Self Confidence: रोज की तरह माया आज भी औफिस 10 बजे समय पर ही पहुंची लेकिन रोज कि तरह कोई भी औफिस नहीं आया था. सभी लोग अकसर रोज ही लेट आते हैं. हर दिन ऐसा देख कर उस को ऐसा लगता मानो वो बेवकूफ है जो रोज समय पर औफिस आ जाती है. सो, उस ने सोचा कि चलो, आज मैं भी औफिस थोड़ा लेट जाती हूं और वह भी सभी की तरह 11 बजे औफिस पहुंची लेकिन शायद उस का समय खराब था क्योंकि ठीक उसी दिन बौस का राउंड हो गया और उस की एब्सेंट लग गई.

माया को मन ही मन बहुत पछतावा हो रहा था कि आखिर वह क्यों लेट आई क्योंकि उस की इस एब्सेंट ने उस के रोज समय पर आने के दावे को झूठा बना या कर दिया था जबकि हर जगह समय पर  जाना या पहुंचना मानो माया की आदत का हिस्सा था.

माया की तरह कोई वक्त का पाबंद होता है तो कोई साफ़सफाई का आदी तो कोई रोज सुबह उठ कर मौर्निंग वाक पर जाता है. किसी की सुबह जल्दी उठने की आदत होती है तो किसी की देर रात सोने की. हमारी यही आदतें हमें दूसरों से अलग बनाती हैं. सो, आप जैसे हैं वैसे ही बने रहना एक अच्छी आदत है. लेकिन यदि आप किसी बुरी आदत के शिकार हैं तब आप दूसरों के लिए अपनी आदत में बदलाव करते हैं, तब यह एक अच्छी आदत बन सकती है.

क्या हमें दूसरों के अनुसार खुद के आदत को बदलना चाहिए या फिर जैसे हैं वैसे ही बने रहना चाहिए, जानने के लिए यह लेख पढना आप के लिए फायदेमंद हो सकता है. जो लोग 24 घंटे मोबाइल से चिपके रहते हैं उन के लिए यह बेकार है क्योंकि वे तो समाज के पिछड़े लोग हैं जो कुछ भी उत्पादक काम नहीं कर रहे. वे पैरासाइट हैं, परजीवी हैं.

अपने मूल्यों के प्रति सच्चे रहें : हमेशा जैसे आप हैं वैसे बने रहने के बारे में सब से अच्छी चीजों में से एक यह है कि आप अपने मूल्यों के आधार पर जीवन जीते हैं. आप को क्या करना चाहिए, क्या करना है, क्या नहीं करना और कब, इस का कोई कन्फूज़न नहीं होता. इस से आप का जीवन बहुत आसान हो जाता है. ऐसा कर के आप गलत नहीं हो सकते. आप की यह आदत कि जैसे आप हैं वैसे ही रहना एक खूबसूरत बात है जो आप को दूसरों से अलग बनाती है. दूसरे आप की इस बात को आप की स्ट्रेंग्थ मानते हैं.

कहीं पर समय से जाने की आदत : अकसर लोग शादीविवाह, पार्टियों और किसी रिश्तेदार के यहां समय से थोड़ा लेट ही जाते है क्योंकि समय पर जाने पर कोई भी नहीं मिलता. पर समय से जाने की आदत हम को अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है और तभी हम समय का बेहतर प्रबंधन कर पाते हैं. वहीँ, समय पर रहने की आप की आदत आप को एक अलग पहचान देती है. आप की यह आदत आप को हर काम में सफलता मिलने का मार्ग प्रशस्त करती है और आत्मविश्वास से भरपूर रखती है. यह न सोचें कि समय पर आ कर आप ने समय बरबाद किया. असल में 10-20 लोग जो आ चुके होंगे उन से आप भरपूर बातचीत कर सकते हैं, मेहमान से आराम से मिल सकते हैं और मेलजोल में गर्माहट ला सकते हैं.

खुद की दूसरों से तुलना न करें : जैसे हैं वैसे ही बने रहना एक अच्छी आदत है क्योंकि इस के लिए आप को आप के अंदर कुछ बदलाव की आवश्यकता नहीं होती और तब आप खुश भी रहते हैं. लेकिन अगर आप हमेशा वह बनने के लिए संघर्ष करते रहते हैं जो आप पहले से नहीं हैं, तो आप कभी खुश नहीं रह सकते और न ही संतुष्ट. लेकिन यदि आप खुद को किन्हीं तरीकों से बदलना चाहते हैं तब यह अपनाने के लिए रास्ता थोड़ा कठिन हो सकता है क्योंकि असफल होने पर आप की सोच नकारात्मक होती जाएगी. इसलिए बेहतर है कि आप जैसे हैं वैसे ही बने रहें और आत्मविश्वास से भरपूर रहें ताकि अपने लक्ष्यों को पूरा कर पाएं. इस के लिए आप जैसे हैं उस की कद्र करें, अपने व्यक्तित्व से प्यार करें, अपनी कमियों को स्वीकार करें, उन से भागने के बजाय ईमानदार होना या दूसरों की कौपी न करना बेहतर है.

लोगों को खुश करने वाला बनना बंद करें : कई बार हम दूसरों को खुश करने के लिए अपनी आदत में बदलाव करते हैं. आप का ऐसा करना आप के आत्मविश्वास को नुकसान पहुंचा सकता है. यह परवा न करें कि दूसरे क्या कहते हैं. सब से ज्यादा फर्क इस बात से पड़ता है कि आप अपने अंदर के आत्मविश्वास को सुनें. जैसे, आज आप के बौस का बर्थडे है और सभी लोग उन के लिए बुके और गिफ्ट ले कर आए हैं. लेकिन आप नहीं लाए क्योंकि आप ने आज तक कभी भी अपने बौस को उन के बर्थडे पर बुके नहीं दिया, शायद, ऐसा करना आप की आदत में नहीं है. तब हो सकता है कि आप अपनी आदत में बदलाव करें और बुके ले कर आएं. आप की इच्छा न होते हुए भी क्योंकि आप का बुके न देना आप को सभी स्टाफ से अलग बना सकता है तब बिना मन के आप का ऐसा करना आप को कभी भी ख़ुशी नहीं दे सकता क्योंकि आप ने ऐसा मज़बूरी में किया.

दूसरों के अनुसार, खुद की आदत को बदलना एक समझदारीभरा कदम नहीं है. आप जैसे हैं वैसे ही बने रहना आप को हर समय ख़ुशी दे सकता है जबकि लोगों को खुश करने वाला बदलाव कुछ क्षण की ख़ुशी देता है. इसलिए, जैसे हैं वैसे ही बने रहना एक अच्छी और सच्ची आदत है. यह हमेशा ख़ुशी देती है लेकिन तभी, जब यह एक अच्छी आदत हो. Self Confidence

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...