Ramayana Movie: 4,000 करोड़ रुपए के भारीभरकम बजट में बनी फिल्म ‘रामायण’ में एक से बढ़ कर एक उम्दा कलाकारों को शामिल किया है, जिन में रणबीर कपूर, साईं पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे जैसे कलाकारों की भरमार है. इतने बड़े बजट ने इस फिल्म को भव्य बना दिया है और यह फिल्म दुनियाभर में रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है. पर जिस तरह इस फिल्म का ट्रेलर बताई गई तारीख पर रिलीज नहीं हो सका था, उसी तरह इस फिल्म की रिलीज डेट पर भी शक के बादल छाए हुए हैं.

अब नमित मल्होत्रा ने बताया है कि देश और विदेश में फिल्म की रिलीज डेट अलग होने वाली है यानी कि फिल्म ‘रामायण’ 6 नवंबर को रिलीज होगी, लेकिन भारत में नहीं. तारीखों को ले कर हुई कंफ्यूजन को साफ करते हुए उन्होंने आगे बताया कि ‘हम इस फिल्म को इंटरनैशनली 6 नवंबर को रिलीज कर रहे हैं क्योंकि इंटरनैशनल डिस्ट्रीब्यूशन शुक्रवार के मुताबिक काम करता है, जो 6 नवंबर को है लेकिन भारत में हम दीवाली पर फिल्म को रिलीज करने का प्लान कर रहे हैं. इस का सीधा सा मतलब है कि भारत में यह फिल्म 8 नवंबर दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.

याद रहे कि फिल्म ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं. इस फिल्म को 2 पार्ट में बनाया जाएगा. इस का पहला पार्ट इस साल दीवाली पर रिलीज होना है, जबकि अगला पार्ट अगले साल यानी 2027 की दीवाली पर रिलीज करने की योजना है.

लगता है यह फिल्म बनाने वालों का कोई अंधविश्वास या टोटका है, जो उन्हें बारबार तारीख बदलने पर मजबूर कर रहा है. जब फिल्म राम के चरित्र पर बनी है और वे हिंदुओं के ह्रदय सम्राट हैं तो फिल्म किसी भी डेट को रिलीज की जाए, हिट तो होनी ही चाहिए.

रामायण के नाम पर न केवल राम मंदिर के पुजारी पैसे कमा रहे हैं, नरेंद्र मोदी ने सत्ता पाई तो नमित मल्होत्रा क्यों नहीं कमाएं चाहे उसके नाम पर भाइयों के झगड़ों, एक पत्नी के अपहरण, अपहरण की गई पत्नी को घर से निकालने, शूद्र के पढ़ने पर दंड जैसे संदेश आज भी दिए जा रहे हों. यह फिल्म इसी सोच को और मजबूत करेगी वह भी मोटा टिकट का पैसा वसूल कर के. Ramayana Movie

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...