Download App

इतिहास के पन्ने पलटने में जुटा है पूरा बौलीवुड

बौलीवुड में इन दिनों फिल्ममेकर्स इतिहास के पन्ने पलटने में व्यस्त हैं, कोई राजपूतों की आन-बान और शान को पर्दे पर लेकर आ रहा है तो कोई मराठाओं की ताकत दिखा रहा है. बौलीवुड स्टार्स भी इन ऐतिहासिक किरदारों को निभाने में अपनी शान समझते हैं और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरते हैं. दिलचस्प पहलू यह है कि इन फिल्मों में इतिहास के अलग-अलग अध्याय को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग कालखंडों से आते हैं.

1897 के बैटल औफ सारागढ़ी पर आधारित ‘केसरी’ के बाद अक्षय कुमार एक और फिल्म में इतिहास का सफर कर रहे हैं. चाणक्य धारावाहिक और ‘पिंजर’ जैसी कालजयी फ़िल्म बनाने वाले डा. चंद्रप्रकाश द्विवेदी अब पृथ्वीराज चौहान पर फिल्म बना रहे हैं, जिसे यशराज फिल्म्स जैसा बड़ा प्रोडक्शन हाउस प्रोड्यूस कर रहा है. इस फिल्म में अक्षय पृथ्वीराज चौहान का किरदार ही निभा रहे हैं. फिल्म की बाकी स्टार कास्ट अभी तय की जा रही है. शूटिंग अगले साल शुरू होने की संभावना है.

bollywood

इसी साल रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की ‘पद्मावत’ चित्तौड़ की महारानी पद्मावती के जौहर पर आधारित थी. इस फिल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती का किरदार निभाया था, जबकि शाहिद कपूर उनके पति महारावल रतन सिंह के रोल में थे. वहीं, रणवीर सिंह ने दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार प्ले किया. पद्मावत साल 2018 की अकेली फ़िल्म है, जिसने 300 करोड़ से अधिक कलेक्शन बौक्स औफिस पर किया है.

इससे पहले भंसाली मराठा पेशवा बाजीराव की लव स्टोरी पर ‘बाजीराव मस्तानी’ बना चुके हैं, जिसमें दीपिका ने मस्तानी और प्रियंका चोपड़ा ने बाजीराव की पत्नी काशीबाई का किरदार निभाया था.

अजय देवगन सरदार भगत सिंह बनकर पर्दे पर आ चुके हैं, अब वो मराठा योद्धा तानाजी मालसुरे के अंदाज में बड़े पर्दे पर उतरेंगे. इस फिल्म का शीर्षक ‘तानाजी- द अनसंग वौरियर’ है, जिसकी पहली झलक अजय ने ट्विटर के ज़रिए शेयर की थी. तानाजी सत्रहवीं सदी में शिवाजी के जनरल थे.

हड़प्पा संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘मोहनजो-दाड़ो’ बनाने के बाद निर्देशक आशुतोष गोवारिकर एक बार फिर इतिहास की तरफ देख रहे हैं. इस बार उन्होंने पानीपत की तीसरी लड़ाई चुनी है, जिस पर वो ‘पानीपत’ शीर्षक से फिल्म बना रहे हैं. फिल्म में अर्जुन कपूर, संजय दत्त और कृति सनोन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. अर्जुन सदाशिव राव भाऊ के रोल में हैं, तो कृति उनकी पत्नी पार्वतीबाई का रोल निभा रही हैं. संजय दत्त अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली के किरदार में हैं.

वैसे आशुतोष इससे पहले ‘जोधा अकबर’ भी बना चुके हैं, जिसमें रितिक रोशन ने अकबर और ऐश्वर्या राय ने जोधाबाई का किरदार प्ले किया था. अभिषेक बच्चन को लेकर वो ‘खेलें हम जी जान से’ बना चुके हैं, जो बंगाल की मशहूर क्रांतिकारी घटना चटगांव अपराइजिंग पर आधारित थी.

अंग्रेजों से लोहा लेने वाली झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की बायोपिक ‘मणिकर्णिका- द क्वीन औफ झांसी’ में कंगना रनौत झांसी की रानी का किरदार निभाने वाली हैं. यह फिल्म कृष के निर्देशन में बन रही है, जिन्होंने अक्षय कुमार की फ़िल्म ‘गब्बर इज़ बैक’ से बौलीवुड में डायरेक्टोरियल पारी शुरू की थी. बंगाली कलाकार जीशु सेनगुप्ता राजा गंगाधर राव के किरदार में हैं, जबकि अतुल कुलकर्णी तात्या टोपे का रोल निभा रहे हैं. इस फिल्म से टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे बौलीवुड में डेब्यू कर रही हैं, जो झलकारीबाई के किरदार में हैं.

दुनिया के वो स्मार्टफोन जिन्हें लोगों ने सिरे से नकार दिया

जमाना बहुत तेजी से बदल रहा है और इस तेजी से बदलते हुए टेक्नोलोजी के जमाने में हर कोई तेजी से टेक्निकल होता जा रहा है. अब बात करें अगर स्मार्टफोन उपभोक्ताओं की ही लोग समय के साथ साथ अपने स्मार्टफोन को हमेशा बदलते रहते हैं, खैर स्मार्टफोन आज के जमाने में लोगों की आदत बन गई है और इसकी जरूरत भी है.

स्मार्टफोन इंडस्ट्री में पिछले कुछ वर्षों में कई हैंडसेट्स लौन्च किए गए हैं. इनमें कुछ स्मार्टफोन्स ऐसे हैं जो यूजर्स के बीच काफी लोकप्रिय हुए. वहीं, कुछ स्मार्टफोन्स ऐसे हैं जिन्हें बाजार में विफलता का सामना करना पड़ा. इस पोस्ट में हम कुछ ऐसे ही स्मार्टफोन्स के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने बाजार में सबसे खराब प्रदर्शन किया.

सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 : इस फोन के ब्लास्ट होने के कई मामले सामने आए थे. फीचर्स के मामले में यह फोन अच्छा था. लेकिन इसकी बैटरी के चलते कई जगहों पर फोन में ब्लास्ट हुए. इसी कारण कंपनी ने फोन की यूनिट्स को वापस मंगवा लिया.

technology

ब्लैकबेरी स्टौर्म : ब्लैकबेरी ने यह फोन टच स्क्रीन स्मार्टफोन के शुरुआती दौर में लौन्च किया था. इस फोन की टच स्क्रीन, बैटरी, सौफ्टवेयर यूजर्स की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. ऐसे में यह फोन बाजार में नहीं चल पाया. आपको बता दें कि इस फोन की 1 मिलियन यूनिट वापस कर दिए गए थे.

technology

HTC थंडरबोल्ट : आपको बता दें कि यह स्मार्टफोन पहला 4G LTE स्मार्टफोन था. लेकिन इस फोन को लौन्च होने में देरी हो गई थी. साथ ही इसे ज्यादा LTE बैंड का सपोर्ट भी नहीं मिल पा रहा था. इसलिए इस फोन को यूजर्स के गुस्से का सामना करना पड़ा था.

technology

अमेजन फायर : ई:कौमर्स कंपनी अमेजन इंडिया ने इस फोन के जरिए मार्किट में कदम रखा था. लेकिन साधारण फीचर्स, बेकार बैटरी लाइफ, कमजोर डिजाइन, धीमी परफौर्मेंस और अधिक कीमत के कारण यह स्मार्टफोन बाजार में असफल हो गया. इस फोन से अमेजन को 170 मिलियन डौलर का घाटा हुआ था.

technology

मोटोरोला ड्रौइड बायोनिक : इस फोन को CES 2011 में पेश किया गया था. फोन में दिया गया कैमरा, बैटरी, कस्टम स्कीन समेत कुछ अन्य फीचर्स परफौर्मेंस के मामले में अच्छे साबित नहीं हुए थे जिसके चलते यह फोन बाजार में फेल हो गया.

जिस स्पिनर की अनिल कुंबले ने की थी खोज, एक बार फिर हो रहा है वो वायरल

परिंदों को मंजिल मिलेगी यकिनन ये फैले हुए उनके पर बोलते हैं, अक्सर वो लोग खामोश रहते हैं जमाने में जिनके हुनर बोलते हैं.

कुछ ऐसी ही कहानी है भारत के शंकर सज्जन की जोकि भारतीय टीम का हिस्सा तो नहीं हैं लेकिन फिलहाल सोशल मीडिया पर अपने क्रिकेट के जज्बे के कारण वायरल हो रहे हैं.

अफगानिस्तान टेस्ट के पहले मैच की शुरूआत से पहले भारत का एक लेग स्पिनर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. इस लेग स्पिनर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर तेजी से वायरल हो रहे है. इस लेग स्पिनर का नाम शंकर सज्जन है. शंकर को अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को नेट प्रैक्टिस करवाते हुए देखा गया था, जिसके बाद से वह एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं. इस बार शंकर का वीडियो भारतीय क्रिकेटर श्रेयस गोपाल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इस वीडियो को शेयर करते हुए श्रेयस ने लिखा: जहां चाह, वहां राह… और आज मैंने इसका अनुभव भी किया.

शंकर सज्जन को हाल ही में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी कराने के लिए भेजा गया था. शुरुआत में तो अफगानिस्तान के बल्लेबाज उन्हें हल्के में लेते रहे, लेकिन जल्दी ही इस धाकड़ स्पिनर ने अफगानी विकेट चटकाने शुरू कर दिए. अफगानी बल्लेबाज शंकर की गुगली के सामने पस्त होते नजर आए. शंकर सज्जन बेहद खास क्रिकेटर हैं. वह फिजिकली चैलेंज्ड हैं.

तीन साल पहले जब भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने देश से लेग स्पिनर स्टार ‘स्पिन स्टार्स हंट’ चुनने के लिए लगभग 80 शहरों का दौरा किया था. उन्होंने इस दौरान एक विशेष प्रतिभाशाली टैलेंट की खोज की है. 2000 से ज्यादा स्पिनरों को देखने के बाद कुंबले ने 110 फाइनलिस्ट तय किए थे. हालांकि, टेस्ट में शंकर को सेलेक्टर्स ने फेल कर दिया था, लेकिन कुंबले के अनुरोध करने पर इस लड़के को सेलेक्ट किया गया था.

शंकर इतनी सधी हुई लाइन और लेंथ के साथ गेंद फेंकते हैं कि हर बल्लेबाज हैरान रह जाता है. शंकर अनिल कुंबले और राशिद खान को अपना आइडल मानते हैं. शंकर कोई असाधारण स्पिनर नहीं है. वह क्रिकेट के लिए जुनूनी हैं. सारी बाधाओं को पार करते हुए शंकर ने अपनी शानदार गेंदबाजी से कुंबले को इस बात के लिए तैयार कर लिया था कि उन्हें चुना जाए.

शंकर बचपन से ही क्रिकेट को लेकर बेहद जुनूनी रहे हैं. हालांकि, शारीरिक बाधाओं ने हर कदम पर उनका रास्ता रोकने की कोशिश की है. तीन साल पहले बीजापुर, साहू क्रिकेट क्लब में कोच को मनाना उनके लिए आसान नहीं था. कोच ने उन्हें यह समझाया कि यदि उनका चयन हो जाता है तो उन्हें अच्छे से गेंदबाजी करनी होगी. शंकर ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति से चयन प्रक्रिया को पूरा किया और मैरिट के आधार पर चुने गए थे.

शंकर ने जीवन की हर चुनौती को पार किया है. फिजिकल चैलेंज्ड के साथ साथ केवल दो वर्ष की उम्र में उन्होंने अपनी मां को खो दिया था. शंकर ने ‘स्पिन स्टार्स हंट’ में चुने जाने के बाद कहा था,  ‘मेरे अंकल शरण मेरे सपोर्ट में आए. मैं कुंबले सर का बहुत बड़ा फैन हूं. मेरे लिए यह किसी सपने का सच हो जाना है.

पनामा पेपर्स लीक में हुआ नया खुलासा, देश के कई नामचीन लोग फंसे

एक बार फिर से पनामा पेपर्स लीक मामला सुर्खियों में है, पनामा पेपर्स लीक मामले में एक नया मामला सामने आया है. साल 2016 के अप्रैल महीने में पनामा पेपर्स के छपने के 3 सप्ताह पहले पनामा की लौ फर्म मोसैक फोनसेका को किए गए एक मेल में कुछ भारतीय उद्दोगपतियों तथा चर्चित लोगों के नाम सामने आए हैं. जिनमें पीवीआर सिनेमा के मालिक अजय बिजली, सुनील मित्‍तल के बेटे व हाइक मैसेंजर के सीईओ कवीन भारती मित्‍तल और एशियन पेंट्स के प्रवर्तक अश्विन धनी के बेटे जलज अश्विन धनी का नाम शामिल हैं. ये सभी भारत के जाने माने लोग हैं और ये उन लोगों के नाम हैं जिनकी विदेश में भी कंपनी के होने का पता चला है. मोसैक इनके लिए काम कर रही थी.

कवीन ने साल 2008 में शुरु की थी कंपनी : ईमेल में खुलासा

एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक केबीएम ग्‍लोबल लिमिटेड के प्रवर्तक के तौर पर कवीन भारती मित्‍तल का नाम सामने आया है. यह फर्म ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड (BVI) में दिसंबर 2008 में पंजीकृत हुई थी. मार्च 2016 के ईमेल में कवीन का नाम कंपनी के लाभार्थी प्रवर्तक के रूप में सामने आया है. इसमें उनका अमृता शेरगिल मार्ग, नई दिल्‍ली का पता भी दिया हुआ है.

business

12 लाख नए दस्‍तावेज मिले

इस नए खुलासे में कुल 12 लाख ऐसे दस्‍तावेज मिले हैं जिनमें 12 हजार दस्‍तावेज भारतीयों से जुड़े है. 2016 में 1.15 करोड़ दस्‍तावेज सामने आए थे. इसे खोजी पत्रकारों के अंतरराष्ट्रीय समूह (ICIJ) और जर्मनी के अखबार सूड्यूश जिटुंग ने मिलकर इसका भांडाफोड़ किया था. दस्‍तावेजों से यह भी खुलासा हुआ है कि पनामा की लौ फर्म मोसैक फोनसेका उनका बहीखाता देख रही थी. मोसैक ने भारतीयों को उनकी कंपनियों के पंजीकरण से संबंधित दस्‍तावेज कम होने पर नोटिस भेजा था. इसके बाद मोसैक फोनसेका ने अपने सभी क्‍लाइंट को 90 दिन का नोटिस दिया जिसमें उसने पंजीकृत एजेंट पद से रिजाइन करने की बात कही क्‍योंकि कंपनियां वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने में फेल रही थीं.

अमिताभ बच्‍चन भी हैं इसका हिस्सा

इस खुलासे में भारत के काफी मशहूर नेता, अभिनेता तथा व्यापारियों के नाम सामने आए हैं लेकिन इन सबमें एक नाम ऐसा है जो बेहद चौकाने वाला है, जिन लोगों की विदेश में कंपनियां हैं उनमें शिव खेमका, अमिताभ बच्‍चन, जहांगीर सोराबजी, डीएलएफ समू‍ह के केपी सिंह और उनके परिवार वाले, अनुराग केजरीवाल, मेहरासंस ज्‍वेलर्स के नवीन मेहरा और हाजरा इकबाल मेमन व उनके परिवारवालों के नाम शामिल हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक 2016 में जो खुलासा हुआ था उसमें बताया गया था कि अमिताभ बच्‍चन लेडी शिपिंग लिमिटेड और ट्रेजर शिपिंग लिमिटेड के निदेशक हैं. उन्‍हें ब्रिटेन की मिनवेरा ट्रस्‍ट ने 90 दिन का नोटिस भेजा था. वह इन दोनों कंपनियों के एडमिनिस्‍ट्रेटर के तौर पर काम कर रही थी. इस मामले में एक और कंपनी सी बल्‍क शिपिंग कंपनी लिमिटेड का भी नाम सामने आया. हालांकि जांच का सामना कर रहे अमिताभ बच्‍चन ने इन कंपनियों से कोई ताल्‍लुक होने से इनकार किया है. मोसैक फोनसेका से जुड़े दस्‍तावेजों में बताया गया कि कुछ भारतीय क्‍लाइटों ने अपना कंपनी बंद करने को कहा था जबकि कुछ ने लौ फर्म से बतौर एजेंट काम करने का आग्रह किया था.

जब बेचना हो पुराना स्मार्टफोन

अपना पुराना सामन बेचने के लिए आप क्विकर और ओएलएक्स जैसी वेबसाइट्स का सहारा लेते होंगे. लेकिन क्या आप ऐसी वेबसाइट्स के बारे में भी जानते हैं जो आपके पुराने खराब गैजेट्स को भी खरीदती हैं. ये वेबसाइट्स डिफेक्टिव और पुराने गैजेट्स को अच्छे दामों पर खरीदती हैं. इन साइट्स की सबसे अच्छी बात ये है कि यहां आपको बायर्स का इंतजार नहीं करना पड़ता ये खुद ही आपका पुराना सामन खरीदती हैं.

आप जैसी गैजेट डेसक्रिप्शन इन साइट्स को बताते हैं ये उन्हीं के आधार पर आपको उसकी कीमत ऑफर करती है. जैसे ही आप ये ऑफर एक्सेप्ट करते हैं आपका गैजेट बिक जाता है और कीमत आपके लिंक्ड अकाउंट में आ जाती है. ये ई-कंपनी खुद आपके घर आकर गैजेट को पिक करती हैं और कैश में भी पेमेंट देती हैं. इस साइट्स पर जाकर आप स्‍मार्टफोन, टैबलेट, लैपटॉप और अन्‍य गैजेट्स को आसानी से बेच सकते हैं.

कर्मा रिसाइक्लिंग

इन कंपनियों में सबसे बेहतर मानी जाती है कर्मा रिसाइक्लिंग. कर्मा एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो बढ़ते ई-वेस्‍ट को घटाने के लिए एक मिशन के तौर पर काम कर रहा है. यहां आप अपने पुराने और डिफेक्टिव स्‍मार्टफोन, टैबलेट, लैपटोप और आईफोन को आसानी से बेच सकते हैं.

अन्‍य सभी साइट्स की तरह कर्मा रिसाइक्लिंग भी ऑन द स्‍पॉट आपके गैजेट की वैल्‍यू बता देती है और उसके आधार पर आप गैजेट को बेचने का फैसला ले सकते हैं.यह साइट अब तक 3 लाख, 60 हजार से गैजेट्स खरीद चुकी है. इसके लिए साइट की तरफ से 15 करोड़ रुपए से ज्‍यादा की पेमेंट की गई है.

मोस्‍वैप

मोस्‍वैप भी पुराने गैजेट्स को बेचने का मौका देती है. स्‍मार्टफोन कंप्‍यूटर्स और लैपटॉप जैसा हर गैजेट यहां पर बेचा जा सकता है. दूसरी साइट्स की तरह ही मोस्‍वैप भी आपको प्राइस कोट करता है और ऑनलाइन ही आप अपना गैजेट बेच देते हैं. इसके बाद फ्री पिकअप के साथ ही आपको पेमेंट की जाती है. साइट पर आप अपने गैजेट्स का पिकअप स्‍टेटस और अन्‍य चीजें भी ट्रैक कर सकते है.

रिग्‍लोब

अगर आप टीवी और गेमिंग गैजेट्स बेचना चाहते हैं तो ये वेबसाइट आपके लिए सबसे बेहतर है. रिग्‍लोब पर टीवी, डेस्‍कटॉप कंप्‍यूटर और गेमिंग के पुराने गैजेट्स आसानी से बेचे और खरीदे भी जा सकते हैं. रिग्‍लोब पर अन्‍य साइट्स की तुलना में मोबाइल और टैबलेट्स की रीसेल प्राइस वैल्‍यू अच्छी मिलती है. यह साइट फिलहाल सिर्फ कैश में पेमेंट करती है. मतलब जब आपके घर से गैजेट को फ्री पिकअप किया जाएगा उसी समय आपको गैजेट का तय प्राइस भी दिया जाएगा.

बदली डॉट इन (badli.in)

बदली डॉट इन (badli.in) पर स्‍मार्टफोन, टैबलेट, लैपटोप समेत लगभग सभी गैजेट बेच सकते हैं. बेचने के अलावा आप यहां से सेकंड हैंड और रिफ‍बर्शिड गैजेट्स खरीदे जा सकते हैं. ये आपको मार्केट वैल्‍यू से काफी सस्‍ते में मिल जाएंगे.

इस कंपनी की शुरुआत 2013 में की गई थी और अब तक कंपनी हजारों सेकंड हैंड व पुराने गैजेट्स खरीद चुकी है. बेंगलूरू स्थित यह साइट फ्री पिकअप और डिलीवरी की सर्विस भी आपको देती है. बदली ने एक कस्‍टमर केयर नंबर भी जारी किया है.

एटरबे

40 से 80 हजार के बीच मिलने वाले ऐपल के आईफोन एटरबे पर आपको काफी कम कीमत में मिल सकते हैं. इस साइट पर न सिर्फ आईफोन बल्कि दूसरे स्मार्टफोन भी काफी कम कीमत पर मिल जाते हैं. ये साइट खुद भी पुराने मोबाइल खरीदती है और उन्हें ही बेचती भी है.

एटरोबे आपके पुराने गैजेट बेचने के बदले आपको पेमेंट के कई ऑप्‍शन देती है. यह साइट आपको कैश के अलावा अन्‍य फॉर्मेट में भी पेमेंट करती है. इसमें वाउचर और ट्री प्‍लांटेशन भी शामिल है. इन तीनों ऑप्‍शन में आप जो भी रास्‍ता चुनेंगे, उसी के जरिए आपको पेमेंट की जाती है.

Video : अब मोदी को लेकर बोलीं जसोदाबेन, मेरा पति मेरा देवता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुंवारा बताने के बयान पर मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन अब घिरती नजर आ रहीं हैं. गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी कस्बे के एक सरकारी कार्यक्रम में आनंदीबेन ने सार्वजनिक रूप से यह कहा था कि नरेंद्र भाई ने कभी शादी ही नहीं की.

इस झूठे बयान पर सभी को हैरानी हुई थी लेकिन जसोदाबेन का तिलमिलाना स्वाभाविक बात है. आनंदीबेन पर बिना उनका नाम लिए तंज कसते जसोदाबेन ने कहा है कि एक पढ़ी लिखी महिला द्वारा इस तरह एक टीचर यानि जसोदाबेन के बारे में ऐसा कहना बिलकुल अनुचित है, इससे प्रधानमंत्री की छवि को भी नुकसान पहुंचा है.

बकौल जसोदाबेन वे यानि नरेंद्र मोदी उनके लिए आदरणीय हैं, वह उनके लिए राम हैं. कम हैरानी की बात नहीं कि जसोदाबेन को यह बात दोहराने मजबूर होना पड़ा कि उनकी और नरेंद्र मोदी की शादी की बात खुद मोदी ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव के पेपर फाइल करते वक्त दर्ज कराई थी और वहैसियत पत्नी जसोदाबेन का जिक्र किया था. असल में जसोदाबेन उस जमाने की पत्नी हैं, जब पति चाहे भला हो या बुरा हो, पर मेरा पति मेरा देवता है.

अपने भाई अशोक मोदी के मोबाइल फोन से जसोदाबेन ने एक वीडियो बनाकर वायरल किया है, जिसमें वे आनंदीबेन के बयान का खंडन करती नजर आ रहीं हैं. कोई शक न रहे इसलिए खुद नरेंद्र मोदी के साले अशोक मोदी ने इस बात की पुष्टि की है कि वीडियो में नजर आ रही महिला उनकी बहन जसोदाबेन ही हैं. अशोक मोदी का कहना है कि जब मीडिया के जरिये आनंदीबेन का बयान वायरल हुआ तो उन्होंने इसका जबाब देने का फैसला किया.

सोशल मीडिया पर हो रही इस बयानबाजी से वाकई नरेंद्र मोदी की इमेज खराब हो रही है, जो नहीं चाहते कि उनकी शादी और पत्नी का जिक्र हो, लेकिन इस बार उन्हें उनकी ही चहेती नेत्री आनंदीबेन ने दिक्कत में डाल दिया है. तय है वे इस मसले पर खामोश ही रहेंगे, लेकिन जसोदाबेन जैसी पतिव्रता का दिल दुखाकर आनंदीबेन को क्या हासिल हुआ और उन्होंने यह बयान क्यों दिया, यह जरूर सस्पेंस वाली बात है, क्योंकि न तो वे अपने बयान का खंडन कर रहीं हैं और न ही खेद व्यक्त कर रहीं हैं.

मैं ने काफी मेहनत की : विशाल मिश्रा

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जैसे छोटे शहर से एक गैर फिल्मी परिवार से आकर मुंबई और खासकर बौलीवुड में बतौर गायक व संगीतकार अपनी एक अलग पहचान बना लेने वाले विशाल मिश्रा इन दिनों काफी खुश हैं. उनकी इस खुशी की वजह पंद्रह दिनों के अंतराल में उनके संगीत से सजी दो बड़े बजट की फिल्मों ‘‘वीरे दी वेडिंग’’ और ‘‘रेस 3’’ का प्रदर्शित होना है. यह वह फिल्में हैं, जिन्हे फिल्म आलोचकों की आलोचनाओं के बावजूद बाक्स आफिस पर सफलता मिल रही है. फ्लूट, तबला, हरमोनियम व गिटार सहित 17 वाद्ययंत्र बजा लेने वाले विशाल मिश्रा के लिए भाषा की बंदिश कभी नहीं रही. उन्होंने हिंदी के अलावा मराठी, तमिल व तेलगू भाषा की फिल्मों के लिए भी संगीत दिया है.

विशाल मिश्रा को सलमान खान का वरद हस्त हासिल है. सलमान खान की फिल्म ‘‘रेस 3’’ में विशाल मिश्रा ने तीन गानों को संगीत से सजाने के साथ ही दो गाने खुद गाए हैं. मजेदार बात यह है कि इन तीनों गीतों को सलमान खान ने स्वयं लिखा है.

अपनी अब तक की यात्रा को किस तरह से देखते हैं?

मैं उत्तर प्रदेश में उन्नाव का रहने वाला हूं. मेरे दादाजी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मथुरा प्रसाद मिश्रा थे. मेरे पिताजी शैंलेंद्र कुमार मिश्रा एडवोकेट हैं. मेरे पिताजी को संगीत का शौक है. वह बहुत अच्छा गाते थे. वैसे तो हम जहां से हैं, वहां पर आज से 20 वर्ष पहले नाच व गाने को अच्छा नहीं माना जाता था. गीत गाने वाले को लोग कहते थे कि गवइया बनना है या तबलची बनना है. इसलिए उनके मन में यह बात रही होगी. हमारी परवरिश ऐसे माहौल में हुई है कि हम अपने पिता के सामने बैठ नहीं सकते थे. पिता जी से हम खुलकर बात नहीं करते थे. हम अपने पिता से बहुत डरते थे. डर तो अभी भी लगता है. तो मैं उनसे छिपकर गाना गाया करता था. कभी उनसे अपने मन की बात कहने का साहस नहीं जुटा पाता था.

मैं अपने पिता से छिप छिपकर गाने के आडीशन देने जाया करता था. आडीशन देकर बहुत सकून मिलता था. हमारे यहां बंदिशें बहुत ज्यादा थीं. उन दिनों कैसेट चला करते थे और मेरे पिता जगजीत सिंह को बहुत सुना करते थे. इसके अलावा हमारे घर पर एक कैसेट आया था, जिसके ‘ए’ साइड में फिल्म ‘हम साथ साथ’ के गाने थे. ‘बी’ साइड में ‘अर्थ’ के गाने थे. जब पिता जी घर पर नहीं होते थे, तब मैं ‘वाकमैन’ में डालकर सुना करता था. मैं ‘हम साथ साथ’ के गाने बहुत सुनता था. मुझे अच्छा लगता था. पर उस वक्त यह मेरा बचपना था.उस वक्त मुझे पता नहीं था कि कैफी आजमी कौन हैं? और कौन निर्देशक हैं? वगैरह वगैरह..पर गाने का शौक बढ़ता जा रहा था. तो मैं कैसेट डब करा करा कर घर लाता था और चुप चाप सुना करता था.

फिर धीरे धीरे पढ़ाई की तरफ रूझान बढ़ गया. मेरे जन्मदिन पर मेरी बड़ी बहन ने मुझे ‘की बोर्ड’ उपहार मे दिया था, तो मैं ‘की बोर्ड’ बजाया करता था. की बोर्ड बजाने में अंदर से संतुष्टि मिलती थी. फिर मैं क्रिकेट खेलने लगा, तो उस पर भी घर वालों को आपत्ति थी. कहा जाता था कि समय बर्बाद मत करो. पढ़ाई पर ध्यान दो. खैर, हमने कालेज की पढ़ाई पूरी की.

पिता की बंदिशों के चलते आपको गुस्सा भी आता होगा?

आपने एकदम सही पकड़ा. उस वक्त मां बाप हमें हमारे दुश्मन लगते थे, पर आज सोचता हूं, तो वह सही थे. उस वक्त हमें फोन पर ज्यादा बात करने की मनाही थी. आज मैं देखता हूं कि हर छोटे बच्चे के हाथ में मोबाइल फोन नजर आता है. सच कहूं तो आज मैं अपने आपको बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मैं उत्तर प्रदेश के उन्नाव जैसे छोटे शहर में जन्मा व पला बढ़ा हूं. और अपने मां बाप का बेटा हूं. मैं जिस तरीके से लोगों से बात करता हूं, वह तरीका लोगों को काफी पसंद आता है. शायद यह मेरे माता पिता द्वारा मुझे दी गयी परवरिश का परिणाम है. हमारे यहां हर बड़ा चाचा और छोटा भाई भतीजा ही होता है. मुंबई और बालीवुड में तो ‘ब्रो’ सिस्टम चलता है, जो मेरी समझ से परे है.

वैसे मेरे दादाजी स्व. मथुरा प्रसाद मिश्रा को भी गायन का शौक था. वह आल्हा बहुत अच्छा गाते थे. उन्हे शायरी का शौक था. वह लिखते भी थे. रात में कहानियां सुनाया करते थे. लेकिन मैं और मेरे बाबा अच्छे दोस्त थे. हम हर मसले पर बात कर लेते थे.

पारिवारिक बंदिशों के बावजूद संगीत करियर कैसे बना?

दोस्त की मदद करने गया था और मेरी राह बन गयी. वास्तव में मेरा एक दोस्त था, जिसे संगीत के रियालिटी शो के लिए आडीशन देने जाना था. मेरे पास गाड़ी हुआ करती थी. उस दोस्त को आडीशन के लिए छोड़ने गया हुआ था. मेरे दोस्त ने मुझे भी आडीशन देने की सलाह दी. मैं ने यह सोचकर आडीशन दे दिया कि टीवी पर मेरा भी एक गाना आ जाएगा. मैं ने आडीशन दिया और राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल के रियालिटी शो ‘‘भारत की शान’’ के लिए मेरा चयन हो गया.

एक एपीसोड के लालच में बड़ी मुश्किल से पिता जी से इजाजत लेकर मुंबई आ गया. पर मैं इस शो का विजेता बन गया. मैं ने यहां संगीत की ट्रेनिंग लेकर नहीं आया था. पर मैं ने सब कुछ यहीं पर देख देखकर सीखा. मेरी प्रवृत्ति रही है हर नई चीज को जानने, समझने व सीखने की. 2012 में ‘‘भारत की शान’’ का हिस्सा बनने के लिए मुंबई आया था, आज 2018 में बतौर संगीतकार मेरे चालीस गाने आ चुके हैं. तो मेरे दोस्त की बदौलत संगीत मेरा करियर बन गया.

‘‘भारत की शान’’ गायक के तौर पर जीता था. तो फिर संगीतकार के रूप में आपका करियर आगे कैसे बढ़ा?

‘‘भारत की शान’’ का विजेता बनने के बाद मैं वापस उन्नाव नहीं गया. मैं ललित पंडित के साथ सहायक के तौर पर काम करने लगा. फिल्म ‘‘बेशरम’’ में स्वतंत्र रूप से मैं ने संगीत भी दिया था. वैसे सबसे पहला ब्रेक मुझे प्रभु देवा जी ने दिया. उस वक्त वह फिल्म ‘सिंह इज किंग’ बना रहे थे. उन्होंने मुझे बुलाया, मैं ने उन्हे जो गाना सुनाया, वह उन्हे जमा नहीं. मैं काफी निराश हो गया था. मगर कुछ दिन बाद उन्होंने मुझे पुनः बुलाया और वही पुराना गीत सुनाने के लिए कहा. उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘तुतक तुतक तूतिया’ में मेरा वह गाना रखा. सबसे पहले बतौर संगीतकार मुझे प्रभु देवा ने अनुबंधित किया. यह 2016 की बात है.

उसी साल महेश मांजरेकर ने मुझसे मराठी फिल्म ‘‘फू-फ्रेंडशिप अनलिमिटेड’’ के लिए 16 गाने बनवाए. महेश मांजरेकर का भी मेरी जिंदगी में काफी योगदान है. उन्होंने हिंदी भाषी उत्तर प्रदेश के उन्नाव जैसे छोटे शहर के लड़के को मराठी भाषा में 16 गाने संगीतबद्ध करने का मौका दिया. उसके बाद मैने तमिल व तेलगू भाषा की फिल्में की.

महेश मांजरेकर की फिल्म ‘‘फू –फ्रेंडशिप अनलिमिटेड’ में मैं ने सलमान खान से ‘गच्ची’ गाना गवाया था. और खुद भी सलमान खान के साथ गाया था. फिल्म ‘‘मुन्ना माइकल’’ के गीत ‘‘प्यार हो’’ को संगीत से संवारने के साथ ही सुनिधि चौहान के साथ गाया /स्वरबद्ध भी किया. फिल्म ‘‘करीब करीब सिंगल’’ में ‘जाने दे’ गीत को आतिफ असलम और ‘खतम कहानी’ गीत को नूरा सिस्टर्स से गवाया. अब फिल्म ‘‘वीरे दी वेडिंग’’ और ‘‘रेस 3’’ भी प्रदर्शित हो चुकी हैं. इन फिल्मों के मेरे गीत काफी पसंद किए जा रहे हैं.

बौलीवुड में चर्चा है कि सलमान खान के साथ आपके काफी अच्छे रिश्ते हैं?

जी हां! मैं ने पहले ही बताया कि मेरी उनसे दोस्ती तब हुई थी, जब मैं ने उन्हे मराठी फिल्म में एक गीत गवाया था. उसके बाद हमारे बीच काफी अच्छे संबंध बन गए. फिर उनका मार्गदर्शन मुझे लगातार मिलता रहा. पिछले एक वर्ष से हम फिल्म ‘रेस 3’ के गानों पर साथ काम कर रहे थे. गाने की एक एक लाइन पर हमने साथ में काम किया है. फिल्म ‘रेस3’ में ‘‘सेल्फिश’’ सहित दो गाने ऐसे हैं, जिन्हे मैं ने संगीत से संवारा है और सलमान सर ने अपनी आवाज में स्वरबद्ध किया है.

मैं तो खुद को खुशनसीब समझता हूं कि मेरे गानों को सलमान सर ने अपनी आवाज दी है. सलमान सर के साथ काम करना किसी ख्वाहिश के पूरे होने से कम नहीं है. उनका विजन बहुत साफ रहता है. वह आपको सलाह देते हैं, लेकिन दखलंदाजी नहीं करते. मैं आज जो कुछ कर पाया, उसकी मुख्य वजह यह रही कि सही समय पर सही लोगों से मेरी मुलाकात होती रही.

‘‘भारत की शान’’ के समय का कोई खास अनुभव?

उस वक्त सब कुछ नया था. डेढ़ साल की पूरी यात्रा ही मेरे लिए अद्भुत थी. उन्नाव का लड़का ‘भारत की शान’’ रियालिटी शो में ललित पंडित, आनंद राज आनंद, इस्माइल दरबार के सामने गाता था. मैं ने बहुत अलग अलग गाने गाए. एपीसोड दर एपीसोड मेरा आत्मविश्वास बढ़ता गया. 52 एपीसोड में से 36 में मैं सर्वश्रेष्ठ गायक रहा. मैं ने काफी मेहनत की. हर किसी से सीखने की कोशिश की. मैं तहे दिल से ‘‘भारत की शान’’ का शुक्रिया अदा करता हूं. क्योंकि इसी शो के चलते मैं कई संगीतकारों, गायकों, गीतकारों व निर्माता निर्देशकों से मिला अन्यथा मुंबई और बालीवुड में मैं किसी को जानता ही नहीं था. इसी शो की वजह से मेरे लिए दरवाजा खुल गया था.

पर आप गायक से संगीतकार कैसे बन गए?

मैं मूलतः संगीतकार ही था. जब मैं कालेज में पढ़ता था, तब मेरी प्रेमिका हुआ करती थी. मैं उन्हे शायरी लिखकर, उसकी धुने बनाकर व गाकर सुनाया करता था. बहुत कम लोगों को पता है कि मुझे शायरी का शौक है. हम उन्नाव व लखनऊ के लोग शेरो शायरी से काफी ताल्लुक रखते हैं, मैं तो बहुत पढ़ता हूं. मैं ने तमाम बड़े बडे़ शायरों को पढ़ा है. तो मैं गायक बाद में पहले संगीतकार हूं. गालिब, तालिब, नजीर, कैफी आजमी, जान आलिया, मुनव्वर राणा, वसीम बरेली सहित सभी को पढ़ा है. मैं ने पंजाबी शायरों को भी काफी पढ़ा है. कई नाम ऐसे हैं, जिन्हें लोग नहीं जानते हैं.

आपकी प्रेमिका ने षायरी सुनकर क्या कहा था?

हर चीज का एक दरवाजा होता है. उसे शायरी तो समझ में आती नहीं थी. पर वह बोलती थी कि तुम गाने अच्छे बनाते हो.

इसके बाद..?

गौरव सिन्हा की फिल्म ‘‘आपके कमरे में कोई रहता है’’. ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ प्रमुख हैं. फिल्म ‘‘यमला पगला दीवाना फिर से’’ में मैं ने एक गीत ‘राफ्ता राफ्ता’ बनाया है. जो कि रेखाजी, धर्मेंद्र, सोनाक्षी सिन्हा, सनी देओल, सलमान खान, बाबी देओल व रेमो डिसूजा पर फिल्माया गया है. यह एक फेस्टिवल गाना है.

आगे की योजना?

संगीत के क्षेत्र में लगातार रचनात्मक व बेहतरीन काम करते रहना है.

शादी के बाद ससुराल वालों के हाथों की कठपुतली क्यों बन जाती है लड़की

महिलाओं को विवाह के बाद अपने व्यक्तित्व को, स्वभाव को बहुत बदलना पड़ता है. समाज सोचता है कि नारी की स्वयं की पहचान कुछ नहीं है. विवाह के बाद बड़े प्यारदुलार से उस की सामाजिक, मानसिक स्वतंत्रता उस से छीनी जाती है. छीनने वाला और कोई नहीं स्वयं उस के मातापिता, सासससुर और पति नामक प्राणी होता है. विदाई के समय मांबाप बेटी को रोतेरोते समझाते हैं कि बेटी यह तुम्हारा दूसरा जन्म है. सासससुर और पति की आज्ञा का पालन करना तुम्हारा परम कर्त्तव्य है.

ससुराल में साससुसर और पति कुछ स्पष्ट और कुछ संकेतों द्वारा ससुराल के अनुसार चलने की हिदायत देते हैं. मध्यवर्गीय व उच्च मध्यवर्गीय समाज की यह खास समस्या है. पत्नी विदूषी है, किसी कला में पारंगत है, तो उस में ससुराल वाले और संकुचित मानसिकता वाला पति उस की प्रतिभा का गला घोटने में देर नहीं करता. नृत्यकला या गायन क्षेत्र हो तो उसे साफतौर पर बता दिया जाता है कि ये सब यहां नहीं चलेगा. इज्जतदार खानदान के मानसम्मान की दुहाई दी जाती.

यहां तक कि कुछ घरों में बहुओं को नौकरी करने से भी मना कर दिया जाता है. भले घर में कितनी ही आर्थिक तंगी क्यों न हो. किसीकिसी घर में जहां आर्थिक तंगी, बदहाली चरम सीमा पर पहुंची होती है वे नौकरी की आज्ञा तो दे देते हैं, पर औफिस में किसी पुरुष से बात नहीं करनी और पूरा वेतन पति या सास को देने की शर्त रख दी जाती है. कठपुतली वाली जिंदगी

सुनंदा जिला स्तर की टैनिस खिलाड़ी थी. घर भर की लाडली थी. जीवन कैसे हंसखेल कर बिताया जाता है यह उस से सीखा जा सकता था पर अपनी जीवन प्रतियोगिता में वह पिछड़ गई. देखसुन कर एक सभ्रांत घर में रिश्ता तय किया गया. पति व ससुर दोनों उच्चपदाधिकारी थे. पगफेरे के लगभग 1 महीने बाद कठपुतली की तरह व्यवहार करने को मजबूर हो गई, जिस की डोर सिर्फ ससुराल वालों के हाथ में थी. क्या पहनेगी, कहां जाएगी, कितनी बात करनी है सब पति और ससुराल वाले तय करते थे. उस की भाभी ने अपना मोबाइल उसे छिपा कर दे दिया. अवसर पाते ही सुनंदा ने मायके से फोन पर अपनी व्यथाकथा कही तो भाभी हैरान रह गईं. ऊंची दुकान फीके पकवान वाली कहावत चरितार्थ हो रही थी. अगर वह कुछ कहती तो ससुराल वाले उस के भाई व पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी देते. बेचारी डर के मारे चुप रह जाती.

अवसर पाते ही पिता व भाई सुनंदा को ससुराल से वापस ले आए. 1 साल तक वह उन के साथ रही. जिला क्लब में टेबल टैनिस की कोच बन गई. साल भर तो ससुराल वालों की नाराजगी के कारण कोई खोजखबर नहीं ली पर बाद में एक दिन पति ही सिर झुकाए गिड़गिड़ाता हुआ आ पहुंचा और सुनंदा को ले जाने का आग्रह करने लगा. घरवालों ने लिखित रूप से उस से वे सब बातें लिखवाई जिन से पति और उस का पिता सुनंदा को धमकाता था. आइंदा सुनंदा के साथ कुछ गलत न करने का वादा रिकौर्ड करवा कर सुनंदा को उस के साथ भेज दिया.

सताने के नए पैंतरे एक और घटना में एक युवती का विवाह एक ऐसे घराने में हो गया. जो अव्वल दर्जे के धोखेबाज थे. उन्होंने अमीर और सभ्य बनने का नाटक किया था. वास्तव में वे लोग सिर से पैरों तक कर्ज में डृबे थे. शादी में उन्हें अच्छाखासा कैश मिलने की उम्मीद थी, जो पूरी नहीं हुईं. इस का आक्रोश निकाला गया.

युवती की सारी बुनियादी आवश्यकताओं पर रोक लग गई. पति और ससुर के खाने के बाद जो बचता वही वह खाती. फोन करने, बाहर जाने पर पाबंदी थी. मायका दूसरे शहर में था. ससुराल वाले जानपहचान वालों से भी नहीं मिलवाते. अगर कोई मिलने की इच्छा जाहिर करता तो वे कहते कि वह सोई हुई है या तबीयत खराब है. बड़ी कोशिशों के बाद परिवार को उसे वहां से निकालने का मौका मिला. जहां तक सैक्स की बात हो पति अपनी इच्छाओं को सर्वोपरि रखता है. पत्नी थकी हो या बीमार अथवा उस की इच्छा न हो, परंतु स्त्री को पति की जरूरत के आगे घुटने टेकने ही पड़ते हैं. यदि यह प्रस्ताव पत्नी की ओर से हो तो उसे पहले दर्जे की बेहया मान कर अपमानित किया जाता है यानी कदमकदम पर उस की स्वतंत्रता को रौंदा जाता है.

कुछ पुरुष तो अपनी पत्नी को अपनी जायदाद या संपत्ति समझते हैं. पिछले दिनों यह खबर सुर्खियों में थी कि एक सैनिक अपनी पत्नी को अपने सैनिक मित्रों, सहयोगियों के साथ यौन संबंध बनाने को बाध्य करता था. मना करने पर चाकू से उस के कपड़े काट देता था. सच में स्त्री के साथ ऐसा व्यवहार, ऐसी दरिदंगी बेहद खौफनाक है. एक औरत विवाह के बाद अगर इस तरह के पुरुषरूपी भेडि़यों के हाथ पड़ जाती है, तो उस की हर प्रकार की स्वतंत्रता समाप्त हो जाती है. ज्यादातर पत्नियों को स्त्री समस्या के बारे में, रेप की बढ़ती घटनाओं पर, किसी सभा में बोलने या लिखने पर भी पाबंदी लगा दी जाती है. पति शराबी है, मारपीट करता है, नपुंसक है तो भी पत्नी को उसी पति के लिए सती होना पड़ता. यानी रहने को मजबूर होना पड़ता है.

क्या करें महिलाएं विवाह के बाद महिला की स्वतंत्रता समाप्त न हो, इस के लिए स्त्रियों को स्वयं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए. कुछ दिन पहले का मामला है, विवाह के समय दूल्हा नशे में धुत्त होशहवास खो कर डांस कर रहा था. यह देख कर दुलहन ने उस से शादी करने से इनकार करते हुए मंडप छोड़ दिया. जहांतहां दहेज लोभियों को सबक सिखाने के लिए लड़की द्वारा बरात लौटा देने के समाचार आते रहते हैं, जो अच्छा संकेत हैं.

आज की युवा पीढ़ी को चाहिए कि अपने होने वाले पति या होने वाली पत्नी के साथ मिलबैठ कर अपनी आंकाक्षाओं, विचारधाराओं से भली प्रकार एकदूसरे को अवगत करा दें. शराबी, बेरोजगार, तथा दहेज के लोभी पुरुषों का बहिष्कार कर देना चाहिए. मातापिता भी अपनी बेटियों को बेवजह घुटने टेकने के लिए मजबूर न करें.

जिस प्रकार हम एक पौधे को जड़ से निकाल कर दूसरी जगह रोपते हैं, तो देखते हैं कि मिट्टी, पानी, हवा सब उस पौधे के लिए अनुकूल हैं अथवा नहीं. अगर मिट्टी ठीक नहीं है, पानी ज्यादा या कम दे दिया, हवा पर्याप्त न मिली तो पौधा सूख जाता है. इसी प्रकार स्त्री भी विवाह के बाद अपनी जड़ें मायके से निकाल कर ससुरालरूपी बगीचे में रोपती है. उसे स्वतंत्रता, प्यारदुलार रूपी हवा, मिट्टी मिलनी चाहिए नहीं तो उस का व्यक्तित्व मुरझा जाएगा. विवाह नारी स्वंतत्रता का अंत नहीं. प्रत्येक स्त्री को अपनी प्रतिभा, आकांक्षाओं और सपनों को संजो कर रखने का पूरा हक है. ये उस के जीवन की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें नष्ट होने से रोकना है. उन का व्यक्तित्व और अस्तित्व एक ऐसा भवन है, जिसे खंडित करने का हक किसी को नहीं है.

यदि स्त्री किसी कारणवश ऐसे नर्क से गुजर रही है, तो उसे किसी की सहायता लेनी चाहिए. अपनी निजी स्वतंत्रता का हनन होने से रोकना चाहिए. नारी एक जननी है. उस का अपमान करना, उस पर अत्याचार करना या उस की मानसिक, शारीरिक, स्वतंत्रता पर पाबंदी लगाना, जघन्य अपराध ही नहीं पूरे परिवार के विकास में भी बाधा है.

दिल्ली के आर्कबिशप अनिल काउटे का अर्क

दिल्ली के आर्कबिशप अनिल काउटे को भी लोकतंत्र खतरे में दिखा तो उन्होंने एक चिट्ठी लिख डाली कि लोकतंत्र खतरे में है और 2019 में ईसाइयों को नई सरकार बनाने के लिए वोट करना चाहिए.

पिछले 4 सालों से ‘लोकतंत्र खतरे में है’ का जुमला खूब उछल रहा है. अब इस में ईसाई धर्मगुरु भी कूद पड़े हैं. इस पर आरएसएस की ओर से अपेक्षित जवाब यह आया कि धर्मांतरण और फंडिंग पर रोक लगने से पादरी घबराए हुए हैं. धर्मतंत्र और लोकतंत्र में कोई फर्क रह गया है, ऐसा लगता नहीं, लेकिन देश के अधिकतर दलित और आदिवासी क्यों मंदिरों से ज्यादा चर्चों को तवज्जुह देते हैं, यह आरएसएस कभी सोच ले तो उस की ‘लोकतंत्र खतरे में है’ वाली समस्या मिनटों में हल हो जाएगी.

रही बात अनिल काउटे की, तो हल्ला मचने पर उन्होंने बड़ी मासूमियत से सफाई दे डाली कि उन की चिट्ठी के गलत मतलब निकाले गए हैं और हर बार सरकार नई ही होती है.

ब्रेकफास्ट रैसिपीज : ओट्स रवा ढोकला

ओट्स रवा ढोकला

सामग्री

– 3/4 कप ओट्स

– 1/2 कप बारीक सूजी

– 1 कप दही

– 1/4 कप पानी

– 2 छोटे चम्मच अदरक व हरीमिर्च पेस्ट

– 1/4 कप गाजर कद्दूकस की

– 1 बड़ा चम्मच रिफाइंड औयल

– 1 सैशे ईनो

– थोड़ सा फ्रूट साल्ट

– नमक स्वादानुसार.

तड़के की सामग्री

– 1 बड़ा चम्मच रिफाइंड औयल

– 1 छोटा चम्मच राई

– 1 छोटा चम्मच जीरा

– 6-7 करीपत्ते

– 2 हरीमिर्चें लंबाई में चीरी गई

– थोड़ी सी धनियापत्ती कटी सजावट के लिए.

विधि

ओट्स को नौनस्टिक पैन में 1 मिनट उलटेंपलटें. आंच धीमी रहनी चाहिए. ठंडा कर के मिक्सी में पाउडर बना लें. ओट्स, सूजी और दही मिक्स कर 20 मिनट के लिए ढक कर रख दें. पुन: फेंटें. इस में गाजर, नमक, अदरक व हरीमिर्च पेस्ट, तेल और पानी मिलाएं. अच्छी तरह मिक्स कर लें. मिश्रण यदि गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डाल लें. ढोकला बनाने वाले स्टीमर में 2 कप पानी डाल कर गरम करें. जिस बरतन में ढोकला बनाना है उसे चिकना करें. मिश्रण में ईनो, फ्रूट साल्ट मिला कर बरतन में पलटें. 10-15 मिनट में ढोकला बन जाएगा. ठंडा होने पर बरतन निकाल लें. मनचाहे टुकड़ों में काट लें. तड़का बना कर ढोकलों पर फैलाएं.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें