Download App

अगर नहीं की सस्ते इयरफोन से तौबा, तो हो जाएंगे बहरे

हममें से अधिकांश लोग महंगे इयरफोन खरीदने से बचते हैं और ज्यादातर लोग तो सड़क के किनारों पर लगी दुकानों से ही सस्ते हेडफोन या इयरफोन खरीद लेते हैं. कुछ लोगों का मानना है कि आखिर क्यों ब्रांडेड इयरफोन पर 400-500 या इससे ज्यादा रुपए खर्च किया जाए जबकि सड़क किनारे यह सिर्फ 50 या 100 रुपए में ही आसानी से मिल रहा है. सस्ते इयरफोन की साउंड क्वालिटी भी इतनी खराब नहीं है. लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यदि आप भी इस तरह के इयरफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो यह सौदा आपको काफी महंगा पड़ सकता है. जी हां, अगर आप बहरेपन का शिकार नहीं होना चाहते तो अपनी यह आदत जल्द हा बदलें. चलिये आज हम आपको बताते हैं कि सस्ते इयरफोन से आखिर क्या परेशानी हो सकती है और आप कैसे अपने सुनने की क्षमता को इसके इस्तेमाल से खो सकते हैं.

स्ट्रीट साइड इयरफोन में आमतौर पर बहुत अधिक डिस्टार्शन होता है. यानी सीधी भाषा में कहें, तो आप जो आवाज सुनना चाहते हैं, वह साफ नहीं सुनाई देती है. इसके लिए आप गाने का वौल्यूम तेज कर देते हैं, ताकि आपको आवाज साफ सुनाई दे और इसका नतीजा आपके सुनने की क्षमता पर पड़ता है. तेज आवाज से आपके कान के पर्दे स्थायी रूप से खराब हो सकते हैं. आवाज सुनने की अधिकतम सीमा 85 डेसिबल है. लिहाजा, जब आप इससे तेज आवाज में लंबे समय तक गाना सुनते हैं, तो आपके कानों पर इसका असर पड़ता है और आपके सुनने की क्षमता में धीरे धीरे कमी आ जाती है.

एमपी3 प्लेयर के साथ सड़क के किनारे मिलने वाले औसत दर्जे के इयरफोन की आवाज 115 डेसिबल तक जा सकती है. रोजाना 15 मिनट तक इतनी तेज आवाज में गाने सुनने से कान में स्थाई रूप से क्षति हो सकती है.

सस्ते इयरफोन बनाने वाले इसके उत्पादन में अधिक समय और मेहनत नहीं करते हैं. इनकी फिटिंग भी खराब होती है. लिहाजा आवाज को साफ सुनने के लिए आपको आवाज तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जो लंबे समय में आपके सुनने की क्षमता को बुरी तरह से प्रभावित करती है. ऐसे में आपको सस्ते इयरफोन को छोड़कर अच्छे क्वालिटी के इयरफोन को अपनाना चाहिये ताकि आप अपने कानों को इस समस्या से बचा सकें.

उड़ने में सक्षम टैक्सियों के विकास के लिए उबर ने मिलाया नासा से हाथ

उड़ने वाली टैक्सियों के बारे में आपने काफी सुना होगा. लेकिन अगर यह सच हो जाए तो कैसा रहेगा, सोचिये जरा? आपको लग रहा होगा कि हम ये क्या कह रहे हैं तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एप से टैक्सी बुक करने की सुविधा देने वाली कंपनी उबर (UBER) ने उड़ने में सक्षम टैक्सियों के विकास की संभावनाएं तलाशने के लिए अमेरिका के प्रमुख अंतरिक्ष संगठन नासा (NASA) से हाथ मिलाया है.

अगर सब कुछ सही रहा तो आपका यह ख्वाब जल्द ही हकीकत में तब्दील हो जाएगा और आप जल्द ही फ्लाइंग टैक्सी में सफर कर सकेंगे.

उड़ान भरने वाली टैक्सी से यात्रा करने के उन टैक्सियों का किराया पहले जैक्सा के किराये जितना ही होगा, यानी कि इसका किराया सामान्य टैक्सी यात्रा के किराये के बराबर ही रखा जाएगा. इसका मतलब यह हुआ कि किसी प्रकार का अतिरिक्त चार्ज दिये बगैर ही आप जल्द ही इस उड़ने वाली टैक्सी की सेवा ले सकेंगे.

उबर ने एक बयान में कहा, ‘उबर एयर पायलट योजना में लास एंजिलिस भी भागीदार होगा. इससे पहले डलास फोर्ट-वर्थ, टेक्सास और दुबई इसमें शामिल हो चुके हैं.

उबर ने ने आगे कहा कि नासा की यूटीएम (मानवरहित यातायात प्रबंधन) परियोजना में उबर की भागीदारी कंपनी के 2020 तक अमेरिका के कुछ शहरों में उबर एयर की विमान सेवा एक्सपेरिमेंट के तौर पर शुरू करने के लक्ष्य को पाने में मदद करेगी.

आपको बता दें कि उबर नासा के साथ अन्य तरह की संभावनाओं को भी तलाश रहा है इसी के साथ शहरी हवाई यातायात के नए बाजार को लेकर भी उसने खुला रुख अपना रखा है.

तो इसलिए बिहारी बाबू ने आज तक नहीं देखी ‘शोले’ और ‘दीवार’

बौलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने बौलीवुड करियर की शुरुआत सपोर्टिंग रोल निभाते हुए की थी लेकिन जल्द ही वह बड़े पर्दे पर खलनायक के तौर नजर आने लगे. उन्होंने कई फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाई लेकिन उनकी एक्टिंग को देखते हुए और दर्शकों के बीच उनके लिए बढ़ते हुए प्यार को देखते हुए निर्देशक निर्माताओं को उन्हें हीरो की भूमिका में दिखाना पड़ा और इस तरह वह खलनायक से नायक बन गए. उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई फिल्मों में काम किया लेकिन दीवार और शोले फिल्म में काम न कर पाने का अफसोस उन्हें आज भी है.

शत्रुघ्न ने कहा, ‘ये फिल्में ना करने का अफसोस मुझे आज भी है लेकिन इस बात की खुशी है कि इन्हीं फिल्मों ने मेरे दोस्त को स्टार बना दिया. यह फिल्में ना करना मेरी गलती थी और इस गलती को ध्यान में रखते हुए मैंने कभी भी इन दोनों फिल्मों को नहीं देखा.’

अपने मशहूर डायलाग ‘खामोश’ को लेकर सिन्हा ने कहा, ‘अब लगता है कि हम सब खामोश हो गए हैं. देश में जो माहौल चल रहा है, उसमें सब कोई खामोश है.’

वहीं, फिल्मों में विलन के रोल से अपनी पहचान बनाने पर शत्रुघ्न ने कहा, ‘मैंने खलनायक के रोल निभाकर कुछ अलग किया. मैं पहला विलन था जिसके पर्दे पर आते ही तालियां बजती थीं. ऐसा कभी नहीं हुआ था. विदेशों के अखबारों में भी यह आया कि पहली बार हिंदुस्तान में एक ऐसा खलनायक आया है जिस पर तालियां बजती हैं. अच्छे-अच्छे विलन आए लेकिन कभी किसी का तालियों से स्वागत नहीं हुआ. यही तालियां मुझे निर्माताओं और निर्देशकों तक ले गईं.’

सिर्फ एक रुपये में मिल रही है टाटा मोटर्स की ये कार

अगर आप कार खरीदने की चाहत रखते हैं, तो सिर्फ एक रुपये में आपकी ख्वाहिश पूरी हो सकती है. जी हां, देश की जानी-मानी औटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने मेगा औफर मैक्स सेलिब्रेशन की शुरुआत की है. पहली नजर में टाटा मोटर्स के इस औफर पर आप शायद यकीन न करें. लेकिन कुछ शर्तों के साथ यह लागू है. अगर आपकी जेब में एक रुपया भी है तो आप टाटा मोटर्स की कार घर ला सकते हैं.

इतना ही नहीं, महज एक रुपये देकर आप कार का बीमा भी करा सकते हैं. यह औफर 25 नवंबर तक जारी रहेगा. हां, इतना जरूर है कि आगे की रकम आपको किस्त के तौर पर अदा करने होंगे.

इस औफर के तहत Tata की Hexa, Tigor, Zest, Safari Storme और Tiago की खरीद एक रुपये में की जा सकती है. 25 नवंबर तक ग्राहक इस औफर का फायदा उठा सकते हैं.

इसके अलावा, टाटा की एसयूवी हेक्सा पर 75,000 रुपये, टिगोर पर 25,000 रुपये, जेस्ट पर 57,500 रुपये का और स्टौर्म पर 72500 रुपए का डिस्काउंट औफर भी दिया गया है.

इस औफर की शर्त यह है कि कार की एक्‍स शोरूम कीमत पर 1 रुपए डाउन पेमेंट का औफर मिल रहा है.

टियागो पर कारपोरेट डिस्काउंट मिल रहा है. इन औफर में कैश डिस्काउंट के साथ 1 रुपए में इंश्योरेंस और एक्‍सचेंज बोनस शामिल है.

बताते चलें कि पिछले महीने में टाटा मोटर्स समूह की वैश्विक थोक बिक्री में 2.7 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी. इसमें लैंड रोवर की बिक्री भी शामिल है.

पिछले महीने कुल 1,03,761 वाहनों की बिक्री हुई, जो कि साल 2016 के अक्तूबर से अधिक है.

एक ही सिम पर इस तरह चलाएं दो WhatsApp

हम सभी जानते हैं कि स्मार्टफोन में एक सिम कार्ड से आप एक ही नंबर चला सकते हैं. दूसरा नंबर पाने के लिए आपको दूसरी सिम की जरुरत होगी.

लेकिन आज हम आपको एक ऐसी ट्रिक बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप एक सिम से दो नंबर चला सकते हैं. तो आइए जानते हैं कि यह किस तरह काम करेगा.

क्या है तरीका

इस ट्रिक को पूरा करने के लिए आपको सबसे पहले TextMe नाम के एक एप को फोन में डाउनलोड करना होगा. इस एप को आप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं. एप को स्मार्टफोन में इंस्टौल करने के बाद आपसे एक्सेस के लिए कुछ परमिशन मांगी जाएगी जिसे आपको OK करना होगा. इन प्रक्रिया के बाद आपको अपने फेसबुक या गूगल अकाउंट से एप के जरिए लौगइन करना होगा. अगर आप चाहे तो नया अकाउंट भी बना सकते हैं.

मिलेगा खास मोबाइल नंबर

इन सभी पूरी प्रक्रिया को पूरा करने के बाद आप अपने किसी भी दोस्त को कौल कर सकते हैं. आपके दोस्त के पास एक अलग नंबर से कौल जाएगा जो कि सामान्य मोबाइल नंबर जैसा ही होगा. इसके अलावा, आप चाहें तो अपनी पसंद के नंबर को भी चुन सकते हैं.

इसके लिए एप की सेटिंग में जाकर Get Number पर टैप करें या स्क्रीन में सबसे नीचे दिए मेन्यू बार में Numbers पर क्लिक कर अपना नंबर चुने. आपको बता दें कि एक से ज्यादा नंबर का इस्तेमाल करने के लिए आपको भुगतान करना होगा.

एक ही सिम से चलाए दो व्हाट्सएप

ठीक इसी तरह आप अपने फोन में एक ही नंबर से 2 व्हाट्सएप औपरेट कर सकते हैं. तो चलिए बताते हैं आपको ये ट्रिक.

इसके लिए सबसे पहले आपको 2 Lines for Whatsapp नाम का एप डाउनलोड करना होगा. ये एप आपको आसानी से प्लेस्टोर में मिल जाएगी. एप इंस्टौल होने के बाद इसे अपने एंड्रायड फोन में ओपन करें. आपके पास एक पौपअप आएगा जिसे आपको accept करना होगा.

इसके बाद आपको Add a new line for Whatsapp पर क्लिक करना है. फिर आपको इसमें अपना नंबर एंटर करना है. इसके बाद आप एक ही फोन में दो व्हाट्सएप चला पाएंगे.

बड़ा सवाल : क्या गरीब को इंसाफ नहीं मिलेगा

मेरे गांव में 3 बच्चों की एक मां, जो बेहद गरीब बंजारा समुदाय से थी, के पति ने अपने झोंपड़ीनुमा घर में किसी वजह से खुद को आग लगा कर खत्म कर लिया था. गांव के कुछ लोगों ने इस खुदकुशी की वजह को अपने राजनीतिक इस्तेमाल के लिए एक ऐसे नौजवान के मत्थे मढ़ दिया, जिस का इस मामले में कुछ लेनादेना नहीं था. लोकल पुलिस के साथ मिल कर पंचायत चुनाव की दुश्मनी निकालते हुए तब के ग्राम प्रधान ने मरने वाले शख्स की बीवी और उस नौजवान के प्रेम प्रसंग के चलते उस के पति को जला कर मार देने के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया.

औरत और उस के तथाकथित प्रेमी नौजवान को पुलिस ने जेल भेज दिया. बाद में उस नौजवान के घर वालों ने तो आरोपी नौजवान की जमानत करवा ली, पर उस औरत को किसी ने नहीं पूछा.

उस औरत की अदालत से बरी होने के बाद ही जेल से रिहाई मुमकिन हो सकी. चूंकि उस औरत के ससुराल और मायके पक्ष के लोग इतने गरीब थे कि वे इस मामले में वकील और जमानत की जरूरी शर्तों जैसे रुपएपैसों, जायदाद वगैरह को पूरा नहीं कर पाए, इसलिए उन्होंने अदालत में कभी जमानत की अर्जी भी नहीं दी थी.

इस तरह से उस औरत को बिना किसी अपराध के 7 साल तक जेल में सड़ना पड़ा. इस दौरान उस के मासूम बच्चों को जिंदा रहने के लिए सड़क पर भीख मांगनी पड़ी और होटल में बरतन धोने पड़े.

यह सिर्फ एक औरत की नहीं, बल्कि हर उस शख्स की कहानी है, जिसे भ्रष्ट प्रशासनिक व्यवस्था के साथ मिल कर कानून के फंदे में फंसा दिया जाता है. ऐसे लोगों का सालोंसाल ट्रायल चलता है और इंसाफ की आस में आंखें पथरा जाती हैं, लेकिन जमानत नहीं हो पाती है.

‘भिखारी का दोस्त भिखारी होता है’ कहावत तब सच हो जाती है, जब गरीबों से संबंधित मामलों में जमानत होने की बात आती है. कई ऐसे लोग जमानत मंजूर होने के बाद भी देश की जेलों से सिर्फ इसलिए रिहा नहीं हो पा रहे हैं, क्योंकि उन के पास जमानत की शर्तों को पूरा करने के लिए जरूरी रकम और जायदाद नहीं होती है.

आज भी इस देश में सब से ज्यादा दलित, मुसलिम और आदिवासी समुदाय के लोग मामूली अपराधों के आरोप में महज इसलिए जेल में सड़ रहे हैं, क्योंकि उन के पास सांप्रदायिक और दलित आदिवासी विरोधी संगठित तंत्र से लड़ने के लिए कुछ भी नहीं है.

भले ही इस देश के लोकतंत्र में कानून के सामने बराबरी का भ्रामक जुमला फेंका जाता हो, लेकिन यह कड़वा सच है कि यहां आप को इंसाफ की उम्मीद तभी करनी चाहिए, जब आप के पास पैसा और जायदाद हो. अगर ऐसा नहीं है, तो फिर आप को इंसाफ नहीं मिल सकता और जमानत के बारे में तो सोचना भी नहीं चाहिए.

हमारी पूरी न्यायिक सोच ही इस बात पर टिकी होती है कि अगर आप के पास पैसा है, तभी आप को इंसाफ पाने का हक है. अगर यह सच नहीं होता, तो उस औरत को उस अपराध के लिए सजा नहीं मिलती, जिसे उस ने किया ही नहीं था. कम से कम जमानत तो उसे मिलनी ही चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

दरअसल, देश की आजादी के पहले का क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम अंगरेजों के साम्राज्यवादी फायदों को पूरा करने का वह हथियार था, जिस का इस्तेमाल कर के वे भारतीयों को डराते थे.

आजादी के बाद पुलिस, फौज और अदालत का जो ढांचा हम ने स्वीकार किया, वह आज भी घोर साम्राज्यवादी, भ्रष्ट, लुटेरा और अमीर लोगों को फायदा पहुंचाने वाला है.

भले ही हमें आजादी मिले 70 साल हो गए हैं, लेकिन आज भी इन बातों में कोई खास बदलाव नहीं किया गया. यही नहीं, सुधार के नाम पर पुलिस, फौज व अदालतों को और ज्यादा हक दिए गए और मनमानी का मौका सौंपा गया, ताकि संगठित लूट के खिलाफ कोई आवाज न उठ सके.

सच तो यह है कि आज भारत ग्लोबलाइजेशन के जिस दौर में पहुंच चुका है, वहां राज्य की जनहित भावना को खत्म कर दिया गया है और अब पोलिसी लैवल पर गरीबों को इंसाफ देने पर कोई बात नहीं होती. उन्हें बाजार के रहमोकरम पर छोड़ दिया गया है.

अब समूची राजनीति में इस बात पर बल देने की कोशिश चल रही है कि जिस के पास पैसा नहीं है, उसे इंसाफ पाने का भी कोई हक नहीं है. अब सबकुछ पैसों के रिश्तों में तबदील हो गया है. इस सोच को थोपा जा रहा है कि सरकार का काम केवल कारोबार के लायक माहौल बनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित है. बिना पैसों के इंसाफ देना उस का काम नहीं है.

यही नहीं, दूसरी तरफ गैरबराबरी का पक्ष लेती हुई नीतियों के खिलाफ लोगों के गुस्से से निबटने के लिए राजनीति द्वारा राजसत्ता को और ज्यादा तानाशाह बनाने पर लगातार काम चल रहा है.

चूंकि हमारा न्यायिक तंत्र भी इसी तंत्र का हिस्सा है, लिहाजा यह बेरहमी उस में भी दिखाई देती है, इसलिए इस बात की उम्मीद न के बराबर है कि राजनीतिक रूप से देश के क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को गरीबों की आसान पहुंच में बनाया जाएगा, ताकि माली आधार पर ही इंसाफ की सीढि़यां और पहुंच तय न हो.

आज हमारी नौकरशाही और न्यायपालिका जिस सोच में जी रही है, वह अपने चरित्र में घोर सामंतवादी और जातिवादी है.

चूंकि आदर्शवादी हालात में लोकतंत्र में जेल जाना एक अपवाद माना जाता है, लेकिन जब जमानत की बात आती है, तो सचाई इस के ठीक उलट खड़ी हो जाती है.

आज हमारी राजनीति का चरित्र फासिस्ट और जनविरोधी हो गया है. वह इस बात पर लगातार काम कर रहा है कि कैसे इस तंत्र को और ज्यादा हिंसक बनाया जाए? फिर इस बात की उम्मीद ही नहीं है कि वह जायदाद के आधार पर इंसाफ और जमानत पाने की भावना को खारिज करेगा.

आज देश के एक बड़े तबके के पास जायदाद न के बराबर है. गरीब लगातार और भी गरीब होता जा रहा है. उसे इंसाफ से दूर किया जा रहा है. अगर हम अपने देश को तानाशाह के रूप में नहीं देखना चाहते हैं, तो हमें जमानत के लिए जायदाद की जरूरत को फौरन खत्म करना चाहिए. सस्ते और बेहतर इंसाफ तक सब की पहुंच को तय करना होगा.

बेहतर होगा कि जमानत के लिए वोटरकार्ड और आधारकार्ड को जायदाद के बतौर रखने का नियम अदालतें बनाएं, ताकि उस औरत जैसे गरीब बेगुनाह लोग बेवजह जेलों में न सड़ें.

हाईटैक होता देह धंधा : शहरी चकाचौंध और ग्लैमर ने बदले मायने

शहरी चकाचौंध और ग्लैमर ने आज देह धंधे के माने ही बदल दिए हैं. यह काफी हाईटैक हो गया है. देश में आज तकरीबन 1370 रैडलाइट एरिया हैं. इन में सब से ज्यादा देह धंधे वाला एरिया कोलकाता और मुंबई का है. अकेले मुंबई रैडलाइट एरिया का ही करोड़ों रुपए का साप्ताहिक आंकड़ा है. राजस्थान, उत्तर प्रदेश और ओडिशा ऐसे राज्य हैं, जहां देह धंधे की प्रथा का लंबा इतिहास रहा है. जयपुर ‘सवारियों’ के खेल में काफी तरक्की कर रहा है. इस वजह से गरम गोश्त के बेचने वालों की बांछें खिलती जा रही हैं.

प्रशासन या राज्य ने इस ओर इसलिए भी अपनी आंखें बंद कर रखी हैं, क्योंकि उन का इस से करीबी ताल्लुक है. आखिरकार नेताओं और अफसरों की मौजमस्ती का भी तो सवाल है.

राजस्थान का कोई भी शहर इस गरम गोश्त के कारोबार से अछूता नहीं है. इन इलाकों में ज्यादातर ‘सवारियों’ का धंधा होता है. या यों कहें कि इधर इस धंधे की खास क्वालिटी है, जिस का नाम ‘सवारी’ दिया गया है. यानी वे औरतें जिन्हें इस शहर से उस शहर में जिस्म के भिखारियों के आगे भेजा जाता है. जिस औरत का इस्तेमाल लोकल लैवल पर किया जाता है, उसे ‘गाड़ी’ कहते हैं. राजस्थान में जहां ‘सवारियों’ का ज्यादा काम होता है, वे इलाके हैं जयपुर, कोटा, अलवर, डूंगरपुर, किशनगढ़, जोधपुर, गंगानगर, नागौर, जैसलमेर और सीकर. बाकी इलाकोें में ‘गाडि़यों’ और ‘सवारियों’ का खूब कारोबार होता है.

ये बातें देश के तमाम रैडलाइट एरिया में पिछले 3 सालों से रिसर्च कर रहे एक पत्रकार, लेखक मोहम्मद जावेद अनवर सिद्दीकी के आंकड़ों से हासिल हुई हैं.

‘सवारियों’ और ‘गाडि़यों’ के इस नायाब कारोबार से अजमेर भी अछूता नहीं रहा है. यहां गरम गोश्त के कारोबारी भी अपनी ‘सवारियों’ और ‘गाडि़यों’ के लिए मन्नतें मांगने आते हैं, क्योंकि यहां हर किसी की मुरादें पूरी होती हैं.

पिछले 4 साल से अख्तरी बेगम (बदला हुआ नाम) ‘सवारियों’ को लाने और उन्हें सफर पर भेजने तक का सारा कारोबार करती है. उस के पास दलाल माल ला कर बेचते हैं और ज्यादातर वह ट्रेनिंग पाई ‘सवारियों’ का ही कारोबार करती है.

अख्तरी बेगम का कहना है कि इस कारोबार में काहिल और बीमार हों, तब भी औरतें ‘सवारी’ पर जाती हैं और ‘गाडि़यों’ का काम शौकिया और पार्टटाइम कमाने वाली औरतों के लिए है. लेकिन धंधा चाहे ‘सवारी’ का हो या ‘गाड़ी’ का, एक बार जो औरत इस राह पर आ जाती है, उस का अंत उम्र ढल जाने के बाद या तो फुटपाथ पर पागलों की शक्ल में या कहीं दलालों के साथ कमीशनखोर के लैवल पर जा कर खत्म होता है. वे न तो मां रह पाती हैं, न बीवी, न बेटी और न बहन.

अजमेर और जयपुर में ज्यादातर ‘सवारियों’ को विदेश भेजा जाता है. विदेशों से आने वाले, जिन्हें यहां का गरम गोश्त भा जाता है, अपने देश में हमारे यहां से अपनी रातें रंगीन करने का सामान मंगाना ज्यादा पसंद करते हैं.

जाहिर है, इस कारोबार का रुतबा भी कम लुभावना नहीं होगा. इस में मोटी कमाई तो होती ही है, ज्यादा खतरा भी नहीं रहता. बस, अच्छी ‘सवारियों’ को इकट्ठा करना और उन्हें विदेशी भूखों के हवाले कर देना, बाकी वे जानें और उन का काम. उसे तो बस हवाईजहाज तक ले जाने की जिम्मेदारी निभानी होती है.

एक ‘सवारी’ से जो कारोबार का ग्राफ बनता है, जरा उस पर भी गौर करें. अमूमन देश के अलगअलग इलाकों से 12 साल से 21 साल की उम्र की लड़कियों को ‘सवारी’ के लिए चुन कर लाया जाता है.

आमतौर पर गरम गोश्त के विदेशी ग्राहक हमारे यहां के सौदागरों को अपनी पसंद और बजट भेजते हैं और उन्हें उन की पसंद की ‘सवारियां’ मुहैया करा दी जाती हैं. उन ‘सवारियों’ को विदेशों में काम के बहाने भेजा जाता है. कुछ ‘सवारियां’, जो पहली बार इस धंधे में आती हैं, उन्हें विदेश जा कर मोटी कमाई का लालच दे कर इस दलदल में उतार दिया जाता है.

‘सवारी’ एक बार विदेश क्या गई, उस का सबकुछ या तो लुट जाता है या फिर मिजाज ही ऐसा बन जाता है कि चाहत ही नहीं होती इस धंधे से बाहर आने की. जब तक हुस्न का जलवा रहता है, ‘सवारियां’ उड़नछू होती रहती हैं, फिर उम्र ढलने तक इतनी सोच उन में आ जाती है कि उन्हें इस कारोबार की सारी जानकारी हो जाती है और या तो वे इस कारोबार की रानी बन जाती हैं या अपनी जिंदगी अलगथलग काटने पर मजबूर हो जाती हैं.

राजस्थान से जो ‘सवारियां’ जाती हैं, वे काफी सैक्सी और कम उम्र की गठीली बालाएं होती हैं. जब वे सजतीसंवरती हैं, तो सचमुच बेहोश कर देती हैं. उन का भाव भी सब से ज्यादा होता है. खाड़ी देशों के गरम गोश्त के भूखे उन्हें देखते ही कुछ भी लुटाने को तैयार हो जाते हैं.

‘सवारियों’ में कुंआरियों का होना ही जरूरी नहीं है. इन में शादीशुदा भी होती हैं, जिन के मर्द इस बात से अनजान नहीं होते हैं कि उन की पटरानी किसी पराए मर्द की रातें रंगीन करने विदेश जा रही हैं. रही बात वीजा की, तो इस में भी कोई मुश्किल नहीं होती है.

औरतों को इन अंधी गलियों में धकेलने वाले कई देशों में फैले गिरोहों के लोगों द्वारा इन की सभी जरूरतें पूरी कर दी जाती हैं.

चांदी (बदला हुआ नाम) बताती है कि उसे एक ट्रक ड्राइवर से प्यार हो गया था. उस ने बड़ेबड़े सपने दिखाए थे और वह उस के साथ भाग आई अपने बंगाल से अजमेर. मांबाप, भाईबहन सब थे, मगर दुनिया की रंगीनियत देख कर वह बहक गई. पति था तो, लेकिन मनमौजी. वह भी कहीं कामधाम नहीं करता था और ऊपर से उसे मारतापीटता भी था.

सब से बड़ी बात तो यह थी कि उस मर्द से देह सुख भी चांदी को नहीं मिलता था. उस की सखीसहेलियां अपने पति की बातें उसे बताती रहती थीं, तो बेचारी चांदी सिसक कर रह जाती थी. शायद इसी कमजोरी को भांप गया था वह ट्रक ड्राइवर.

ट्रक ड्राइवर ने चांदी को खूब भोगा. उसी दौरान चांदी को मिल गई रजिया. रजिया ‘सवारियों’ को खाड़ी देशों में भेजने की ठेकेदार थी. उस ने उसे सारी बातें खूब समझा कर बताईं, जिसे सुन कर चांदी की समझमें बस इतनी बात आई कि अगर एक बार वह ‘सवारी’ बन गई, तो जिंदगीभर मौज से कटेगी. फिर तो अपने बापभाई को भी वह तार देगी. मायके की गरीबी छूमंतर हो जाएगी. उस ने ‘सवारी’ बन जाना कबूल कर लिया और दुबई चली गई.

बंगाल से दिल्ली, दिल्ली से जयपुर और जयपुर से अजमेर, इन तमाम जगहों पर लोगों ने चांदी को खूब भोगा और फिर वह दुबई चली गई. उस के साथ पहली बार दुबई जाने वाली एक और औरत थी. उस औरत के बारे में बताया गया कि वह अब तक अपने ही देश में जो विदेशी लोग आते हैं, उन को खुश करने होटलों में जाती रही है. सो, उसे उन लोगों के साथ रात बिताने की पूरी जानकारी है.

उस औरत के साथ चांदी को दुबई में एक होटल में ठहराया गया था. रोज सुबह उसी होटल में एक गाड़ी आ जाती थी, जो उसे ले कर शेखों के हरम तक पहुंचा आती थी.

शेख रातभर चांदी को खूब नोचखसोट कर सुबह तक तकरीबन बेहोशी की हालत में छोड़ दिया करते थे. फिर वही गाड़ी आती थी, जो उसे होटल में छोड़ आती थी.

होटल में आ कर जब चांदी को कुछ होश आता, तो अपनी ही अंटी में से पैसे जो उसे रात को शेख से मिलते थे, होटल और गाड़ी वाले को देने होते थे. वह खापी कर कुछ देर आराम करती और तब तक फिर से दूसरी रात के लिए बुकिंग आ जाती थी.

इस तरह एक साल बीत गया और उस ने 19 हजार रियाल जमा कर लिए.

कुछ और पैसों के लालच में चांदी ने अपने एजेंटों से बात की, तो उस ने उसे वीजा के लिए किसी के बारे में बताया, लेकिन फिर क्या हुआ उसे पता ही नहीं, क्योंकि उसे जब उस रात शेख ने नोचने की शुरुआत की तो वह इतना वहशियाना था कि बेचारी बेहोश हो गई और जब होश में आई तो हवाईजहाज में थी. फिर दिल्ली में आ पहुंची.

अब वह ऐसा काम नहीं करेगी, इतना सोचते हुए बाहर आई. एयरपोर्ट पर एक गाड़ी खड़ी थी, जिस में चांदी को उस के एजेंट के आदमी बिठा ले गए. वह कुछ सोच पाती, उस से पहले उस के सपनों ने दम तोड़ दिया.

‘हिंदुस्तान के प्रमुख देह व्यापार और उस के बदलते परिदृश्य’ विषय पर रिसर्च करने वाले मोहम्मद जावेद अनवर सिद्दीकी ने जयपुर, अलवर, कोटा, नागौर, गंगानगर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, सीकर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, टोंक, हनुमानगढ़, भरतपुर, बूंदी और बांसवाड़ा में जा कर सभी रैडलाइट इलाकों की छानबीन की.

इस से जो खास बातें सामने आई हैं, उन के मुताबिक पूरे देश में राजस्थान तीसरा ऐसा प्रमुख राज्य है, जहां से देश के बाहर ‘सवारियां’ भेजने का कारोबार होता है.

यह चौंकाने वाली बात है कि अगर सरकार देह व्यापार की मंडियों से टैक्स वसूल करने लगे, तो अकेला यह व्यापार देश की तमाम पंचवर्षीय योजनाओं को पूरा करने के लिए काफी है.

कोटा, राजस्थान की 2 पढ़ीलिखी सहेलियां रूबी और सविता (बदला हुआ नाम) पिछले 5 साल से जिस्मफरोशी का धंधा कर रही हैं. अब वे पछतावा नहीं कर रही हैं, बल्कि कहती हैं कि इतनी रईसी क्या बाहर मिलेगी?

बनारस से धंधे की शुरुआत करते हुए इन दोनों ने अब तक 3 बार ‘सवारी’ का सफर पूरा किया है. अब तो वे अपने ही देश में रह कर इस धंधे को अंजाम दे रही हैं. जिस्म की खरीदफरोख्त का काम अब बदनाम बस्तियों से होते हुए राज्य के गंवई इलाकों के घरों की चौखट तक को पार कर गया है. माहौल ऐसा बन गया है कि लोग अपनी पत्नी, सौतेली या कमजोर बहन, भांजी या दूसरी औरतों को गरम गोश्त की गलियों में खुद भेजते हैं, जिस के एवज में बैठेबिठाए बेहतर आमदनी हो जाती है.

यह बात भी कम चौंकाने वाली नहीं है कि कहींकहीं नौकरी की जरूरत ने भी कमसिन लड़कियों को जिस्म की तस्करी में फंसा दिया है.

साल 2015 में दिल्ली पुलिस ने नौकरी का झांसा दे कर जिस्मफरोशी के जाल में फांस कर गांव की औरतों और जवान होती कमसिन बालिकाओं को अरब देशों में बेचने वाले एक गिरोह का परदाफाश किया था. इस में 80 फीसदी राजस्थान की थीं, जो अपने घरबार की गरीबी, भुखमरी से जूझते लाचार मांबाप और कुपोषण की शिकार भाईबहनों की खातिर नौकरी करने घर से बाहर निकल गई थीं.

दिल्ली में पकड़े गए गरम गोश्त के सौदागरों ने जाहिर किया कि वे राजस्थान के जयपुर, अजमेर, ब्यावर और अलवर इलाकों से गांव की लड़कियों और औरतों को नौकरी का झांसा दे कर अपने जाल में लपेट लेते थे. इन अबलाओं को दिल्ली में सब से पहले इस गहरी अंधेर नगरी से रूबरू कराया जाता है, फिर कुछ खास गुर बताते हुए इस पेशे में उतार दिया जाता है.

कभी एकएक दाने को मुहताज जयपुर बाजार के तंग महल्ले के टूटेफूटे मकान में रहने वाली शायरा (बदला हुआ नाम) ने 40 लाख रुपए में एक मकान खरीद कर लोगों को चौंका दिया.

इस की खबर पुलिस को भी मिली, तो उस ने फौरन शायरा को दबोच लिया और उस के बाद यह राज खुला कि शायरा ‘सवारियों’ की कारोबारियों में से एक है.

जयपुर और अजमेर से शायरा महिला डांस म्यूजिकल ग्रुप की आड़ में गांवों से लाई गई बेबस लड़की को विदेश भेजने का काम करती थी. किराए के गुंडेमवालियों के बल पर वह एक शातिर कारोबारी बन गई थी. आज डांस स्कूल और म्यूजिकल ग्रुप की आड़ में राजस्थान के कई इलाकों में जिस्मफरोशी का काम चल रहा है. हकीकत यह है कि अजमेर इन दिनों इस धंधे की खास मंडी बना हुआ है.

मास्टरमाइंड और सब से बड़े रेगिस्तानी कारोबारी के रूप में सलाम उर्फ टोपीबाज का नाम सामने आया है. सलाम खुद तो मुंबई में रहता है, लेकिन जयपुर और अजमेर में इस के 3 खास एजेंट काम संभालते हैं.

इन एजेंटों के साथ उन की खास सैक्रेटरी की हैसियत से एकएक औरत भी रहती है. इन को एरिया में घूम रहे दलाल और सड़कछाप गुंडों के जरीए माल मिलता है. बताते हैं कि सलाम का नैटवर्क पिछले 10-12 सालों से चल रहा है. इस पर हाथ क्या नजर तक उठाने के लिए पुलिस को कई बार सोचना पड़ता है.

चाहे सलाम मुंबई में रहे या अजमेरजयपुर में, उस का नैटवर्क अब इतना तगड़ा हो गया है कि किसी भी तरह की अड़चन इस के कारोबार को डिस्टर्ब नहीं कर सकती है.

अब तो सलाम ने अपना कारोबार कंप्यूटराइज्ड कर लिया है. इंटरनैट या मोबाइल फोन पर ही सारा काम निबटा लिया जाता है.

जिस्म के सौदागरों का काम करने का तरीका भी कुछ अजीब सा है. ये देहात से लाई गई लड़कियों को डांस की टे्रनिंग देते हैं. उन के घर वालों को कहा जाता है कि उन की लाड़ली को विदेश में काम करने के लिए ले जा रहे हैं, जहां ये बहुत सारा रुपया कमा सकेंगी. मांबाप इजाजत देने से गुरेज नहीं करते, फिर उन्हें 20-25 हजार रुपए थमा दिए जाते हैं, जो उन्हें गरीबी के अंधेरे में किसी चांद से कम नहीं लगते. उन से यह भी कहा जाता है कि उन की बेटी विदेश से उन्हें मोटी रकम भेजती रहेगी. जब ये मासूम लड़कियां डांस की कुछ टे्रनिंग ले कर अरब देशों की जमीन पर उतार दी जाती हैं, तब जा कर इन्हें पता चलता है कि इन की मासूमियत को यहां शेखों की बांहों में मसला जाएगा.

क्या कोई बता सकता है कि लोग चंद सिक्कों में जो मासूम देह खरीदते हैं, वे आती कहां से हैं और कैसे?

इस सवाल का जवाब मिलेगा पश्चिम बंगाल के बागानों से, उत्तरपूर्व के पहाड़ों से, कश्मीर की सुनहरी वादियों से, दक्षिण भारत के समुद्री घाटों से और नेपाल के गांवों से. मुंबई के कमाठीपुरा, फारस रोड, फाकलैंड रोड और पीला हाउस जैसे इलाकों में हर महीने सैकड़ों नई नाबालिग लड़कियां पहुंचाई जाती हैं.

गरीबी की चक्की में पिसती ये भोलीभाली 10 से 12 साल की मासूम लड़कियों ने सिर्फ इतनी ही गलती की थी कि उन्होंने अपने लिए एक बेहतर जिंदगी का सपना देख लिया था. कई तो परिवार की सताई हुई होती हैं, कई दुबई जा कर खूब ज्यादा पैसा कमाने की तमन्ना लिए होती हैं, कइयों को मुंबई आ कर फिल्मी सितारे से शादी करनी होती है या खुद हीरोइन बनने का सपना देख रही होती हैं.

नेपाल बौर्डर पर तकरीबन हर थाने और सोनौली व भैरवाट्रांजिट कैंप में ऐसे बोर्ड लगे हैं, जिन पर नेपाल से गायब हुई ऐसी तमाम लड़कियों के फोटो चस्पां होते हैं, जिन्हें देह धंधे की भेंट चढ़ा दिया जाता है.

इन तथाकथित गुमशुदा नाबालिग और बालिग लड़कियों को कभी बरामद नहीं किया जा सका है, यह रिकौर्ड उन पुलिस थानों में मिल सकता है. अलबत्ता, उन में से तकरीबन 90 फीसदी लड़कियों के घर वाले जान चुके होते हैं कि उन की लाड़ली परदेश में पैसा कमा रही है. थानों में लगे पुराने फोटो उम्मीदों की तरह धुंधले भी होते जाते हैं.

मोईती, नेपाल के एक सदस्य के पास एक गांव का बाशिंदा आता है और अपनी पत्नी को किसी लोगों के द्वारा बहलाफुसला कर भगा ले जाने की बाबत शिकायत करता है, उस के बारे में जब तहकीकात की जाती है, तो पता चलता है कि उस की बीवी मुंबई में है और अच्छीखासी कमाई कर रही है. लिहाजा, उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है.

इस खबर के साथ बेचारे के हाथ में एक हजार रुपए थमा दिए जाते हैं और बताया जाता है कि अब हर महीने उसे उस की बीवी की ओर से 2 हजार रुपए मिलेंगे, सो वह अपनी जबान बंद ही रखे.

वह आदमी कुछ दिनों तक तो यों ही खोजता फिरा, फिर बाद में जब पता लगा कि उस की बीवी पुणे के बुधवारपेठ रैडलाइट इलाके में एक कोठे पर काजल नामक बाई के पास है, तो वह थाने से पुलिस के साथ चल पड़ा अपनी बीवी की छुड़ाने को. जुगत काम आई और पुलिस दस्ते ने उस की बीवी को सुरक्षित बरामद कर लिया. पुलिस ने उस की बीवी के साथ 5 नेपाली दलालों को भी पकड़ लिया.

कुछ गिरोह नेपाल के पहाड़ों और तराई में बसे गांवों की गरीब नाबालिग लड़कियों के जत्थे को मुंबई की देह मंडी में झोंक देते हैं. इस बारे में कोई तय आंकड़ा भी मुहैया नहीं है, जिस से पता चले कि कितनी लड़कियां हर साल नेपाल की तराइयों से ला कर मुंबई में बेच दी जाती हैं.

लेकिन सरकारी सूत्रों की अगर मानें, तो जाहिर होता है कि 4 से 5 हजार लड़कियों को बहलाफुसला कर नेपाल के रास्ते भारत की सब से बड़ी देह मंडी कमाठीपुरा में बेच दिया जाता है. इन में से 40 फीसदी बहलाफुसला कर, 30 फीसदी जबरन, जिस में उन के घर और रिश्तेनातेदारों की रजामंदी होती है. 30 फीसदी पैसे कमाने की खातिर इस दलदल में आती हैं.

बिहार : टीचर बन कर जिहाद पढ़ा रहा था ये शख्स

बिहार के गया शहर में वह मास्टर बन कर रह रहा था. पहले उस ने एक स्कूल में नौकरी की, उस के बाद वह प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाने लगा. उस ने पुलिस और लोकल लोगों को झांसा देने के लिए अपना नाम और पहचान बदल ली थी. उस ने अपना नाम अतीक रख लिया था, जबकि उस का असली नाम तौसिफ खान था. अतीक साल 2008 में अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों का आरोपी था. पिछले 9 सालों से वह गया में अपना हुलिया बदल कर रह रहा था.

13 सितंबर, 2017 को बिहार के गया जिले में दबोचे गए 3 आतंकियों में से एक की पहचान तौसिफ खान के रूप में हुई, तो पुलिस और खुफिया महकमे के होश उड़ गए. उस ने खुलासा किया कि गया शहर के 3 खास इलाकों विष्णुपद मंदिर के पितृपक्ष मेले का इलाका, महाबोधि मंदिर और गया रेलवे जंक्शन पर बम धमाका करने की साजिश रची गई थी.

गौरतलब है कि जिस समय तौसिफ खान ने धमाके की साजिश रची, उस समय गया में 15 दिनों का पितृपक्ष मेला लगा हुआ था. इस में देशविदेश के लाखों लोग पिंडदान करने के लिए गया पहुंचते हैं.

तौसिफ खान साइबर कैफे के एक संचालक की मुस्तैदी से पुलिस के हत्थे चढ़ गया. वह रोजाना साइबर कैफे से ईमेल के जरीए सारी जानकारी अपने आका को भेजता था. पुलिस ने कैफे से वह कंप्यूटर जब्त कर लिया है, जिस से वह किसी चांद नाम के आदमी को ईमेल भेजता था.

गया के एसएसपी ने बताया कि 3 और संदिग्धों को पकड़ा गया है, जिन से पूछताछ के बाद तौसिफ खान के आतंकी होने की बात पक्की हो गई है.

पुलिस ने बताया कि साइबर कैफे संचालक अनुराग को तौसिफ खान की हरकतें ठीक नहीं लगी थीं, तो उस ने तौसिफ खान से पहचानपत्र मांगा. जब उस ने पहचानपत्र नहीं दिया, तो अनुराग ने पुलिस को सूचना दी. उस के बाद तौसिफ खान और उस के साथी भागने लगे.

अनुराग ने उन का पीछा किया, तो वे उसे धक्का दे कर आटोरिकशा में सवार हो गए. उसी समय सामने से पुलिस की गाड़ी आ रही थी. अनुराग ने पुलिस वालों को आटोरिकशा रुकवाने का इशारा किया. पुलिस ने आटोरिकशा रोका और उस में सवार तौसिफ खान और उस के साथी सना खान और गुलाम सरवर को पकड़ा.

35 साल के तौसिफ खान उर्फ अतीक का पता अहमदाबाद के जूहापुरा इलाके का यूनाइटेड अपार्टमैंट्स का फ्लैट नंबर-15ए है. वह इंडियन मुजाहिदीन का फं्रटलाइन आतंकी है. इलैक्ट्रोनिक्स ऐंड कम्यूनिकेशन से इंजीनियरिंग की डिगरी लेने के बाद उस ने आतंक की दुनिया में कदम रख दिया था. उस ने महाराष्ट्र के नंदूरबाग के डीएन पाटिल इंजीनियरिंग कालेज से साल 2001-05 में बीटैक किया था.

अहमदाबाद में बम धमाकों को अंजाम देने के बाद तौसिफ खान साल 2008 में गया आ गया था. 26 जुलाई, 2008 को अहमदाबाद में 90 मिनट के अंदर एक के बाद एक 16 बम धमाके किए गए थे, जिन में 56 लोगों की मौत हो गई थी और 2 सौ से ज्यादा लोग जख्मी हो गए थे.

तौसिफ खान गया जिले के डोभी थाने के करमौनी गांव में रह रहा था और पहचान छिपाने के लिए उस ने अपना नाम अतीक रख लिया था. उस ने स्थानीय सना खान की मदद से मुमताज पब्लिक हाईस्कूल में टीचर की नौकरी हासिल कर ली थी. वह विज्ञान और गणित पढ़ाया करता था.

3 साल तक स्कूल में पढ़ाने के बाद तौसिफ खान ने नौकरी छोड़ दी और प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाने लगा. गिरफ्तारी के बाद उस ने कबूल किया कि वह आईएसआई के प्रचार का काम कर रहा था. पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि वह कितने बच्चों के दिमाग में आतंक का कीड़ा डाल चुका है. उस के पाकिस्तान कनैक्शन की भी खोज की जा रही है.

तौसिफ खान से पूछताछ के बाद कई खुलासे हुए हैं. उस के घर से पाकिस्तान के लाहौर में प्रिंट कराई गई किताबें और जिहादी परचे बरामद हुए हैं. पुलिस को शक है कि उस ने गया में 50 जिहादियों को तैयार कर दिया है, जिस में से ज्यादातर 14 साल से 16 साल की उम्र के लड़के हैं.

तौसिफ खान ने किनकिन बच्चों को पढ़ाने के नाम पर जिहाद की घुट्टी पिलाई है, इस की भी जांच की जा रही है. गया में रहने के दौरान तौसिफ खान कई दफा राजस्थान और मुंबई गया था. पुलिस और एटीएस उस की इन यात्राओं के मकसद का पता लगा रही है. साल 2016 और साल 2017 में वह 2 बार राजस्थान गया था. उस के पास मुंबई जाने का टिकट भी मिला है.

तौसिफ खान के साथ दबोचा गया गुलाम सरवर खान बोधगया ब्लौक के बारा पंचायत के प्राथमिक निमहर विद्यालय का प्रभारी है. स्कूल के बच्चों ने पुलिस को बताया कि गुलाम सरवर खान हफ्ते में 2-3 दिन ही स्कूल आता था. साल 2006 में उस की बहाली पंचायत शिक्षक के रूप में हुई थी.

पुलिस जब गुलाम सरवर खान को गिरफ्तार कर ले जा रही थी, तो गांव वालों ने विरोध किया. पुलिस के काफी समझानेबुझाने के बाद ही गांव वाले शांत हुए. एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि तौसिफ खान पर पुलिस ने देशद्रोह का केस दर्ज किया है और उस के साथ पकड़े गए उस के 2 साथियों पर उसे संरक्षण देने का आरोप लगा है. उस के पास से मिले कागजात, पैनड्राइव और मोबाइल डाटा से देशद्रोह की गतिविधियों में शामिल होने के ठोस सुबूत मिल चुके हैं.

गुजरात की एटीएस टीम ने 15 सितंबर, 2017 को उस से पूछताछ की. गया के सिविल लाइन थाने में तीनों के खिलाफ केस (नंबर-277/2017) दर्ज कराया गया है. गया पुलिस की रिमांड की सीमा खत्म होने के बाद गुजरात एटीएस उन्हें रिमांड पर ले लेगी.

वहीं पुलिस सूत्रों की मानें, तो तौसिफ खान ने अहमदाबाद बम धमाकों में खुद के शामिल होने की बात को कबूल कर लिया है. पटना एटीएस, एसटीएफ और गया पुलिस अफसरों को पहले वह झांसा देने की कोशिश करता रहा. पहले तो वह आतंकी होने से ही इनकार करता रहा, उस के बाद उस ने माना कि अहमदाबाद बम धमाकों में संदिग्धों की लिस्ट में उस का नाम आने के बाद गिरफ्तारी के डर से वह वहां से भाग निकला था.

15 सितंबर की रात गुजरात एटीएस की टीम गया पहुंची और उस से पूछताछ की. एटीएस टीम ने बम धमाके के दूसरे आरोपियों के साथ उस का फोटो दिखाया, तो उस के होश उड़ गए. चारों ओर से खुद को फंसा देख कर आखिर तौसिफ खान ने हार मान ली.

गुजरात एटीएस की पूछताछ के बाद तौसिफ खान ने माना कि वह सिमी का हार्डकोर सदस्य है. वह 24 आतंकी मामलों में वांटेड था. वह मूल रूप से महाराष्ट्र के जलगांव का रहने वाला है.

सिमी का सदस्य बनने के बाद उसे ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भी भेजा गया था. पाकिस्तान में उस ने बम धमाके की ट्रेनिंग ली थी. इंजीनियर और तेज दिमाग का होने की वजह से उस ने बड़े आतंकियों के बीच अपनी खासी पैठ बना ली थी. वह सिमी की बैठकों और योजनाओं में शामिल होता था और उस की बातें गौर से सुनी जाती थीं.

फिट रहना है जरूरी, इसलिए कुछ सुझावों पर गौर फरमाएं

आज हर तीसरा व्यक्ति लाइफस्टाइल समस्याओं जैसे बैक पेन, माइग्रेन, घुटनों का दर्द आदि का सामना कर रहा है. यदि आप भी इस तरह की परेशानियों का शिकार हो रहे हैं तो कुछ सुझावों पर गौर फरमा कर आप फिट और हलका महसूस कर सकते हैं:

आलस त्यागें: सब से पहले आलस को त्यागते हुए सुबहसवेरे अपने पास के पार्क तक पैदल चल कर जाएं. यदि मौसम जाने की अनुमति नहीं देता है तो ट्रेडमिल पर कुछ समय बिता सकते हैं. अपने पास के मैट्रो स्टेशन तक भी चल सकते हैं. अपने वाहन को अपने कार्यस्थल से थोड़ी दूर पार्क करें ताकि आप कुछ दूर पैदल चल सकें. औफिस में लिफ्ट के बजाय सीढि़यों का इस्तेमाल करें.

ड्राइव करते समय ध्यान रखें: ड्राइविंग पीठ दर्द प्रमुख कारणों में से एक है. खासकर उन के लिए जिन्हें लंबे समय तक यात्रा करनी पड़ती है. ड्राइव करते समय स्टीयरिंग व्हील से गलत दूरी बनाए रखने से गरदन, हाथों, कंधों, रीढ़ की हड्डी, पीठ, कलाइयों में परेशानी हो सकती है. इसलिए यह सुनिश्चित कर लें कि अपने स्टीयरिंग व्हील से सही ढंग से दूरी बना कर बैठना भी बहुत जरूरी है. आप की छाती स्टीयरिंग व्हील के समानांतर होनी चाहिए. पैरों को पूर्ण आराम दें.

जब औफिस में हों: कार्यालय की कुरसी ऐसी होनी चाहिए जिस का निचला हिस्सा आप की पीठ के निचले हिस्से को सपोर्ट दे. कंप्यूटर स्क्रीन की ऊंचाई और आप में समानांतर होना चाहिए.

शारीरिक कसरत: कुरसी पर बैठे हुए ही कुछ हलके व्यायाम करने की कोशिश कर सकती हैं. सीधे बैठें और पैरों को फैलाते हुए उन की उंगलियों को ऊपर की ओर रखें. अब उन्हें 30 से 40 डिग्री के स्तर पर उठाने की कोशिश करें और फिर धीरेधीरे जमीन को छूएं बिना उन्हें नीचे तक लाए. इसे 10 से 15 बार दोहराएं. ऐसा करना न केवल आप की टमी को अंदर रखता है, बल्कि आप की पीठ के निचले हिस्से को भी मजबूत करता है.

ऐसा बारीबारी से करें: इस के साथ ही आप दूसरा व्यायाम यह कर सकते हैं कि एक पैन या पैंसिल फ्लोर पर गिरा दें और फिर पैर के अंगूठे व उंगलियों के साथ उठाने की कोशिश करें.

जमीन की ओर सीधे न झुकें: जमीन पर कुछ भी उठाने के लिए सीधे यानी एकदम से न झुकें. पहले झुक कर घुटनों पर बैठें फिर चीज को उठाएं.

कलाइयों को आराम दें: अगर आप सुन्नता या झनझनाहट अपनी उंगली विशेष कर अंगूठे, हाथ की बीच की उंगली पर महसूस करती हैं तो यह कार्पल टनल सिंड्रोम का लक्षण हो सकता है. अत: कलाइयों को आराम देना भी जरूरी है. हाथों और कलाईयों को कुछ अंतराल में आराम देती रहें.

– डा. सतनाम सिंह छाबड़ा, सर गंगा राम अस्पताल

फ्रैगरैंस रखे मूड फ्रैश, तो इस बार आप कौन सी फ्रैगरैंस चुन रही हैं

घर को सजानेसंवारने की हम पूरी कोशिश करते हैं और घर से आ रही भीनीभीनी खुशबू यह एहसास दिलाती है कि घर वाले पूरी तरह से मूड में आ चुके हैं.

तो इस बार आप इन में से कौन सी फ्रैगरैंस चुन रही हैं:

कैंडल वार्मर्स: कैंडल वार्मर से मोम पूरी तरह गरम हो जाता है और उस से बहुत ही भीनीभीनी खुशबू निकलती है, जिस से पूरा घर महक उठता है. मोमबत्ती को जलाए बिना ही पूरा घर सुगंधमय हो जाता है.

घर पर बनाएं पौटपूरी: घर पर पौटपूरी बनाने के लिए किसी भी मनपसंद फूल की पंखुडि़यों को थोड़े पानी में उबाल लें. ऐसा करने पर उन की महक पूरे घर में फैल जाएगी. फूलों के अलावा संतरे के छिलके, दालचीनी के टुकड़े, लौंग आदि के प्रयोग से भी घर को एक अलग ही खुशबू से महकाया जा सकता है.

रीड डिफ्यूजर: यह खुशबू कमरे की हवा में कुछ इस तरह घुलमिल जाती है कि कई घंटों के बाद भी घर खुशबू से महकता रहता है. इसे बारबार जलाने की जरूरत नहीं होती है. खुशबू कम हो जाने पर भी भीनी सी हलकी सुगंध वातावरण में रहती है. इस में सिंथैटिक व नैचुरल दोनों तरह के औयल का इस्तेमाल किया जाता है. रीड डिफ्यूजर में आप को बोतल या कंटेनर, सैंटेड औयल व रीड्स मिलती हैं. बोतल या कंटेनर में औयल भर दिया जाता है. फिर उस में एक रीड स्टिक डाल दी जाती है. पूरा घर महक उठता है.

अरोमा कैंडल: यदि आप को खुशबू पसंद है और चाहती हैं कि आप का कमरा हर वक्त महकता रहे तो अरोमा कैंडल्स का इस्तेमाल करें. लेकिन सस्ती और कैमिकल वाली अरोमा कैंडल्स से दूर रहें. इन के बजाय सोया वैक्स या बीज वैक्स से बनी अरोमा कैंडल्स खरीदें. ये ज्यादा देर तक जलती हैं. ये कैंडल्स कई फ्रैगरैंस में उपलब्ध हैं. एक स्टिक करीब 6 घंटे चलती है.

एअर फ्रैशनर्स: ये स्प्रे की छोटीछोटी बोतलें होती हैं, जिन्हें आप कहीं भी लगा सकती हैं जैसे कि दीवार पर, ड्रैसिंग टेबल के किनारे, टेबल की साइड आदि में आसानी से लगा सकती हैं. इस में एक बटन लगा होता है जिसे औन कर के आप जब चाहें खुशबू पा सकती हैं.lifestyle

नैचुरल औयल से फैलाएं खुशबू: अपनी पसंद के किसी भी सैंटेड तेल में आधा कप सिरका और 2 कप पानी मिला कर स्प्रे बोतल में भर लें. फिर इस का प्रयोग कर घर को खुशबूदार बना सकती हैं.

अरोमा लैंप: यह एक प्रकार का डिजाइनर लैंप होता है, जिस में पानी की कुछ बूंदों में अरोमा औयल डाला जाता है, जिस से घर में काफी देर तक खुशबू रहती है. यह एक शो पीस की तरह खूबसूरत दिखती है.

हर्बल अगरबत्ती: सुबहसुबह घर में अगरबत्ती की खुशबू सभी को भाती है. माहौल को खुशनुमा बनाने में ऐरोमैटिक प्लांट या हर्ब्स से बनी अगरबत्तियों का जवाब नहीं. इन्हें ऐसैंशियल औयल की मदद से ज्यादा खुशबूदार बनाया जा सकता है. साधारण नुकसानदायक धुआं छोड़ने वाली अगरत्तियों के मुकाबले ये काफी अच्छी होती हैं. नैचुरल फ्रैगरैंस की बात की जाए तो जैसमीन, चंदन, गुलाब, देवदार आदि खुशबू वाली अनेक अगरबत्तियां बाजार में उपलब्ध हैं.

यों भी महकाएं घर

घर के लिए फ्रैगरैंस लैवेंडर, लैमन, क्लोव आदि लेना सही रहता है. इन से दुर्गंध आसानी से चली जाती है.

सुगंधयुक्त अगरबत्तियों, पौटपूरी, स्प्रे आदि का प्रयोग कमरे में ही करें, किचन में इन का प्रयोग न करें.

घर में केतली में कुछ मसालों जैसे लौंग, इलायची या दालचीनी को उबालें. इस से पूरे घर में मसालों की अच्छी महक भर जाएगी.

ऐसैंशियल औयल को 1 कप पानी में मिला कर स्प्रे बोतल में भर एअर फ्रैशनर के तौर पर इस्तेमाल करें.

मूड के अनुसार चुनें होम फ्रैगरैंसlifestyle

सिट्रस: रिफ्रैश मूड के लिए सीट्रस फ्रैगरैंस चुनें. फू्रट फ्रैगरैंस ऊर्जा बढ़ाने के साथसाथ तरोताजगी का भी एहसास दिलाती है.

लैवेंडर और कुकंबर: रिलैक्सेशन के लिए लैवेंडर और कुकुंबर की खुशबू काफी अच्छी होती है. लैवेंडर की खुशबू तनाव दूर कर तनमन को शांत करती है. लैवेंडर में औयल, स्प्रे और कई तरह की कैंडल्स भी बाजार में उपलब्ध हैं.

फ्लोरल: यह खुशबू मूड को रोमांटिक बनाती है. इस का चुनाव खासतौर पर बैडरूम के लिए किया जाता है. त्योहारों के मौके पर भी इस की खुशबू पूरे वातावरण को महका देती है.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें