Download App

प्रेम और प्रेमविवाह के बीच की इस खाई को आप भी समझिए

दिल्ली के एक होटल में 2 युवाओं ने 14 जुलाई को आत्महत्या कर ली और चूंकि उन्होंने कोई नोट नहीं छोड़ा, सो, यही लगता है कि उन्हें डर रहा होगा कि उन का प्यार दोनों के घर वाले स्वीकार न करेंगे. उन की उम्र अभी ऐसी न थी कि वे शादी कर घर बसा लेते पर प्यार की पार्टनरशिप चालू हो गई थी बिना शर्तों के पहचाने जाने.

प्यार में यही खराबी है कि शर्तें बाद में लिखी जाती हैं, पार्टनरशिप पहले हो जाती है. आम पार्टनरशिप में शर्तों की लंबी लिस्ट बन जाती है और भविष्य में परेशानी हो तो लिस्ट ले कर अदालत का दरवाजा खटखटाया जा सकता है. अभी हाल में बर्गर की बादशाह कंपनी मैक्डोनल्ड और उस की भारतीय सहयोगी विक्रम बक्शी की कंपनी के बीच पार्टनरशिप का विवाद चल रहा है और उन का विवाह टूटने पर है. लेकिन आत्महत्या की नौबत आएगी, ऐसा नहीं लगता.

शर्तों वाला प्यार दरअसल प्यार की भावना के खिलाफ होता है. पर दिक्कत है कि शर्तों का पिटारा दोनों के मन में होता है जो प्यार के परिपक्व होने पर या विवाह होने के बाद परतदरपरत खुलता है. दोनों को नहीं मालूम होता कि उस का पार्टनर प्यार और उस के बाद विवाह से क्याक्या चाहेगा और उसे कैसे पूरा किया जाएगा.

सदियों पुराने धर्मों ने शादी के बाद के तो कुछ नियम बना रखे हैं पर प्यार के बाद के नियमों के बारे में वे चुप हैं या उसे नकारते हैं. शायद उन्हें एहसास है कि प्यार के नियमकानून बनाना कठिन है. इसलिए वे कहते हैं कि भई, प्यार मत करो, शादी कर लो, फिर हम देख लेंगे.

प्यार के नियम बहुत जरूरी हैं और 21वीं सदी में उन्हें फिर से लिखना जरूरी है क्योंकि अब लड़का व लड़की दोनों आजाद हैं, स्वावलंबी हैं और बराबर के सक्षम हैं. अब पार्टनरशिप बराबर की होती है जिस में त्याग कम, सहयोग ज्यादा होता है. लेकिन इस टेढ़ी खीर से निबटना अब मुश्किल हो गया है. प्यार के दौरान ही ब्रेकअप, बदला, हिंसा, रोनाधोना अब आम है क्योंकि प्यार के दौरान किसे क्या करना है, यह किसी को नहीं मालूम.

मजाक नहीं, सीरियसली, कंपनी अदालतों और वैवाहिक अदालतों की तरह अब प्यार की अदालतें भी खुलनी चाहिए. इन्हें सरकारें बनाएं, जरूरी नहीं. कालेज, औफिस, एनजीओ प्यार की अदालतों को चला सकते हैं. इन अदालतों में प्रेमी युगल अपनी शिकायतें ले कर जाएं और किसी तीसरे से फैसला पाएं कि दोनों में से किसे, कब, क्या करना चाहिए या नहीं करना चाहिए. प्रेम तो विवाह की नींव है और विवाह समाज को बल व मजबूती देने वाला किला. देश की उन्नति में सफल विवाहित नागरिक सफल उद्योगों की तरह जरूरी हैं.

युवाओं पर गिद्द नजरें और धर्मरक्षा के नाम पर खड़ा होता बखेड़ा

अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की बस पर आतंकवादियों का हमला साफ करता है कि देश में अभी धर्मयुद्ध के थमने के आसार नहीं हैं और यह भी पक्का है कि इस में काफी युवाओं का भविष्य मिट्टी में मिलेगा. 2002 में गोधरा में एक ट्रेन में आग लगने के कारण हुई 59 यात्रियों की मौतों के लिए मुसलिम समुदाय को जिम्मेदार ठहरा कर महीनों तक गुजरात के विभिन्न शहरों में आम निर्दोष मुसलिमों से बदला लिया गया था. तब भी हजारों युवाओं ने मारने में साथ दिया था और सैकड़ों मरे थे.

धार्मिक विवादों में सदियों से युवा शिकार बनते रहे हैं. धर्मरक्षा के नाम पर जब भी कोई बखेड़ा खड़ा होता है, युवाओं को आगे कर दिया जाता है और बुजुर्ग, धर्म के दुकानदार, नेता, अमीरउमराव पीछे से संचालन करते रहते हैं. मरने वाले भी युवा ही होते हैं, मारने वाले भी. पश्चिमी एशिया में आतंकवाद की राह पर चल रहे इसलामिक स्टेट की विचाराधारा वाले मुसलिमों के दूसरे मुसलिमों के साथ युद्घ में मारने वाले मुसलमान, मरने वाले मुसलमान और शरणार्थी बने बच्चे भी मुसलमान, ज्यादातर युवा या युवा होने की दहलीज पर खड़े.

भारत में गौरक्षकों की जो फौज तैयार हो रही है उस में युवा ही हैं. वे गुट बना कर किसी भी पशु व्यापारी को रोक कर मारपीटने का हक रखते हैं क्योंकि सरकारों ने पुलिस से कह रखा है कि इस तरह के मामलों में वह आंख मूंद कर रखे. पशु व्यापारियों को नुकसान होता है, वह अलग. पर बड़ी महत्त्व की बात यह है कि युवाओं को हिंसा की लत पड़ जाती है. उन्हें यह एहसास हो जाता है कि कानून के कागजी महल में छेद करना बहुत आसान है.

अमरनाथ यात्रियों की मौत अगर एक नया देशव्यापी संघर्ष शुरू कर दे तो आश्चर्य न होगा. यहां धर्म का बारूद तो तैयार है. बस, चिनगारी की जरूरत है. देश में जगहजगह आग लगने लगे तो शिकार युवाओं के सपने होंगे. प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष तो बयान देते रह जाएंगे पर जिन्हें अभी 50-60 साल जीना है उन का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा.

2017 में देश सैकड़ों वर्ष पुराने धर्म के नाम पर अपनी युवाशक्ति को बरबाद करेगा तो निश्चित ही हम आगे बढ़ने के बजाय गरीबी, गंदगी की ओर बढ़ेंगे और युवाओं की आशा कि हम चीन, यूरोप, अमेरिका, सिंगापुर जैसे बसेंगे, हवा में बह जाएगी.

बैनर ने पकड़वाया कातिल, हत्या की ये है हैरतअंगेज कहानी

पटना गया रेलवे लाइन के पास कई टुकड़ों में मिली लाश की गुत्थी को एक बैनर ने सुलझा दिया. 45 साला गीता की लाश के कुछ टुकड़े सरस्वती पूजा के लिए बने बैनर में लिपटे मिले थे. उस बैनर पर फ्रैंड्स क्लब, कुसुमपुर कालोनी, नत्थू रोड, परसा बाजार लिखा हुआ था.

इस गुत्थी को सुलझाने के लिए सदर अनुमंडल पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल की अगुआई में जक्कनपुर थाना इंचार्ज अमरेंद्र कुमार झा और परसा बाजार थाना इंचार्ज नंदजी प्रसाद व दारोगा रामशंकर की टीम बनाई गई.

पूछताछ के बाद पता चला कि उस बैनर को रंजन और मेकैनिक राजेश अपने साथ ले कर गए थे. पुलिस ने तुरंत राजेश को दबोच लिया. राजेश से पूछताछ करने के बाद कत्ल की गुत्थी चुटकियों में हल हो गई. गीता का कत्ल उस के अपनों ने ही कर डाला था. कत्ल से ज्यादा दिल दहलाने वाला मामला लाश को ठिकाने लगाने के लिए की गई हैवानियत थी.

गीता के पति उमेश चौधरी, बेटी पूनम देवी और दामाद रंजन ने मिल कर गीता का कत्ल किया था. रंजन और उस के दोस्त राजेश ने मिल कर लाश को 15 छोटेछोटे टुकड़ों में काटा. उमेश, पूनम और राजेश को पुलिस ने दबोच लिया है, जबकि रंजन फरार है. हत्या में इस्तेमाल किए गए 3 धारदार हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं. रंजन और राजेश ने गीता की लाश को चौकी पर रखा और हैक्सा ब्लेड से सब से पहले सिर को धड़ से अलग किया. सिर को काटने के बाद खून का फव्वारा बहने लगा, तो खून को एक प्लास्टिक के टब में जमा कर लिया और टौयलेट के बेसिन में डाल कर फ्लश चला दिया. उस के बाद लाश के दोनों हाथपैरों को काटा गया.

गीता की बोटीबोटी काट कर उसे कई पौलीथिनों में बांध कर दूरदूर अलगअलग जगहों पर फेंक दिया. धड़ को कुसुमपुर में ही पानी से भरे एक गड्ढे में फेंक दिया गया. सिर को जक्कनपुर थाने के पास गया फेंका गया. वहीं पर हत्या में इस्तेमाल किए गए गड़ांसे और हैक्सा ब्लेड वगैरह को फेंक दिया गया.

हाथपैरों के टुकड़ों को पटनागया पैसेंजर ट्रेन में रख कर रंजन और राजेश पुनपुन रेलवे स्टेशन पर उतर गए. पटनागया पैसेंजर टे्रन जब गया स्टेशन पहुंची, तो रेलवे पुलिस ने एक डब्बे में लावारिस बैग बरामद किया. उस बैग में हाथपैर के टुकड़े मिलने से गया पुलिस ने 18 अप्रैल को पटना पुलिस को सूचित किया. पटना पुलिस को धड़ और सिर पहले ही मिल चुके थे. शरीर के सभी हिस्सों को जोड़ने के बाद पता चला कि वह एक ही औरत की लाश है.

हत्यारों द्वारा गीता के जिस्म के टुकड़ों को अलगअलग जगहों पर फेंकने की वजह से हत्या के मामले को 3 थानों में दर्ज कराना पड़ा. गया के जीआरपी थाने में हाथपैर मिलने का, परसा बाजार में सिर मिलने का और पटना के जक्कनपुर थाने में धड़ मिलने का मामला दर्ज किया गया. पटना के एसएसपी मनु महाराज कहते हैं कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी कर ले, कोई न कोई सुबूत पुलिस के लिए छोड़ ही जाता है.

गीता की हत्या करने वालों ने भी कानून की पकड़ से बचने के लिए पूरा उपाय किया था, पर उस के दामाद ने ऐसा सुबूत छोड़ दिया कि पुलिस आसानी से उन तक पहुंच गई.

कत्ल के 40 घंटे के भीतर पटना सदर पुलिस की टीम ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गीता का कत्ल कर उमेश अपनी बेटी पूनम के साथ मसौढ़ी चला गया था. उस के बाद रंजन ने अपने साथ काम करने वाले दोस्त राजेश को घर पर बुलाया और उस की मदद से लाश को टुकड़ों में काट डाला. इस के बदले में रंजन ने उसे 20 हजार रुपए देने का लालच दिया था.

17 अप्रैल की रात को पूनम ने अपनी मां गीता को चिकन खाने के लिए घर पर बुलाया था. वहां उमेश और रंजन पहले से मौजूद थे. पूनम ने चिकन में नींद की गोलियां मिला दी थीं. खाना खाने के बाद गीता बेहोश हो गई. तकरीबन 5 घंटे के बाद गीता को होश आया, तो उसे काफी कमजोरी महसूस हो रही थी.

गीता ने कमरे में इधरउधर देखा, तो कोई नजर नहीं आया. किसी तरह से उस ने अपने मोबाइल फोन से तुरंत अपने प्रेमी अरमान को फोन किया और बताया कि उस की तबीयत काफी खराब लग रही है. इसी बीच गीता का दामाद रंजन कमरे में पहुंच गया और उस ने गीता को मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए सुन लिया. रंजन ने गुस्से में आ कर गीता का गला दबा कर उसे मार डाला.

पुलिस की छानबीन में पता चला है कि गीता का अरमान नाम के शख्स से नाजायज रिश्ता था. इस वजह से पति और बेटी ने मिल कर उस की हत्या कर डाली.

गीता हर महीने अपने पति उमेश से रुपए लेने पहुंच जाती थी और उस से उस की तनख्वाह का बड़ा हिस्सा ले कर अपने प्रेमी अरमान को दे देती थी. पिछले 20 सालों से गीता और अरमान के बीच नाजायज रिश्ता था. गीता का पति उमेश सचिवालय के भवन निर्माण विभाग में ड्राफ्टमैन था.

55 साल के उमेश की शादी 30 साल पहले मसौढ़ी के तरेगाना डीह की रहने वाली गीता से हुई थी. शादी के बाद गीता ससुराल में रहने लगी और उन के 3 बच्चे भी हुए. कुछ सालों के बाद उमेश लकवे का शिकार हो गया. पति की बीमारी का फायदा उठाते हुए गीता ने अपने पड़ोसी अरमान से दोस्ती बढ़ानी शुरू कर दी और उस के बाद जिस्मानी रिश्ते भी बने. वह ज्यादा से ज्यादा समय अरमान के साथ ही गुजारती थी.

गीता की इस हरकत से उमेश और उस की बेटियां गुस्से में रहती थीं. उन्होंने कई दफा गीता को समझाने और परिवार को संभालने की बात की, पर गीता पर उन की बातों का कोई असर नहीं होता था. यही वजह थी कि गीत का इतनी बेरहमी से कत्ल किया गया. गांव वालों के ताने सुन कर उमेश परेशान रहने लगा था और उस ने अपना पुश्तैनी घर भी छोड़ दिया था. उस के बाद उमेश ने कुसुमपुर वाला घर भी छोड़ दिया. कभीकभी वह मसौढ़ी में अपनी ससुराल वाले घर में रहता था, तो कभी पटना में रहता था.

एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि हत्यारों ने हत्या में इस्तेमाल किए गए गंड़ासे और हैक्सा ब्लेड को फ्लैक्स में लपेट कर फेंका था. बैनर पर कुसुमपुर फ्रैंड्स क्लब का पता लिखा हुआ था. उसी पते के सहारे पुलिस कुसुमपुर पहुंची और फ्रैंड्स क्लब का पता कर के हत्यारों तक आसानी से पहुंच गई.

बेरोजगार को न दें बेटी, वरना जिंदगी हो जाएगी खराब

पटना से सटे नौबतपुर गांव का रहने वाला 27 साल का मनोज पंडित कोई नौकरी नहीं करता था, पर उस के घर वाले पिछले 2-3 सालों से उस पर शादी करने का दबाव बना रहे थे. उस के परिवार वालों की यह सोच थी कि जब मनोज की शादी हो जाएगी, तो उस के सिर पर जिम्मेदारियां बढ़ेंगी और उस के बाद वह कोई न कोई काम करने ही लगेगा. पर आज मनोज की शादी हुए 8 साल गुजर गए हैं और 35 साल का मनोज अभी भी बेरोजगार ही है. ज्यादा उम्र हो जाने और किसी तरह के काम का कोई तजरबा नहीं होने की वजह से अब उसे कोई काम मिलना मुश्किल ही लगने लगा है.

मनोज के दोस्तरिश्तेदार भी उसे सलाह देते हैं कि कोई छोटीमोटी दुकान खोल ले, जिस से कुछ कमाई हो सके, पर वह अब भी नौकरी पाने के लिए हाथपैर मार रहा है, लेकिन कामयाबी नहीं मिल रही है.

मनोज की बड़ी बेटी 6 साल की हो गई है और छोटा बेटा 4 साल का. बच्चों के बड़े होने के साथसाथ खर्च भी बढ़ता जा रहा है. मनोज के पिता की खेती की कमाई से ही मनोज, उस के बीवीबच्चों का गुजारा जैसेतैसे चल रहा है. मनोज को यह बात कचोटती रहती है कि उसे हर छोटे से छोटे खर्च के लिए अपने बूढ़े बाप का मुंह देखना पड़ता है.

समाज और परिवार में आमतौर पर यह सुनने को मिलता है कि शादी के बाद बीवीबच्चों की जिम्मेदारी आने के बाद लड़का कमाने ही लगता है. लोग यह मुफ्त की सलाह बांटते रहते हैं, ‘आप का बेटा कुछ काम कर रहा है या नहीं? उस की शादी कर दो. सिर पर जिम्मेदारी आएगी, तो कमाने लगेगा. अमुक शख्स का बेटा कोई काम नहीं करता था, शादी होने के बाद उसे नौकरी मिल गई.’

कभी कोई यह कहता फिरता है कि उस का बेटा कम दिमाग है. वह ज्यादा पढ़लिख भी नहीं पाया. 40 साल की उम्र हो गई है. वह कुछ काम भी नहीं करता है. हो सकता है कि शादी के बाद उस के दिमाग में कुछ सुधार आ जाए और वह किसी कामधंधे पर लग जाए.

लड़का बेरोजगार है, कोई कामधंधा नहीं कर रहा है, तो उस के परिवार वाले उसे किसी रोजगार पर लगाने के बजाय उस की शादी करनेकराने पर जोर देते हैं. ऐसा करने के पीछे उन की यही सोच होती है कि शादी के बाद जवाबदेही और जिम्मेदारी सिर पर आएगी, तो कमाने लगेगा. पर परिवार वालों की इस सोच का अकसर उलटा ही नतीजा देखने को मिलता है.

बेरोजगार लड़के की शादी करने के बाद ज्यादातर मामलों में यही होता है कि एकसाथ कई जिंदगियां तबाह हो जाती हैं. सब से खराब हालत तो लड़की की ही होती है, जिस के मांबाप सबकुछ जानते हुए भी उस के गले में फटा ढोल बांध देते हैं और समझते हैं कि उन की जिम्मेदारी तो पूरी हो गई.

बेरोजगार पति अपनी पत्नी की जरूरतें भी पूरी नहीं कर पाता है और उसे घरपरिवार के तानेउलाहने भी सुनने पड़ते हैं. छोटीछोटी जरूरतों के लिए भी उसे सासससुर या मायके का मुंह देखना पड़ता है. नागपुर शहर की रहने वाली गौतमी के मांबाप ने भी एक बेरोजगार लड़के से शादी करा कर उस की जिंदगी तबाह कर डाली. आज गौतमी अपनी बदहाली और समाज के उलाहनों को सुनसुन कर आंसू बहा रही है और उस के मातापिता भी सिर पीट रहे हैं.

कालेज की पढ़ाई के बाद बाकी लड़कियों की तरह गौतमी ने भी अपनी शादी के सपने देखे थे. वह खुद का घर बसाने की उधेड़बुन में लगी रहती थी. उस के सारे सपने उस समय टूट गए, जब उस की शादी एक कम दिमाग लड़के से तय कर दी गई.

गौतमी ऐसी शादी के लिए कतई तैयार नहीं थी, पर उस के मांबाप ने उसे समझाया कि लड़के का अपना मकान है. उस के पिता बड़े सरकारी अफसर हैं. गांव में भी काफी जमीनजायदाद है. लेकिन आज कोई भी गौतमी के काम नहीं आ रहा है.

मगध यूनिवर्सिटी के प्रोफैसर अरुण कुमार प्रसाद कहते हैं कि आज भी कई लड़की वाले लड़के की कमाई और आगे का कैरियर देखने के बजाय लड़के के पिता की कमाई के साथसाथ खानदानी जमीनजायदाद देख कर अपनी बेटी की शादी बेरोजगार लड़के से करने को तैयार हो जाते हैं. ऐसी बेकार सोच वाले लड़की के मातापिता अपनी लाड़ली की जिंदगी को बसाने के बजाय बरबाद कर डालते हैं. उसे जिंदगीभर रोनेबिलखने के लिए छोड़ देते हैं.

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी ब्लौक की रहने वाली दीपिका साहू बताती है कि साल 2007 में उस की शादी पटना के एक लड़के से की गई. उस के पिता ने शादी में अच्छाखासा खर्च भी किया. शादी से पहले लड़के के बारे में पता किया गया, तो लड़के के पिता ने बताया था कि लड़का कोलकाता में चाय कंपनी में काम करता है और 30 हजार रुपए तनख्वाह मिलती है.

दीपिका के पिता जब लड़के के बारे में पता करने के लिए कोलकाता गए और लड़के के दफ्तर के पास पहुंच कर उस के मोबाइल फोन पर बात की, तो लड़के ने कहा कि वह बौस के साथ किसी काम से बाहर निकला हुआ है. आंधे घंटे में पहुंच जाएगा.

थोड़ी देर बाद लड़का वहां पहुंचा और उस ने दीपिका के पिता से सड़क पर खड़ेखड़े ही बातें कीं और कहा कि आज उस के दफ्तर में बहुत लोग आए हुए हैं, इसलिए वह उन्हें दफ्तर में नहीं बिठा सकता. दीपिका के पिता को तसल्ली हो गई कि लड़का चाय कंपनी में काम करता है और घर वापस आ कर शादी की तैयारियों में जुट गए. शादी के बाद पता चला कि लड़का कहीं कोई नौकरी नहीं करता है. उस के परिवार वालों ने लड़की वालों को झांसे में रख कर शादी कर दी.

लड़के के मांबाप ने यह सोच कर उस की शादी करा दी कि उस के सिर पर परिवार का बोझ पड़ेगा, तो वह कमाने लगेगा, पर लड़का शादी के बाद भी मटरगश्ती में ही लगा रहा. उस की कई जगह नौकरी भी लगवाई गई, पर वह कहीं टिक ही नहीं सका.

पटना सिविल कोर्ट के पारिवारिक मामलों के वकील अभय कुमार बताते हैं कि अदालतों में ऐसे कई मामले सुनवाई के लिए पड़े हुए हैं, जिन में लड़की या उस के परिवार वालों ने लड़के वालों पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया है. बेरोजगार पति जबतब अपनी बीवी पर यह दबाव डालता रहता है कि वह मायके से रुपए मांग कर लाए. शादी के बाद लड़की अपने मांबाप से रुपए मांगने में शर्म महसूस करती है और अपने पिता को परेशान नहीं करना चाहती है. इसी बात को ले कर शुरू हुई तूतूमैंमैं झगड़े में बदलती है और फिर मामला घर की दहलीज से निकल कर कोर्ट तक पहुंच जाता है.

पुलिस अफसर अशोक कुमार कहते हैं कि बेरोजगार लड़के की शादी करने से उस के मांबाप को भी परहेज करना चाहिए और लड़की के मातापिता को चाहिए कि वे बेटी की शादी में कमाऊ लड़के को ढूंढ़ें, न कि लड़के के बाप की कमाई और दौलत को देख कर किसी नकारा के साथ बेटी का रिश्ता जोड़ दें. ऐसा कर के मांबाप एकसाथ कई जिंदगियों को तबाह कर डालते हैं.

इन बातों का रखें ध्यान

* बेटी की शादी पक्की करते समय लड़के का रोजगार जरूर देखें, न कि उस के बापदादा की कमाई देखें.

* लड़के की पढ़ाईलिखाई, नौकरी, तनख्वाह और उस के आगे के कैरियर का पता कर के ही बेटी की शादी तय करें.

* लड़के की तनख्वाह कम भी हो तो चलेगा, क्योंकि काम करने वाला तरक्की का रास्ता खुद बना ही लेता है.

* इस घिसीपिटी सोच को बदलें कि शादी के बाद लड़के पर जिम्मेदारियां आएंगी, तो वह कमाई करने लगेगा.

* अगर सही समय पर काम नहीं मिलता है, तो ज्यादातर लड़कों में बैठ कर खाने और बापदादा की कमाई पर मौज करने की आदत पड़ जाती है.

* अगर लड़के की नौकरी नहीं लग रही हो, तो उसे कोई दुकान, दूध का बूथ, साइबर कैफे वगैरह शुरू करने के लिए समझाएं. इस में कुछ शुरुआती माली मदद भी कर दें. कारोबार जमने के बाद ही उस की शादी के बारे में सोचें.

साड़ी और गाउन देगा ग्लैमरस लुक, आज ही ट्राई करें ग्लैमरस साड़ी गाउन

अगर आप साड़ी पहनने की शौकीन हैं, लेकिन 6 गज की साड़ी पहनने और उसे मैनेज करने में असहज महसूस करती हैं, तो ट्राई करें ग्लैमरस साड़ी गाउन. साड़ी और गाउन के कौंबिनेशन से बना साड़ी गाउन काफी स्टाइलिश नजर आता है. इसे मैनेज करना भी बहुत आसान होता है.

मगर साड़ी गाउन का चुनाव करते वक्त किन बातो का रखें ध्यान, यह जानते हैं फैशन डिजाइनर प्रीति सिंघल से:

क्यों पहनें साड़ी गाउन

ऐवरग्रीन और हमेशा फैशन में इन रहने वाले साड़ी गाउन को पहनना और मैनेज करना बहुत ही आसान है. चूंकि इस में प्लीट्स के साथ ही ब्लाउज और पल्लू भी अटैच्ड होता है, इसलिए इसे दूसरी ड्रैस की तरह आसानी से मिनटों में पहना जा सकता है और सब कुछ अटैच्ड होने की वजह से प्लीट्स या पल्लू खुलने का डर भी नहीं होता है और यह आसानी से बौडी पर सैट हो जाता है.

कैसे चुनें परफैक्ट साड़ी गाउन

साड़ी गाउन खरीदते वक्त मार्केट में आप को इस के पैटर्न, स्टाइल और फैब्रिक में कई तरह की वैराइटी देखने को मिलेगी. ऐसे में अगर अपने लिए परफैक्ट साड़ी गाउन खरीदना चाहती हैं, तो निम्न बातों को जरूर ध्यान में रखें :

पैटर्न: मार्केट में साड़ी गाउन की बहुत वैराइटी उपलब्ध है. धोती, पैंट स्टाइल से ले कर फिश कट, लहंगा से ले कर स्ट्रेट कट. ऐसे में साड़ी गाउन के पैटर्न का चुनाव अपनी पर्सनैलिटी को ध्यान में रख कर करें. ऐसा पैटर्न चुनें, जो आप की बौडी शेप पर सूट करे जैसे अगर आप की हाइट कम है, तो स्ट्रेट या फिश कट साड़ी गाउन खरीदें. इस से आप लंबी नजर आएंगी और अगर आप की हाइट ज्यादा है, तो फ्लेयर्ड साड़ी गाउन खरीद सकती हैं.

ब्लाउज: साड़ी गाउन के ब्लाउज में भी काफी पैटर्न होते हैं जैसे वन शोल्डर, औफशोल्डर, स्लीवलैस, हाफस्लीव, फुलस्लीव, थ्रीफोर्थ स्लीव ब्लाउज आदि. इस के साथ ही नैकलाइन में भी डिफरैंट वैराइटी देखने को मिलती है जैसे राउंड, स्क्वेयर, ओवल, तो पैक नैकलाइन. ऐसे में पर्सनैलिटी को सूट करने वाले ब्लाउज के हिसाब से ही साड़ी गाउन का चुनाव करें.

डिजाइन: सिंपल ऐंड सोबर से ले कर सीक्वैंस, शीयर और ऐंब्रौयडरी वर्क वाले साड़ी गाउन भी बाजार में आसानी से मिलते हैं. इन का चुनाव ओकेजन के अनुसार करें जैसे शादीब्याह के खास मौके के लिए सीक्वैंस, शीयर या फिर ऐंब्रौयडरी वाले हैवी वर्क का साड़ी गाउन खरीदें, तो डे पार्टी, गैटटुगैदर के लिए सिंपल और सोबर डिजाइन वाला साड़ी गाउन खरीदें.

कलर्स: लाइट से ले कर डार्क, ब्राइट से ले कर डल कलर्स में साड़ी गाउन के कई औप्शंस मिलेंगे. लेकिन चयन ऐसे शेड का करें, जो आप की स्किनटोन से सूट करे. अगर आप गोरी हैं, तो रैड, पिंक, गोल्ड, सिल्वर जैसे शेड्स का साड़ी गाउन खरीदें. अगर आप का रंग सांवला है, तो लाइट या पेस्टल शेड्स का साड़ी गाउन ट्राई करें. कुछ गाउन ड्यूअल शेड, कंट्रास्ट कलर्स व मल्टी शेड्स में भी बनाए जाते हैं. इन्हें भी ट्राई किया जा सकता है.

फैब्रिक

नैट से ले कर सिल्क, ब्रोकेट से ले कर जौर्जेट फैब्रिक में भी साड़ी गाउन उपलब्ध हैं. अलगअलग फैब्रिक में इन का लुक भी काफी डिफरैंट नजर आता है. ऐसे में फैब्रिक का चुनाव साड़ी गाउन के लुक और मौसम को ध्यान में रख कर किया जा सकता है. वैसे फ्लो वाले फैब्रिक से बना साड़ी गाउन सब से खूबसूरत नजर आता है. इस के साथ ही ब्लाउज के लिए ट्रांसपैरेंट फैब्रिक का सलैक्शन भी साड़ी गाउन को सैक्सी लुक देता है.

स्मार्ट आइडियाज

साड़ी गाउन में कंप्लीट लुक के लिए इन स्मार्ट आइडियाज को जरूर फौलो करें:

ज्वैलरी सलैक्शन: साड़ी गाउन के साथ हैवी ज्वैलरी पहनने की भूल न करें. इयररिंग्स, ब्रेसलेट और रिंग काफी है.

हेयरस्टाइल: परफैक्ट लुक के लिए बालों का हाई या लो बन बना लें. चाहें तो स्ट्रेटनिंग करवा कर बालों को खुला भी छोड़ सकती हैं.

मेकअप लुक: गौडी लुक से बचने के लिए डार्क शेड की लिपस्टिक लगाएं या फिर स्मोकी आई मेकअप करें. दोनों को हाईलाइट न करें.

ट्रैंडी फुटवियर: स्लिम लुक के लिए साड़ी गाउन के साथ हाईहील पैंसिल फुटवियर पहनें. सिंपल गाउन के साथ सोबर और हैवी गाउन के साथ ज्वैल्ड फुटवियर.

क्यूट क्लच: अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए साड़ी गाउन से मैच करता क्लच कैरी करना न भूलें.

अब विदेशी कंपनियां देश में बनाएंगी सस्ते मकान, जाने क्या है वजह

केंद्र सरकार ने 2022 तक शहरी गरीबों के लिए बनाए जाने वाले घरों की संख्या में कमी की है. ऐसा राज्य सरकारों द्वारा किए गए ताजे आंकलन को ध्यान में रखकर किया गया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जहां देश में 1.8 करोड़ नए घर बनाने की जरूरत थी, वहीं अब सरकार ने 1.2 करोड़ नए घर बनाने की बात कही है. 1.8 करोड़ नए घर बनाने का अनुमान 2012 के प्रोजेक्शन पर आधारित था. मंत्रालय ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 18 महीनों के दौरान कम से कम 6-8 प्राजेक्ट्स बनाने के लिए रोडमैप की घोषणा की है.

आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि कुछ राज्य अभी आंकड़े जुटा रहे हैं. हमारा लक्ष्य आवासों के निर्माण में तेजी लाने का है. उनके आंकड़ो के अनुसार ऐसे बहुत से बेघर परिवार हैं, जिन्हे घर मुहैया करा दिया गया है. उन्होंने कहा इसके लिए सरकार नई टेक्नोलौजी लाएगी ताकि घरों का निर्माण तेजी से होने के साथ ही उनकी क्वालिटी भी बेहतर हो सके. केंद्र सरकार के प्लान के मुताबिक, शहरी गरीबों के लिए सस्ते आवास बनाने और टेक्नालौजी प्रदर्शन के लिए ग्लोबल कंपनियों को बुलाया जाएगा. फिर इनमें से कुछ कंपनियों का चयन किया जाएगा.

मंत्रालय सस्ते हाउजिंग कंस्ट्रक्शन के लिए टेक्नोलौजी चैलेंज का आयोजन करेगा और ग्लोबल कंपनियों को ‘कम से कम कीमत और कम से कम समय’ में घर बनाने का मौका देगी. निर्माण के लिए घरेलू नियमों का पालन के साथ स्थानीय मेटेरियल का इस्तेमाल किया जाएगा. यह पहल प्रधानमंत्री आवास योजना प्रौजेक्ट का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य 2022 तक सभी गरीब परिवारों को घर देना है.

जब मेरा हमबिस्तरी का मन होता है, तो पत्नी तैयार नहीं होती. जब वह तैयार हो जाती है, तो मैं ठंडा पड़ जाता हूं. क्या करूं.

सवाल
मैं 26 साल का हूं और मेरी पत्नी 24 साल की है. जब मेरा हमबिस्तरी का मन होता है, तो वह तैयार नहीं होती. जब वह तैयार हो जाती है, तो मैं ठंडा पड़ जाता हूं. मैं क्या करूं?

जवाब
आमतौर पर औरतें देर से गरम होती हैं और देर तक गरम रहती हैं. इस के लिए आप को हड़बड़ी छोड़ कर तसल्ली से काम करना होगा. खुद पर काबू रख कर पहले फोर प्ले कर के उसे गरम करें और उस के बाद ही जिस्मानी संबंध बनाएं. धीरेधीरे आप माहिर हो जाएंगे.

इन स्मार्टफोन की कीमतों में आई भारी गिरावट, 25000 रुपये तक हुए सस्ते

आज हम आपको कुछ ऐसे ही स्मार्टफोन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी कीमतों में 3,000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक की कटौती की गई है.

सैमसंग गैलेक्सी एस8 प्लस

इस फोन को 74,900 रुपये में लौन्च किया गया था. कंपनी ने इस स्मार्टफोन की कीमत में 9,090 रुपये तक की भारी कटौती कर दी है. इसे अब 65,900 रुपये खरीदा जा सकता है.

एचटीसी अल्ट्रा

एचटीसी ने इस स्मार्टफोन को 59,990 रुपये शुरुआती दामों में भारत में पेश किया था. अब इस स्मार्टफोन को 45,098 रुपये में औनलाइन खरीदा जा सकता है. इसमें 5.7 इंच की डिस्प्ले के साथ 4GB की रैम और 64GB की इंटरनल मैमोरी दी गई है. इसकी कीमत में 14,892 रुपये की कटौती की गई है.

विवो वी5 प्लस

इस स्मार्टफोन को कंपनी ने 25,990 रुपये में लौन्च किया था. अब इस स्मार्टफोन की कीमत में 3,000 रुपये की कटौती की गई है. इस स्मार्टफोन को 22,990 रुपये में खरीदा जा सकता है.

एलजी भी20

इस फोन को कंपनी ने पिछले साल दिसंबर में लौन्च किया था. इस स्मार्टफोन को 54,999 रुपये की कीमत के साथ लौन्च किया था. LG V20 की कीमत में 25,000 रुपये की कटौती की गई है. इसे अब 29,990 रुपये में खरीदा जा सकता है.

एचटीसी 10

इस स्मार्टफोन को 52,990 रुपये में लौन्च किया गया था, जिसके बाद इस स्मार्टफोन की कीमत में 10,000 रुपये की कटौती की गई है. वहीं, अब इस स्मार्टफोन को 42,990 रुपये में खरीदा जा सकता है.

सैंमसंग गैलेक्सी ए7

इस स्मार्टफोन को 33,490 रुपये की कीमत के साथ लौन्च किया गया था, जिसके बाद इस स्मार्टफोन की कीमत में 7,590 रुपये की कटौती कर दी गई. वहीं अब इस स्मार्टफोन को 25,900 रुपए में रुपये में खरीदा जा सकता है.

बच्चे का ख्याल रखने में आपकी मदद करेगा ये स्मार्ट स्पीकर

कुछ समय पहले अमेजन ने ‘ अमेजन इको’ लान्च किया था. इसमें 9.25 इंच लंबा सिलेंडर स्पीकर लगा है और इसका का वजन 1.05 किलो है. इसमें एलेक्जा नाम की वायस असिस्टेंट मौजूद है जो कमांड पर काम करती है. इसमें सात माइक्रोफोन लगे हैं. इसमें अमेजन एलेक्सिया वायर कंट्रोल को असिस्ट किया गया है. इस स्पीकर के पीछे काले रंग का एक म्यूट बटन दिया गया है.

अगर आप अपने बच्चे को लोरियां सुना कर थक गईं हैं तो घबराइये नहीं क्योंकि इसका हल भी एलेक्जा के पास है. इसके लिए बस आपको ‘एलेक्जा प्ले लिस्ट’ में जाकर कमांड देना होगा. इसमें अगर आप किसी लोरी या गाने का नाम बताकर उसे कमांड देते हैं तो भी एलेक्जा आपके पसंदीदा लोरी या गाने को प्ले कर देगी. अगर आपका बच्चा लोरियों से भी नहीं सोता तो अलेक्जा के पास इसको एक हल भी है. इसमें पानी के झरनों का साउंड के साथ कई प्यारे आर्टीफिशियल साउंड शामिल है जिससे बच्चा जरुर सुकून से सो जाएगा.

आइये जानते हैं कि कैसे ये एलेक्जा आपके बच्चे का ख्याल रखने के साथ अन्य कामों में आपकी मदद करेगा.

एलेक्जा का यूज करके आप रीमाइंडर लगा सकते हैं. ये रिमाइंडर समय-समय पर याद दिलाएगा कि आपके बच्चे ने समय पर दूध पिया या नहीं. ये याद रखने के लिए यह स्पीकर आपकी मदद कर आपका काम आसान कर देगा.

एलेक्जा वायस शापिंग करने और बच्चों से जुड़े सामान को खरीदने में भी आपकी मदद करती है. अगर घर में डायपर, वाइप्स जैसी चीज़े खत्म होने गयी है तो एलेक्जा से कहकर इन्हें आडर्र किया जा सकता है. इतना ही नहीं ये यूजर्स को चल रहा डिस्काउंट और बेस्ट डील्स के बारे में भी बताती है. इसके लिए यूजर को शापिंग अकाउंट में लौग इन करना होगा, जिसके बाद एलेक्जा के जरिए आप सामान आर्डर कर सकती है. इतना ही नहीं ये यूजर्स को चल रहे डिस्काउंट और बेस्ट डील्स के बारे में भी बताएगी.

अगर आपका खाना बनाने का दिल नहीं है या खाना बनाके थक गईं हैं तो आप पिज्जा हट या डोमीनोज से अलेक्जा की सहायता से पिज्जा आर्डर कर सकती हैं. इसके लिए भी बस आपको ‘एलेक्जा ओपेन डोमिनाज एण्ड प्लेस माई आर्डर’ या फिर ‘एलेक्जा ओपेन पिज्जा हट एण्ड प्लेस माई आर्डर’ में जाकर अलेक्जा को कमांड देना होगा.

अगले साल तक टली भंसाली की ‘पद्मावती’, जानें वजह

संजय लीला भंसाली की ड्रीम प्रोजेक्‍ट ‘पद्मावती’ का दर्शक बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. रणवीर-दीपिका की सुपरहिट जोड़ी एकबार फिर इस फिल्‍म में नजर आनेवाली है. लेकिन फैंस के लिए इस फिल्‍म से जुड़ी एक बुरी खबर आ रही है. फिल्‍म की रिलीज डेट अगले साल अप्रैल महीने तक के लिए टाल दी गई है. पहले यह फिल्‍म इसी साल 17 नवंबर को रिलीज होनेवाली थी.

इन कारणों से टली रिलीज

पद्मावती के पोस्टपोन होने की वजह बड़ी संख्या में स्पेशल इफैक्ट्स और स्टार कास्ट के कई सीन की शूटिंग न हो पाना है. फिलहाल, भंसाली के प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म के पोस्टपोन होने की पुष्ट‍ि नहीं की है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट में ट्रेड एक्सपर्ट के हवाले से बताया जा रहा है कि फिल्म इस साल रिलीज होने की स्थ‍िति में नहीं है.

अप्रैल में होगी रिलीज

सूत्रों के अनुसार, अगले साल अप्रैल की किसी तारीख को फिल्म की रिलीज तय की जाएगी. अप्रैल में स्कूल की छुट्टियां होने का भी फिल्म को फायदा मिलेगा. ये फिल्म 150 करोड़ रुपए के बजट में बन रही है. इसलिए निर्माता हर लिहाज से इसकी रिकवरी के बारे में सोच रहे हैं. इसके पोस्ट प्रोडक्शन में भी लंबा वक्त लगने वाला है. फिल्म में युद्ध के कई सीन हैं, जिनमें वीएफएक्स का इस्तेमाल होना है.

स्टार कास्ट

बात दें कि ये महारानी पद्मावती की बायोपिक है. उनकी भूमिका में दीपिका पादुकोण नजर आने वाली हैं. रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी और शाहिद कपूर राजा रतन सिंह की भूमिका में होंगे. फिल्म में अदिति राव हैदरी भी नजर आएंगी.

फिल्म में आई कई मुश्किलें

भंसाली की ये फिल्म पहले ही मुश्किलों का सामना कर चुकी है. पहले भंसाली प्रोड्यूसर की तलाश करते रहे और फिर उसके बाद जयपुर में शूटिंग के दौरान विरोध प्रदर्शन हुआ. अब फिल्म एक बार फिर आठ महीने तक के लिए फिल्मी कैलेंडर से बाहर हो गई है.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें