Download App

कौन कहता है कि तीरंदाजी बच्चों का खेल नहीं है..!

पूत के पाव पालने में दिख जातें हैं ये कहावत तो आपने सुनी ही होगी, लेकिन यह कई बार सच भी हो जाता है. कई बच्चे ऐसे होते हैं जिनकी प्रतिभा उनकी छोटी उम्र में ही दिख जाती है.

निशानेबाजी बच्चों का खेल नहीं होता है. धुआंधार तीरंदाज अक्सर यह बात कहते हैं. लेकिन आंध्र प्रदेश में एक पांच साल की बच्ची ने इस बात को सही साबित किया है. तीर कमान और निशाने लगाना उसके लिए खेल जैसे ही हैं. चेरूकुरी डौली शिवानी (5) विजयवाड़ा में अपने परिवार संग रहतीं हैं. उन्होंने बीते रविवार को निशानेबाजी में दो रिकौर्ड बनाए हैं. इन कारनामों के साथ उन्होंने अपना नाम इंडिया बुक औफ रिकौर्डस और एशियन बुक औफ रिकौर्डस में दर्ज कराया है.

 

उन्होंने पहले मौके में 11 मिनट और 19 सेकेंड्स में 10 मीटर की दूरी पर 103 तीर बतौर शौट्स चलाए. वहीं दूसरे रिकौर्ड के लिए उन्होंने 20 मीटर की दूरी पर पांच मिनट आठ सेकेंड्स में 36 तीर दागे. जिससे 360 में उसे 290 प्वौइंट्स हासिल हुए. शिवानी ये कारनामे करने से पहले भी निशानेबाजी में अपना जौहर दिखा चुकी हैं. साल 2015 में उन्होंने सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज बनने का रिकौर्ड बनाया था. तब उनकी उम्र महज तीन साल थी और उन्होंने पांच और सात मीटर की दूरी वाले गेम्स में 200 प्वौइंट्स अपने नाम किए थे.

 

अब उनका सपना 2024 में होने वाले ओलंपिक्स में भारत का परचम लहराने का है. जिसके लिए वह अभी से कमर कसे हुए हैं. फिलहाल वह विजयवाड़ा की ‘द वोल्गा आर्चरी एकैडमी’ में उसके लिए तैयारियों में जुटी हैं. पिता चेरूकुरी सत्यनारायण ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया कि 2024 के ओलंपिक खेलों तक शिवानी 13 साल की हो जाएगी. हमारा उद्देश्य उसे तब के लिए तैयार करना है. हमें उसके लिए एक बेहतरीन कोच की जरूरत है, जो उसे शानदार तकनीक सिखा सके. उन्हें मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से इस मामले में मदद की उम्मीद है.

अब वरुण धवन ने इस तरह दिया गोविंदा को जवाब

बौलीवुड में शुरू से ही कमतर अभिनय प्रतिभा के बावजूद वह कलाकार हमेशा सर्वाधिक व्यस्त नजर आते रहे हैं, जिनमें अच्छे इंसान के गुण रहे हैं. जो फिल्मकारों व सह कलाकारों के साथ अच्छे ढंग से व्यवहार करते रहे हैं. मगर इन दिनों तो जरा सी शोहरत पाते ही कलाकार खुद को खुदा समझ कर दूसरों पर निम्न स्तर का कीचड़ उछालने लगते हैं, परिणामतः प्रतिभाशाली होते हुए भी इनकी फिल्में बाक्स आफिस पर मुंह के बल गिर रही हैं.

इसका ताजातरीन उदाहरण कंगना रानौट हैं. कंगना ने फिल्म ‘‘रंगून’’ के समय कुछ लोगों को गालियां बकी, उसके बाद इस फिल्म ने बाक्स आफिस पर पानी नही मांगा. फिर कुछ दिन पहले अपनी फिल्म ‘‘सिमरन’’ को प्रमोट करते हुए कंगना और उनकी बहन रंगोली ने जिस तरह से अति निचले स्तर पर उतरते हुए दूसरों पर कीचड़ उछाला, उसके बाद ‘सिमरन’ का बाक्स आफिस पर बहुत बुरा हश्र हुआ. बौलीवुड में कहा जा रहा है कि यदि कंगना ने अपने आपको नही सुधारा, तो वह दिन दूर नहीं, जब उनका करियर खत्म हो चुका होगा.

बौलीवुड में आम चर्चाएं यह भी है कि गोविंदा का करियर भी उनके गलत व्यवहार की वजह से डूबा. जब तक गोविंदा में विनम्रता रही, तब तक उनका करियर उंचाईयों पर जाता रहा, पर जैसे ही वह अहम के शिकार होकर लोगों के साथ बदतमीजी करने पर उतारू हुए, वैसे ही उनके करियर का पतन शुरू हो गया. कुछ समय तक गुमनामी में रहने के बाद खुद बतौर निर्माता व अभिनेता फिल्म ‘‘आ गया हीरो’’ से पुनः वापसी की, तो उन्होने पुनः वही गलतियां दोहरायी. गोविंदा ने अपनी फिल्म ‘‘आ गया हीरो’’ को प्रमोट करते हुए निर्देशक डेविड धवन व अभिनेता वरूण धवन के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली. उस वक्त डेविड धवन व उनके बेटे वरूण धवन चुप रहे. मगर जब फिल्म ‘‘आ गया हीरो” प्रदर्शित हुई, तो बाक्स आफिस पर यह फिल्म चारों खाने चित हो गयी.

इस बात को लगभग एक साल हो गया. मगर अपने इस कृत्य का खामियाजा गोविंदा को आज भी भुगतना पड़ रहा है. जी हां! विनम्र स्वभाव के डेविड धवन व वरुण धवन ने भले ही उस वक्त गोविंदा पर पलटकर वार न किया हो, पर उन्होने गोविंदा को माफ कर दिया हो, ऐसा भी नहीं है. अब गोविंदा को इसका जवाब फिल्म ‘‘जुड़वा 2’’ से दिया गया है.

जी हां! बतौर निर्देशक डेविड धवन अब सफलतम फिल्म ‘‘जुड़वा’’ का सिक्वअल ‘‘जुड़वा 2’’ लेकर आ रहे हैं, जिसमें वरुण धवन के साथ जैकलीन फर्नाड़िस और तापसी पन्नू ने अभिनय किया है. इस फिल्म का गीत ‘‘टन टना टन’’ बाजार में आ चुका है और जिसने भी इस गीत को सुना, वह समझ गया कि किस तरह डेविड धवन व वरुण धवन ने गोविंदा के साथ दुश्मनी का इंतजाम खुलेआम कर दिया है.

वास्तव में यह गीत पुरानी फिल्म ‘जुड़वा’ से ही है. पुराने गीत में ‘‘गोविंदा है हीरो और माधुरी है हीरोईन’’ पंक्ति है, मगर ‘‘जुड़वा 2’’ के गीत में यह पंक्ति नहीं है. यानी कि गोविंदा का नाम हटा दिया गया.

खैर, देखना यह है कि अब गोविंदा की तरफ से किस तरह की प्रतिक्रिया आती है.

तो क्या अभिषेक बच्चन ने छोड़ दी जे पी दत्ता की फिल्म ‘‘पलटन’’..?

मशहूर फिल्मकार जे पी दत्ता की बेटी निधि दत्ता के खुलासे ने हर किसी को हैरान कर दिया है. इस खुलासे के अनुसार जे पी दत्ता के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘‘पलटन’’ की शूटिंग शुरू होने से महज 24 घंटे पहले अभिषेक बच्चन ने इस फिल्म से खुद को निजी कारण बताते हुए अलग कर लिया है. फिल्म ‘‘पलटन’’ से अभिषेक बच्चन के अलग होने की खबर से लोगों के हैरान व आश्चर्यचकित होने की अपनी वजहे हैं.

वास्तव में 2014 में प्रदर्शित शाहरुख खान के साथ मल्टी स्टारर फिल्म ‘‘हैप्पी न्यू ईअर’’ के बाद से अभिषेक बच्चन की एक भी फिल्म बौक्स औफिस पर सफलता के झंडे नहीं गाड़ सकी. इतना ही नहीं 2016 में प्रदर्शित असफल फिल्म ‘‘हाउसफुल 3’’ के बाद उन्हे एक भी फिल्म नहीं मिली. फिलहाल अभिनेता के तौर पर अभिषेक बच्चन बेरोजगार हैं.

पिछले दिनों उन्हें संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘‘गुस्ताखियां’’ से भी बाहर होना पड़ा. ऐसे में अचानक अभिषेक द्वारा ‘पलटन’ को छोड़ने के निर्णय से लोग आश्चर्यचकित है. ज्ञातब्य है कि लगभग एक साल पहले अभिषेक बच्चन ने ही सबसे पहले फिल्म ‘पलटन’ का पोस्टर जारी करते हुए ट्वीटर पर लिखा था-‘‘ब्रदर टू माई लेफ्ट,ब्रदर टू माई राइट,टुगेदर वी स्टैंड,टुगेदर वी फाइट!आई एम पार्ट आफ पलटन,आर यू?’’

इतना ही नहीं अभिषेक बच्चन को सन् 2000 में फिल्म ‘‘रिफ्यूजी’’ से जे पी दत्ता ने ही बौलीवुड में ब्रेक दिया था. उसके बाद जे पी दत्ता ने अपनी फिल्मों ‘एलओसी कारगिल’ व ‘उमराव जान’में अभिषेक बच्चन को अभिनय करने का अवसर दिया था. जब फिल्म ‘पलटन’ शुरू हुई थी. तब बौलीवुड में कहा गया था कि जब अभिषेक बच्चन का अभिनय करियर खत्म हो रहा है, तो एक बार फिर उनके करियर को संवारने का जिम्मा जे पी दत्ता ने ही उठाया है.

उस वक्त भी अभिषेक बच्चन ‘पलटन’ के साथ जुड़े रहे. अब एक साल बाद जब फिल्म की शूटिंग शुरू हो रही है, तो भी अभिषेक बच्चन के पास एक भी फिल्म नहीं है, इसके बावजूद 24 घंटे पहले उन्होंने फिल्म से खुद को अलग करने का निर्णय क्यों लिया. इससे जे पी दत्ता को कितना नुकसान होगा, इस बारे में भी अभिषेक ने क्यों नहीं सोचा, यह कई सवाल है,जिनके जवाब शायद आने वाले वक्त में ही मिले.

बहरहाल निधि दत्ता ने कहा है- ‘‘अभिषेक अब ‘पलटन’का हिस्सा नही है, उन्होने निजी कारणों से फिल्म छोड़ दी है. यह हमारे लिए धक्का दायक है. क्योंकि टीम के लद्दाख जाने के 24 घंटे पहले यह हुआ है. सेना के अधिकारियों के साथ शूटिंग करने के लिए हम पहले ही अपनी पूरी युनिट क्रू मेंबर व कलाकारों को लद्दाख पहुंचा चुके हैं. जल्द ही नए कलाकार के नाम का खुलासा होगा.’’

अब जग्गी बाबा करेंगे मध्य प्रदेश का कल्याण

एक दफा नशे की लत भले ही छूट जाये पर बाबाओं की लागी नहीं छूटती. बाबा यत्र तत्र सर्वत्र हैं. एक बाबा मार्केट से बाहर होता नहीं कि दस नए अवतरित हो जाते हैं, इनमें से भी जिन्हें राजाश्रय मिल जाता है उन्हें अपनी बाबागिरी साबित करने न तो यह बताना पड़ता कि उन्होंने कितने हजार साल हिमालय पर तपस्या की है और न ही यह कि साक्षात शंकर ने प्रगट होकर त्राहि त्राहि कर रहे मानव समाज का कल्याण करने धरती पर जाने कहा है.

ऐसे ही एक नवोदित बाबा हैं सद्गुरु जग्गी वासुदेव जिनके दर्शन मात्र से ही लगता है कि हो न हो वे भी कल्याण के लिए ही अवतरित हुये हैं. इन जग्गी बाबा के चेहरे से भी नूर बरसता है. वे बड़ी भली भली बातें करते हैं लेकिन उनकी विशेषज्ञता और दिलचस्पी नदियों में ज्यादा हैं. वे मोह माया और मोक्ष के चलताऊ उपदेश या प्रवचन नहीं करते. सांवले चेहरे पर श्वेत धवल दाढ़ी उनकी त्रेता और द्वापर के ऋषि मुनियों की सी छवि प्रस्तुत करती है तो लोग खामखा ही भाव विभोर हो उठते हैं और साष्टांग होते पुराने कलुष धो लेते हैं कि यही हैं वे बाबा जिनकी सदियों से प्रतीक्षा थी अब तक का फर्जीवाड़ा भुलाने ही इन्हें भेजा गया है.

ईशा फाउंडेशन के संस्थापक ये बाबा नदियों के संरक्षण पर जोर देते हैं और इस नेक काम के लिए अंगरेजी में एक मुहिम रैली फॉर रिवर्स चला रहे हैं. उनका यह विरला कल्याणकारी अभियान टांय टांय फिस्स होकर रह जाता अगर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नजर उन पर पड़ने से चूक जाती. मीडिया नाम के जहाज पर सवार जग्गी बाबा दक्षिण तरफ से भ्रमण करते मध्य प्रदेश आए तो शिवराज सिंह की बांछें खिल उठी, उनकी तलाश पूरी जो हो गई थी. दोनों की आंखें चार हुईं और देखते ही देखते दो सितारों का जमीन पर मिलन हो गया.

Jaggi Vasudev

एक दशक से भी ज्यादा वक्त से सूबे की हुकूमत चला रहे संत प्रेमी शिवराज के चेहरे पर आती सलवटें आला अफसरों ने देखीं तो फिर देखते ही देखते राज्य में ढिंढोरा पिट गया कि बस अब इंतजार की घड़ियां समाप्त हुईं, एक सद्गुरु आ गए हैं. अब वे प्रदेश का विधिवत कल्याण करेंगे और देखते ही देखते ही जग्गी बाबा नर्मदा नदी के कुछ घाटों पर अपने चरण रखने के पश्चात सीधे सीएम हाउस जा पहुंचे, जहां पूरे आदर सत्कार से बैठाल कर सीएम ने सपत्नीक उनकी जितनी हो सकती थी उससे भी ज्यादा खातिर की.

इस खातिरदारी के बिल जल्द ही सरकारी खजाने में पहुंच जाएंगे. लोग कहीं नर्मदा सेवा परिक्रमा को भूल न जाएं, इसलिए मेहमान और मेजबान दोनों ने नदियों के गिरते (जल) स्तर पर चिंता जताई, पेड़ पौधों यानि वृक्षारोपण की महत्ता बताई और जमकर एक दूसरे की तारीफों में ऐसे कसीदे गढ़े कि भांड भी शर्मा जाए. फिर बाबा मुख्यमंत्री के गृह नगर विदिशा गए, जहां उनके ही बनवाए गणेश मंदिर पर जादू के जोर से हजारों श्रद्धालु पहले से ही मौजूद थे. जग्गी बाबा खूब खुश हुये और फिर शिवराज की प्रशंसा की. इस तरह जनता के करोड़ों रुपए फूंक देने मात्र से नदियों का संरक्षण सम्पन्न हो गया.

Jaggi Vasudev

शिवराज सिंह ने बाबा की कार ड्राइविंग की तारीफ की और बाबा ने उनके सरकार चलाने के तौर तरीकों की. इस पूरे ड्रामे या अनुष्ठान में चिंता की एकलौती गंभीर बात शिवराज सिंह का लगातार बाबाओं पर आश्रित होते जाना है. जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे वैसे वे विकट के अंधविश्वासी भी होते जा रहे हैं जिसका खामियाजा भुगतने आम जनता को तैयार रहना चाहिए. कोई कानून तो दूर की बात है, आम जागरुकता की कमी इस तरह आ रही है कि कोई नहीं पूछता कि सरकारी जलसों और अभियानों में बाबा किस हैसियत से बुलाकर पूजे और पूछे जाते हैं, जनता ने तो इन्हें नहीं चुना. रही बात राज्य सरकार के अधिकारों की तो हाल में ही कोलकाता हाइकोर्ट बहुत तल्खी से कह चुका है कि राज्य सरकार के अधिकार असीमित नहीं हैं, इत्तफाक से वह प्रसंग भी धर्म से ताल्लुक रखता हुआ था.

त्योहारों के मौसम में अपनाएंगे ये उपाय तो नहीं होगी पैसै की कमी

पूरे देश भर में त्योहारों के मौसम की शुरुआत हो चुकी है. इस त्योहारी मौसम में सबसे ज्यादा पैसा खर्च होता है और आपका बजट बिगड़ जाता है. ऐसे मौके पर हमें अपने दोस्तों से, रिश्तेदारों के आगे हाथ फैलाना पड़ता है. लेकिन कई बार पैसों के कारण रिश्तों में दरार आ जीती है. ऐसे में सबसे अच्छा उपाय है लोन लेना. लोन लेकर आप अपने आप घर के बिगड़े बजट को सही कर सकते हैं. तो चलिए आज हम आपको बताने जा रहे हैं लोन लेने के 5 तरीके, जिनका इस्तेमाल करके आप त्योहारी सीजन में अपनी पसंद की खरीददारी आसानी से कर सकते हैं.

क्रेडिट कार्ड से पैसों की निकासी

अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड की सुविधा है तो फिर ये सबसा अच्धा माध्यम है जिससे तुरंत कैश मिल सकता है. आमतौर पर लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल केवल शौपिंग के लिए करते हैं, लेकिन वक्त पड़ने पर आप इसका लाभ कैश निकालने के लिए भी कर सकते हैं. आप अपनी कार्ड लिमिट का 80 फीसदी तक अमाउंट एटीएम के जरिए निकाल सकते हैं. हालांकि इसपर आपको 3 फीसदी तक ब्याज और इतनी ही ट्रांजेक्शन फीस लगेगी.

प्रापर्टी के एवज में लोन

अब अपनी प्रापर्टी के बदले भी लोन ले सकते हैं. इसका इस्तेमाल आप तब करें, जब लोन का अमाउंट ज्यादा हो और आपके घर की मार्केट वैल्यू भी अच्छी हो. आप 5 लाख से लेकर 10 करोड़ रुपये तक का लोन ले सकते हैं. लोन का पीरियड 2 से 15 साल के बीच होगा. आप अपनी कमर्शियल और आवासीय दोनों तरह की प्रापर्टी का इस्तेमाल लोन के लिए कर सकते हैं. बैंक आपको प्रापर्टी की वैल्यू का 65 फीसदी तक लोन दे सकती है.

होम लोन पर टौप अप

अगर आपने पहले से होम लोन लिया हुआ है तो आप 20 साल के पीरियड के लिए 50 लाख तक का लोन ले सकते हैं. यह औप्शन तभी काम करता है, जब आप लगातार कुछ सालों तक होम लोन का रिपेमेंट कर चुके हैं. बैंक भी आपको तीन दिन के अंदर लोन प्रोसेस कर देंगे, क्योंकि उनके पास पहले से ही आपके सारे डाक्युमेंट मौजूद होते हैं. इसके साथ सबसे बड़ा निगेटिव पाइंट ये ही है कि डिफाल्ट होने पर आपको बहुत ज्यादा पैसा अतिरिक्त देना होगा.

कोहली ने रातोंरात पांड्या को बना दिया सुपरस्टार, यकीन नहीं आता तो देखें वीडियो

पांच वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया ने आस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हरा दिया. इसी जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

आस्ट्रेलिया ने टौस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एरान फिंच (124) के शतक और कप्तान स्टीव स्मिथ (63) की पारियों के दम पर पूरे 50 ओवर खेलते हुए छह विकेट के नुकसान पर 293 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. भारत ने 294 के लक्ष्य को हार्दिक पांड्या (78) रोहित शर्मा (71) और अजिंक्य रहाणे (70) की बेहतरीन पारियों के बूते 47.5 ओवरों में ही पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया.

इंदौर वनडे में हार्दिक पंड्या ने 72 गेंदों में 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली. कप्तान विराट कोहली उनके इस प्रदर्शन से बेहद खुश हैं. सीरीज के तीसरे वनडे में आस्ट्रेलिया पर 5 विकेट से जीत के बाद विराट ने पंड्या की जमकर तारीफ की. उन्होंने न सिर्फ मैच के बाद इंटरव्यू में पंड्या को टीम इंडिया की जीत का हीरो बताया, बल्कि रात में ही सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर पंड्या को ‘सुपरस्टार ‘ कहा.

इस वीडियों में विराट अपने फैंस के सामने पंड्या को लाते हैं. मैन औफ द मोमेंट, मैन औफ द मैच कहकर पंड्या का स्वागत करते हैं. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका दिए जाने पर पंड्या से पूछते हैं, वे कैसा महसूस कर रहे हैं. पंड्या बल्लेबाजी में ऊपर भेजे जाने पर खुशी जताते हैं. इस दौरान विराट उनकी खुलकर तारीफ करने से पीछे नहीं हटते.

मजाक करते हुए पंड्या से नए आईपीएल कान्ट्रैक्ट की बात करते हैं लेकिन पंड्या पहले तो हां करते हैं, लेकिन बाद में हंसते हुए टालते हैं. विराट आगे कहते हैं इस सीरीज जीत से हम बेहद खुश हैं. पंड्या ने हमें सीरीज के तीन में से दो मैच जितवाए. वे वाकई सुपरस्टार हैं.

उल्लेखनीय है चेन्नई वनडे में भी पंड्या मैन औफ द मैच रहे थे. तब उन्होंने औल राउंड प्रदर्शन करते हुए 83 रन बनाने के अलावा दो विकेट भी झटके थे. इससे पहले विराट ने कहा था कि पंड्या को नंबर 4 पर प्रमोट करने का फैसला हेडकोच रवि शास्त्री का था. पंड्या जैसे खिलाड़ी की हमें पिछले 5-6 साल से तलाश थी. वह एक विस्फोटक औलराउंडर हैं.

इंदौर वनडे मैच के दौरान मनीष पांडे ने बाउंड्री लाइन पर एक जबरदस्त कैच लेकर सभी को हैरान कर दिया. इसे देखकर आप दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे. पांडे ने इस कैच को सीमा रेखा के पास लपककर बाहर जाती हुई गेंद को अपने हाथों में कैद कर लिया और पीटर हैंडसकंब को मैदान से चलता कर दिया और जस्प्रीत बुमराह के खाते में एक और विकेट जमा करा दिए.

दरअसल मैच के 47वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हैंड्सकंब ने एक जबरदस्त शौट खेलकर गेंद को हवा में उछाल दिया. गेंद बाउंड्री लाइन के पार जा रही थी, तभी मनीष पांडे ने उछलकर गेंद को अपने हाथों में कैद कर लिया. हालांकि इस दौरान उनका बैलेंस बिगड़ गया और वह बाउंड्री लाइन के पार जाने लगे. तभी उन्होंने गेंद को हवा में उछाल दिया और इससे पहले कि गेंद जमीन को छूती, मनीष ने मैदान में वापस आकर गेंद लपक ली.

आप भी देखें ये वीडियो.

अगर आपके फोन में आ गया है वायरस, तो इस तरह करें डिलीट

क्या आपका एंड्रौयड फोन अचानक काफी धीमा चलने लगा है. या फिर काफी अधिक डाटा का इस्तेमाल करने लगा है. लेकिन आपको फोन की इस दिक्कत का कारण समझ नहीं आ रहा है. बता दें कि, आपके फोन की इस समस्या का कारण कोई एप हो सकता है, जो मैलवेयर या रैनसमवेयर जैसे वायरस के साथ आया है.

असल में औनलाइन कुछ ऐसी एप मौजूद हैं जो धोखे से आपके फोन में वायरस को पहुंचाती हैं. इसके बाद ये एप आपके फोन से डाटा चोरी करतें हैं. यदि आप भी इस तरह की समस्या से जूझ रहे हैं तो हम इस रिपोर्ट में आपको इसका समाधान बताते हैं. यहां हम आपको बताएंगे कि एंड्रौयड मैलवेयर का पता कैसे लगाएं और इसे फोन से कैसे हटाएं.

पहले फोन को बंद करें

डिवाइस में मैलवेयर के अटैक का पता चलते ही फोन के पावर बटन को प्रेस कर फोन को पूरी तरह से औफ कर दें. फोन को बंद करने से ये मैलवेयर फोन में मौजूद दूसरी एप्स को नुकसान नहीं पहुंचा सकते. साथ ही, फोन औफ होने से मैलवेयर अपने नजदीकी नेटवर्क का उपयोग नहीं कर पाएगा. इसके अलावा, फोन में होने वाली समस्या को पहचानने के लिए आप किसी दूसरे कंप्यूटर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

अगर आपको कोई विकल्प नहीं मिलता है तो फोन को फिर से औन कर दें. कुछ एंटी मैलवेयर एप ऐसे हैं जो आपके फोन की समस्या को पहचान कर उसका समाधान करते हैं.

सेटिंग में जाकर एप को सर्च करें

सबसे पहले अपने एंड्रौयड डिवाइस की सेटिंग मे जाएं. सेटिंग में जाकर एप सेक्शन में जाएं. वहां अपनी हाल ही की एप्स की लिस्ट को खोजें. इसके लिए आपको एप मैनेजर की जरुरत हो सकती है. जब तक आपको वह संक्रमित एप नहीं मिल जाती तब तक स्क्रौल करते रहें. एप को खोजने के बाद इसे अनइंस्टौल करें या फोर्स स्टौप कर दें.

संक्रमित एप के साथ और भी खराब एप को हटा दे

अपने फोन को किसी भी संक्रमित चीज से बचाने के लिए बस अनइंस्टौल को चुनें. इसके साथ ही एप लिस्ट का रिव्यू करें और किसी भी संदिग्ध एप या डाउनलोड को अनइंस्टौल कर दें. हो सकता है कि आपके फोन में ऐसी कुछ चीजें भी डाउनलोड हो गई हो जिनके बारे में आपको पता न हो.

अगर आपके फोन से एप अनइंस्टौल नहीं हो रही है तो आप डिसेबल विकल्प का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. कुछ ऐसे मैलवेयर या रैनसमवेयर होते हैं जो आपके फोन के एडमिनिस्ट्रेटर सेटिंग में जाकर छुपे होते हैं. हालांकि,  इसे आप आसानी से फिक्स कर सकते हैं. इसे आप किसी तरह से हटा दीजिये ताकि आपका फोन सही सलामत रहें.

फोन को प्रयोग करते वक्त सेफ मोड में स्विच करें

फोन को औन करने के बाद इसे सबसे पहले सेफ मोड में स्विच करें. यह आपकी डिवाइस को ज्यादा डैमेज होने से बचाएगी. अधिकांश एंड्रौयड डिवाइस के लिए आप अपने डिवाइस को औन करने के बाद कुछ सेकेंड के लिए पावर बटन दबाकर सेफ मोड पर स्विच कर सकते हैं. इस मोड को चुनें और फोन के रिबूट होने का इंतजार करें.

फोन में सिक्योरिटी एप डाउनलोड करने के बाद भी अगर आपके फोन में मैलेवयर की समस्या है तो फोन को किसी प्रोशेनल के पास ले जाएं.

मैलवेयर प्रोटेक्शन एप डाउनलोड करें

फोन को मैलवेयर से सुरक्षित रखने के लिए प्रोटेक्शन एप को अपने फोन में डाउनलोड करें. औनलाइन कई सिक्योरिटी एप मौजूद हैं जो आपके फोन को वायरस से बचाते हैं, वायरस को स्कैन करते हैं और जंक फाइल से छुटकारा दिलाते हैं. अपने फोन से संक्रमित एप को डिलीट करने के बाद डिवाइस में सिक्योरिटी प्रोग्राम को डाउनलोड करें, जो भविष्य में आपके फोन को मैलवेयर जैसे वायरस से बचाएंगे. गूगल प्ले स्टोर में 360 Security या Avast Security या AVG Antivirus जैसी कईं सिक्योरिटी एप मौजूद हैं.

अब फेसबुक और व्हाट्सएप के बीच दिखेगी इस तरह की जुगलबंदी

सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक का इस्तेमाल करते समय अगर आपके पास व्हाट्सएप पर कोई मैसेज आता है तो आप उस एप को बंद करने के बाद ही दूसरे एप पर जाकर मैसेज पढ़ पाते हैं. लेकिन जरा सोचिए कि अगर आपको फेसबुक में ही व्हाट्सएप का शार्टकट की मिल जाए और आपको दूसरे एप पर जाने के लिए पहला एप बंद न करने की जरूरत न पड़े तो कैसा रहेगा. अगर आप इसके इनेतजार में है तो अब जल्द ही आपको यह सुविधा मिलने वाली है. दरअसल, फेसबुक अपनी एप पर एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रही है. जिसके तहत यूजर्स आसानी से फेसबुक और व्हाट्सएप के बीच स्विच कर पाएंगे. यह शार्टकट बटन फेसबुक एप के मेन्यू में दिया गया होगा.

कौन कर पाएंगा इस्तेमाल

इस नए फीचर को कुछ ही देशों में टेस्ट किया जा रहा है जिसके बाद ही इसे बाकी के देशों में रोलआउट किया जाएगा. खबरों की मानें तो इस नए फीचर को फिलहाल कुछ ही एंड्रायड एप यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है और डैनिश भाषा को डिफाल्ट लैंगवेंज चुनने वाले चुनिंदा यूजर ही इस फीचर को देख पा रहे हैं. ऐसा माना जा रहा है कि फेसबुक के जरिए कंपनी व्हाट्सएप यूजर की संख्या बढ़ाने की कोशिश में है.

इससे पहले फेसबुक ने ऐसे कैमरे फीचर पेश किया था जिसका इस्तेमाल कर यूजर GIF बना सकते हैं. इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपको फेसबुक के कैमरे पर क्लिक करना होता है. इसके बाद कैमरे के ऊपर बायीं ओर आपको GIF का विकल्प नजर आएगा. जिसके लिए आपको दायीं ओर स्वाइप करना होगा. इसके बाद आप इसका इस्तेमाल कर इस नए एप का लाभ उठा सकते हैं.

जेटली ने दिया बैंकिंग प्रणाली के पुनरुद्धार का वचन

भारतीय बैंक संगठन (आईबीए) के 70वें वार्षिक आम सभा की बैठक को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा, हमारे पास दो बड़ी चुनौतियां हैं- निजी क्षेत्र में निवेश को बढ़ाना और वृद्धि समर्थन के लिए बैंको की क्षमता में सुधार करना. हमने इस संबंध में प्रयाप्त विश्लेषण किया है.

इसी के साथ जेटली ने बैंकिंग प्रणाली के पुनरुद्धार का वचन देते हुए कहा कि सरकारी प्रयासों को संसाधनों के मामले में बैंकों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार बैंकिंग प्रणाली के साथ है और जो भी कदम उठाए जाएंगे, हम बैंकिंग प्रणाली को मजबूत करने के लिए तेजी से काम करते रहेंगे. सभी सरकारी प्रयास, खासकर काले धन को समाप्त करने, वस्तु एवं सेवा कर(जीएसटी) समेत अन्य सुधार को लागू करने की पहल होगी. उन्होंने कहा, ‘स्ट्रेस्ड संपत्ति का लगातार बढ़ना भी मुख्य समस्या है. एक गतिशील समाज होने के नाते हमें सर्वश्रेष्ठ उपायों की ओर देखना चाहिए और इस मुद्दे को सुलझाने के लिए तत्काल सामाधान सुनिश्चित करना चाहिए.

उनका मानना है कि भारत के पास उपाय तलाशने के लिए लचीलापन है. नोटबंदी और पुनर्मुद्रीकरण के समय बैंकिंग सिस्टम प्रणाली ने अच्छा काम किया था और कुछ ही हफ्तों में बैंकों ने पुराने नोटों को वापस लेने, पुनर्मुद्रीकरण और नए नोटों के वितरण का कार्य बिना किसी बड़ी दुर्घटना के किया. यह एक ऐसा कार्यक्रम था, जहां करोड़ों लोग काला धन को हटाने के लिए एकसाथ जुटे और बैंकिंग सिस्टम ने मजबूती से इस कार्य को किया.

जेटली ने कहा, ‘नोटबंदी के बाद नकद लेन-देन में कमी आई और कर दायरे में विस्तार हुआ. अप्रत्यक्ष कर के लिए नया तंत्र जीएसटी उम्मीद से अच्छी गति से प्रगति कर रहा है और टैक्स दायरे में अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है.’

बड़े काम के हैं व्हाट्सऐप के ये नए फीचर

1.3 बिलियन मासिक एक्टिव यूजर्स के साथ व्हाट्सऐप सबसे पौपुलर मोबाइल मैसेंजर एप बन गई है. ऐसा इसलिए हो पाया क्योंकि यूजर्स को खुश रखने के लिए इसमें हर महीने नए फीचर्स आते रहते हैं.

पिछले दिनों व्हाट्सऐप ने स्टार मैसेज और गूगल ड्राइव बैकअप फीचर का ऐलान किया था जिसका अपडेट जारी कर दिया गया है. हालांकि इस नए वर्जन का अपडेट अभी सभी एंड्रायड यूजर्स के डिवाइस पर नहीं आ रहा है. व्हाट्सऐप की वेबसाइट से इन अपडेट्स को मैनुअली डाउनलोड कर के इंस्टाल करना होगा.

क्या है नया फीचर स्टार मैसेज

इस फीचर के जरिए आप खास मैसेज को स्टार करके बाद में पढ़ने के लिए स्टोर कर सकते हैं. यह फीचर जीमेल के फीचर के जैसा ही है जिसमें किसी खास मेल को स्टार से मार्क करने का औप्शन होता है.

उदाहरण के तौर पर अगर आप जल्दी में हैं और किसी व्हाट्सऐप ग्रुप पर आपसे जुड़ी बातें हो रही हैं आप उसे स्टार मार्क कर सकते हैं. बाद में आप स्टार्ड सेक्शन से उसे पढ़ सकते हैं.

क्या है गूगल ड्राइव बैकअप फीचर

व्हाट्सऐप ने गूगल से बैकअप के लिए करार किया है जिसके तहत यूजर अपने व्हाट्सऐप कंटेंट का बैकअप सीधे गूगल ड्राइव में ले सकता है. इस बैकअप में फोटो, म्यूजिक, चैट और वीडियो जैसे तमाम व्हाट्सऐप कंटेंट का बैकअप आपके जीमेल से जुड़े गूगल ड्राइव में लेने का औप्शन आएगा.

इसके लिए आपको सेटिंग्स में चैट एंड काल्स सेक्शन में जाना है जहां आपको चैच बैकअप (Chat Backup) का औप्शन मिलेगा. यहां से आप अपने व्हाट्सऐप का बैकअप ले सकते हैं.

व्हाट्सऐप स्टोरेज पर होगा कंट्रोल

व्हाट्सऐप के इस नए फंक्शन को सेटिंग्स में देखा जा सकता है. इससे आप किसी चैट को सेलेक्ट कर के उसके सभी मैसेज, कान्टेक्ट्स, लोकेशंस, इमेजेज, GIF, डाक्यूमेंट्स और वीडियोज डिलीट कर सकते हैं.

इस सब से आप अपने फोन में कुछ स्पेस खाली कर पाएंगे. हालांकि, आपको बता दें की यह फीचर एंड्रायड पर व्हाट्सऐप बीटा यूजर्स के लिए ही उपलब्ध है. अगर आप एंड्रायड बीटा यूजर नहीं हैं तो आपको इस फीचर के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा.

BookMyShow इंटीग्रेशन

इस्टैंट मैसेजिंग एप व्हाट्सऐप पर अब यूजर्स को मूवी टिकट भी मिल जाया करेगी. दरअसल, औनलाइन इंटरनेट मूवी शो टिकट प्लेटफार्म Bookmyshow ने कंपनी के बिजनेस प्रोग्राम से हाथ मिलाया है. इसके तहत व्हाट्सऐप को डिफाल्ट टिकट कंफर्मेशन चैनल बनाया है. इस फीचर के तहत जब भी यूजर Bookmyshow से टिकट बुक करेंगे तो उनका मैसेज या मोबाइल टिकट उन्हें व्हाट्सऐप पर मिल जाएगी. साथ ही ईमेल पर भी टिकट बुकिंग की जानकारी भेज दी जाएगी. आपको बता दें कि व्हाट्सऐप फौर बिजनेस प्रोग्राम से जुड़ने वाली Bookmyshow पहली भारतीय कंपनी है.

पिक्चर-इन-पिक्चर

पिक्चर-इन-पिक्चर के अंतर्गत यूजर्स वीडियो कालिंग विंडो को रिसाइज करने के साथ-साथ मूव भी कर पाएंगे. इसका मतलब यूजर्स वीडियो काल करते-करते अपने किसी और दोस्त को टेक्स्ट कर सकते हैं या अपनी पसंद का कोई और काम फोन पर साथ-साथ कर सकते हैं. कंपनी ने इस फीचर की टेस्टिंग एंड्रायड पर जुलाई में ही शुरू कर दी थी. इन महीनों में ऐसे ही फीचर्स के साथ कई और एप्स भी पेश की गईं हैं.

कैसे करें व्हाट्सऐप के नए वर्जन को डाउनलोड

सबसे पहले आप अपने व्हाट्सऐप का वर्जन चेक कर लें अगर अपडेट का औप्शन हो तो अपडेट कर लें और अगर औप्शन ना मिले तो ये तरीका अपनाएं.

व्हाट्सऐप की औफिशियल वेबसाइट (https://www.whatsapp.com/android/) पर जाएं. यहां से व्हाट्सऐप का नया वर्जन 2.12.342 डाउनलोड कर लें. इसके बाद इसे अपने एंड्रायड डिवाइस में इंस्टाल कर लें.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें