Download App

आम के खास रोगों का इलाज

आम भारत की खास फसल है. भारत के अलावा आम पाकिस्तान, अमेरिका, फिलीपींस, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका, जांबिया, माले, ब्राजील, पेरू, केन्या, जमायिका, तंजानिया, मेडागास्कर, जायरे, हैती, आईवरी कोस्ट, थाईलैंड, इंडोनेशिया व श्रीलंका आदि देशों में भी उगाया जाता है. भारत में आम उगाने वाले इलाकों में सब से ज्यादा रकबा उत्तर प्रदेश में है. आम की सब से ज्यादा पैदावार आंध्र प्रदेश में होती है. आम गरम व कम ठंडी आबोहवा में पैदा होता है. यह 4.4 से 43.4 डिगरी सेंटीग्रेड तापमान वाले इलाकों में उगता है, लेकिन 24.4 से 26.4 डिगरी सेंटीग्रेड तापमान वाला इलाका इस के लिए सब से अच्छा माना गया है.

आम नम व सूखी दोनों प्रकार की जलवायु में उगता है. लेकिन जिन इलाकों में जून से सितंबर तक अच्छी बारिश होती है व बाकी महीने सूखे रहते हैं वहां आम की फसल अच्छी होती है. आकर्षक रंग, स्वाद व सुगंध वाले इस फल में विटामिन ए व बी काफी मात्रा में होते हैं. आम का इस्तेमाल फल की हर अवस्था में किया जाता है. कच्चा आम चटनी, अचार व कई तरह के पेय बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इस के अलावा इस से कई तरह के शरबत, जैम, जैली व सीरप वगैरह बनाए जाते हैं. गरम व सूखी आबोहवा में उगने वाले आम के पेड़ों व फलों को रोगों से बचाना बहुत जरूरी है. आम में लगने वाली खास बीमारियों व उन की रोकथाम के बारे में यहां बताया जा रहा है:

सफेद चूर्णिल आसिता : गरम व नम आबोहवा और ठंडी रातों में यह बीमारी ज्यादा लगती है. बौरों और नई पत्तियों पर सफेद या सफेद चूर्णिल वृद्धि दिखाई पड़ती है. बीमारी पेड़ के ऊपर से शुरू हो कर नीचे की ओर फूल, नई पत्तियों और पतली शाखाओं पर फैल जाती है. इस से पेड़ की बढ़वार रुक जाती है. फूल और पत्तियां गिर जाती हैं. यदि बीमारी लगने से पहले फल लग गए हों तो वे कच्ची अवस्था में ही गिर जाते हैं. यह बहुत ही नुकसानदायक बीमारी है, जो कभीकभी पूरी फसल को बरबाद कर देती है. इस की वजह से फूलों की संख्या में भारी कमी आ जाती है.

रोकथाम

* रोकथाम के लिए 0.05 से 0.1 फीसदी कैराथेन/ 0.1 फीसदी बाविस्टीन/ 0.1 फीसदी बेनोमिल/ 0.1 फीसदी कैलेक्जीन का छिड़काव करना फायदेमंद होता है.

* घुलनशील गंधक (0.2 फीसदी) नामक कवकनाशक दवाओं का घोल बना कर पहला छिड़काव जनवरी में, दूसरा फरवरी के शुरू में और तीसरा छिड़काव फरवरी के अंत में करना चाहिए.

काला धब्बा या एंथ्रेकनोज : यह बीमारी पेड़ों की कोमल टहनियों, फलों और फूलों पर देखी जा सकती है. इस की वजह से पत्तियों पर भूरे या काले रंग के गोल आकार के धब्बे पड़ जाते हैं, जिस से पत्तियों की बढ़वार रुक जाती है और वे सिकुड़ जाती हैं. कभीकभी रोगग्रस्त ऊतक सूख कर गिर जाते हैं, जिस से पत्तियों में छेद दिखाई पड़ते हैं. बीमारी ज्यादा लग गई हो तो पत्तियां गिर जाती?हैं. कच्चे फलों पर काले धब्बे बनते हैं. धब्बे के नीचे का गूदा सख्त हो कर फट जाता है और फल गिर जाते हैं. इस बीमारी से फल सड़ जाते हैं.

रोकथाम

* बीमार टहनियों की छंटाई कर के उन्हें गिरी हुई पत्तियों के साथ जला देना चाहिए.

* छंटाई के बाद पेड़ पर कवकनाशी रसायनों जैसे कापर आक्सीक्लोराइड 0.3 फीसदी का छिड़काव 15 दिनों के अंतर पर करना चाहिए.

* रोगी पेड़ों पर 0.2 फीसदी ब्लाइटाक्स 50, फाइटलोन या बोर्डो मिश्रण (0.8 फीसदी) नामक दवाओं के घोल का फरवरी से मई के बीच तक 2-3 बार छिड़काव करना चाहिए. बाविस्टीन (0.1 फीसदी) रोग को कम करने में बहुत फायदेमंद होता है.

* फल को 0.05 फीसदी कार्बेंडाजिम के घोल में डुबो कर भंडारित करें.

काली फफूंदी चोटी मोल्ड : भारत में फलों व बगीचों की यह एक सामान्य बीमारी है. यह आम पर हमला करने वाले कीटों से होती है. ये कीट पेड़ की पत्तियों व हरी टहनियों पर मीठा रस छोड़ते हैं. इस रस पर काली फफूंद तेजी से बढ़ती है और कवक काले रंग के बीजाणु बनाता है. इस से पत्तियां और टहनियां काली व भद्दी दिखती हैं. पौधा या पेड़ खाना बनाने के लायक नहीं रह जाता है. पत्तियां कमजोर हो कर गिर जाती हैं.

रोकथाम

* स्केल कीट गुजिया व भुनका कीटों की रोकथाम मुनासिब कीटनाशक से करने पर उन से निकलने वाले पदार्थ की कमी के कारण फफूंद भी लग जाती है.

* इलोसाल (900 ग्राम प्रति 450 लीटर पानी) का 10-15 दिनों के अंतर पर छिड़काव बहुत फायदेमंद होता है.

* इस के अलावा वेटासुल (विलनशील गंधक)+मेटासिड (मिथाइल पैराथियान)+गोंद (0.2 फीसदी-0.1 फीसदी-0.3 फीसदी) का छिड़काव फायदेमंद होता है.

* इस रोग से बचाव के लिए सब से पहले कीटनाशक जैसे मैलाथियान, पेराथियान या निकाटिन सल्फेट (0.05 फीसदी) का छिड़काव करना चाहिए. इस के बाद ब्लाइटाक्स 50 (0.2 फीसदी) का छिड़काव 2 बार करना चाहिए.

पत्ती अंगमारी : यह बीमारी आम की पूरी पत्तियों पर अकसर देखी जाती है. पत्तियों पर गोल, हलके भूरे धब्बे दिखाई देने लगते हैं. ये धब्बे गहरे भूरे रंग के हो जाते हैं. इन का घेरा चौड़ा कुछ उठा हुआ और गहरे बैगनी रंग का होता है. पुराने धब्बों का रंग राख के समान हो जाता है.

रोकथाम

* इस रोग को कम करने के लिए रोगी पत्तियों को इकट्ठा कर के जला देना चाहिए.

* बेनोमिल (0.2 फीसदी) या कापर आक्सीक्लोराइड (0.3 फीसदी) का छिड़काव करना कारगर होगा.

चोटी सुखन : इसे उल्टा सूखा रोग या शीर्ष मरण रोग कहते हैं, यह रोग बाट्रीयोडिप्लोडिया थियोब्रोमी नामक फफूंद के कारण होता है. यह रोग साल में कभी भी देखा जा सकता है. लेकिन इसे अक्तूबर और नवंबर  में ज्यादा देखा जा सकता है. इस में सब से पहले पत्तियों पर गहरे धब्बे बनते हैं, जिस की वजह से पत्तियां  पीली हो कर गिर जाती हैं व टहनी नंगी हो कर ऊपर से नीचे की तरफ सूखने लगती है. इस रोग के कारण अकसर पीले रंग का गाढ़ा स्राव भी निकलते देखा गया है.

रोकथाम

* टहनी जहां तक सूख गई हो, उस के 10 सेंटीमीटर नीचे से पेड़ के स्वस्थ भाग के साथ काट कर अलग करने के बाद कौपर आक्सीक्लोराइड (0.3 फीसदी) का 15 दिनों के अंतर पर 2 बार छिड़काव करना चाहिए.

* कलम के लिए उपयोग की जाने वाली शाखा का निरोग होना जरूरी है. साल में 2 बार बोर्डो पेस्ट मुख्य तने पर लगाएं.

* ऐसे बाग जहां पर यह रोग अधिक व बारबार होता हो वहां नेप्थलीन एसिटिक एसिड का छिड़काव अक्तूबर व नवंबर में करना चाहिए.

तने से गोंद निकलना : इसे गमोसिस रोग कहते हैं. यह एक फफूंद जनित रोग है. यह रोग बरसात के आखिर में  ज्यादा दिखाई देता है. इस में मुख्य तने, शाखा और पेड़ों की छाल पर गोंद का रिसाव देखा गया है व दरार जैसा फटा हुआ दिखाई देता है. कुछ समय के बाद पौधा सूख जाता है.

रोकथाम

* तेज चाकू से छाल हटा कर बोर्डो पेस्ट का लेप लगाएं. पेड़ को निरोगी बनाए रखने के लिए समयसमय पर कवकनाशक रसायनों का छिड़काव करते रहना चाहिए.

* बाग में पत्तियों पर धब्बों की रोकथाम के लिए कापर आक्सीक्लोराइड का

छिड़काव करते रहना चाहिए जिस से यह रोग कम होता है.

* कापर सल्फेट को 500 ग्राम प्रति पेड़ की दर से पेड़ों के चारों तरफ डालना फायदेमंद होता है.

जीवाणु कैंकर : यह रोग पत्तियों और फलों पर काले धब्बे के रूप में देखा जा सकता है. फलों में फटने के लक्षण भी दिखाई देते हैं. पहले रोग लगी सतह पर गीले धब्बे बनते हैं, जो बाद में उभरे से कैंकर बन जाते हैं. 1 से 4 मिलीमीटर के ये धब्बे पत्तियों पर बनते हैं, जो बाद में गहरे भूरे कैंकर में बदल जाते हैं. रोग के बढ़ने पर पत्तियां पीली पड़ कर गिर जाती हैं.

रोकथाम

* बाग की बराबर निगरानी और साफसफाई रखना जरूरी है. रोग लगे फलों, पत्तियों और टहनियों को जला कर नष्ट कर देना चाहिए.

* रोग ज्यादा लगने पर स्ट्रोप्टोमाइक्लीन (300 पीपीएम) और साथ में कापर आक्सीक्लोराइड (.03 फीसदी) का छिड़काव करें.

गुच्छा रोग : इस रोग में पेड़ों की शाखाओं व फूलों की बनावट खराब हो जाती है. नई शाखाएं व फूल गुच्छों के रूप में बदल जाते हैं. शाखा  गुच्छा रोग अधिकतर नर्सरी के छोटे पौधों में पाया जाता है. लेकिन बड़े पेड़ों पर भी यह रोग देखा जा सकता है. पुष्प गुच्छा रोग में सारे फूल गुच्छों का रूप धारण कर लेते हैं. बाद में कभीकभी इन गुच्छों में से छोटीछोटी पत्तियां ठीक तरह से निकल आती हैं. इन गुच्छों में फल नहीं आते हैं.

रोकथाम

* पौध हमेशा स्वस्थ पौधों से ही तैयार करनी चाहिए. रोग लगे भागों को काट कर नष्ट कर देना चाहिए. अक्तूबर के महीने में 2 ग्राम अल्फा नेफ्थलीन एसिटिक एसिड प्रति 10 लीटर पानी में मिला कर छिड़काव करने से उपज बढ़ाई जा सकती है.

* सब से पहले निकलने वाले पुष्प गुच्छों को हाथ से तोड़ देना चाहिए.

काला सिरा या कोयली रोग : यह रोग विषैली गैस के कारण होता है. इसे कोयली या सिरा विगलन रोग के नाम से भी जाना जाता है. ईंट के भट्ठों के पास लगे पेड़ों के फल इस रोग से प्रभावित होते हैं. फल के आगे के सिरे पर काला धब्बा बनता है, जो पूरे सिरे को ढक लेता है. बाद में चपटा हो जाता है. रोग लगी त्वचा सख्त व कुछ दबी होती है. अंदर का ऊतक मीठा हो जाता है.

रोकथाम

* रोकथाम के लिए आम के बाग को ईंट के भट्टों से दूर लगाना चाहिए. भट्ठों में ऊंची चिमनियों का इस्तेमाल करने से भी रोग के फैलाव को रोका जा सकता है.

* अप्रैलमई के दौरान रोग शुरू होने से पहले सोडियम बाईकार्बोनेट या बोरेक्स के 0.6 फीसदी घोल का 10 दिनों के अंतर पर 2-3 बार छिड़काव करना चाहिए.

लाल जंग : यह रोग एक एलगी द्वारा पैदा होता है. इस में ईंट जैसे लाल रंग का उठा

हुआ धब्बा पत्तियों पर बनता है. यह धब्बा वेलवेटी होता है. यह एलगी टहनियों पर भी दिखाई देती है.

रोकथाम

* बरसात शुरू होने से पहले कापर आक्सीक्लोराइड की  3 ग्राम मात्रा प्रति लीटर पानी में घोल कर छिड़काव करें.

गजब की गायिका अकासा

मुंबई में पैदा हुई अकासा सिंह गायक और संगीतकार अरविंदर सिंह की बेटी हैं. उन का फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ में गाया पहला हिंदी गाना ‘तू खींच मेरी फोटो…’ सभी को बहुत पसंद आया. अकासा सिंह महज 12 साल की उम्र से ही स्टेज शो करती आ रही हैं. जब वे 17 साल की थीं, तब उन्होंने गायक मीका सिंह के साथ शो करना शुरू किया था. उन्हें ‘ब्राउन रंग’ वीडियो से बहुत नाम मिला, जो यूट्यूब पर खूब हिट रहा था. उम्मीद है कि हमें बहुत जल्द उन के गाए नए गानों को सुनने का मौका मिलेगा.

अब मैं सैक्स सिंबल नहीं रहा – जौन अब्राहम

जौन अब्राहम ने साल 2003 में अपने कैरियर की शुरुआत फिल्म ‘जिस्म’ से की थी और उन की इमेज एक सैक्स सिंबल की बन कर रह गई थी.फिल्म ‘दोस्ताना’ में उन्होंने एक मजाकिया किरदार निभाया था. ‘गरम मसाला’, ‘देशी बौयज’ जैसी हलकीफुलकी फिल्में भी वे करते रहे, पर अचानक साल 2012 में उन्होंने स्पर्म डोनेट पर बनी फिल्म ‘विकी डोनर’ पेश की, जिस में नए हीरो आयुष्मान खुराना को लिया गया था. इस फिल्म को जबरदस्त कामयाबी मिली थी.   इस के बाद जौन अब्राहम ने श्रीलंका के जाफना इलाके में 80 के दशक में हुई सिविल वार पर एक राजनीतिक ऐक्शन फिल्म ‘मद्रास कैफे’ बनाई, जिस में उन्होंने रौ एजेंट का दमदार किरदार निभाया था.

पेश हैं, जौन अब्राहम के साथ हुई लंबी बातचीत के खास अंश:

एक कलाकार के तौर पर आज आप खुद को कहां पाते हैं?

मुझे लगता है कि मैं आज की तारीख में खुद के बल पर खड़ा हो सकता हूं, इसलिए मैं खुश हूं. पर अभी भी मुझे बहुत आगे जाना है. बहुतकुछ नया करना है. अपने अंदर के कलाकार को और अच्छा बनाना है.

आप के कैरियर की शुरुआत फिल्म ‘जिस्म’ से सैक्स सिंबल के रूप में हुई थी, फिर आप ने कौमेडी, ऐक्शन और गंभीर फिल्में भी कीं. क्या यह बदलाव आसान था?

यह सच है कि मैं फिल्मों में सैक्स सिंबल के रूप में आया?था. आज भी ज्यादातर लोग मुझे सैक्स सिंबल के रूप में ही देखते हैं. लेकिन दर्शकों ने मुझे फिल्म ‘जिस्म’ के बाद ‘दोस्ताना’, ‘धूम’, ‘न्यूयौर्क’, ‘नौ दो ग्यारह’, ‘शूट आउट एट वडाला’ जैसी फिल्मों में भी पसंद किया.  जब मैं ने फिल्म ‘मद्रास कैफे’ बनाई, तो बौलीवुड के फिल्मकारों की नजर मुझ पर गई और उन्हें मेरे टैलैंट पर भरोसा हुआ.

इस के बाद तो कलाकार के तौर पर आप की जिम्मेदारी बढ़ गई होगी?

मुझे लगता है कि मेरी जिम्मेदारी बढ़नी चाहिए, पर कुछ मीडिया वाले ऐसे भी होते हैं, जो आप की वह जिम्मेदारी समझते नहीं हैं. यह अफसोस की बात है कि मुझे हर फिल्म के साथ अपनी काबिलीयत को साबित करना पड़ता है.

इतने साल फिल्मों में काम करने के बाद भी आप को साबित करने की जरूरत क्यों पड़ती है?

शायद इस की वजह यह है कि मैं ने मौडलिंग से फिल्मों में कदम रखा. और बौलीवुड में ऐसा माना जाता है कि एक अच्छा मौडल कभी अच्छा ऐक्टर नहीं हो सकता. फिल्म ‘मद्रास कैफे’ के बाद मैं कह सकता हूं कि मुझ पर से यह तमगा हट गया है.

फिल्म प्रोडक्शन के क्षेत्र में उतरने की क्या वजह रही?

मैं जिस तरह की फिल्मों को देखना पसंद करता हूं, उसी तरह की फिल्मों को बनाने और उन में कुछ अलग रूप में नजर आने के लिए ही  फिल्म बनाने लगा हूं.

‘विकी डोनर’ और ‘मद्रास कैफे’ जैसी बेहतरीन फिल्में बनाने के बाद कोरियन फिल्म ‘द मैन फ्रौम नो व्हेअर’ को हिंदी में ‘रौकी हैंडसम’ के नाम से रीमेक करने की बात कैसे दिमाग में आई?

यह बहुत अच्छी फिल्म है. एक कलाकार के तौर पर मुझे बहुत मजा आया. इस फिल्म में जबरदस्त ऐक्शन है. ऐक्शन के पीछे जो इमोशन होता है, उस का चित्रण बहुत जरूरी होता है. वह सब इस फिल्म में है. इस फिल्म में जो इमोशन हैं, वे हर इनसान की आंखों से आंसू ला देंगे.  मैं ने इस में ड्रग माफिया के खिलाफ जंग छेड़ने वाले नौजवान का किरदार निभाया है. इस फिल्म में मेरे तीन लुक हैं.

आप फुटबाल के खेल को ले कर भी कोई फिल्म बनाने वाले थे?

जी हां, इस फिल्म का नाम है ‘1911.’ यह फिल्म कोलकाता की मशहूर मोहन बागान टीम की ऐतिहासिक विजय पर आधारित है. इस फिल्म के डायरैक्टर सुजीत सरकार और लेखक सौमिक सेन हैं. साल 1911 में मोहन बागान ने इंगलैंड की मशहूर यौर्कशौयर टीम को हरा कर एक नए इतिहास को रचा था. उसी कहानी को इस फिल्म में पेश किया गया है. उस दौरान भारतीय टीम ने नंगे पैर धोती पहन कर फुटबाल खेली थी, जबकि ब्रिटिश टीम ने हाफ पैंट व जूते पहन रखे थे.

इन दिनों औरतों के साथ जोरजुल्म की वारदातें बड़ी तेजी से बढ़ी हैं. इस पर आप क्या कहेंगे?

इस तरह की वारदातें चिंता की बात हैं. कल तक मुंबई को बहुत महफूज समझा जाता था, पर अब यहां भी औरतों के खिलाफ ऐसी वारदातें तेजी से बढ़ी हैं. आज जरूरत इस बात की है कि हर मांबाप अपने बेटे को समझाए कि उन्हें किस तरह से लड़कियों व औरतों की इज्जत करनी चाहिए और हमेशा उन की हिफाजत करनी चाहिए. जरूरत है कि औरतों के प्रति अपराध करने वाले अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए. ऐसे मसलों पर हमारे देश के नेताओं को बहुत सोचसमझ कर बयानबाजी करनी चाहिए.

क्या कभी आप ने खुद औरतों की हिफाजत की कोई मुहिम लड़ी है?

कई बार हम चाह कर भी ऐसा नहीं कर पाते हैं. मुझे अच्छी तरह से याद है, जब मैं कालेज में पढ़ता था और लोकल ट्रेन से सफर करता था. तब मैं ने देखा था कि रेलवे प्लेटफार्म पर एक लड़का जबरन एक लड़की को धक्का दे कर चला गया. मैं ने दौड़ कर उस लड़के को पकड़ा. मैं उसे पुलिस को देना चाहता था, पर लड़की के कहने पर उसे छोड़ना पड़ा, क्योंकि लड़की खुद उस लड़के पर कोई भी आरोप लगाने के लिए तैयार नहीं थी. पर अब जिस तरह से समाज में बदलाव आ रहा है, वह सुखद है. अब हर औरत अपने हक को जानने व समझने लगी है. अब वह जोरजुल्म के खिलाफ आवाज उठाना भी जानती है.

दादागीरी से नहीं परिश्रम और लगन से मिलती है मंजिल

शमा से उजाला भी फैलता है और आग भी लग सकती है. दादागीरी भी एक ऐसा फेनोमेना है जिस की परिभाषा बहुत विस्तृत है. अपने व्यक्तित्व को निखारने और कैरियर को संवारने के लिए जोश व लगन के साथ परिश्रम और डिटरमिनेशन का नाम ही दादागीरी है. अत्याचार के खिलाफ उठ खड़े होना भी दादागीरी है जोकि सराहनीय है, क्योंकि समाज को ऐसे ही दादाओं की जरूरत है, जो आगे बढ़ें और अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद कर सकें. हां, इस सीमा से आगे बढ़ने पर वही दादागीरी स्वयं और समाज दोनों के लिए बरबादी का कारण बन कानून के खिलाफ हो सकती है और भारतीय दंड विधान की धाराओं के अनुसार दंडनीय हो सकती है.

दादागीरी के अंतर्गत भारतीय दंड विधान की निम्न धाराएं लागू होती हैं :

1. धारा 141 से 149 तक.

2. धारा 319 से 338 तक.

3. धारा 349 से 374 तक.

4. धारा 405 से धारा 409 तक.

5. धारा 499 से धारा 510 तक.

किशोरों में बहुत जोश होता है. वे मौके और माहौल का खयाल किए बिना ऐसे कार्यों में कूद पड़ते हैं जो आगे चल कर उन के भविष्य के लिए कठिनाइयां खड़ी कर सकते हैं.

दादागीरी का नकारात्मक पहलू

मैडिकल, इंजीनियरिंग तथा अन्य प्रोफैशनल कालेजों में दादागीरी का अत्यंत भयानक रूप नजर आता है. कड़े परिश्रम के बाद छात्र इन संस्थाओं में प्रवेश पाते हैं. अपने परिवारों से दूर होस्टल्स में उन्हें रहना पड़ता है. अजनबी माहौल में अनजाने लोगों के साथ सामंजस्य बैठाना बहुत मुश्किल होता है. ऐसे में उन्हें रैगिंग के आतंक से भी जूझना पड़ता है. पूर्वी और दक्षिण भारत में आमतौर पर देखा गया है कि वहां के सीनियर छात्र फ्रैशर्स के साथ अच्छा व्यवहार करते हैं, कुछ तो बड़े भाई या बड़ी बहन जैसा प्यार देते हैं और पढ़नेलिखने व अन्य कार्यों में भी उन्हें प्रोत्साहित करते हैं.

इस के विपरीत उत्तर भारत के प्रोफैशनल कालेजों में सीनियर छात्रों का फ्रैशर्स के साथ ऐसा दुर्व्यवहार होता है मानो उन्हें किसी पुरानी दुश्मनी का बदला चुकाना है. उदाहरणार्थ अपनी परीक्षा के लिए जूनियर्स से नोट्स तैयार करवाना, अपने कपड़े धुलवाना, अपना बिस्तर ठीक करवाना, छोटेमोटे खर्च के लिए धमकी दे कर रुपए वसूल करना, उन का मोबाइल आदि छीन कर अपने कब्जे में रखना. इस तरह की दादागीरी दिखा कर वे नए छात्रों का जीना मुहाल कर देते हैं. जो फ्रैशर्स इन अत्याचारों को सहन नहीं कर पाते उन्हें मारापीटा और अपमानित किया जाता है. कभीकभी यौन उत्पीड़न से वे इतने क्षुब्ध हो जाते हैं कि आत्महत्या तक कर बैठते हैं. कुछ वर्ष पहले इसी तरह हिमाचल के एक मैडिकल कालेज में फर्स्ट ईयर के एक छात्र अमन कचरू की वहां के सीनियर छात्रों ने बेदर्दी से पीटपीट कर हत्या कर दी थी. अमन के मातापिता पर क्या गुजरी होगी, यह सोच कर रोंगटे खड़े हो जाते हैं.

इसी तरह दिल्ली में आर्किटैक्चर के सुप्रसिद्ध कालेज स्कूल औफ प्लानिंग ऐंड आर्किटैक्चर में बिहार के एक छात्र को दाखिला लेने के कुछ ही दिन के भीतर रैगिंग के नाम पर इतना परेशान और आतंकित किया गया कि उसे जान बचा कर भागना पड़ा. एक सफल आर्किटैक्ट बनने का उस का सपना चकनाचूर हो गया.

दादागीरी या वक्त की आवाज (सकारात्मक पहलू)

यदि हिम्मत वाले युवा अपने जोश और जज्बे को, अपने व्यक्तित्व को शालीन बनाने और अपने कैरियर को बेहतर बनाने के लिए दादागीरी का इस्तेमाल करें तो प्रशंसनीय है. समाज में फैली बुराइयों को दूर करने के लिए भी अगर वे आगे आते हैं तो इस तरह की दादागीरी भी प्रशंसनीय है, लेकिन दुर्बल को सताने में दादागीरी दिखाना कतई ठीक नहीं. केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की पचासों योजनाएं हैं, जिन का लाभ जरूरतमदों तक नहीं पहुंच पाता, क्योंकि बिचौलिए और दलाल सरकारी कर्मचारियों से सांठगांठ कर सारा माल समेट लेते हैं. यदि दादागीरी का दमखम रखने वाले समाज सेवक इन दलालों को हटा कर सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों व जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहायता करें तो यह उत्तम दरजे की दादागीरी होगी. नगरों और विशेषकर महानगरों में सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं तथा बच्चों के साथ जो दुर्व्यवहार होता है उसे रोकने में दादागीरी की क्षमता रखने वाले युवक बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं. उन का यह बहुमूल्य योगदान कानून और समाज दोनों के हित में होगा.

इसी प्रकार विभिन्न दुर्घटनाओं में सड़क तथा दुर्घटनास्थल पर तड़प रहे घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने में भी मदद कर सकते हैं. दूसरों की सहायता, परिश्रम एवं लगन से ही मंजिल मिल सकती है.

पर्यटन से पहले कुछ ध्यान देने योग्य बातें

लीजिए, फिर घूमनेफिरने का मौसम आ गया है. ऊंचेऊंचे पहाड़, कलकल बहती नदियां और खूबसूरत नैसर्गिक नजारे आप की प्रतीक्षा कर रहे हैं. पत्रपत्रिकाओं या टेलीविजन पर पर्यटन स्थलों के सुंदरसुंदर दृश्यों को देख कर सहज ही घूमने का मन बन जाता है. लेकिन ठहरिए, केवल मन ही पर्यटन के लिए पर्याप्त नहीं है. आप ने अगर पर्यटन पर जाने का मन बना लिया है तो आप को मन के अलावा और कुछ भी सोचना पड़ेगा.

सब से पहले तो आप को हकीकत के धरातल पर बैठ कर अपना कार्यक्रम बनाना पड़ेगा. आप घूमने जा रहे हैं तो आप को यह देखना बहुत जरूरी है कि 3 महीने पहले आप ने घूमने के लिए जो दिन निर्धारित किए हैं, आप 3 माह बाद उन दिनों को तो निकालने की स्थिति में रहेंगे. कहीं उस दौरान आप के बच्चे की कोई परीक्षा तो नहीं है या कोई विवाह या उत्सव आदि की तारीख तो नहीं टकरा रही. ऐसा नहीं कि आप पूरी तैयारी कर लें और फिर इस कारण से आप का निकलना संभव नहीं हो पाए.

कार्यक्रम बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए. सब से पहले हम जब कमरे में बैठ कर कार्यक्रम बनाते हैं और नक्शा देखते हैं तो सबकुछ आसान लगता है.

मेरे एक मित्र संजय ने यही किया. कार्यक्रम बनाना तो शुरू किया जम्मू का, लेकिन धीरेधीरे पटनीटाप, डलहौजी, कांगड़ा, धर्मशाला आदि भी कार्यक्रम में शामिल हो गए. फिर नक्शा देखा तो सोचा कि चलो हरिद्वार, ऋषिकेश भी घूम लेंगे. फिर किसी ने कह दिया कि वहां तक जा रहे हो तो मसूरी, बदरीनाथ भी हो आना. और नतीजा यही रहा कि इतना लंबा कार्यक्रम जब समय आया तो असंभव लगने लगा और फिर सारा परिवार घर में ही बैठा रह गया. इसलिए जरूरत से ज्यादा विस्तार वाले कार्यक्रम फेल हो जाते हैं. आप कितने लोग घूमने जा रहे हैं. वे किस उम्र के हैं. यदि आप के साथ वृद्धजन हैं तो उन की बीमारी आदि का खयाल रखना पड़ेगा. यदि हाल ही में कोई आपरेशन हुआ है तो अधिक चढ़ाईउतराई वाली जगह से बचना पड़ेगा.

जगह का चयन

जगह का चयन करते समय मौसम का अवश्य ध्यान रखें. गरमी की छुट्टियों में घूमने जा रहे हैं और आप को पर्यटन का वास्तविक आनंद लेना है तो ठंडी जगहों का चयन करें. हां, सर्दी के मौसम में दक्षिण भारत व समुद्रीतट वाली जगहों पर जाया जा सकता है. लू के मौसम में गरम जगहों पर जाया भी जाए तो दिन में यात्रा न कर गरमी से बचा जा सकता है. ऐसी जगहों पर सुबह थोड़ा जल्दी तैयार हो कर घूमा जा सकता है. दोपहर में आराम कर शाम को धूप उतरने के बाद भी घूम सकते हैं.

रिजर्वेशन

यात्रा की अच्छी शुरुआत के लिए सब से जरूरी है रिजर्वेशन. जहां आप जा रहे हैं वहां जाने के लिए साधन की उपलब्धता तय कर लें. यदि आप ट्रेन से जा रहे हैं तो 3 महीने पहले ही इस बारे में ध्यान देना पड़ेगा, क्योंकि यदि आप का रिजर्वेशन पक्का हो गया तो आप यात्रा के बारे में काफी निश्चिंत हो जाएंगे. यदि आप का प्रोग्राम 50 प्रतिशत भी हो तो भी रिजर्वेशन तो करवा ही लेना चाहिए, क्योंकि न जाने की दशा में टिकट कैंसिल भी करवाए जा सकते हैं. उस से अधिक पैसे भी नहीं कटते.

मुझे ऐसा ही एक वाकया तिरुअनंतपुरम का याद आता है. मेरा रिजर्वेशन कन्फर्म था लेकिन मुझे वहां एक सज्जन मिले जो सपत्नीक वहां घूमने आए थे. उन का रिजर्वेशन वेटिंग में था, उन का मन किसी चीज में नहीं लग रहा था, वह बारबार यही सोच रहे थे कि किसी तरह बस, रिजर्वेशन कन्फर्म हो जाए. वह बता रहे थे कि 2 महीने से कितनी ही बार हमारा प्रोग्राम बनाबिगड़ा. न जाने कितनी बार यह सोच कर बैठ गए कि चलो, फिर कभी चलेंगे. इस तरह मन परेशान हो तो घूमने का आनंद ही जाता रहता है.

होटल बुकिंग

ट्रेन के रिजर्वेशन के बाद नंबर आता है होटल का. किसी भी अनजान शहर में पहुंच कर मनपसंद होटल ढूंढ़ना सहज काम नहीं है. इसलिए होटल पहले से ही बुक हो जाए तो अच्छा रहता है. नहीं तो शहर में पहुंचते ही पहले होटल ढूंढ़ने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है और कई बार इस काम में आधा दिन लग जाता है. आजकल जहां हम किसी स्थान को 1-2 दिन से अधिक नहीं दे पाते, वहां इस काम में समय व्यर्थ करना बेमानी है.

और फिर इस से भी बड़ी बात शांति और सुकून की है. जब आप घूमने ही जा रहे हैं तो आप की मानसिकता शांत होनी चाहिए. जितनी अव्यवस्था होगी उतना ही आप का घूमना निरर्थक हो जाएगा. एक बार मैं मनाली में चेकआउट कर रहा था तो कमरे में से निकलते वक्त मैं ने देखा कि एक परिवार सामने ही बैठा था. मैं जैसे ही बाहर निकला, वे भीतर घुस गए. मैं ने पूछा तो पता चला कि ये लोग रात को ही मनाली पहुंच गए थे. पर गरमी का सीजन होने के कारण उन्हें कहीं जगह नहीं मिली तो फिर मजबूरी में पूरी रात टैक्सी में ही निकालनी पड़ी और मुंहमांगे दामों पर यह कमरा मिला है.

इसीलिए जहां तक हो सके इन परेशानियों से बचना चाहिए. एक बात और ध्यान में रखने की है कि लोग दूसरी जगह जाते हैं तो बहुत से जानपहचान वाले लोग औपचारिकतावश किसी रिश्तेदार या परिचित का पता दे देते हैं और फिर आग्रह भी करते हैं कि आप उन से जरूर मिल कर आना.

अब यहां यह तो ठीक है कि आप किसी का पता ले लें क्योंकि कभी इमरजेंसी में कोई बड़ी मुसीबत हो जाए तो अप्रोच किया जा सकता है लेकिन अनावश्यक रूप से किसी से मिलना- जुलना बिलकुल बेकार है, क्योंकि जब आप एक जगह को 1 या 2 दिन से ज्यादा समय नहीं दे पाते, ऐसे में किसी ऐसे व्यक्ति के घर जा कर समय व्यर्थ करना बेमानी है जिस से पहले कभी मिले ही नहीं और आगे कभी मिलने की संभावना भी नहीं है.

खरीदारी

एक परेशानी अमूमन सभी घूमने वालों के साथ बहुत ज्यादा होती है, वह है खरीदारी की. कई लोगों को मैं ने इतनी ज्यादा खरीदारी करते देखा है कि लगता है कि वे लोग कहीं घूमने नहीं बल्कि कहीं शापिंग करने गए थे. पर्यटन पर खरीदारी करना वैसे भी खतरनाक है. एक तो यह आप का बजट बिगाड़ देता है. दूसरे, आप पहले ही बड़ी मुश्किल से अपना समय निकाल पाए हैं. यह समय आप का शांति और सुकून से वहां के दर्शनीय स्थलों को देखने का है न कि खरीदारी करने का. ऐसी जगहों पर शापिंग करते वक्त कम से कम कपड़े तो नहीं खरीदने चाहिए क्योंकि कपड़े खरीदने में समय बहुत लगता है. अभी थोडे़ दिन पहले मैं केरल घूमने गया था. खरीदारी के नाम पर एक दुकान से गरम मसाले खरीद लिए और घर आ कर छोटेमोटे पैकेट बना कर सभी को दे दिए. इस से मेरा अधिक समय व्यर्थ नहीं हुआ. इसी तरह एक बार जम्मू गए तो वहां से अखरोट खरीद लिए और वापस आ कर लोगों में बांट दिए. अधिक वैरायटी के चक्कर में पड़े तो आप का घूमना व्यर्थ हो जाएगा.

एक बात और, यदि आप जहां घूमने जाने का कार्यक्रम बना रहे हैं तो पहले से उस की जानकारी जमा कर लें तो बेहतर रहता है. अगर आप घर से ही यह तय कर लें कि आप को उस शहर के कौनकौन से स्थान घूमने हैं तो आप व्यवस्थित रूप से घूम सकेंगे. फिर इस बात का अफसोस नहीं रहेगा कि आप जब वापस लौटें तो कोई आप को यह कहने वाला मिले कि अरे, आप ने फलां जगह तो देखी ही नहीं. जानकारी जुटाने का सर्वश्रेष्ठ साधन यही है कि सरिता के इस पर्यटन विशेषांक को सहेज कर रखें. इस की बहुमूल्य जानकारी हमेशा आप के काम आएगी. जब भी खाली समय में पढ़ेंगे तो आप के आगे घूमने की संभावना बनी रहेगी. सरिता द्वारा मुफ्त दी जा रही लघु रेलवे  समय सारिणी भी घर पर होनी चाहिए. गाडि़यों के बारे में जानकारी मिलने से आप सुविधानुसार प्रोग्राम बना सकेंगे.

इन सब बातों के साथ एक बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि आप का घूमने का कार्यक्रम बहुत ही कसा हुआ नहीं होना चाहिए. भले ही 1-2 जगह कम देख लें लेकिन भागदौड़ या आपाधापी बिलकुल नहीं होनी चाहिए. एक बार मेरे साथ यही हुआ. दार्जिलिंग घूमने के लिए न्यूजलपाईगुड़ी उतरे तो पता चला कि आज भारत बंद है इसलिए दार्जिलिंग जाने का कोई साधन उपलब्ध नहीं है. हालांकि ट्रेन में रिजर्वेशन था लेकिन ट्रेन भी बंद थी.

बाहर निकले तो देखा, चाय की दुकानें तक बंद थीं. फिर एक व्यक्ति से टैक्सी की बात की तो उस ने भी यही कहा कि कल सुबह से पहले कोई साधन दार्जिलिंग के लिए नहीं मिल पाएगा. फिर उस से दूसरे दिन की बात कर कुछ लड़कों की मदद से एक होटल किया. यदि आप के साथ ऐसा कभी कुछ हो जाए कि आप जहां जाएं वहां बंद, दंगा या कोई अन्य घटना घटित हो जाए तो फौरन किसी होटल में चले जाएं क्योंकि आप को एक तो सुरक्षा भी मिलेगी और दूसरे कम से कम खानापीना तो मिल ही जाएगा. ऐसी आपात स्थितियों को ध्यान में रखते हुए थोड़ा समय अतिरिक्त ले कर चलना चाहिए. मैं ने एक दिन अतिरिक्त रख रखा था इसलिए भले ही एक दिन व्यर्थ रहा पर दूसरे दिन दार्जिलिंग घूम पाए. समय रहने से आप के आगे के प्रोग्राम भी व्यवस्थित रहते हैं और सब से बड़ी बात जो रिजर्वेशन आदि आप ने करवा रखे हैं वे कैंसिल नहीं करवाने पड़ेंगे.

पैसे की व्यवस्था

जाते समय पैसों की व्यवस्था समुचित होनी चाहिए. एटीएम में पर्याप्त मात्रा में पैसे होने चाहिए ताकि इमरजेंसी में आप को वहां रुकना पड़े तो आप को परेशानी न आए. जो एटीएम कार्ड आप के पास है उस की शाखा से जा कर यह मालूम भी कर लें कि उस का एटीएम या सहयोगी शाखा का एटीएम उस जगह है अथवा नहीं जहां आप जा रहे हैं. बहुत अधिक कैश साथ में ले कर न चलें. जो कैश हो भी उसे एक ही जगह न रखें तो बेहतर होगा. यात्रा में डेबिट या क्रेडिट कार्ड बहुत काम आते हैं अत: एकदो कार्ड आप के लिए काफी सुविधाजनक रहेंगे. अपना बजट बनाते समय यह भी ध्यान में रखें कि अमूमन पर्यटन पर बजट से अधिक खर्च हो ही जाता है, अत: अपने बजट से कुछ अधिक ही पैसे का इंतजाम रखें.

अंत में सब से बड़ी बात है स्थान का चुनाव. स्थान का चुनाव करते समय आप अपने परिवार का अवश्य ध्यान रखें. यदि आप किसी बड़े शहर में रहते हैं और बहुत ज्यादा भागदौड़ वाली जिंदगी जीते हैं तो आप स्थान के चयन में यह जरूर देखें कि जहां आप जा रहे हैं वह जगह वैसी तो नहीं है जिस माहौल में आप रोजाना जी रहे हैं. अगर आप शोरशराबे वाली जगह रहते हैं तो आप को किसी शांत जगह का चुनाव करना चाहिए. इस से आप को बहुत सुकून मिलेगा. आप पर्यटन से तरोताजा हो कर आएंगे व अपने जीवन को सुचारु रूप से जी सकेंगे. तो फिर देर किस बात की, सोचिए, समझिए और निकल जाइए.

सुशासन लाइए बाकि खुद आ जाएगा

मंदिरों में या मंचों पर भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी नाच करने और किसी दूसरे नृत्य में मुंबइया टाइप फिल्मी डांस करने में आखिर फर्क क्या है? पत्थर के देवता तो नाच देख कर तालियां बजाते नहीं हैं. मंदिर हो या कोई हाल या फिर कमरा, तालियां तो हाथों से लोग ही बजाते हैं और ये हाथ पुजारियों के हों, महंतों के हों, भक्तों के हों, नृत्यप्रेमियों के हों या फिर दीवानों के, क्या कोई फर्क पड़ता है?

जिस देश में मंदिरों में नाचों की लंबी पुरानी परंपरा रही हो और मंदिरों में नाचने वाली लड़कियां वहीं से आती हों जहां से कमरों या कोठों पर जाती हैं, तो संस्कारी होने का नाटक करने का क्या मतलब रह जाता है? महाराष्ट्र सरकार का मुंबई व दूसरे शहरों के डांस बारों को बंद करने की जिद एकदम बेमतलब की है. वहां अगर बंद करना है तो बार को बंद करो, डांस को नहीं पर महाराष्ट्र सरकार जो मस्तानी के इतिहास को बारबार गर्व से दोहराती है उन्हीं मस्तानियों पर कानूनी फंदा डाल रही है, जो 100-200 रुपए कमाने के लिए घंटों मेकअप करती हैं और थकाऊउबाऊ सीलन भरे कमरों में नकली हंसी के साथ नाचती हैं. अगर डांस को इसलाम की तरह नापाक माना जाता तो भी बात दूसरी थी. इसलाम भी इसे कभी भी कहीं भी बंद नहीं कर पाया. औरतें नहीं नाचीं तो मर्द नाचने लगे और नाच अगर अच्छा है तो आदमीऔरत में फर्क कैसा?

सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल में एक सुनवाई में सही कहा कि अगर ये लड़कियां नाच कर पैसा कमाती हैं, तो सड़कों पर भीख मांगने से तो अच्छा ही है. असल में नाच और वेश्यावृत्ति  पर लगी तरहतरह की रोकों को खत्म कर देना चाहिए, क्योंकि ये जीवन का हिस्सा हैं. औरतों का नाचना और पुरुषों के साथ सोना दोनों उन के अपने सुख के लिए हैं, ये कोरी कमाई के साधन नहीं हैं. हर जना कमाई का कोई साधन ढूंढ़ता है और दूसरों के लिए कुछ काम करता है जिस से दूसरों को सुख मिले और फिर चाहे वह काम पिकासो जैसे पेंटर का हो, जुबीन मेहता जैसे संगीतकार का हो, मन्ना डे जैसे गायक का हो, बिरजू महाराज जैसे कत्थक नर्तक का हो, माइकल जैक्सन, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, मैरी कौम का हो. ये सब काम पेट भरने के लिए, अपने सुकून और दूसरों को सुख देने के लिए किए जाते हैं और इन सब के बदले पैसे मांगे जाते हैं या लिए जाते हैं. जब ये लोग देह या देह का अंग बेच कर कमाई करते हैं और सम्मान भी पाते हैं तो डांस बार या ब्रोथल वाली लड़कियों पर अंकुश क्यों?

यह दोगलापन हमारे चरित्र का हिस्सा है. इस में हम कहते कुछ हैं, असलियत कुछ और होती है. इन लड़कियों का विरोध करने वाले पहले मौके पर लड़कियों को पाने के लिए बेचैन हो जाते हैं. जरूरत इस बात की है कि राजनीतिक, प्रशासनिक व सामाजिक ढांचा इस तरह का हो कि औरतों को हर क्षेत्र में सुरक्षा मिले यानी घरों में, बाजारों में, दफ्तरों में, पर्यटन स्थलों पर और सब से ज्यादा इस तरह के बुरे समझे जाने वाले व्यवसायों में. वे अपनी कमाई कर सकें, अपना पैसा सुरक्षित रख सकें. उन्हें अपना शरीर जबरन किसी को न सौंपना पड़े और न ही उन्हें जबरन देह या डांस व्यापार में झोंका जा सके. यह काम तो सरकार कर नहीं पा रही उलटे संस्कार, सत्कार, सत्कर्म का बहाना बना रही है.

‘यादव-मुसलिम‘ समीकरण को चाहिये ‘एक्स्ट्रा डोज‘

राजनीति में ‘मतभेद‘ और ‘मनभेद’ दोनो का ही कोई बहुत मतलब नहीं रह गया. अपने लाभ के हिसाब से ‘दोस्ती‘ और ‘दुश्मनी‘ के नयेनये जुमले बनते और बिगडते रहते है. जनता भी नेताओं के इस चमत्कार को कभी ‘नमस्कार‘ करती है तो कभी ‘नकार’ देती है.राजनीतिक दल और विचारधारा को समय के हिसाब से तय होने लगे है.9 साल बाद समाजवादी पार्टी में शमिल हुये बेनी प्रसाद वर्मा ने 2012 के विधानसभा और 2014 के लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ एक से एक श्रंगारयुक्त शब्दों का प्रयोग किया.कई बार तो बात इतनी बढ गई कि कांग्रेस के हाईकमान से सपा नेताओ ने शिकायत तक की.2009 में बेनी प्रसाद वर्मा कांग्रेस के टिकट पर गोंडा से लोकसभा का चुनाव जीता और कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए-2 सरकार में केन्द्रीय मंत्रीं थे.मुलायम सिंह यादव की पार्टी यूपीए-2 को समर्थन कर रही थी.ऐसे में कांग्रेस के लिये बेनी को चुप रखना मुश्किल था.मुलायम की पार्टी की भी जरूरत कांग्रेस को थी.बेनी प्रसाद वर्मा ने मुलायम के लिये जिन श्रंगारयुक्त शब्दों का प्रयोग करते वो कांग्रेस के गले में हडडी की तरह फंस जाते थे.

9 साल बाद बेनी प्रसाद वर्मा को समझ आया कि वह कांग्रेस के योग्य ही नहीं थे. कांग्रेसी कल्चर में रचबस नहीं पा रहे थे.2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद बेनी प्रसाद वर्मा ने चुप्पी साध ली.इसके बाद बेनी प्रसाद वर्मा ने 13 मई को अपनी चुप्पी तोडी और कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का विरोध करने का नैतिक साहस नहीं जुटा पा रहे से इस कारण वापस सपा में शामिल हो गये.सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने उनको खुलेमन से पार्टी में शामिल किया.बेनी प्रसाद वर्मा और मुलायम सिंह यादव सोशलिस्ट पार्टी के जमाने से एक साथ है.लोकदल और जनता पार्टी के समय एक साथ रहे.समाजवादी पार्टी की नींव रखने में भी दोनो साथ थे.उस समय समाजवादी पार्टी को यादव कुर्मी दोनो ही जातियों के वोट चाहिये थे.समय के साथ बेनी प्रसाद वर्मा और मुलायम के बीच दूरी आई. बेनी की नम्बर 2 की कुर्सी छिन गई.

2012 में बहुमत की सरकार बनाने के बाद सपा में यादव मुसिलम समीेकरण की तूती बोलने लगी.यादवों में अब सपा का एकाधिकार खत्म हो गया है.वहां भी छोटेछोटे नेता उभर आये है.जो पार्टी के परिवारवाद से परेशान है.2014 के लोकसभा चुनाव में ‘यादव -मुसलिम’ समीकरण का भ्रम टूटा तो विधानसभा चुनाव के पहले सपा में दूसरी जातियों को शामिल करने की पहल शुरू हो गई.सपा यह भूल गई कि बेनी प्रसाद वर्मा कुर्मियों के नेता नहीं रह गये है.वह अपने जिले बाराबंकी में अपने बेटे का चुनाव नहीं जितवा पाये.कांग्रेस में बाराबंकी से बेनी प्रसाद वर्मा का मुकाबला पीएल पुनिया से था तो सपा में बेनी प्रसाद वर्मा का मुकाबला अरविंद सिंह ‘गोप’ से है.

ऐसे में पुराने जैसे सुखद भविष्य की कल्पना मुश्किल है.सपा को बेनी प्रसाद वर्मा कुर्मी वोट और किरण पाल सिंह से जाट वोट हासिल होता दिख रहा है.सपा की मुश्किल यह है कि जदयू नेता नीतीश कुमार ने शराब बंदी और मंडल कमीशन का सहारा लेकर उत्तर प्रदेश में नये समीकरण गढने को काम शुरू किया है.जिससे सपा की बेचैनी बढ गई है.अब वह अपने पुराने ‘यादव-मुसलिम‘ समीकरण के बूते जीत होती नहीं दिख रही है.ऐसे में एक बार फिर से ‘मतभेद‘ और ‘मनभेद’ भुलाकर नये समीकरण तलाशने का काम तेज होता दिख रहा है.

पढ़ाई को आसान बना रहे एडटेक स्टार्टअप्स

इंटरनेट के बढ़ते प्रयोग से शुरू हुए एजुकेशन टेक स्टार्टअप के ट्रेंड ने भारत के एजुकेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है. इंटरनेट और टेक्नोलॉजी के इस दौर ने हर काम को आसान बना दिया है. इसका असर पढ़ाई करने के तरीके पर भी पड़ा है. आज छात्रों को अपनी समस्याओं को दूर करने के लिए कोचिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, बल्कि इंटरनेट की दुनिया में आज कई ऐसे स्टार्टअप उपलब्ध हैं, जिन्होंने छात्रों के लिए पढ़ाई से संबंधित समस्याओं को दूर करने से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तक की प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है. शिक्षण की प्रक्रिया को आसान बनानेवाले इन स्टार्टअप्स को एडटेक का नाम दिया गया है. यदि आप भी अपनी पढ़ाई करने के तरीके को आसान व बेहतर बनाना चाहते हैं, तो इन एडटेक स्टार्टअप्स की मदद ले सकते हैं.

एम्बाइब ( Embibe)

एम्बाइब एंटरप्रेन्योर्स की एक टीम द्वारा चलाया जानेवाला ऑनलाइन पोर्टल है, जो छात्रों को घर बैठे कोचिंग देने व जेइइ, एम्स, एआइपीएमटी, कैट जैसी प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कराने में मदद करता है. इस पोर्टल की शुरुआत टीसीएस की एंप्लाइ रह चुकी 33 वर्षीय अदिति अवस्थी ने की थी. अदिति का मकसद प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करनेवाले छात्रों को एक ऐसा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना था, जो तैयारी के प्रति सही मार्गदर्शन देने में उनकी मदद कर सके. आज दस लाख से भी अधिक संख्या में छात्र इस वेबपोर्टल का प्रयोग कर रहे हैं.

विजआइक्यू (WizIQ)

विजआइक्यू एजुकेशन सर्विस प्रोवाइड करनेवालों के लिए एक वेब आधारित प्लेटफॉर्म है, जहां लाइव शिक्षण कार्य किया जा सकता है. यहां आप अपनी ऑनलाइन एकेडमी बना सकते हैं और छात्रों को एजुकेशन सर्विस प्रोवाइड कर सकते हैं.

टॉपर (Toppr)

यह एडटेक फर्म आइआइटी जेइइ, प्री मेडिकल के लिए छात्रों को ट्रेनिंग देने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए फाउंडेशन कोर्सेज भी उपलब्ध कराता है. यह कांपीटिशन की तैयारी करनेवाले छात्रों को असीमित प्रैक्टिस टेस्ट उपलब्ध कराता है और यहां छात्रों को लर्निंग मटीरियल भी उपलब्ध कराया जाता है. इसके अलावा अगर छात्रों को किसी तरह का संदेह होता है, तो वे लाइव चैट के जरिये उसे दूर कर सकते हैं.

आइप्रूफ इंडिया (iProfIndia)

आइप्रूफ खुद को भारत में सबसे बड़ी टेबलेट पीसी आधारित एजुकेशन कॉन्टेंट डिलिवरी कंपनी और डिजिटल एजुकेशन लाइब्रेरी होने का दावा करती है, जो अपने एडवांस्ड एंड्रॉयड एप्लिकेशन के माध्यम से स्टडी का स्मार्ट तरीका उपलब्ध कराती है. इसके एंड्रॉयड एप्स ऑफलाइन मोड पर भी काम करते हैं.

कॅरियरगाइड (CareerGuide)

कॅरियर गाइड ऐसा एडटेक प्लेटफॉर्म है, जो अभ्यर्थियों को कॅरियर से जुड़े सभी तरह के सवालों के जवाब उपलब्ध कराता है. इसके पास विभिन्न क्षेत्रों के चर्चित कॅरियर एक्स्पर्ट्स का मार्केटप्लेस है, जिनसे छात्र जुड़ सकते हैं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सवालों का जवाब हासिल कर सकते हैं.

 एजुकार्ट (EduKart)

एजुकार्ट एक ऑनलाइन एंट्रेंस कोचिंग साइट है, जो हर छात्र की एंट्रेंस की तैयारी संबंधी जरूरतों को पूरा करती है. विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बैठनेवाले छात्रों के लिए कोर्सों के अलावा यह कंपनी मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, मेडिकल, सिविल सर्विसेज, बिजनेस, लॉ और अन्य विभिन्न कोर्सों में मदद चाहनेवाले लोगों के लिए अंडरग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट के ऑनलाइन कोर्सेज प्रदान करती है.

अपग्रेड (UpGrad)

अगर आप वर्किंग प्रोफेशनल हैं और अपने स्किल को बढ़ाना चाहते हैं, तो इस काम में अपग्रेड आपकी मदद करेगा. यह स्टार्टअप वर्किंग प्रोफेशनल के लिए ऑनलाइन हायर एजुकेशन प्रोग्राम ऑफर करता है.

इसके एकेडमिक एडवाइजरी बोर्ड में काफी अनुभवी फैकल्टी है. यह कंपनी वन-टू-वन एकेडेमिक और नॉन एकेडेमिक सपोर्ट अपने छात्रों को उपलब्ध कराती है. यह अपने स्टूडेंट्स को लाइव प्रोजेक्ट्स, केस स्टडीज, ग्रुप असाइनमेंट्स, लाइव लेक्चर्स तक एक्सेस आदि उपलब्ध कराती है.

इंस्टा का हुआ कायाकल्प, आसान बनाया यूजर इंटरफेस

इंस्टाग्राम अब बदल गया है. फेसबुक के फोटो शेयरिंग एप इंस्टाग्राम ने न सिर्फ अपना आइकॉन बदला है, बल्कि पूरे डिजाइन को नए रूप में पेश किया है. लोगो (आइकॉन) पहले के मुकाबले ज्यादा रंगीन हो गया है, जबकि एप का इंटरफेस हल्का कर दिया गया है.

इंस्टाग्राम की तरफ से जारी स्टेटमेंट में कहा गया है, 'सिंपल डिजाइन की वजह से अब इंस्टाग्राम पर आपके फोटो और विडियो पर ज्यादा ध्यान आता है. इस रीडिजाइनिंग से एप को यूज करने के तरीके में कोई बदलाव नहीं आएगा.'

इंस्टाग्राम का इंटरफेस पुराने वर्जन के मुकाबले कम कलरफुल है. इंस्टाग्राम के हेड ऑफ डिजाइन इयान स्पैल्टर ने मीडियम पर अपडेट किए गए पोस्ट में कहा कि हमने डिजाइन में बदलाव लाकर इसे कम भड़कीला बनाया है.

उन्होंने लिखा है, 'लोगो को हमने कलरफुल बनाया है, क्योंकि इसके जरिए यूजर इंस्टाग्राम एप में दाखिल होते हैं. हमारा मानना है कि एप के अंदर एप के डिजाइन से नहीं, बल्कि कम्यूनिटी के फोटो और विडियो से रंग आने चाहिए.'

पहले इंस्टाग्राम के लोगो में पुराने कैमरे (विंटेज कैमरा) वाला आइकॉन था. स्पैल्टर ने कहा, 'हमने कलर और ध्यान बंटाने वाली चीजें कम की हैं, ताकि लोगों का कन्टेंट प्रमुखता से दिखे. हमने अन्य जगहों, जैसे कि होम स्क्रीन पर रंग बढ़ाया है.'

इंस्टाग्राम के साथ अपने तीन अन्य एप्स – Layout, Hyperlapse और Boomerang में भी इसी तरह से लोगो अपग्रेड किए गए हैं. 2010 में लॉन्च हुआ इंस्ट्राग्राम सबसे पॉप्युलर सोशल मीडिया एप्स में से एक है. यह टीनेजर्स के बीच ज्यादा लोकप्रिय है.

पिछले कुछ वक्त में इंस्टाग्राम ने कई बदलाव किए हैं. मार्च में 60 सेकंड तक का विडियो पोस्ट करने का भी ऑप्शन दिया गया था. अभी किए गए बदलाव भी रीडिजाइनिंग की इसी प्रक्रिया का हिस्सा है.

क्या आप वाकिफ हैं फेसबुक के इन फीचर्स से

अगर आप इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं तो यह लगभग तय है कि आप फेसबुक भी यूज करते हों. मगर क्या आपको फेसबुक को पूरी तरह से इस्तेमाल करना आता है? फेसबुक पर बहुत सारे फीचर ऐसे हैं, जिनके बारे में ज्यादा लोगों को नहीं पता. पेश हैं ऐसे ही कुछ फीचर्स, जिन्हें जानकर आप फेसबुक के उस्ताद हो जाएंगे.

1. एक और छिपा हुआ मेसेज बॉक्स

फेसबुक आपको वही मेसेज दिखाती है, जो आपके लिए महत्वपूर्ण हों. बाकी मेसेज को छिपा दिया जाता है. हममें से ज्यादातर लोग दो ही मेसेज बॉक्स के बारे में जानते हैं. एक तो सामान्य इनबॉक्स, दूसरा Other वाला इनबॉक्स, जिसे अब Messsage Requests नाम दे दिया गया है. इस मेसे बॉक्स में उन लोगों के मेसेज होते हैं, जो आपकी फ्रेंडलिस्ट में नहीं हैं. यह तो अच्छा फीचर है कि गैरजरूरी लोगों के मेसेज आपको पता न चलें. मगर आपको हैरानी होगी कि फेसबुक और भी बहुत सारे मेसेज छिपा देती है.

2. ऐल्बम डाउनलोड की जा सकती हैं

पहले फेसबुक से फोटो ऐल्बम डाउनलोड करना बड़ा मुश्किल था, मगर अब यह बहुत आसान हो गया है. किसी भी ऐल्बम पर जाइए और कॉर्नर पर ड्रॉप-डाउन मेन्यू पर क्लिक कीजिए. यहीं से आपको ऐल्बम को अपनी हार्ड ड्राइव में सेव करने का ऑप्शन मिल जाएगा.

3. फालतू गेम रिक्वेस्ट ब्लॉक करें

बहुत सारे लोग गेम के रिक्वेस्ट भेजते रहते हैं, जिससे परेशानी हो जाती है. इससे मुक्ति पाने के दो ऑप्शन हैं-

– एप सेटिंग्स में जाकर उस एप को ब्लॉक कर दें, जिसके नोटिफिकेशन नहीं चाहिए.

– उस शख्स से आने वाले सारे एप रिक्वेस्ट ब्लॉक कर दें, जो आपको परेशान कर रहा हो.

आप ऐसी सेटिंग भी कर सकते हैं कि एप इनवाइट्स की नोटिफिकेशन ही न मिले.

4. लॉगइन करने पर नोटिफिकेशंस मिलना

अपने अकाउंट को इस फीचर से आप और ज्यादा सिक्यॉर कर सकते हैं. इसके लिए Settings में जाएं, Security पर क्लिक करें और यहां से 'लॉगइन करने पर नोटिफिकेशन वाले फीचर' को ऑन कर दें. Get login alerts whenever someone logs in to your account को चुनने पर ब्राउजर, फोन या रजिस्टर्ड ईमेल अड्रेस पर लॉगइन के अलर्ट मिलने लगेंगे.

5. ऐल्बम शेयर की जा सकती है

फेसबुक पर ऐल्मब को शेयर भी किया जा सकता है. लोगों को पता नहीं है कि यह भी ऑप्शन है. ध्यान रहे कि इस ऐल्बम को आपके दोस्तों के अलावा तस्वीरों में टैग हुए दोस्तों के दोस्त भी देख पाएंगे.

6. अडवांस्ड चैट सेटिंग्स

क्या आप कुछ लोगों से फेसबुक पर चैट नहीं करना चाहते? आप ऐसी सेटिंग कर सकते हैं कि ऐसे लोगों को आप कभी ऑनलाइन नहीं दिखेंगे.

फेसबुक पर राइट हैंड साइड बॉटम में आपको मेसेंजर दिखेगा. यहीं पर Options से आप चुन सकते हैं कि कौन-कौन दोस्त आपसे चैट कर सकते हैं, कौन-कौन आपको ऑनलाइन देख सकते हैं.

7. कौन आपके Likes देख सकता है

हम अक्सर नए पेज वगैरह लाइक करते रहते हैं. अगर आप चाहते हैं कि लोग यह न देख सकें कि आपने कौन से पेज लाइक किए हैं, तो नीचे दिए लिंक में YourName की जगह अपना फेसबुक URL नाम भरें. http://Facebook.com/{YourName}/likes

इस पेज पर पेंसिल जैसे दिख रहे आइकॉन पर क्लिक करें और यह चुनें कि कौन से पेज को दिखाना है या नहीं.

8. फेसबुक प्रोफाइल को पेज में बदलें

कई बार ऐसा होता है कि आप कोई बिजनेस शुरू करते हैं तो उसके पेज के बजाय प्रोफाइल बना देते हैं. फेसबुक ऐसी प्रोफाइल्स को डिलीट कर रही है. इसलिए बेहतर होगा कि आप अपनी ऐसी फेसबुक प्रोफाइल को पेज में तब्दील कर दें. इसके लिए आपको फेसबुक प्रोफाइल टू पेज माइग्रेशन प्रोसेस शुरू करना होगा.

9. फेसबुक लाइव विडियो

फेसबुक लाइव विडियो के जरिए फेसबुक ने स्नैपचैट, पेरिस्कोप को टक्कर दी है. अब लगभग हर यूजर इसे इस्तेमाल कर सकता है. हाल ही में लॉन्च हुए इस फीचर को बहुत से यूजर्स, ग्रुप और पेज इस्तेमाल कर पा रहे हैं. आप इस फीचर को इस्तेमाल करके अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बता सकते हैं कि आप क्या कर रहे हैं.

10. मेसेंजर के जरिए ऊबर से कैब बुलाएं

फेसबुक मेसेंजर में कई सारे छिपे हुए ट्रिप्स हैं. जल्द ही यह आपके ज्यादातर एप्स के लिए प्राइमरी कनेक्शन बन सकता है. अभी आप इससे ऊबर कैब भी बुला सकते हैं. बस इसके लिए आपको शुरुआती सेटिंग्स करनी होंगी और इसे ऊबर अकाउंट से लिंक करना होगा. कैब बुलाने के लिए आपको कार के ऑइकॉन पर क्लिक करना होगा या फिर ऊबर बॉट को मेसेज करके कार की जरूरत के बारे में बताना होगा. बॉट आपको किराए और यात्रा में लगने वाले वक्त के बारे में बताएगा और कैब के आ जाने पर सूचित भी करेगा.

11. लिगेसी कॉन्टैक्ट जोड़ें

अगर कोई यूजर मर जाए तो फेसबुक डेथ सर्टिफिकेट लेकर उस पेज या प्रोफाइल को यादगार के रूप में सहेज लेती है. आप अभी से तय कर सकते हैं कि आपको कुछ हो जाने पर किसके पास यह अधिकार रहेगा कि वह फेसबुक को आपकी मृत्यु के बारे में सूचित करेगा. इसके लिए सेटिंग्स में सिक्यॉरिटी पर जाएं और अपने फेवरिट व्यक्ति को Legacy contact बना दें. अगर आप नहीं चाहते कि आपके निधन के बाद आपके अकाउंट को मेमॉरिअलाइज किया जाए तो फेसबुक उसे डिलीट कर देगी.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें