मैक्सवेल समेत क्रिकेट फैंस धोनी की चुस्ती देखकर आश्चर्य में पड़ गए.

पता हो कि धोनी वर्ल्ड के एकमात्र विकेट कीपर हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 100 या इससे अधिक स्टंपिंग की हैं. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने अब तक 303 मैचों में कुल 102 स्टंपिंग की है.

टेस्ट के बाद वनडे में भी नंबर वन बनी टीम इंडिया

वेस्टइंडीज में शुरू हुआ टीम इंडिया की जीत का सिलसिला श्रीलंका से होते हुए भारतीय सरजमीं तक बदस्तूर जारी है. अगर इस दौरान कुछ बदला है तो वो है हारने वाली टीम. पांच मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में आस्ट्रेलिया को 50 रन से मात देकर वनडे क्रिकेट में लगातार आठवीं जीत दर्ज की और इसी के साथ आईसीसी वनडे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर भारतीय टीम पहले पायदान पर भी काबिज हो गई. लेकिन टेस्ट की तरह वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर बने रहने के लिए टीम इंडिया को कंगारुओं के खिलाफ चल रही सीरीज को 4-1 से अपने नाम करनी होगी.

भ्रष्टाचार के खिलाफ साथ आए अरविंद केजरीवाल और कमल हासन

राजनीति में आने के इच्छुक अभिनेता कमल हासन ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से गुरुवार को मुलाकात की. केजरीवाल ने कहा कि यह मुलाकात भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुटता प्रकट करने के लिए थी. हासन से मिलने के लिए केजरीवाल गुरुवार सुबह चेन्नई पहुंचे.

मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए हासन ने कहा, इस मुलाकात की वजहों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. लेकिन केजरीवाल से मुलाकात का एक ही मकसद है और वह है भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई. ऐसे में एक विचार रखने वाले लोगों के बीच बातचीत सामान्य प्रक्रिया है. उन्होंने कहा, मुलाकात के लिए केजरीवाल का चेन्नई आना उनके लिए सम्मान की बात है.

केजरीवाल ने कहा, हम सभी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं. ऐसे अहम समय में एक विचार रखने वाले लोगों को एकजुट होना चाहिए. उन्होंने कहा, मुलाकात के दौरान हमने तमिलनाडु की स्थिति पर चर्चा की. हम आगे भी मिलते रहेंगे.

मुलाकात के मायने

  1. केजरीवाल के लिए

कमल हासन के चेहरे के साथ दक्षिण में अपनी पार्टी का विस्तार कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को साधने की कोशिश कर सकते हैं. आप उन्हें दक्षिण में पूरी स्वतंत्रता दे सकती है.

  1. हासन के लिए

हासन राजनीतिक प्लेटफार्म तलाश रहे हैं. आप के जरिये उन्हें स्थापित तंत्र मिल सकता है. अटकल यह भी है कि हासन केजरीवाल से कम समय में ‘आप’ की सफलता के गुर जानना चाहते हों.

  1. राष्ट्रीय राजनीति के लिए

संभावना है कि वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के पहले देश में तीसरे विकल्प की चर्चाएं भी जोर पकड़ेंगी. ऐसे में केजरीवाल की हासन से मुलाकात के मायने ज्यादा व्यापक हो सकते हैं.

  1. तमिलनाडु की स्थिति मुफीद

आम आदमी पार्टी को लगता है कि तमिलनाडु में स्थापित राजनीतिक दलों के पास नेतृत्व का संकट है. जे. जयललिता की मौत के बाद अन्नाद्रमुक में गुटबंदी चरम पर है.

जियो बूस्टर पैक : अब आपको मिलेगा लिमिट खत्म होने के बाद एक्स्ट्रा डाटा

जियो अपने 309 रुपए और 399 रुपए वाले प्लान में यूजर्स को हर दिन 1 जीबी 4जी डाटा की सुविधा देता है. 1जीबी इस्तमाल करने के बाद हमारे फोन पर उसकी डाटा लिमिट काफी धीमी हो जाती है. जिसके कारण हमें काफी परेशानी होती है, लेकिन अब परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि अपने ऐसे यूजर्स के लिए रिलायंस जियो नया बूस्टर पैक लेकर आया है जो कि बिना किसी वैधता के साथ एक स्पेशल रिचार्ज प्लान हैं.

11 रुपए से लेकर 301 रुपये का जियो बूस्टर प्लान 10 जीबी तक का अधिक डाटा आफर करता है, जो कि आपकी पूरी वैधता के दौरान किसी भी दैनिक सीमा के बिना इस्तेमाल किया जा सकता है. बता दें कि यह प्लान आपकी मौजूदा प्लान की वैधता के अनुसार काम करता है.

क्या है जियो बूस्टर प्लान

11 रुपये का जियो बूस्टर पैक में यूजर्स को 100 एमबी डाटा 4जी की स्पीड में दिया जाता है. साथ ही इसमें 35 मिनट की वायस काल की सुनिधा भी दी गई है.

51 रुपये जियो बूस्टर पैक में 51 रुपए वाले पैक में यूजर्स को 1 जीबी डाटा 4जी की स्पीड में दिया जा रहा है. इसके साथ ही इसमें 175 मिनट की वायस कालिंग भी दी जाएगी.

91 रुपये का जियो बूस्टर पैक में यूजर्स को 2 जीबी डाटा 4जी की स्पीड में, साथ ही इसमें 325 मिनट की वायस कालिंग भी दी जा रही है.

201 रुपये का जियो बूस्टर पैक के साथ यूजर्स को 5 जीबी डाटा 4जी की स्पीड में दिया जाता है. इसके साथ ही इसमें 725 मिनट की वायस कालिंग भी दी जा रही है.

रिलायंस जियो के 301 रुपए के इस बूस्टर पैक में यूजर्स को 10 जीबी डाटा 4जी की स्पीड में दिया जाता है. साथ ही इसमें 1,000 मिनट की वायस कालिंग भी दी जा रही है.

ऐसे एक्टिवेट करें जियो बूस्टर पैक्स

जब आपको अतिरिक्त डाटा चाहिए, तो ऊपर दिए गए यह पैक कभी भी एक्टिवेट किए जा सकते है. इसे एक्टीनेट करने के लिए सबसे पहले अपने मोबइल पर माय जियो ऐप खोले. वहां पेज के ऊपर ‘माय रिचार्ज’ के अंतर्गत दिये गये डाटा बूस्टर आप्शन को सेलेक्ट करें. यहां आप सभी एड-आन पैक्स को देख सकते हैं. इसमें से आप अपने हिसाब से कोई भी प्लान सेलेक्ट कर लें. इसके बाद आपको पेमेंट गेटवे पर ले जाया जाएगा. आप अपने बैंक अकाउंट, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या पेमेंट वालेट के माध्यम से पेमेंट कर सकते हैं. पेमेंट करने के बाद रिचार्ज हो जाएगा और एड-आन पैक तुरंत एक्टिवेट हो जाएगा.

बिग बौस 11 की पहली कंटेस्टेंट बन सकती है ये विदेशी मौडल

‘बिग बौस’ सीजन 11 अब कुछ ही दिनों में शुरू होने वाला है. जैसे जैसे तारीख नजदीक आ रही है, वैसे वैसे दर्शक शो में हिस्सा लेने वाले कंटेस्टेंट के बारे में जानने के लिए बेकरार हो रहे हैं.

इस बार ‘बिग बौस’ एक नई रणनीति के साथ सामने आया है. कंटेस्टेंट्स के नाम सीधे बताने के बजाए उनकी ब्लैक एंड वाइट तस्वीर दिखायी जा रही है और दर्शकों को उसे पहचानने के लिए कहा जा रहा है.

चैनल ने पहली तस्वीर जो शेयर की है, वो टर्किश मौडल हलीमा मतलूब का है. उन्होंने इस शो में आने के लिए हामी भर दी है. दूसरे कंटेस्टेंट यूट्यूब सेन्सेशन और कामेडी स्टार हर्ष बेनीवाल हैं.

‘बिग बौस’ ने ट्विटर पर दोनों की तस्वीर शेयर कर लोगों से पहचानने को कहा है.

हमीला मतलूब के बारे में ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है. कोई इन्हें तुर्की की लेखिका बताता है, तो कोई इंग्लैंड में बसी पाकिस्तानी मौडल. ट्विटर पर भी लोग इन्हें जानने के लिए उत्सुक दिख रहे हैं.

इस साल यह शो 1 अक्टूबर को शुरू होगा. कलर्स पर यह शो सोमवार से शुक्रवार 10-11 बजे और शनिवार और रविवार 9-10 बजे तक प्रसारित किया जाएगा.

पिछले बार की तरह इस बार भी शो में सिलेब्स के साथ आम आदमी आएंगे. कहा जा रहा है कि इस बार आम आदमी को शो के लिए पैसे नहीं दिए जाएंगे और उन्हें अपने परिवार के साथ शो में आना होगा. इस साल दो घर होंगे, जहां कंटेस्टेंट्स को टास्क जीतकर लग्जरी लाइफ जीने का मौका मिलेगा.

रिपोर्टस के मुताबिक शो में ये सिलेब्स भी नजर आ सकते हैं.

अभिषेक मलिक

किसी हैंडसम हंक के बिना तो बिग बौस अधूरा है. लड़कियों के साथ रोमांस करने वाला भी तो कोई होना चाहिए. अभिषेक मिस्टर दिल्ली रह चुके हैं और रिएलिटी शो ‘स्पलिस्ट्सविला’ में भी नजर आ चुके हैं. आजकल वो ‘एक विवाह ऐसा भी’ में दिखते हैं.

पर्ल वी पुरी

आगरा के पर्ल ने स्टार प्लस के शो ‘फिर भी दिल ना माने बदतमीज दिल’ से करियर की शुरुआत की थी. उस समय उनकी को-स्टार अष्मिता सूद के साथ उनके लिंक अप की खबरें आती थी. उसके बाद पर्ल ने जीटीवी का सीरियल ‘सासू मां’ किया. जहां उनकी को स्टार हीबा नवाब के साथ उनके अफेयर की खबरें आने लगी. उसके बाद उन्होंने लाइफ ओके का शो ‘नागार्जुन’ किया, जहां को स्टार करिश्मा तन्ना से उनका नाम जोड़ा गया.

सना सईद

‘कुछ कुछ होता है’ में शाहरुख खान की बेटी अंजलि के रोल मे दिखी सना ने 2008 में सीरियल ‘लो हो गई पूजा इस घर की’ में काम किया था. उसके बाद वो ‘स्टूडेंट औफ द ईयर’ में भी नजर आई थीं.

अब सेंट्रल दिल्ली में भी होगा ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’

सेंट्रल दिल्ली में नए सिरे से विकसित हो रहे नौरोजी नगर के कमर्शियल हब को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नाम से जाना जाएगा. नौरोजी नगर में पहले सरकारी कर्मयारियों के लिए फ्लैट बने हुए थे, जिसे अब नए सिरे से विकसित किया जा रहा है. नए स्वरूप में यहां फ्लैट के अलावा कमर्शियल हब भी बनाए जाएंगे. इस परियोजना का जिम्मा सरकारी कंपनी एनबीसीसी को सौंपा गया है.

नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अनूप कुमार मित्तल ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि न्यूयार्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से लाइसेंस लिया गया है, जिसके बाद ही नौरोजी नगर के कमर्शियल हब को नया नाम देने का फैसला किया गया. यहां 32 लाख स्क्वैयर फीट पर 12 कमर्शियल टावर बनाए जाएंगे. यह दुनिया की चौथा सबसे बड़ा आफिस स्पेस होगा, जो वर्ष 2020 तक बनकर तैयार हो जाएगा.

उन्होंने यह भी बताया कि ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नाम का उपयोग करने का लाइसेंस तभी मिलता है जब कोई स्ट्रक्चर आफिस, काम्प्लेक्स, रिटेल स्पेस, आडिटोरियम, फूड कोर्ट और कान्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाओं के पैमाने पर खरा उतरता हो. यहां किराए पर जगह लेने वाले को दुनियाभर के किसी भी डब्ल्यूटीसी काम्प्लेक्स में आयोजित किसी खास मौके पर डिस्काउंट रेट पर जगह लेने की सुविधा मिलेगी और यहां आफिस लेने से कंपनी की प्रतिष्ठा बढ़ेगी.’

अनूप मित्तल ने बताया कि 90 से भी ज्यादा देशो में 300 से ज्यादा वर्ल्ड ट्रेंड सेंटर खुले हुए हैं और अब डब्ल्यूटीसीए ने भारत में 21 व‌र्ल्ड ट्रेड सेंटर बनाने की मंजूरी दे दी है. देश में पहला वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई में खोला गया. इनके अलावा चार नोएडा, बेंगलुरु, पुणे व कोच्चि में बन चुके हैं, जबकि छठा दिल्ली में बनेगा. नवरात्र के दौरान एनबीसीसी गुरुग्राम में करीब 700 तैयार फ्लैट्स लांच करेगा, तो लोनी में भी एक रिहायशी प्रोजेक्ट लांच करने पर विचार किया जा रहा है. नौरोजी नगर में भी कुछ दुकानें लांच होंगी. प्रगति मैदान का नवीनीकरण कार्य शुरू हो गया है और यह सितंबर 2019 तक पूरा हो जाएगा. प्रगति मैदान के पीछे दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा. एनबीसीसी नौरोजी नगर और नेताजी नगर के अलावा सरोजिनी नगर, कस्तूरबा नगर, त्यागराज नगर, मोहम्मदपुर और श्रीनिवासपुरी का भी पुनर्विकास कर रहा है.

इनमें से चार कालोनियों में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की भी भूमिका होगी. उन्होंने हंगरी और पोलैंड की तकनीक से एफोर्डेबल मकान बनाने की भी बात कही. इन विदेशी तकनीक से बने मकान सामान्य घरों से 20 से 25 फीसद तक सस्ते होंगे. इस दिशा में काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है.

चाहिए सस्ता पेट्रोल और डीजल तो अपनाएं ये उपाय

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ गया है. पेट्रोल-डीजल की कीमतें पिछले तीन साल के ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं. मुंबई में जहां पेट्रोल की कीमतें 80 रुपये तक पहुंच गई हैं वहीं, दिल्ली में पेट्रोल 70 रुपये के करीब पहुंच गया है. लगभग देश के सभी कोनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों का यही हाल है.

लेकिन आप चाहें तो पेट्रोल-डीजल की वास्तविक कीमत से कम में यह ईंधन ले सकते हैं. सरकार ने खुद इसका तरीका बताया है. अगर आप सरकार के बताए तरीके को अपनाएंगे तो आपको पेट्रोल-डीजल दूसरों के मुकाबले सस्ता पड़ेगा.

दरअसल सस्ता पेट्रोल और डीजल पाने के लिए आपको सिर्फ अपने भुगतान करने का तरीका बदलना होगा. आपको कैश की जगह कैशलेस ट्रांजैक्शन करना होगा.

जब भी आप कैशलेस ट्रांजैक्शन करेंगे आपको पेट्रोल-डीजल की कीमतों में छूट मिलेगी. जानें कैसे आपको यह छूट मिलेगी और कितने रुपये तक आपको डिस्काउंट मिलेगा.

केंद्र सरकार के उपक्रम डिजिटल इंडिया के ट्व‍िटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में बताया गया है कि अगर आप भीम ऐप से पेमेंट करते हैं, तो आपको पेट्रोल-डीजल की कीमतों में डिस्काउंट मिलेगा.

इस ट्वीट के मुताबिक भीम ऐप से पेमेंट करेंगे, तो आपको प्रति लीटर पेट्रोल 49 पैसे का डिस्काउंट मिलेगा. वहीं, एक लीटर डीजल पर आपको 41 पैसे की छूट मिलेगी.

अगर आप भीम ऐप का यूज नहीं करते तो एक दूसरा तरीका भी है. वो है डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने का.

केंद्र सरकार ने कैशलेस ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए एक इंसेंटिव प्रोग्राम चलाया है. इसके तहत अगर आप पेट्रोल-डीजल के लिए कैशलेस ट्रांजैक्शन करते हैं, तो आपको 0.75 फीसदी प्रति लीटर की छूट मिलती है.

भले ही यह छूट बहुत छोटी हो, लेकिन कुछ न मिलने से बेहतर है कि कुछ मिल जाए. इस छूट का फायदा आपको भले ही 1 या 2 लीटर पेट्रोल-डीजल की खरीद में न मिले, लेकिन जब आप ज्यादा मात्रा में खरीदते हैं, तो आपको इसका फायदा नजर आ सकता है.

इसलिए आप कैश में पेमेंट छोड़कर भीम ऐप का यूज कर ये छूट पा सकते हैं. यदि आप भीम ऐप इस्तेमाल नहीं करते, तो डेबिट और क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने का औप्शन भी आपके पास है और इसका फायदा आप सिर्फ अभी नहीं, बल्कि हमेशा लेते रह सकते हैं.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें