Friendship Satire: अशोक गौतम नमस्कार. आशा है तुम हमारी बरसों पुरानी फ्रैंडशिप को भूकंपीय झटका देने के बाद स्वस्थ व सानंद होगे. तुम्हारे स्वास्थ्य और सुखी राजनीति की मैं खुद दुखी होने के बाद भी कामना करता रहूंगा. मुझे पूरा विश्वास है कि एक न एक दिन तुम्हें मेरी फ्रैंडशिप का एहसास जरूर होगा.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, कभी बचपन में पुरानी किताबों में पढ़ा था कि एक अच्छा फ्रैंड वह होता है जो समय पर काम आए, समय पर साथ दे. पर लगता है, नए दौर की फ्रैंडशिप में यह मुहावरा अब पुराना हो गया है. अब तो तुम से फ्रैंडशिप कर यह लग रहा है कि एक अच्छा फ्रैंड वह जो अपना काम निकाल आगे हो जाए.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, मुझे दुख इस बात का नहीं कि तुम ने फ्रैंड होते भी मुझे अपना फ्रैंड नहीं समझा. मुझे दुख इस बात का है कि तुम ने फ्रैंड होने के बाद भी फ्रैंडशिप पर जुर्माना लगाया. पर मैं तुम्हें विश्वास दिलाता हूं कि  मैं ने तुम्हें कदमकदम पर अपना फ्रैंड नहीं, सच्चा फ्रैंड माना है. मुझे क्या पता था कि मौका मिलने पर एक दिन तुम सच्चे फ्रैंड की जगह गच्चे फ्रैंड निकलोगे?

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, फ्रैंडशिप का मतलब अधीनता नहीं होती. फ्रैंडशिप का मतलब फ्रैंड पर एकाधिकार नहीं होता. फ्रैंडशिप का मतलब एकदूसरे के प्रति समर्पण होता है, प्यार होता है. तुम पता नहीं फ्रैंडशिप की कौन सी पाटी पढ़े हो कि फ्रैंडशिप के मार्ग में जब भी चले, टेढ़ी चाल ही चले. तुम ने जब भी बंदूक चलाई, फ्रैंडों के कंधे पर रख कर ही चलाई. पर मैं चुप रहा, तुम मेरे फ्रैंड जो थे. जबकि हे माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, मैं उस देश के वासी हूं जहां- अति सूधो फ्रैंडशिप का मारग है जहां नेक सयानप बांक नहीं, तहां सांचे चलें तजि आपुनपौ झुझुकै कपटी जे निसांक नहीं. ट्रंपानंद प्यारे सुजान सुनौ यहां एक ते दूसरौ आंक नहीं. तुम कौन धौं पाटी पढ़े हौ कहौ मन लेहु पै देहू छटांक नहीं.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, अपने यहां पहले टाइप की फ्रैंडशिप  में पूर्ण समर्पण हो या न, लेकिन राजनीतिक टाइप की फ्रैंडशिप में पूर्ण समर्पण होता है. मैं ने भी इसी तर्ज पर तुम पर अपनी सारी फ्रैंडशिप न्योछावर कर दी थी. पर बदले में मैं ने घनानंद की फ्रैंड की तरह सिवा टैरिफ के और कुछ नहीं पाया. अब तुम खुद ही देख लो फ्रैंड कि तुम मेरे किस तरह के फ्रैंड हो? मैं ने तो फ्रैंडशिप के मार्ग पर चलने वालों के बारे में पढ़ा था कि फ्रैंडशिप के मार्ग की विशेषता यह होती है कि इस मार्ग पर चलते हुए सत्य का स्वाभिमान तक खत्म हो जाता है. चतुराई का फ्रैंडशिप के मार्ग पर कोई काम नहीं होता, हे मेरे सुजान फ्रैंड.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, तुम्हारे इस सुजान व्यवहार से मत पूछो मेरा मन कितना आहत है? मानता हूं फ्रैंड, राजनीतिक फ्रैंडशिपों में उतारचढ़ाव आते रहते हैं शेयर बाजार की तरह. पर फ्रैंडशिप के शेयर बाजार कुंद नहीं हो जाया करते, डियर फ्रैंड.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, तुम ने मुझ से सच्ची फ्रैंडशिप की हो या न, पर मैं ने तो तुम से एकदम सच्ची अनफ्रैंड फ्रैंडशिप की थी. तुम्हें फ्रैंडशिप व्यापार रही होगी, पर तुम्हें देखते ही मेरी बांछें खिल जाया करती थीं, मेरा मन तुम्हारे गले लगने को अधीर हो उठता था. मैं जब भी तुम्हारे गले लगता था, मैं जब भी तुम से हाथ मिलाता था, पहल करते पूरी शिद्दत से मिलाता था. विश्वास न हो तो मेरे हाथ मिलाने, गले लगाने के पुराने वीडियो देख लो.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, मत पूछो कि तब दूसरी जगह जा तुम जैसा फ्रैंड पा कर मैं क्यों, कितना इतराता फिरता था कि…

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, मेरी तुम्हारी फ्रैंडशिप के उदाहरण तो अब धरती पर ही नहीं, आसमान पर भी दिए जाने लगे थे. पर पता नहीं हमारी मित्रता को तुम्हारी नजर क्यों लग गई?

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, बहुत बुरा लगा जब तुम ने मेरी जेब को डैड घोषित कर दिया. एक अच्छे फ्रैंड को फ्रैंड की कमियों को जगजाहिर करना रंच भर भी शोभा नहीं देता. सच कहूं तो यहां भरी जेब तुम्हारी भी कहां है?  पर मैं नहीं कहूंगा, तुम्हारा फ्रैंड जो हूं.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, कल तक तुम जिस मेरे पड़ोसी को कोसते नहीं थकते थे, आज उसे ही अपनी गोद में बैठाए हो, यह किस तरह की फ्रैंडशिप का उदाहरण पेश कर रहे हो, माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड. आह रे अनफ्रैंड फ्रैंड, तुम गले मुझे लगाते रहे और पीठ उस की थपथपाते रहे. तुम उल्लू अपने फ्रैंड को बनाते रहे और हलुआपूड़ी उस को खिलाते रहे.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, सब कर तुम ये फ्रैंडशिप की कौन सी मिसाल पेश कर रहे हो, डियर? इधर मैं तुम्हारी सोएसोए भी तारीफ करता रहा और उधर तुम मुझ पर टैरिफ पर टैरिफ लगाते रहे. तारीफ का इंग्लिश में अर्थ टैरिफ नहीं होता, मेरे फ्रैंड. तारीफ का बदला टैरिफ नहीं हुआ करता, माई डियर फ्रैंड. तुम यह दोस्ती की कौन सी नई परिभाषा गढ़ रहे हो, हे माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, जरा फ्रैंडशिप के मतलबी अर्थ से बाहर निकलो, डियर. फ्रैंडशिप बाजार नहीं, संस्कार है. फ्रैंडशिप एकाधिकार नहीं,  सुविचार है, डियर अनफ्रैंड फ्रैंड.

माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड, अब  फ्रैंडशिप में तुम जो चाहो, सो चाहो लेकिन मैं तो चाहता हूं कि पूरा विश्व ही फ्रैंड बन जाए, माई डियर अनफ्रैंड फ्रैंड. भले ही तुम अपने फ्रैंड पर टैरिफ पर टैरिफ लगाते रहो, फ्रैंडशिप से लबालब भरे मेरे मन पर जो चाहे चलाते रहो, पर एक फ्रैंड होने के नाते तुम पर कोई शक किए बगैर मैं तुम्हें फिर भी अपना पहले वाला फ्रैंड ही समझूंगा. अपने यहां तो फ्रैंडशिप की यही रीत है, फ्रैंड, भले ही इसे तुम झूठ समझना, माई डियर बीयरेबल अनबीयरेबल अनफ्रैंड फ्रैंड. Friendship Satire

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...