Download App

WBBL: हरमनप्रीत पर लटकी तलवार

वुमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में भारत की स्टार महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत को लेकर अब मौजूदा विजेता टीम सिडनी थंडर्स के बयान ने एक नया मोड़ दे दिया है.

सिडनी थंडर्स ने दिए अपने एक बयान में साफ किया कि वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलआउंडर खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह को अपने साथ शामिल करने के इच्छुक हैं, लेकिन अभी तक दोनों के बीच किसी तरह का कोई करार नहीं हुआ है.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद बोर्ड अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा था कि सिडनी थंडर्स ने हरमनप्रीत के साथ करार कर लिया है.

सिडनी थंडर्स की फ्रेंचाइजी के महाप्रबंधक निक कमिंस ने हालांकि इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने भारतीय खिलाड़ी के साथ करार किया है, लेकिन उन्होंने साथ ही माना है कि क्लब का ध्यान हरमनप्रीत पर बनी हुई है.

कमिंस ने बताया, “हम सिडनी थंडर्स में हरमनप्रीत को लाने पर विचार कर रहे हैं”. उन्होंने कहा, “इस समय किसी तरह का कोई करार नहीं हुआ है.”

बीसीसीआई के द्वारा महिला क्रिकेटरों को विदेशी लीग में खेलने की मंजूरी देने के बाद हरमनप्रीत के अलावा अन्य भारतीय महिला क्रिकेटर जैसे टीम की कप्तान मिताली राज, झूलन गोस्वामी के भी लीग में हिस्सा लेने अटकलें हैं.

इस बॉलीवुड एक्टर का ‘इक्का’ में होगा डबल रोल

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार अपनी आने वाली एक फिल्म में डबल रोल निभाते नजर आ सकते हैं. अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्म 'इक्का' में डबल रोल निभाते नजर आएंगे.

यह फिल्म तमिल फिल्म 'कठ्ठी' का हिंदी रीमेक है. इस फिल्म में अक्षय दोहरी भूमिका निभाएंगे. इस फिल्म के रीमेक के लिए मुरुग्दोस और अक्षय एक साथ जुड़े हैं जिसमें अक्षय डबल रोल करेंगे. इस फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी के आस-पास शुरू की जाएगी. हालांकि अभी इसमें लीड एक्ट्रेस और नेगेटिव रोल के लिए किसी नहीं चुना गया है लेकिन फिर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि पाकिस्तानी एक्ट्रेस माया अली और मॉडल सादिया खान इस रोल के लिए चुनी जा सकती हैं.

फिल्म तमिल फिल्म से काफी अलग बनाई जाएगी और नॉर्थ की जनता को ध्यान में रखते हुए इसमें कुछ ऐसे एलिमेंट्स जोड़े जाएंगे जिससे ये फिल्म लोगों को पसंद आ सके. बताया जाता है कि यह फिल्म किसानों के आत्महत्या वाले मुद्दे पर आधारित है. अक्षय इससे पूर्व 'जय किशन', 'अफलातून' और 'राउडी राठौर' जैसी फिल्मों में दोहरी भूमिका निभा चुके हैं.

पुलकित की पत्नी ने लगाया घर तोड़ने का आरोप

बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम पत्रकारों पर उस समय भड़क गईं जब उनसे पुलकित सम्राट की पत्नी श्वेता रोहिरा द्वारा लगाये गये आरोपों पर सवाल किया गया. यामी के 'सनम रे' के को-स्टार पुलकित की पत्नी श्वेता रोहिरा ने यामी पर उनकी शादी तोड़ने का आरोप लगाया है.

श्वेता और पुलकित अपनी एक साल चली शादी के बाद 2015 में अलग हो गए थे. तभी से 32 वर्षीय अभिनेता के यामी के साथ प्रेम संबंध होने की अफवाहें हैं. श्वेता सुपरस्टार सलमान खान की मुंह बोली बहन है. हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में श्वेता ने दावा किया था कि यामी ने उनकी शादी तोड़ी है.

यामी से जब इस पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, यह काफी खूबसूरत समारोह है, आपको क्यों बेकार के सवाल करने हैं. बार-बार सवाल किये जाने पर 27 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा, मैं यहां इन सवालों का जवाब देने नहीं आई हूं. कृपया समारोह से जुड़े सवाल ही पूछें.

यामी ने यहां एक फैशन शो के दौरान मीडिया से बात की. यामी यहां डिजाइनर अनिता डोगरे के लिए बतौर शो स्टॉपर रैंप पर चली.

जानिये ऋतिक रोशन को कौन लगता है रोमांटिक

फिल्म 'मोहनजोदड़ो' में आशुतोष गोवारिकर संग काम करने वाले अभिनेता ऋतिक रोशन ने बताया कि निर्देशक ने अविश्वसनीय प्रेरणादायक रोमांस के साथ शूटिंग की और वह दिल से रोमांटिक हैं.

ऋतिक ने 'मोहन जोदड़ो' के एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, "वह (आशुतोष) काफी रोमांटिक हैं. आप कह सकते हैं कि यह शख्स दिल से रोमांटिक है. उन्होंने कैमरे पर अविश्वसनीय प्रेरणादायक रोमांस दिखाया है, जो पहले कभी नहीं देखा गया."

उन्होंने कहा, "फिल्म की पटकथा बेहद खूबसूरत है. प्रत्येक रोमांटिक दृश्य आपको प्रभावित करेंगे." फिल्म 'मोहन जोदड़ो' से अभिनेत्री पूजा हेगड़े बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करने जा रही हैं. यह फिल्म 12 अगस्त को रिलीज होगी.

बनें सजग उपभोक्ता

हाल ही में ‘सेंटर फौर साइंस ऐंड एनवायरमेंट’ के एक अध्ययन में यह सच सामने आया कि देश में बिकने वाले ब्रेड, बन्स और रेडी टू ईट बर्गर पिज्जा वगैरह में सेहत के लिए खतरनाक कैमिकल्स जैसे पोटैशियम ब्रोमेट और पोटैशियम आयोडेट काफी मात्रा में इस्तेमाल किए जाते हैं, जो कैंसर व थायराइड की वजह बन सकते हैं. इन के 38 पौपुलर ब्रांड्स में से 84% में सैंपल टेस्ट में इन की अधिक मात्रा पाई गई. बाद में करीब एक माह की जांच पड़ताल के बाद फूड सेफ्टी और स्टैंडर्डस औथोरिटी औफ इंडिया द्वारा स्पष्ट तौर पर पोटेशियम ब्रोमेट के प्रयोग पर बैन लगा दिया गया. इसी तरह जून 2015 में एफएसएसए ने उस वक्त मैगी नूडल्स पर पूरी तरह बैन लगा दिया था जब इस के सैंपल्स में लेड की काफी अधिक मात्रा पाई गई थी जबकि लेड सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.

दरअसल उपभोक्ताओं के साथ उत्पादक कंपनियां, विक्रेता, दुकानदार या सेवाप्रदाता कंपनियां वगैरह कई तरह से धोखाधड़ी कर सकती हैं. उन पर वर्णित दोनों मामले जहां उपभोक्ताओं की सेहत से जुडे हैं तो वहीं कई दफा मानसिक या आर्थिक दृष्टि से भी उपभोक्ताओं का शोषण किया जाता है.

हाल ही में कंज्यूमर फ्रौड.कौम में एसबीआई बैंक के ग्राहकों की बैंकिंग जानकारी की धोखाधड़ी से संबंधित एक शिकायत की गई थी जहां पर उन्हें बेवकूफ बना कर उन की डेबिट कार्ड की जानकारी लेने के बाद उन के खाते से पैसे निकाल लिए गए.

कुछ समय पहले एक कंज्यूमर ने एक दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कराया क्योंकि दुकानदार ब्रेड के लिखित एमआरपी से अधिक रकम वसूल रहा था, तो वहीं एक टूर एंड ट्रैवल कंपनी पर इस बात के लिए धोखेधड़ी का केस दर्ज हुआ क्योंकि वह वादा की गई सहूलियतें मुहैया नहीं करा पाया.

आज के समय में हर व्यक्ति उपभोक्ता है, भले ही वह राशन खरीद रहा हो, कपड़े या दवाइयां और ब्यूटी प्रोडक्ट्स वगैरह या इलैक्ट्रोनिक आयटम्स ले रहा हो या फिर किसी कंपनी द्वारा दी जा रही कोई और सेवा प्राप्त कर रहा हो. कहीं भी, कभी भी आप के साथ धोखाधड़ी हो सकती है. जरूरी है कि एक उपभोक्ता होने के नाते सदैव अपनीअपनी आंखें खुली रखें और जब भी जरूरत पड़े, अपने हक के लिए आवाज उठाएं.

आरएसजे लेक्सस के डायरेक्टर गौरव जैन कहते हैं कि जब एक रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं तो खाने की क्वालिटी के अलावा आप को यह भी ध्यान रखना होगा कि आप से कहीं अवैध रूप से वैट या सर्विस टैक्स तो नहीं वसूला जा रहा. आप को सिर्फ इतना देखना है कि बिल पर रजिस्टर्ड सर्विस टैक्स नंबर या वैट / टिन नंबर है या नहीं. टिन एक 11 डिजिट का नंबर होता है और इसे वैट से जुड़े हर तरह के ट्रांजेक्शन में मेंशन करना जरूरी होता है. यदि बिल पर यह नंबर प्रिंटेड है तो ठीक है वरना समझ लें कि संभवतः आप को बेवकूफ बनाया जा रहा है.

महिलाएं रहें खासतौर पर सावधान

महिलाओं को खासतौर पर सावधान रहना जरूरी है प्रैग्नैंसी के दौरान कुछ खरीदना हो या छोटे बच्चों के सामान लेने हों या पूरे परिवार के लिए खानेपीने की चीजें, दवाइयां वगैरह लेनी हों, सजगता हर मोड़ पर जरूरी है.

इस तरह की सावधानी आप का 5-10 मिनट से ज्यादा वक्त नहीं लेती. आप इंटरनेट पर पहले प्रोडक्ट के बारे में पूरी जानकारी ले लें फिर उसे खरीदते वक्त पैक के ऊपर मैनफेक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूरी देखें. वह प्रोडक्ट किन चीजों से बनाया गया है और उस के प्रयोग में कैसी सावधानियां जरूरी हैं, यह सब भी पैक पर लिखा होना जरूरी है.

यही नहीं, प्रोडक्ट की जितनी एमआरपी लिखी गई है उस से ज्यादा कीमत वसूली जाए तो उपभोक्ता इस की लिखित शिकायत कर सकता है. कई दफा जब आप कोई वस्तु खरीदती हैं तो उस पर लिखे हुए वजन से कम वजन निकल सकता है.

यदि आप को किसी प्रोडक्ट के वजन को ले कर शंका है तो इसे जरूर क्रौस चेक कर लें. उदाहरण के लिए एलपीजी सिलिंडर जब आप के पास आते हैं तो बहुत संभव है कि उस का वजन 1 या 2 किले कम हो. आप लेते वक्त उसे तुलवा कर देख सकती हैं.

बतौर उपभोक्ता आप को हमेशा कोई भी वस्तु खरीदने के बाद दुकानदार से उस का बिल जरूर मांगना चाहिए. धोखाधड़ी होने पर आप यह बिल सबूत के तौर पर पेश कर सकती हैं.

द फूड सेफ्टी और स्टैंडर्ड रेगुलेशंस एक्ट, 2011 के मुताबिक अब सभी फूड मैनुफेक्चरिंग कंपनीज के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे किसी भी पैक्ड फूड्स पर स्पष्टता दें कि फूड आइटम्स में नौनवेज इनग्रेडिएंट्स हैं या नहीं और यह स्क्वायर के अंदर ब्राउन या ग्रीन सर्कल के रूप में इंडीकेट किया जाएगा. ब्राउन सर्कल नौनवेज के लिए और ग्रीन वेजीटेरियन को इंडिकेट करता है.

आर्थिक मुद्दे

गौरव जैन कहते हैं कि अपना बैंकिंग इनफोरमेशन सुरक्षित खने का प्रयास करें. यदि आप नया सिम कार्ड लेने जाते हैं और आप से पैनकार्ड, आधारकार्ड आादि की फोटोकौपीज और आप की फोटो ली जाती है तो हमेशा खयाल रखें कि पूरे पेज पर 2 लाइनें खींच दें और लिखें कि यह फोटोकौपी क्यों और किस उद्देश्य से व कब जमा की गईं हैं.

यदि आप से फोन पर बोनस आदि का लालच देते हुए इंश्योरेंस/बैंक अकाउंट आदि से जुड़ी जानकारियां मांगी जाएं जैसे पौलिसी नंबर वगैरह तो कभी न दें. आप के साथ फ्रौड हो सकता है इसी तरह फोन पर क्रेडिट कार्ड/औनलाइन बैंकिंग आदि से जुड़े विवरण, पासवर्ड आदि मांगे जा सकते हैं. आप ऐसा कभी न करें. इस तरह के लोग फ्रौड हो सकते हैं. डिटेल जान कर बड़ी से बड़ी रकम भी अपने अकाउंट में ट्रांसफर करा सकते हैं. इसी तरह वाट्सएप पर भी कभी अपने क्रेडिट कार्ड वगैरह की फोटो किसी को न भेजें. यदि कभी कार्ड खो जाए तो इसे तुरंत बंद करा दें.

कभी भी इंश्योरेंस फौर्म साइन करते वक्त आंखें बंद न रखें. खाली फौर्म में कभी भी अपना हस्ताक्षर न करें.जब भी आप इंश्योरेंस लें तो अपने परिवार के किसी न किसी सदस्य का नाम नौमिनी में जरूर डालें वरना यह भी संभव है कि वह उस खाली जगह पर अपने आदमी का नाम डाल कर कमाई कर ले.

क्वालिटी का प्रमाण

वे पदार्थ जो वैधानिक रूप से स्टैंडर्ड को मेंटेन करते हैं, उन के पैक पर हमेशा खास क्वालिटी मार्कस या सर्टिफिकेशन होते हैं. उदाहरण के लिए इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स के मामले में आईएसआई मार्क हमेशा देखना चाहिए. इसी तरह कृषि उत्पादों पर एग्मार्क, फू्रट प्रोडक्ट्स के लिए एफपीओ मार्क व सोने के गहनों की शुद्धता बीआईएस हालमार्क से प्रमाणित होती है.

इसी तरह जिन कंपनियों के पास आईएसओ प्रमाणपत्र है, उन की तरफ से भी उपभोक्ता निश्चिंत हो सकते हैं. किसी भी फूड आइटम का उत्पादन करने वाली कंपनी के लिए यह जरूरी है कि वह एफएसएसएआई में रजिस्टर्ड हो.

धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराएं

अगर आप किसी तरह की धोखाधड़ी का शिकार बनते हैं तो परेशान न हो, आप कंज्यूमर फोरम में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

कंज्यूमर फोरम एक सरकारी संस्था है, जहां विक्रेता और सप्लायर के खिलाफ केस दर्ज कराई जा सकती है. इसे कंज्यूमर कोर्ट भी कहा जाता है. कंज्यूमर कोर्ट 3 स्तरों पर स्थापित किए गए हैं. यदि 20 लाख तक की धोखेधड़ी की शिकायत दर्ज करवानी है तो आप जिला उपभोक्ता फोरम के दरवाजे खटखटा सकते हैं. 20 लाख से 1 करोड़ तक के मामलों में राज्य उपभोक्ता फोरम और 1 करोड़ से ऊपर की धोखाधड़ी में राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम में केस दर्ज कराया जा सकता है.

शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया सरल और कम खर्च वाली है. आप स्वयं भी अपना केस लड़ सकते हैं. मगर दावा 2 साल के अंदर दायर करें. उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत प्रावधान है कि उपभोक्ता फोरम 3 माह के भीतर मामला निबटाए.

अब फेसबुक और ट्विटर से ऑर्डर करें पिज्जा

अमेरिकी रेस्तरां श्रृंखला पिज्जा हट ने पिज्जा और अन्य खाद्य उत्पादों का ऑर्डर करने के लिए एक नए सोशल मंच 'चैटबॉट' की घोषणा की है. यहां ग्राहक सोशल मीडिया साइट्स फेसबुक और ट्विटर से बातचीत के माध्यम से भोजन का ऑर्डर दे सकते हैं.

यह सुविधा अगस्त महीने से सभी पिज्जा हट सोशल अकाउंट पर उपलब्ध होगी, जिसकी शुरुआत सैन फ्रैंसिस्‍को में 2016 वेंचरबीट मोबाइलवीट कॉन्‍फ्रेंस में मुख्य डिजिटल अधिकारी बॉरन कॉसर्स ने एक डेमो से की थी. बॉपन ने कहा, 'पिज्जा हट के लिए ऑर्डर लेने वाला यह नया मंच ग्राहकों तक अपने पसंदीदा भोजन की पहुंच को आसान बनाने का एक और उदाहरण है.'

इस सुविधा के लिए पिज्जा हट ने तकनीकी कंपनी कन्‍वर्सेबल के साथ भागीदारी की है. कंपनी ने बताया, 'इस सेवा के माध्यम से ग्राहक किसी भी अमेरिकी पिज्जा हट स्टोर के फेसबुक व ट्विटर खातों पर बात करते हुए अपने पसंदीदा और बुक किए गए ऑर्डर को दोबारा ऑर्डर करने में सक्षम हैं. इसके साथ ही ग्राहक इस सुविधा के तहत अक्सर पूछे जाने वाले सवालों के जवाब और नवीनतम सौदों और छूट की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं.'

प्रकृति से सीखें

वर्षा की बूंदें, नालियों में बहती कागज की नावें, रिमझिम वर्षा में नहाने का आनंद, बादलों से भरे आकाश में कड़कड़ाती बिजली की चमक अब लगता है कि कहीं खो सी गई है. आजकल बंद कमरों में टैलीविजन या मोबाइल स्क्रीन पर चिपके किशोरों को वर्षा का पता तब चलता है जब टीवी के वैदर चैनल पर जाते हैं. जिस तरह से आज की पीढ़ी ने प्रकृति का आनंद लेना बंद कर दिया है, वह बेहद दुखदायी है. इसलिए कि भले ही हम नई चीजों के कितने ही निकट क्यों न हों, प्रकृति का साया हम पर रहेगा ही और हरेक को प्रकृति के साथ हिलमिल कर चलने और जूझने की आदत बनी रहना जरूरी है. शहरी व कसबाई जिंदगी के बावजूद प्रकृति का असर बहुत ज्यादा है और आधुनिक तकनीक, सुविधाओं और खोजों से चाहे जीवन पर प्रकृति की मार न पड़ती हो, पर फिर भी आमनासामना तो होगा ही.

प्रकृति ने मानव को जो दिया है वह सब अरबों सालों में बना है और विज्ञान अभी 200 साल पुराना है. तभी तो हर कोई आज प्रकृति की गोद में जाने को लालायित है. आजकल लोग छुट्टी मनाने रिसोर्ट्स में जाते हैं जहां पेड़पौधे होते हैं. बड़े विशाल होटल तो अब केवल व्यावसायिक कामों तक सीमित रह गए हैं.

किशोरावस्था ऐसा समय है जब प्रकृति से बहुत कुछ सीखा जा सकता है और इन सुनहरे दिनों को हाथ से न निकलने दें. वर्षा का भरपूर आनंद लें. कुछ भीगें, कुछ बौछारों का आनंद लें. पानी भरी सड़कों पर चलें. कीचड़ में पांव गंदे करें. ये सब जीवन के पाठ हैं जो बाद में पढ़ने को नहीं मिलेंगे. एक बार जिम्मेदारियों ने घेर लिया तो फिर मौका नहीं मिलेगा धूप, वर्षा, ठंड, गरमी, पतझड़ का आनंद लेने का.

मानव ने पिछले दशकों में प्रकृति को कुछ ज्यादा ही दुहा है. आजकल ग्रीन हाउस इफैक्ट से दुनिया परेशान है. इतनी गरमी 100-150 साल में कभी नहीं पड़ी. कहीं अति वर्षा है, कहीं अति ठंड और कहीं सूखा. समुद्र में पानी का स्तर बढ़ रहा है. आर्कटिका और अंटार्कटिका की बर्फ पिघल रही है, पशुपक्षियों की सैकड़ों प्रजातियां खतरे में हैं. यह इसलिए कि बंद कमरों में हम ने प्रकृति को भुला दिया है, इस का आदरसम्मान करना बंद कर दिया है. ठीक है, हम प्रकृति के गुलाम नहीं बने रहना चाहते, पर इस का मतलब यह नहीं कि हम इसे भुला दें. हमें प्रकृति को अपने सुखों के लिए ढालना है. आज वैज्ञानिक लगे हैं इस काम के लिए, पर प्रकृति प्रेम, जिस में वर्षा की वे ठंडी बूंदें शामिल हैं जो गरमी के बाद आती हैं, भी जरूरी हैं.

तो चलें, बाहर बारिश हो रही हो तो भीग लें. कोई डांटेगा, तो सुन लेना. बारिश पूरे साल थोड़ी होती है.         

LORD’S TEST: पहले मैच में ही बनाया रिकॉर्ड

इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर इतिहास रचा गया है. पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान मिसबाह-उल-हक ने इस मैदान पर अपने पहले ही टेस्ट मैच में ही शतक लगा दिया है.

मिसबाह की इस पारी की बदौलत पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन छह विकेट पर 282 रन बना लिए. इस शतक के साथ ही मिसबाह पिछले 82 साल के क्रिकेट इतिहास में सबसे उम्रदराज शतकवीर बन गए.

इस मैच में सबकी नजरें पांच साल के बैन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौट रहे मोहम्मद आमिर पर थीं लेकिन मिस्बाह की पारी ने सब बदलकर रख दिया.

मिसबाह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 18 चौकों की मदद से 110 रनों की नाबाद पारी खेली. असद शफीक ने 12 चौकों की मदद से 73 रन बनाए.

दोनों ने मिलकर टीम के लिए 148 रनों की साझेदारी की. शफीक को क्रिस वोक्स ने आउट किया. वोक्स इंग्लैंड के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे जिन्होंने 45 रन देकर चार विकेट लिए.

इंग्लैंड के गेंदबाजों को अपने फील्डर्स का सपोर्ट नहीं मिला. जो रूट्स ने स्लिप में मिसबाह का एक कैच टपका दिया. मिसबाह उस समय केवल 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे.

पाकिस्तान 134 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रहा था. लेकिन इसके बाद टीम ने वापसी की. दिन का खेल समाप्त होने से पहले वोक्स ने दो विकेट लेकर मैच को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया.

मिसबाह पिछले 82 वर्षों में शतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए. उन्होंने 42 साल 47 दिन की उम्र में सेंचुरी लगाई.

यहां यह बात भी ध्यान रखने वाली है कि यह इंग्लैंड में मिसबाह का पहला ही टेस्ट मैच था. इससे पहले उन्हें इंग्लैंड आने का मौका नहीं मिला था. अब उन्होंने लॉर्ड्स पर शतक लगाया है और उनका नाम इतिहास में दर्ज हो गया है.

मिसबाह की उम्र को लेकर अकसर सवाल उठाए जाते हैं. इंग्लैंड दौरे से पहले जब पाकिस्तानी टीम काकुल में आर्मी ट्रेनिंग ले रही थी तब भी उनका काफी मजाक बनाया गया था.

जब मिसबाह बल्लेबाजी करने आए तो पाकिस्तानी टीम 77 रनों पर तीन विकेट गंवाकर संकट में थी. 16 के निजी स्कोर पर जो रूट ने स्टीवन फिन की गेंद पर स्लिप में उनका कैच टपका दिया. इसके बाद जब वह 58 पर बल्लेबाजी कर रहे थे जब गैरी बैलेंस ने उन्हें रन आउट करने का मौका गंवा दिया. मिसबाह ने इन मौकों को जाया नहीं होने दिया और शानदार शतक बनाया.

दिल्ली मेट्रो में होने वाली अनाउसमेंट के पीछे हैं इन की आवाज़ें

हर रोज़ अपनी मंज़िल पर पहुंचने के लिए लाखों लोग ‘दिल्ली मेट्रो’ का प्रयोग करते हैं, जिसे ‘दिल्ली की लाइफ़ लाइन’ भी कहा जाता है. इन लाखों यात्रियों में से कई तो ऐसे होते हैं जो लगभग रोज मेट्रो से ही अलग-अलग दिशाओं में सफ़र करते हैं. और मेट्रो में निरंतर होने वाली घोषणाओं (कृपया दरवाज़ों से हट कर खड़े हों’, अगला स्टेशन राजीव चौक है.) को रट भी लेते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी शायद ही इनमें से कोई व्यक्ति जानता होगा कि इन घोषणाओं के पीछे किस शख़्स की आवाज़ है.

हिंदी में पुरुष और अंग्रेजी में एक महिला की आवाज़ का जादू ‘दिल्ली मेट्रो’ में घोषणा के रूप में निरंतर सुनाई पड़ता है. आइये आपको बताते हैं, आखिर ये बेहतरीन आवाज़ें किनकी हैं.

शम्मी नारंग

दिल्ली मेट्रों में यात्रा के दौरान जिस पुरुष की आवाज़ आपको निरंतर हिन्दी में सुनाई देती है, वो आवाज़ आईआईटी दिल्ली से स्नातकोत्तर शम्मी नारंग की है.

आईआईटी कैंपस में हुई एक घटना ने शम्मी नारंग के जीवन कि दिशा को ही बदल दिया था. नारंग उस समय 19 वर्ष के थे. और वे कैंपस में इधर-उधर टहल रहे थे, कि अचानक उन्हें एक विदेशी इंजीनियर ने माइक्रोफ़ोन के ध्वनि परीक्षण के लिए बुलाया और माइक्रोफ़ोन में नारंग को कुछ भी कहने का आदेश दिया. जब नारंग ने माइक्रोफ़ोन पर कुछ शब्द कहे, तो वो विदेशी इंजीनियर हैरान रह गया, जिसके बाद उसने शम्मी नारंग को 'Voice of America' के हिन्दी विभाग में मौका दिया. वह संयुक्त राज्य अमेरिका के सूचना सेवा (यूएसआईएस) में तकनीकी निर्देशक था.

वे बाद में दूरदर्शन का चेहरा बन गए, जो 70 के दशक का इकलौता चैनल था. शम्मी नारंग अकेले ही शख़्स थे, जिन्हें दूरदर्शन ने 10,000 लोगों के बीच से न्यूज़ रीडर के लिए चुना था. इसके बाद से इन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.

रिनी साइमन खन्ना

अंग्रेजी भाषा में जिस महिला की आवाज़ आप ‘दिल्ली मेट्रो’ में सुनते हैं, वो रिनी साइमन खन्ना की है. इनका जन्म केरल में हुआ था. इनके पिता भारतीय वायु सेना के एक अधिकारी थे, जिसके कारण रिनी को देश के 9 अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाई करनी पड़ी. इन्होंने 1985-2001 तक दूरदर्शन में न्यूज़ एंकर के रूप में, और बाद में एक वॉयर ओवर आर्टिस्ट और एक एंकर के रूप में काम किया.

हम उम्मीद करते हैं कि जब आप ‘दिल्ली मेट्रो’ में यात्रा के दौरान निरतंर होने वाली घोषणाओं को सुनेंगे, तो आप इन बेहतरीन वॉयस आर्टिस्टों को ज़रूर याद करेंगे.

यू-ट्यूब वीडियो से हाईजैक हो सकता है फोन

शोधकर्ताओं के मुताबिक, यू-ट्यूब वीडियो के पीछे एक दबी आवाज होती है, जो आपके स्मार्ट फोन को बिना आपकी जानकारी के कमांड कर सकता है.

जॉर्ज टाउन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मिका शेर के अनुसार आवाज की पहचान के तुरंत बाद ही फोन बंद हो जाते हैं. इससे आपके सॉफ्टवेयर पर भी असर पड़ सकता है, डिवाइसेस हैक हो सकती हैं.

हैकर्स के निशाने स्मार्टफोन यूजर्स

ये आम तौर पर हमेशा नहीं होता लेकिन ये नंबर गेम जरूर है. अगर लाखों लोग एक बिल्ली के बच्चे का वीडियो देखते हैं तो इसके साथ एक खुफिया संदेश आता है, ये करीब दस हजार फोन पर पहुंचते हैं. अगर इनमें से पांच हजार ने भी मालवेयर के साथ इस यूआरएल को क्लिक किया तो करीब हजार फोन हैकर्स के नियंत्रण में होंगे. शेर ने ये बातें पीसीवर्ल्ड डॉट कॉम से कही.

अगर हैकर्स को आवाज की मान्यता देने वाले सॉफ्टवेयर के इन-आउट की तकनीक आ गई और वह इसके आंतरिक कार्यकलाप को समझ गए तो वह इसके जरिए वॉयस कमांड्स दे सकेंगे. ये घटना लोगों के लिए बेहद खतरनाक होगा.

रिपोर्ट में कहा गया कि इस खतरे से बचाव के लिए, आवाज की मान्यता देने वाले सॉफ्टवेयर बनाने वालों ने ऐसी आवाजों को समर्थन नहीं देने वाले फिल्टर बनाया. जिससे वह मानवीय आवाजों और कंप्यूटर से बनने वाली आवाजों को पहचान सकें.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें