Download App

छत्तीसगढ़ का शिमला ‘मैनपाट’

पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ के हरेभरे जंगल, झरने और पहाड़ सहज ही पर्यटकों का मन मोह लेते हैं. बहुत कम सैलानियों को शायद ही यह पता होगा की छत्तीसगढ़ में मैनपाट एक ऐसी खूबसूरत जगह है जहां बर्फ गिरती है और सर्दियों में यह इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक जाता है. मैनपाट में का़फी ठंडक रहती है, यही कारण है कि इसे ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहा जाता है. मैनपाट छतीसगढ़ का एक पर्यटन स्थल है. यह स्थल अंबिकापुर नगर, जो पूर्व सरगुजा, विश्रामपुर के नाम से भी जाना जाता है, 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. मैनपाट विंध्य पर्वतमाला पर स्थित है. समुद्र की सतह से इस की ऊंचाई 3,780 फुट है. मैनपाट की लंबाई 28 किलोमीटर और चौड़ाई 12 किलोमीटर है. यह बहुत ही आकर्षक स्थल है.

छत्तीसगढ़ के मैनपाट की वादियां शिमला का एहसास दिलाती हैं खासकर सावन और सर्दी के मौसम में. प्रकृति की अनुपम छटाओं से परिपूर्ण मैनपाट को सावन में बादल घेरे रहते हैं, तब इस की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. लगता है, जैसे आकाश से बादल धरा पर उतर रहे हों. अंबिकापुर से दरिमा होते हुए कमलेश्वरपुर तक पक्की घुमावदार सड़क और दोनों ओर घने जंगल मैनपाट पहुंचने से पहले ही हर किसी को प्रफुल्लित कर देते हैं. मैनपाट की वादियां यों तो पहले से ही खूबसूरत हैं, लेकिन बादलों की वजह से इस की खूबसूरती में चारचांद लग जाते हैं. शिमला, कुल्लूमनाली जैसे पर्यटन स्थलों में प्रकृति की अनुपम छटा देख चुके लोग जब मैनपाट की वादियों को देखते हैं तो इस की तुलना शिमला से करते हैं.

यहां पर्यटकोंको सावधानी से वाहन चलाना पड़ता है. रिमझिम फुहारों के कारण कई स्थानों पर तो दिन में भी वाहनों की लाइट जलाने की जरूरत पड़ जाती है. अंबिकापुर से दरिमा होते हुए मैनपाट जाने के मार्ग में जैसेजैसे चढ़ाई ऊपर होती जाती है, सड़क के दोनों ओर के घने जगल अनायास ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. मैनपाट में सुबह काफी देर से होती है देर तक तक घना कोहरा छाया रहता है और दोपहर में भी धूप के बावजूद गरमाहट का एहसास नहीं होता. जुलाई महीने में मैनपाट ही ऐसा नजारा देख पर्यटक आश्चर्यचकित रह जाते हैं. प्राकृतिक संपदा से भरपूर बादलों से घिरे मैनपाट में सरभंजा जलप्रपात, टाइगर पौइंट और फिश पौइंट मुख्य दर्शनीय स्थल हैं. शहरी कोलाहल, प्रदूषण, भागमभाग और रोजमर्रा के तनाव से हट कर हरियाली के बीच मैनपाट पर्यटकों को खासा लुभाता है. यहां पहुंच कर पर्यटकों को बादलों को नजदीक से देखने का अनुभव प्राप्त होता है.

पर्र्यटकों के लिए यहां होटल के अलावा कुछ निजी रिजौर्ट और गैस्ट हाउस भी ठहरने के लिए उपलब्ध हैं. छत्तीसगढ़ के शिमला के नाम से विख्यात मैनपाट की प्राकृतिक सुंदरता से हर कोई वाकिफ है और यही कारण है कि हर मौसम में यहां दूरदूर से पर्यटक पहुंचते हैं.

स्नेह से दूर करें बच्चों का अकेलापन

हम आज ऐसी दुनिया में रहते हैं, जहां लोग सिर्फ भाग रहे हैं और यह भागमभाग सिर्फ भौतिकवादी सुखों को पाने की है. हम सभी इस दौड़ का हिस्सा इसलिए बनते हैं कि हम अपने बच्चों को बेहतर सुखसुविधा और बेहतर भविष्य दे सकें, उन का जीवन आसान व आरामदायक बना सकें, आर्थिक स्थिरता ला कर उन के सपने पूरे कर सकें. लेकिन इस भागदौड़ में हम नहीं समझ पाते हैं कि इतना सब पाने में हम कुछ अत्यंत महत्त्वपूर्ण यानी अपने बच्चों से दूर हो रहे हैं.

अपने दैनिक कार्यों और बच्चों के लिए समय के निकालने के बीच में संतुलन बनाना कईर् कामकाजी अभिभावकों के लिए चुनौती होता है. व्यस्त समय में अभिभावक बच्चों को पूरा समय नहीं दे पाते. नतीजे में अभिभावकों के प्रति बच्चों में आत्मीय लगाव खत्म होने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है. अकेलापन दूर करने के लिए बच्चे मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटौप आदि संसाधनों में समय बिता रहे हैं. इस से बच्चों में चिड़चिड़ाहट तथा हीनभावना बढ़ रही है. अधिकांश परिवारों में मातापिता दोनों काम पर जाते हैं, ऐसे में उन्हें कोशिश करनी चाहिए कि वे अपने बच्चों के लिए रोजाना थोड़ा समय जरूर निकालें.

दरअसल, बच्चों के मन में कई तरह के सवाल होते हैं और हर सवाल का हल उन के पास नहीं होता है. इसलिए उन्हें हमारी जरूरत होती है. जिस तरह से आप अपनी औफिस मीटिंग के लिए समय निकालते हैं उसी तरह बच्चों के लिए भी समय निकालें. उन्हें एहसास होने दें कि आप के लिए वे महत्त्वपूर्ण हैं क्योंकि आप के बच्चों को आप के तोहफों से ज्यादा आप की मौजूदगी की जरूरत है.

आइए जानते हैं शैमरौक प्रीस्कूल्स की एग्जीक्यूटिव डायरैक्टर और शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल्स की फाउंडर डायरैक्टर मीनल अरोड़ा के कुछ ऐसे टिप्स जिन से आप अपने बच्चों के साथ बेहद प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय बिता सकें.

छोटे कदम, बड़े परिणाम

हमारे छोटेछोटे कदम बच्चों के मस्तिष्क पर बहुत प्रभाव डालते हैं. बच्चों को गुडमौर्निंग, गुडआफ्टरनून, गुडनाइट विश करना, स्कूल जाते समय गुड डे कहना, उन्हें गले लगा लेना, उन्हें गोद में उठा लेना, उन्हें देख कर प्यार से मुसकराना, अपने बच्चे के गाल पर किस करना आदि बच्चों के साथ की गई अभिभावकों की छोटीछोटी ये क्रियाएं दर्शाती हैं कि ‘मुझे तुम्हारा खयाल है.’ ये छोटीछोटी बातें बच्चों के लिए उस की दुनिया होती हैं और बच्चों को हमेशा अभिभावकों का साथ चाहिए होता है, सुकून चाहिए होता है. चाहे आप उन से कितना ही नाराज क्यों न हों, उन्हें हर दिन बताएं कि आप उन से कितना प्यार करते हैं. सब के पसंदीदा बौलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की एक पिता के रूप में बेहतरीन छवि है. वे भले ही कितने ही व्यस्त क्यों न हों, दिन में 2-3 बार अपने बच्चों से जरूर बातें करते हैं.

भोजन का वक्त खुशियों का वक्त

पेरैंट्स को चाहिए कि वे दिन में कम से कम एक समय का भोजन बच्चे के साथ बैठ कर करें और बेहतर होगा डिनर करें क्योंकि यही वह समय होता है जब सभी सदस्य काम से लौट कर दिनभर की थकान के बाद एकसाथ बैठते हैं. पूरे परिवार के  साथ बैठ कर बातें करने को अपनी दिनचर्या का जरूरी हिस्सा बनाएं और उन से दिनभर के काम व उपलब्धियों के बारे में बात करें. इस दौरान यदि आप का बच्चा कहता है कि उसे आप से कुछ कहना है, तो इस बात को गंभीरता से लें, और सब काम छोड़ कर उस की बात को ध्यान से सुनें. बच्चे को उस की सफलताओं और उपलब्धियों के लिए बधाईर् दें. बच्चों की सफलता  के लिए उन की तारीफ करें क्योंकि इस से उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिलेगी. डिनर करते समय अपने बच्चों को परिवार व उन से संबंधित चर्चाओं में शामिल करें. उन की बेहतरी से संबंधित मामलों में उन की भी राय लें. इस से न सिर्फ उन्हें पारिवारिक मुद्दे समझने में मदद मिलेगी बल्कि उन में अपना खुद का नजरिया विकसित करने का आत्मविश्वास भी आएगा.

समय को लमहों से मापें

बच्चों के साथ समय बिताने के लिए तरीके ढूंढ़ें. उन्हें घर के छोटेछोटे काम करने के लिए प्रोत्साहित करें. इस से न सिर्फ आप को उन के साथ ज्यादा समय बिताने में मदद मिलेगी बल्कि  इस से उन में जिम्मेदारी का एहसास भी आएगा. इस के साथ ही यह बच्चे व आप के बीच खुशनुमा और दुखभरी बातें साझा करने के लिए भी सही समय होगा.

जब आप घर पहुंचते हैं और घर के काम व डिनर आदि निबटाने की जल्दी में होते हैं तो अपने बच्चे को अपने कामों में जोड़ें और उन की मदद लें. साथ ही, उन की मदद के लिए उन्हें धन्यवाद भी दें. इन कामों के साथसाथ अपने बच्चे से बातचीत करते रहें और उसे कुछ सिखाने की कोशिश भी. कपड़े धोने जैसे कामों के बीच आप उस से उस की दिनभर की गतिविधियों और उस के मन की बातें जान सकते हैं. हफ्तेभर आप ठीक से बच्चों के लिए यदि समय न निकाल सकें तो वीकेंड पर आप उन्हें कुछ खास महसूस करा सकते हैं और उस के साथ जुड़ सकते हैं. बच्चों को बाहर घूमने जाना पसंद होता है, जैसे किसी मौल में या ऐतिहासिक जगह पर या परिवार के साथ पिकनिक पर जाना आप को उस  के साथ ढेरों बातें करने का मौका दे सकता है.

कहानी सुनाएं, समां बाधें

बच्चों के साथ किताबें पढे़ं. बच्चों को नई कहानियां हमेशा रोमांचक लगती हैं. उन को नई किताबों से परिचित कराएं, उन के साथ बैठ कर खुद भी कुछ नईर् अच्छी कहानियों से जानपहचान करें. इस से आप और आप के बच्चे जानकारी भी हासिल कर पाएंगे और साथ में अच्छा समय भी व्यतीत कर पाएंगें. इन खुशनुमा लमहों को उन के सपनों तक ले जाएं. उन के सपनों की दुनिया में उन के साथ कदम रखें. उन्हें काल्पनिक कहानियां सुनाएं, उन की कल्पना को बढ़ावा दें. उन के भीतर छिपे हुए प्रतिभाशाली लेखक को बाहर लाएं और कहानियों के अंत पर उन की राय लेने की कोशिश करें. उन्हें इन भूमिकाओं को निभाने के लिए प्रोत्साहित करें और अच्छी तरह अपना किरदार चुनने में उन की मदद करें.

सन डे, फन डे, हौलिडे

अपने परिवार के साथ आउटिंग पर जरूर जाएं, फिर चाहे यह बड़ी हो या छोटी. और हां, अपने गैजेट्स साथ ले कर नहीं जाएं. आउटिंग पर उन के साथ बातचीत करें, मस्तीभरे खेल खेलें और जीवन को खुल कर जिएं. अपने बचपन के दिनों को याद करें, बचपन की यादें ताजा करें और अपने बचपन में खेले जाने वाले खेलों को बच्चों के साथ फिर खेलें. सप्ताह के दौरान जीवन में आने वाली एकरूपता को तोड़ने का सब से अच्छा तरीका है, फिर से बच्चा बन जाना.

जश्न और उल्लास

त्योहार और विशेष अवसर तब और खास बन जाते हैं जब वे परिवार के साथ मिल कर मनाएं जाते हैं. यह ऐसा समय होता है जब पूरा परिवार साथ रहता है और साथ में मस्ती करता है. इस अवसर का लाभ उठाएं. आप अपने बच्चे के सब से अच्छे दोस्त व शुभचिंतक बनें. बच्चों के साथ हम जो समय बितातेहैं वह सब से कीमती होता है. इन लमहों को नजरअंदाज नहीं करें क्योंकि ये वे मजेदार पल होते हैं, जो आप के व बच्चों के चेहरों पर मुसकान लाते हैं और पेरैंट्स व बच्चों को खुशहाल व संतुष्ट बनाते हैं. कभी अपने बच्चों को अमीर बनने के लिए शिक्षित नहीं करें बल्कि उन्हें खुश रहने के लिए शिक्षित करें, जिस से उन्हें चीजों की अहमियत पता हो, उन की कीमत नहीं.

वीडियो गेम से लेकर सेहत तक का ख्याल रखते हैं ये गैजेट्स

तकनीक की दुनिया में आए दिन कई बदलाव हो रहे हैं. यूजर्स को ध्यान में रखते हुई निर्माता कंपनियां कई गैजेट्स लौन्च कर रही हैं. ऐसे में हम आपको उन 4 गैजेट्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो वीडियो गेम से लेकर आपकी सेहत का ख्याल रखने तक में मदद करेंगे. जानते हैं इन गैजेट्स के फीचर्स के बारे में.

Garmin Vivofit 4

Garmin Vivofit 4 फिटनेस बैंड की कीमत 4,999 रुपये है. फिटनेस बैंड यूजर की सभी एक्टिविटी पर नजर रखता है. डिवाइस एक साल से ज्यादा बैटरी बैकअप देता है. डिवाइस में बिल्ट इन औलवेज औन डिस्प्ले दिया गया है. डिवाइस में समय, दिन, टाइमर और स्टेप काउंटर जैसे फीचर्स को एक्सेस किया जा सकता है. साथ ही डिवाइस के डिस्प्ले में आपको मौसम की भी जानकारी भी मिलती है. बैंड आपकी एक्टिविटीज को ट्रैक करता है. इनमें, रनिंग, वाकिंग, बाइकिंग और स्विमिंग शामिल है. बैंड आपके फोन को खोजने में भी मदद करेगा. फिटनेस बैंड से एक बटन दबाकर आप अपने फोन को खोज सकेंगे. डिवाइस आपके स्टेप्स, डिस्टेंस और कैलोरी बर्न का भी हिसाब रखता है.

PXN 0082 Game Controller

technology

आज ज्यादा तर यूजर्स टच स्क्रीन पर गेम खेलते हैं. लेकिन अगर आपको वीडियो गेम के पुराने दिन याद हों, तो उस समय joy stick की मदद से गेम खेला जाता था. joy stick में कई बटन होते थे, जिनकी मदद से यूजर अपने गेम को कंट्रोल करते थे. अब गीयरबेस्ट के PXN कंट्रोलर से आप उस पुराने अनुभव को दोबारा महसूस कर सकते हैं. डिवाइस को यूजर्स काफी पसंद कर रहे हैं.

GoPro HERO

technology

‘गोप्रो हीरो’ एक वाटरप्रूफ एक्शन कैमरा है. ‘गो प्रो हीरो’ 10 मीटर पानी तक की गहराई में काम कर सकता है. डिवाइस में वाइड एंगल व्यू, वौयस कंट्रोल और स्टेबलाइजेशन जैसे फीचर्स शामिल हैं. ‘गोप्रो हीरो ’की कीमत 18,990 रुपये है. इसमे 10 मेगापिक्सल का कैमरा है. इसमें 1/2.3 इंच का सीएमओएस सेंसर लगा है. डिवाइस से 60 एफपीएस और 30 एपपीएस पर 4K रिकौर्डिंग की जा सकती है.

TomTom Spark 3

technology

डिवाइस की कीमत 12,627 रुपये है. डिवाइस आपकी एक्टिविटी को मौनिटर करता है. फिटनेस बैंड 40 मीटर पानी की गहराई तक में काम कर सकता है. इससे आप स्विमिंग करते हुए भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इस फिटनेस बैंड में हर्टरेट ट्रैकर लगा है, जिसकी मदद से आप अपने दिल की धड़कन को मौनिटर कर सकते हैं. इसके अलावा इस डिवाइस को आप फोन से कनेक्ट कर के संगीत का मजा उठा सकते हैं. फिटनेस बैंड 2 हफ्ते की बैटरी बैकअप देता है. डिवाइस एंड्रौयड और आईओएस दोनों ही प्लेटफौर्म को स्पोर्ट करता है.

कोचिंग सेंटर्स का तनाव और सुसाइड के बढ़ते मामले

पिछले कुछ समय से कोचिंग सैंटर्स की मनमानी के कारण बढ़े तनाव की वजह से छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले बढ़े हैं. राजस्थान के कोटा में ही अक्तूबर से दिसंबर 2015 के बीच कोचिंग सैंटर्स में पढ़ने वाले 7 छात्रों द्वारा आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं. 2014 की तुलना में 2015 में स्टूडैंट सुसाइड रेट में 60% की वृद्धि हुई है. मैडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने कोटा आ रहे छात्रों का शैड्यूल इतना टाइट है कि वे ठीक से सो भी नहीं पाते. हर कोचिंग स्टूडैंट को रोज 5-6 घंटे क्लास में बिताने होते हैं. इस   के अलावा उन का एक घंटा कोचिंग में ही डाउट क्लीयर करने में लग जाता है. इस के बाद, 4-10 घंटे तक स्टूडैंट घर पर पढ़ते हैं. ऐसे में उन के पास सोने के लिए भी पर्याप्त समय नहीं होता. सिर्फ कोटा में ही नहीं देशभर में कोचिंग ले रहे छात्रों द्वारा आत्महत्या की घटनाओं में इजाफा हुआ है.

एक कोचिंग सैंटर के संचालक ने कोचिंग सिस्टम की खामियां स्वीकार की हैं. देशभर के युवाओं को यह गलतफहमी है कि वे अमुक कोचिंग सैंटर में ऐडमिशन लेंगे तो उन की सफलता तय है. हर मातापिता को अपने बच्चे की क्षमता और रुचि का पता होता है, लेकिन फिर भी वे अनावश्यक दबाव डाल कर उसे कोचिंग सैंटर भेजते हैं. छात्र जो पाना चाहते हैं वह नहीं मिलेगा तो उन में हताशा तो आएगी ही. जब छात्र वांछित सफलता प्राप्त नहीं कर पाते तो वे आत्महत्या जैसा कदम उठाते हैं.

कोचिंग एक कारोबार

कोचिंग एक कारोबार बन चुका है. 2014 में इस का कारोबार 1 हजार करोड़ रुपए के आसपास पहुंच गया था, जबकि 2015-2016 में इस के और अधिक बढ़ने का अनुमान है. कोचिंग सैंटर्स के खिलाफ संसद में भी आवाज उठी थी. एक सांसद ने तो ऐसे कोचिंग सैंटर्स को ऐजुकेशनल टैरेरिस्ट तक कहा. सरकार के पास कोचिंग सैंटर्स की जानकारी भी नहीं रहती. ऐसे कई सैंटर्स हैं जो बिना लाइसैंस व पंजीकरण के चल रहे हैं.

लोग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलकालेज में नहीं भेजना चाहते, लेकिन कोचिंग सैंटर जरूर भेजते हैं. दरअसल, अब देश की संस्कृति ‘सैकंड ओपीनियन’ संस्कृति बन गई है, जिस में पेरैंट्स को इस बात का डर रहता है कि अगर वे बच्चों को कोचिंग नहीं भेजेंगे, तो लोग क्या कहेंगे. कुछ कोचिंग इंस्टिट्यूट्स में 250 से 500 स्टूडैंट्स एकसाथ बैठते हैं. ज्यादातर कोचिंग सैंटर्स में जरूरत के मुताबिक टीचर्स नहीं होते. कोचिंग में टीचर्स सिर्फ लैक्चर दे कर चले जाते हैं. बच्चों को कुछ समझ नहीं आता तो वे बाहर जा कर काउंटर पर प्रौब्लम सौल्व कराते हैं.

कोचिंग सैंटर्स ने कक्षाओं के बाहर प्रौब्लम काउंटर्स बना दिए हैं. इन पर फ्रैशर स्टूडैंट्स बैठा दिए जाते हैं. छात्र को कक्षा में कुछ समझ नहीं आता तो उसे डाउट क्लीयर करने के लिए इन काउंटर्स पर भेज दिया जाता है यानी जिन मशहूर टीचर्स के नाम पर कोचिंग संस्थानों का नाम हो रहा है, वे छात्रों की समस्या हल करने के लिए उपलब्ध ही नहीं होते. प्रत्येक कोचिंग संस्थान में बैच में स्टूडैंट्स की संख्या तय होनी चाहिए तथा उस के अनुसार टीचर्स की संख्या तय होनी चाहिए. कुछ कोचिंग संस्थान छात्रों को आकर्षित करने के लिए लुभावने विज्ञापन देते हैं तथा अपनी उपलब्धियों का बखान करते हैं. इन में अधूरा सच होता है.

देशभर के कई मातापिता भले ही अपने बच्चों को आईआईटी या आईआईएम में पढ़ाने का सपना देखते हों, लेकिन कितने ही कोचिंग संचालकों के स्वयं के बच्चे जेईई या एआईपीएसटी में सलैक्ट नहीं हो पाते. कोचिंग सैंटर्स पर लगाम कसना बहुत जरूरी हो गया है वरना छात्रों द्वारा आत्महत्या करने का सिलसिला थमने वाला नहीं है.

कोटा के कोचिंग संस्थानों में आत्महत्याओं की घटनाओं पर राजस्थान हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है और पूछा है कि वह इन हालात को सुधारने के लिए क्या कर रही है. हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अजित सिंह और ए एस ग्रेवाल ने इस मामले में टिप्पणी करते हुए कहा है कि कोटा के कोचिंग संस्थान सुसाइड हब बन गए हैं.

अंधविश्वास का जाल, पंडे पुजारी हो रहे मालामाल

केस 1: समय: सुबह के 5-6 के बीच का. महिलाओं के लिए खासतौर पर फोन घनघनाने लगे. ये फोन दैवीय चमत्कार बताने के लिए थे. सूचना मिली कि घरों में रखे दैनिक उपयोग के पत्थरों से बने औजारों जैसे सिल व बट्टा तथा अनाज पीसने वाली चक्की के पाट अपनेआप किसी दैवीय शक्ति के बूते टंक गए हैं. बताया गया कि ऐसा प्रतीकात्मक रूप से पत्थर द्वारा निर्मित देवीदेवताओं की पूजा में अरुचि के कारण देवी की नाराजगी से हुआ है. जो व्यक्ति पूजाअर्चना नहीं करेगा वह गंभीर संकट से घिर जाएगा. बस फिर क्या था. महिलाएं झटपट पत्थर से बने उन औजारों को देखने भागीं. जिस के औजारों में थोड़ा भी परिवर्तन था वह इसे दैवीय शक्ति का प्रभाव मान बैठी और फिर तुरंत पूजाअर्चना शुरू कर दी. कुछ ही घंटों में यह बात जंगल में लगी आग की तरह कई जिलों में फैल गई और फिर कई हफ्तों तक बदस्तूर जारी रही. यह अंधविश्वास का एक नमूना भर है, जिसे पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के जनपदों खासकर इलाहाबाद, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कानपुर, रायबरेली, अमेठी आदि के ग्रामीण क्षेत्रों में खूब प्रसारित किया गया.

केस 2: स्थान: केस 1 के सभी क्षेत्र. समय: शाम के 7-8 बजे के बीच का. ग्रामीण महिलाओं के पास खबर आने लगी कि देवी सपने में आई और बोली कि मेरा पूजन करो, बहनबेटियों के यहां साडि़यां और पकवान बना कर भेजो, दानदक्षिणा दो. इस से घर में बरकत बढ़ेगी.

केस 3: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद के अरखा गांव के निकट एक गाय ने विकृत आकृति वाला बच्चीनुमा बछड़ा जना. स्थानीय महिलाओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा. देखते ही देखते फूलमालाएं, प्रसाद और पैसा चढ़ने लगा. 2 दिनों के बाद गाय के बच्चे की मौत हो गई.

केस 4: इस बार उत्तर प्रदेश के ही कौशांबी जनपद के सराय अकिल थाने के अंतर्गत मायाराम का पुरवा गांव में मल्हू की पत्नी कौशल्या देवी ने विकृत आकृति का बच्चा जना. उसे देखने स्थानीय महिलाओं का हुजूम उमड़ पड़ा. प्रसाद, पैसों और फूलमालाओं का ढेर लग गया. कुछ ही दिनों में बच्चे की मौत हो गई.

केस 5: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में धमधमा गांव स्थित 2 बंदर भिड़ गए और किसी कारण दोनों की मौत हो गई. बस इसी को बालाजी का चमत्कार मान लिया गया और बंदरों की याद में एक मंदिर बना कर धर्म के नाम पर धंधेबाजी शुरूहो गई, जो अभी तक बदस्तूर जारी है. इन उदाहरणों को देख यह पता चलता है कि बड़े पैमाने पर पाखंड के नाम पर ठगी का यह नया तरीका है, जिसे निठल्ले एवं पाखंड फैलाने वालों ने निकाला है. इन का सब से आसान शिकार ग्रामीण महिलाएं हैं. दरअसल, इन दिनों पत्रपत्रिकाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं में भी थोड़ी जागरूकता आई है, जिस से पूजापाठ और धर्म के नाम पर ठेकेदारी करने वालों का धंधा भी थोड़ा मंदा हो चला है. इसीलिए अब पाखंडी और निठल्ले लोगों ने पैतरा बदल कर गरीब जनता को इस तरह ठगने के नायाब तरीके ढूंढ़ लिए. पंडेपुजारियों की मौज: धर्म की आड़ में इस प्रकार के अंधविश्वासों को प्रसारित करने से धर्म के ठेकेदारों यानी पंडेपुजारियों का तो भला होता ही है, पूजन आदि की सामग्री बेचने वाले भी इस से मोटा फायदा पा रहे हैं. उधर गरीब जनता इन धंधेबाजों के जाल में फंस कर दिनबदिन कंगाल होती जा रही है.

ठगी का जाल: अगर इस तरह पूजापाठ करने, दानदक्षिणा देने से भला होता तो अब तक देश विकसित हो चुका होता. दान देने और पूजापाठ करने वाले कभी गरीब नहीं होते, कोई बेऔलाद न रहता, हर कोई बिना पढ़े पास हो जाता, कभी कोई बीमार न पड़ता यानी पूजापाठ करने वाले सभी लोग हर तरह के क्लेश से मुक्त हो जाते. मगर काबिलेगौर बात यह है कि लाखोंकरोड़ों लोगों के पूजा करने के बाद भी चारों तरफ गरीबी व्याप्त है. इस का सीधा मतलब है कि पंडेपुजारियों के झांसे में आ कर कुछ करना ठीक वैसे ही है जैसे अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारना. ऐसे ज्यादातर मामले गांवों से जुड़े होते हैं. चूंकि गांवों में अभी भी अशिक्षित महिलाओं की बड़ी संख्या है. इसीलिए भेड़चाल में सुनीसुनाई बातों में आ कर वे ठगी का शिकार हो जाती हैं. चूंकि ये सारी सूचनाएं वे अपने सगेसंबंधियों और पड़ोसियों से पाती हैं, इसलिए बाद में उन के पास पछताने के सिवा और कुछ नहीं बचता है. पत्थर से बने औजारों जैसे सिल व बट्टा आदि का अपनेआप दैवीय शक्ति के बूते टंक जाने के संदर्भ में इलाहाबाद स्थित मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफैसर डा. आर. सी. वैश्य का मानना है कि अत्यधिक गरमी के कारण अकसर स्टोन कमजोर हो जाते हैं जिस से वे टूट भी सकते हैं. स्टोन के कमजोर होने के ही कारण वे टंकाई जैसे प्रतीत हो रहे होंगे. अत: अफवाहों पर कभी भरोसा न करें.

इसी प्रकार जानवर या महिला द्वारा गणेश जैसे आकार में बच्चा जनने की बाबत रायबरेली के प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं अंधविश्वास के खिलाफ मुहिम छेड़ने वाले डा. आर.पी. मौर्य बताते हैं कि जीन उत्परिवर्तन, जैनेटिक स्ट्रक्चर की गड़बड़ी, जन्मजात विसंगति या विकासात्मक विसंगति बच्चे के विकृत आकृति में पैदा होने की वजह हो सकती है. विकासात्मक विसंगति के कारण कभीकभी कोई अंग कम या ज्यादा विकसित हो जाता है तो लोग उसे गणेश या अन्य किसी का अवतार मान बैठते हैं. समाज में व्याप्त अन्य प्रकार के अंधविश्वासों की बाबत डाक्टर मौर्य कहते हैं कि ग्रामीण महिलाओं को गुमराह करने में भारत की पुरोहिती व्यवस्था नंबर 1 पर है. गुमराह करने वाले यानी धर्म के धंधेबाज यह अच्छी तरह जानते हैं कि वे जितने लोगों को अंधविश्वास के जाल में जकड़ेंगे उतना ही ज्यादा उन का फायदा होगा. यह पूरा सिस्टम पैसों के लिए होता है. अगर पूजापाठ में पैसे का चलन बंद हो जाए तो अंधविश्वास भी बंद हो जाए. सरकारी अथवा गैरसरकारी संस्थानों को समयसमय पर फैलने वाले इस तरह के अंधविश्वासों के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए.

अनाथ हाथियों की शरणगाह : पिन्नावाला अनाथालय

यदि आप पशुप्रेमी हैं, खासतौर पर हाथीप्रेमी और आप हाथियों के समाज, रहनसहन, खानपान आदि से परिचित होना चाहते हैं तो श्रीलंका का पिन्नावाला हाथी अनाथालय आप के लिए बिलकुल उपयुक्त जगह है. समयसमय पर विश्व में बढ़ती जनसंख्या से प्रभावित पशुओं के संरक्षण के लिए अनाथालय बनाए जाते रहे हैं.

इसी क्रम में 1975 में श्रीलंका के वन्यजीव संरक्षण विभाग द्वारा श्रीलंका के जंगलों के आसपास घूमने वाले अनाथ, दुधमुंहें हाथियों की देखभाल एवं उन्हें संरक्षण देने के उद्देश्य से हाथी अनाथालय की स्थापना की गई थी. 1978 में यह अनाथालय श्रीलंका के डिपार्टमैंट औफ नैशनल जियोलौजिकल गार्डन को हस्तांतरित कर दिया गया.

सर्वप्रथम यह अनाथालय विलपट्टू नैशनल पार्क में अस्थायी तौर पर संचालित किया गया था, जहां से बाद में इसे बेनडोटा पर्यटन स्थल ले जाया गया. इस के बाद इसे देहीवाला जू द्वारा संचालित किया गया और अंत में इसे स्थायी तौर पर महा ओया नदी के पास हरेभरे गांव पिन्नावाला में 25 एकड़ क्षेत्र में स्थापित कर दिया गया.

हाथियों के संरक्षण की बेहतर व्यवस्था

पिन्नावाला हाथी अनाथालय की शुरुआत 5 हाथियों के साथ की गई थी. वर्तमान में यहां 3 पीढि़यों के लगभग 88 हाथियों की परवरिश की जा रही है. इन में 40% नर तथा 60% मादा हाथी हैं. इस अनाथालय का प्रमुख उद्देश्य जंगल में अनाथ हो चुके अथवा अपने मातापिता से बिछुड़ चुके शिशु हाथियों को भोजन एवं संरक्षण प्रदान करना है. प्राय: श्रीलंका के जंगलों में शिशु हाथी अपने झुंड के साथ पानी की तलाश में भटकते हुए गड्ढों में गिर जाते हैं या जंगलों में चल रही कई विकास परियोजनाओं के चलते अपने झुंड से बिछुड़ जाते हैं. ऐसे शिशु हाथियों के लिए पिन्नावाला एक सुरक्षित शरणगाह है.

वर्तमान में इस अनाथालय में हाथियों की देखभाल के लिए लगभग 48 महावत कार्यरत हैं. मादा एवं शिशु हाथी पिन्नावाला क्षेत्र के हरेभरे वन क्षेत्र में झुंड बना कर स्वतंत्र रूप से घूमते हैं. हाथियों के इस झुंड को दिन में 2 बार आधे किलोमीटर क्षेत्र में भोजन तथा नदी में नहाने के लिए ले जाया जाता है. रात होने पर मादा हाथियों को बांध दिया जाता है.

नर हाथियों को कुछ छोटे कामों के लिए परिवहन के रूप में व्यस्त रखा जाता है. पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शिशु हाथियों को बोतल से दूध पिलाया जाता है. कुछ शुल्क दे कर पर्यटक खुद अपने हाथों से भी इन शिशुओं को बोतल से दूध पिला सकते हैं.

हाथियों को मिलता है प्राकृतिक आवास

पिन्नावाला हाथी अनाथालय का हमेशा यही प्रयास रहता है कि हाथियों को उन के प्राकृतिक आवास यानी जंगल में ही रखा जाए. इस दृष्टिकोण से हरेभरे नारियल के वृक्षों तथा अन्य जैवविविधताओं से भरा पिन्नावाला क्षेत्र हाथियों के लिए एकदम उपयुक्त स्थान है. यहां हाथियों को घास के अलावा उन के उचित पोषण के लिए कटहल, नारियल, खजूर तथा इमली का भी इंतजाम किया जाता है. प्रत्येक वयस्क हाथी को रोजाना लगभग 76 किलोग्राम हरा चारा तथा 2 किलोग्राम की भोजन की थाली दी जाती है, जिस में चावल की भूसी और मक्का शामिल होता है. 1982 से हाथी प्रजनन कार्यक्रम यहां के प्राकृतिक वातावरण तथा पोषण की उचित व्यवस्था के कारण सफलता से संचालित किया जा रहा है. प्रजनन कार्यक्रम की सफलता के चलते पिछले 29 वर्षों के दौरान यहां 84 से अधिक हाथी जन्म ले चुके हैं. सितंबर से अक्तूबर का समय प्रजननकाल का होता है. इस समय नरमादा झुंड में आकर्षित होते हैं अत: इन 3 महीनों के लिए सभी राष्ट्रीय उद्यान पर्यटकों के लिए बंद कर दिए जाते हैं. मादा 4 वर्ष में एक बार शिशु को जन्म देती है और अपने पूरे जीवन में सिर्फ 2 या 3 बच्चे ही पैदा करती है. 13 वर्ष की उम्र में मादा प्रजनन के लिए तैयार हो जाती है. शिशुओं की देखभाल मादा झुंड बना कर करती हैं.

पिन्नावाला और पर्यटन

वर्तमान में पिन्नावाला पर्यटन का एक प्रमुख आकर्षण बन गया है. यह अनाथालय पर्यटकों के लिए रोजाना खुलता है. पर्यटकों की आवाजाही से इस अनाथालय को जो धन प्राप्त होता है, उसे प्रबंधन द्वारा अनाथालय के हित में खर्च किया जाता है. यहां प्रवेश शुल्क की दरें श्रीलंका के पड़ोसी देशों के लिए लगभग 1 हजार रुपए  (श्रीलंकाई मुद्रा में) प्रति व्यक्ति तथा अन्य विदेशी पर्यटकों के लिए 2 हजार रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई हैं.

हाथी विष्ठा (एलीफैंट डंग) से हस्तशिल्प

पिन्नावाला में हाथियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए कार्यरत एक गैरसरकारी संगठन मिलेनियम एलीफैंट फाउंडेशन द्वारा रिसाइकिल पेपर बनाने वाली एक कंपनी से करार के तहत हाथियों की विष्ठा से रिसाइकिल पेपर बनाया जाता है. कागज बनाने केलिए विष्ठा को अलगअलग प्रक्रियाओं से साफ कर बड़ी मात्रा में रेशा प्राप्त किया जाता है. इस रेशे की लुगदी बना कर कागज तैयार किया जाता है. केवल कागज ही नहीं, हाथी की विष्ठा से तरहतरह का सजावटी सामान और खिलौनों का भी निर्माण किया जाता है. इस से कई लोगों को रोजगार मिलता है. मिलेनियम फाउंडेशन विश्व के अनेक देशों से आए स्वयंसेवकों को हाथी की दैनिक क्रियाओं तथा स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों पर भी प्रशिक्षण देता है.

बनिए हाथी के मालिक

हाथी केवल पिन्नावाला तक ही सीमित न रहें बल्कि श्रीलंका के दूसरे भागों में भी लोग इन का अवलोकन करें, इस बात का ध्यान रखते हुए पिन्नावाला अनाथालय प्रबंधन द्वारा कुछ स्वस्थ एवं वयस्क हाथियों को वन्यजीव संस्थाओं, जीव संगठनों अथवा वन्यजीव प्रेमियों को दान में अथवा शुल्क ले कर दिया जाता है

कलाकार कभी खत्म नहीं होता : शिल्पा शेट्टी कुंद्रा

हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी अपनी कला का हुनर दिखा चुकीं शिल्पा ब्रिटिश टैलीविजन शो ‘बिग ब्रदर’ में अपने ऊपर नस्लभेदी टिप्पणियों के कारण चर्चा में आईं. बिजनैसमैन राज कुंद्रा से शादी करने के बाद उन्होंने फिल्म निर्माण से ले कर आईपीएल तक के काम का जिम्मा अपने कंधों पर लिया. अपने 4 साल के बेटे वियान के साथसाथ अपनी फिटनैस और बिजनैस को कैसे संभालती हैं जैसे कई सवालजवाब उन से हुए:

आप सफल बिजनैस वूमन हैं. व्यवसाय की प्रेरणा कहां से मिली व इस का सफर कैसा रहा?

मैं कुंद्रा से पहले शेट्टी हूं और हम शेट्टियों के खून में ही बिजनैस करना पाया जाता है. मेरे पापा बिजनैसमैन थे, तो बचपन से ही मैं इस माहौल में पलीबढ़ी हूं. मैं फिल्मों से पहले मौडलिंग करती थी. तब भी यही सोचा था कि अगर कुछ अच्छा हुआ तो आगे जा कर बिजनैस करूंगी. एक बिजनैसमैन से शादी कर के लगा कि मुझे भी कुछ करना चाहिए, इसलिए शुरुआत कर दी. मैं सिर्फ पैसा कमाने के लिए बिजनैस नहीं करती. अगर कोई आ कर मुझ से कहे कि इस प्रोजैक्ट में बहुत पैसा है, लेकिन वह मुझे पसंद न हो तो मैं उस में बिलकुल पैसा नहीं लगाऊंगी. पैसा तो दूर अपना नाम भी उस में नहीं आने दूंगी.

राज चाहते थे कि मैं कुछ अपने मन का करूं, इसलिए फिल्म प्रोडक्शन में आई, क्योंकि इंडस्ट्री से जुड़े होने के कारण इस से लगाव तो था ही. मैं जब फिल्मों में काम करती थी तभी सोच लिया था कि फिल्में तो मैं जरूर बनाऊंगी. पहली फिल्म उतनी नहीं चली जितनी आशा थी. फिर मैं ने फिटनैस सीडी निकाली, फिटनैस चैनल शुरू किया, हैल्थ पर एक किताब भी लिखी. औनलाइन बिजनैस भी कर रही हूं जहां से अच्छा रिस्पौंस आ रहा है.

अपने अंदर छिपे कलाकार को कितना मिस करती हैं?

कलाकार कभी खत्म नहीं होता. इसीलिए तो मैं टीवी पर अपनी मौजूदगी बनाए रखती हूं. हां, कुछ समय से फिल्मों से जरूर दूरी हो गई है. वह भी पहले वियान के कारण और अब बिजनैस की व्यस्तता के कारण. लेकिन जब मुझे लगेगा कि ऐक्टिंग करनी है तो जरूर करूंगी.

बिजनैस समय मांगता है. ऐसे में परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियां कैसे पूरी करती हैं?

मैं ने शुरू से ही परिवार को प्राथमिकता दी है. इसीलिए तो वियान के जन्म के बाद जब तक वह बड़ा नहीं हो गया उसी को समय दिया. मैं हमेशा यह तालमेल बनाए रखती हूं कि किसी को मेरी कमी महसूस न हो. बिजनैस भी जरूरी है, लेकिन उस के पहले परिवार के प्रति मेरी जिम्मेदारियां जरूरी हैं. इन दोनों के संतुलन में मेरे हब्बी मेरी बहुत हैल्प करते हैं. मेरे बिजनैस में वे दखलंदाजी नहीं करते. वही सलाह देते हैं, जो मेरे लिए उपयोगी होती है.

मां बनने के बाद आप ने कैसे अपने शरीर को फिट रखा?

वियान के जन्म के बाद मैं काफी इमोशंस से गुजरी हूं, क्योंकि उस समय मेरा वजन 32 किलोग्राम ज्यादा हो गया था. हैल्दी और फिट शरीर के लिए 70% डाइट और

30% ऐक्टिविटी या ऐक्सरसाइज का अहम रोल होता है. मैं ने सिर्फ ऐक्सरसाइज से ही अपना वजन घटाया है, ऐसा भी नहीं है. ऐसे कई दिन होते हैं जब मैं ऐक्सरसाइज नहीं कर पाती हूं. अगर आप सही डाइट लें, तो आधे से ज्यादा काम हो जाता है. मैं दिन की शुरुआत 1 गिलास गरम पानी में अदरक, नीबू और शहद से करती हूं और रात का खाना 8 बजे से पहले कर लेती हूं.

आज खुद को किस मुकाम पर देखती हैं?

ऐसा नहीं है कि मेरा जीवन बहुत आसान रहा हो. बौलीवुड में बने रहने के लिए मैं ने भी बहुत स्ट्रगल किया है. इंटरनैशनल शो में नस्लभेदी टिप्पणियां सहते हुए भी वह शो जीता, बिजनैस किया, फिल्म प्रोड्यूसर बनी और आज 1 बच्चे की मां भी हूं, तो इस का मतलब आज मेरे पास वह सब है, जो एक सफल महिला के पास होना चाहिए.

डेविड वौर्नर की यह तस्वीर कर देगी आपको भावुक

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में बौल टैंपरिंग स्कैंडल में डेविड वौर्नर को मुख्य षड्यंत्रकारी माना जा रहा है. औस्ट्रेलिया के पूर्व उप कप्तान डेविड वौर्नर और पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया है. स्मिथ को भी इस षड्यंत्र में बराबर का भागीदार माना गया. गेंद से छेड़खानी करने वाले कैमरून बैंक्रौफ्ट पर 9 महीने का प्रतिबंध लगाया गया है. कैमरून को टीवी कैमरा में बौल के साथ छेड़छाड़ करते रंगे हाथों पकडा गया था. तीनों ही क्रिकेटरों पर क्रिकेट के किसी भी फौर्मेट में खेलने पर प्रतिबंध लगा हुआ है.

बता दें कि यह तीनों क्रिकेटर घरेलू क्रिकेट भी नहीं खेल सकते. हां, क्लब क्रिकेट खेलने की इन्हें इजाजत दी गई है. क्रिकेट के प्रति समर्पित खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट के बिना जीवन सचमुच कठिन हो रहा है. कहते भी हैं कि पुरानी आदतें आसानी से नहीं छूटतीं और क्रिकेट इनकी आदत में शुमार है. हाल ही में डेविड वौर्नर को सिडनी में एक काल्पनिक बैट के साथ दिखाया गया. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह क्रिकेट को कितना मिस कर रहे हैं.

डेविड वौर्नर क्रिकेट के बिना जीना सीख रहे हैं और इसके लिए वह डांस और अन्य गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं. स्टीव स्मिथ और वौर्नर पर लगे प्रतिबंध के कारण इन दोनों को बड़ा आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है. क्रिकेट औस्ट्रेलिया के साथ स्मिथ और वार्नर का क्रमशः 2 मिलियन और 1.4 मिलियन का सालाना अनुबंध था. यह पैसा उन्हें अब नहीं मिलेगा.

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें डेविड वौर्नर एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करते नजर आ रहे हैं. यह सिडनी के मेलबर्न में है, जहां बौल टैम्परिंग विवाद में बैन होने के बाद वौर्नर काम कर रहे हैं. डेविड वौर्नर की पत्नी ने अपने औफिशियल इंस्टाग्राम पर यह तस्वीर शेयर की है.

आईपीएल में भी लोग डेविड वौर्नर को मिस कर रहे हैं. इस साल आईपीएल में वौर्नर हैदराबाद टीम का हिस्सा थे, लेकिन इस घटना के बाद बीसीसीआई ने भी इन दोनों खिलाड़ियों को आईपीएल में एक साल के लिए बैन कर दिया है.

यह है पूरा मामला

दक्षिण अफ्रीका और औस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन जब अफ्रीकी पारी का 43वां ओवर चल रहा था और मार्करम और एबी डिविलियर्स खेल रहे थे, उसी समय औस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बैनक्रौफ्ट एक चिप जैसी चीज के साथ कैमरे पर पकड़े गए. कहा गया कि ये गेंद की चमक उड़ाने वाली चिप है. इसे उन्होंने गेंद पर घिसा. हालांकि, मैदानी अंपायरों ने इस बारे में उनसे बातचीत की. अंपायरों के पास जाने से पहले बैनक्रौफ्ट को अपने अंत:वस्त्र में छोटी सी पीली चीज रखते हुए देखा गया था. जब अंपायर उनसे बात करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने पैंट की जेब में हाथ डालकर दिखाया और यह कोई दूसरी चीज थी. वह धूप के चश्मे को साफ करने के लिए मुलायम कपड़े जैसा लग रहा था.

स्टीव स्मिथ ने स्वीकार की थी गलती

इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ और बैनक्राफ्ट ने इस पूरे मामले में अपनी गलती मान ली थी. तीसरे दिन का जब खेल खत्म हुआ तो उसके बाद प्रेस कौन्फ्रेंस में औस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने इस बात को स्वीकार कर लिया था. वहीं, बैनक्रौफ्ट ने भी स्वीकार किया कि वह टेप से गेंद की शक्ल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. औस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मेल्कोन टर्नबुल ने इस पूरी घटना को शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा ये भरोसा करना मुश्किल है, कि औस्ट्रेलियाई टीम ने ये कृत्य किया.

बच्चों को शेयरिंग करना सिखाएं

छोटे बच्चों का अपनी छोटीछोटी चीजों से, खिलौनों से इतना जुड़ाव होता है कि वे उन्हें दूसरे बच्चों के साथ शेयर नहीं कर पाते. नतीजा आप का बच्चा लड़झगड़ कर समूह से बाहर अकेले बैठ जाता है. उदार हृदय होना एक अति आवश्यक सामाजिक गुण है, किंतु बच्चों को उदार बनाना या दूसरे शब्दों में कहें तो शेयरिंग सिखाना आसान नहीं. बच्चे जब 2 साल के होते हैं और स्कूल जाना या दूसरे दोस्तों में उठनाबैठना सीख रहे होते हैं तो उन का जुड़ाव उन के खिलौनों से बहुत अधिक होता है. उन के झगड़े अधिकांश उन से ही जुड़े होते हैं, झगड़ा चाहे दोस्तों से हो या मातापिता से. मिलबांट कर खेलने का गुण विकसित करने के लिए अभ्यास और समझ की आवश्यकता होती है. इस में कम से कम 1-2 साल तो लगते ही हैं और यह स्वाभाविक है.

मातापिता को चाहिए कि वे सब्र से काम लें. बच्चे को शेयरिंग सिखाने में मदद करने के लिए आप ये कर सकते हैं : मिल कर खेलने या खाने की खुशी: मेरी एक सहेली जब भी अपनी बिटिया को गार्डन ले कर जाती है तो वह अपने साथ कुछ अतिरिक्त खिलौने ले जाती है जिन्हें उस की बिटिया अपने दोस्तों को दे सकती है. जब वापस जाने का समय आता है तो वह बच्चों से खिलौने वापस एकत्रित कर लेती है. उस की बिटिया को शेयर करने से खुशी का अनुभव होता है और सारे खिलौने उसे वापस मिल भी जाते हैं. इसी तरह अगर आप बच्चों के टिफिन में कुछ स्नैक्स भेज रही हों जैसे कि पौपकौर्न या चिप्स, तो कुछ ज्यादा भेजें और उसे बच्चे को अपने दोस्तों में शेयर करने को कहें. इस से उसे देने की खुशी का अनुभव होगा और वह खुद ही शेयरिंग सीखने लगेगा.

बारीबारी से खेलना : यदि बच्चे मिलबांट कर नहीं खेलना चाहते तो उन्हें खिलौने से बारीबारी से खेलने को कहना चाहिए. शिखा के 2 बच्चे हैं, एक 5 साल का बेटा और दूसरी 2 साल की बेटी. जब वे दोनों एक ही खिलौने के लिए झगड़ते हैं तो शिखा यही तरकीब अपनाती है. इस से अनजाने ही वे अपने खिलौने शेयर करने लगते हैं.

मातापिता से ही सीखते हैं बच्चे : बच्चों के पहले आदर्श मातापिता ही होते हैं. यदि वे अपने मातापिता को शेयर करते देखेंगे तभी वे भी शेयरिंग सीखेंगे. रेस्टोरैंट में कभी आप सपरिवार जाएं तो टेबल पर किसी भी डिश के आने पर मातापिता को चाहिए कि वे सभी सदस्यों को औफर करें, उस के बाद वे खुद खाएं. चौकलेट्स, बिस्कुट, गुब्बारे जैसी चीजें, यदि घर पर दूसरे बच्चे हैं, तो उन के लिए भी लानी चाहिए और बच्चों से ही दूसरे बच्चों को देने के लिए कहना चाहिए  परिवार में या फ्रैंड्ससर्कल में देनेलेने से संबंधित मनमुटाव हो तो उसे बच्चों के सामने नहीं दर्शाना चाहिए. बड़ों का स्वार्थ या ईर्ष्या, राग, द्वेष बच्चों तक न ही पहुंचे तो अच्छा.

कहानी को माध्यम बनाएं : बच्चे कहानियों की दुनिया में रहते हैं. यदि कहानी सही तरह से सुनाई जाए तो उन से मिलने वाली सीख, बच्चों के हृदयपटल पर लंबे समय तक अंकित रहती है. आजकल बच्चों की कहानियों में कई कैरेक्टर्स आते हैं, जैसे बबल्स, पेपर आदि जिन के माध्यम से बच्चों का चरित्र निर्माण किया जा सकता है. इन में शेयरिंग से संबंधित किताबें भी मिलती हैं. बच्चों को हृदय से देने वाला व्यक्ति बड़ा होता है या दुनिया गोल है, जो देता है उसी को मिलता है आदि विचार कहानियों द्वारा स्थापित किए जा सकते हैं. 

प्रोत्साहन : तारीफ, प्रशंसा तो हम बड़ों को भी प्रेरित करने का सर्वश्रेष्ठ तरीका है तो बच्चों पर तो इस का अद्भुत ही असर होता है. यदि बच्चा कभी अपना खिलौना दूसरे बच्चे को खेलने के लिए दे तो आप उस के समक्ष उस की तारीफ जरूर करें. इस से बच्चे में शेयरिंग की आदत बढ़ेगी.

उदाहरण : यदि कोई दूसरे बड़े बच्चे शेयरिंग कर रहे हों तो बच्चों को दिखाना चाहिए. थोड़ी बड़ी उम्र के बच्चे, छोटी उम्र के बच्चों के लिए रोल मौडल होते हैं और वे उन का अनुसरण करने की कोशिश करते हैं. उस समय ऐसा बिलकुल नहीं कहना चाहिए कि देखो, तुम तो शेयरिंग करते ही नहीं, वे कैसे शेयरिंग कर रहे हैं. मेरी बिटिया दीया को मेरी सहेली की बिटिया वीरा दीदी बहुत पसंद है. वह उसी की तरह बाल बनाना चाहती है, कपडे़ पहनना चाहती है. हम जब भी उस सहेली के घर जाते हैं, वीरा अपने खिलौनों से दीया को खिलाती है तो मैं दीया के सामने वीरा से कहती, ‘‘वेरी गुड, वीरा, आप अपने खिलौने दीया के साथ शेयर करती हो. यह बहुत अच्छी बात है.’’ कुछ ही दिनों से दीया भी घर आने वाले बच्चों को अपने खिलौने देने लगी है.

बच्चा फिर भी शेयर न करे : बहुत समझाने के बाद भी बच्चा यदि अपनी चीजें या खिलौने शेयर न करना चाहे तो उस पर नाराज नहीं होना चाहिए. कुछ समस्याएं समय के साथ ही हल होती हैं. बच्चे को डांटने या चिल्लाने से हल नहीं निकलने वाला. आप अपने खाली समय में, जब बच्चे के साथ अकेली हों, उसे प्यार से मिलबांट कर खेलने के फायदे समझा सकती हैं. हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि खिलौने बच्चों को उतने ही प्रिय होते हैं जितने महिलाओं को गहने. उन्हें शेयर करने में थोड़ा वक्त तो लगेगा, इसलिए हमें सब्र से काम लेना चाहिए.

अमेजन लाया खास फीचर, किसी भी देश से खरीद सकते हैं समान

दुनिया की सबसे बड़ी ई-कौमर्स कंपनियों में से एक अमेजन ने अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को एक बड़ी सौगात दी है. कंपनी ने एक नया फीचर को पेश किया है, जिससे आप किसी भी देश से कोई भी सामान खरीद सकते हैं. अब ऐप आपको किसी भी समान पर लगने वाले शिपिंग कौस्ट, इंपोर्ट ड्यूटी के साथ उसकी कीमत के बारे में भी बताएगा. ऐप में कई भाषाओं के भी विकल्प दिए गए हैं. हम आपको बताने जा रहे हैं कि अमेजन के इस नए फीचर का इस्तेमाल कैसे करना है?

Step 1

अपने अमेजन शौपिंग ऐप पर जाएं. यहां ऊपर दाईं तरफ(लेफ्ट साइड) आपको मैन्यू औप्शन दिखेगा, यहा टैप करें.

Step 2

यहां आपको Settings औप्शन दिखेगा, जिसके सामने आपको उस देश का झंडा दिखेगा जिसे आपने चुन रखा होगा, इस पर टैप करें.

business

Step 3

टैप करते ही आपको एक नया मैन्यू पौप दिखाई देगा. यहां ‘Country and Language’ औप्शन पर टैप करें और अपनी पसंद के देश और भाषा को चुनें.

Step 4

इसके बाद एक नया विंडो खुलेगा, जहां आपको उस देश का वेबसाइट चुनना होगा, जहां से आप खरीदारी करना चाहते हैं. यहां आपको भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा.

Step 5

औस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, भारत, जापान, यूके और यूएस देखों के लिए इंग्लिश भाषा उपलब्ध है. जबकि ब्राजील, चीन, फ्रांस, इटली, मेक्सिको और स्पेन के लिए भाषा की सेटिंग्स बदल जाएगी. हालांकि जब आप इन देशों को चुनेंगे तक आपको एक मेल मिलेगा, जिसमें भाषा बदलने की जानकारी आपको दी हुई होगी.

Step 6

उस देश को चुनें जहां से आप शौपिंग करना चाहते हैं. इसके बाद Done बटन पर टैप कर दें.

Step 7

ऐसा करने पर ऐप आपको उस देश के स्टोर पेज पर ले जाएगा, जहां से आप खरीदारी करना चाहते हैं.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें