Rider Girl: लड़कों को तो हम अकसर सड़कों पर बाइक पर टशन मारते हुए, अपनी जान को खतरे में डालते देखते रहते हैं लेकिन अब लगता है उन की लापरवाही का बुखार लड़कियों को भी धीरेधीरे चढ़ने लगा है. तभी तो बाइक पर रील्स बनाने की होड़ में ये भी अपनी जान जोखिम में डालने में पीछे नहीं हैं. इसी लापरवाही के नूमने इंस्टाग्राम अकाउंट _vaishu_yadav_24 पर दिखा रही है लखनऊ की वैशु यादव उर्फ़ राइडर गर्ल.
वह हाईवे पर बाइक तो चला रही है लेकिन कभी खड़े हो कर, तो कभी हाथ ऊपर कर के फुल स्टाइल में वह भी बिना हेलमेट पहने. क्योंकि यहां हेलमेट पहन लेंगे तो रील्स में राइडर का चेहरा कैसे नजर आएगा. आखिर, रील में राइडर का यानी उस का चेहरा अच्छे से तो दिखना चाहिए. भला उस की जान, ट्रैफिक नियम, जीवन की सुरक्षा, सड़क दुर्घटना यह सब उस के रील्स पर मिले लाइक और व्यूज से बड़े थोड़ी, बल्कि बहुत ही छोटे हैं.
जब इस तरह की रील्स को 8.70 लाख फौलोअर्स, मिलियंस व्यूज मिलने लगें तो अपनी और दूसरे की जान की कोई सोचेगा ही क्यों. वह तो वैशु की तरह ड्राइविंग नियमों को हेलमेट के साथ बांध कर कुएं में फेक आएगा और ट्रैंडिंग होने के लिए रील्स ही बनाएगा.
उन पर बहुत से बिना हेलमेट और दिमाग वाले कमेंट करेंगे, ‘वाह, 150 स्पीड और तेज करो,’ ‘खूब एंजौय करो,’ ‘लखनऊ की क्वीन,’ ‘सभी यादव भाई लाइक करो.’ वहीं कुछ फिक्रमंद लोग कहते हैं, ‘बेटा बाइक चलाओ लेकिन हेलमेट तो पहन लो,’ ‘प्लीज, ऐसा मत करो, सेफ्टी रील से पहले है,’ ‘बहन, तुम अभीअभी सड़क पर शहीद हो जाती, बंद करो यह सब,’ ‘क्या लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने यह रील देखी है,’ ‘बाइकिंग स्किल हेलमेट पहन कर दिखाई जा सकती है और अगर स्टाइल ही दिखाना है तो बाइक से उतर’कर दिखाओ.’
जय का आलोचनात्मक अंदाज
जहां एक तरफ युवा सिर्फ बेतुकी कौमेडी रील्स बनाने की होड़ में एकदूसरे के आगेपीछे भागने में लगे पड़े हैं वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो समाज की छोटीबड़ी समस्याओं पर बात कर रहे हैं, उन्हें दूसरे के आगे रख रहे हैं. जैसे, जय पंजाबी सोसाइटी के सामने आ रही परेशानियों को आप के सामने रखता है कुछ निराले अंदाज में.
अपने इंस्टाग्राम अकाउंट jaipunjabii, जिस के 1.78 लाख फौलोअर्स हैं, पर अपनी 28.3 मिलियन व्यूज वाली चेंज योर प्रेस्पेक्टिव रील में उस ने सड़क के गड्ढों की आलोचना करते हुए कहा, “यह गड्ढा नहीं बल्कि एंप्लौयमैंट अवसर है क्योंकि इस पर से आप की गाड़ी जाएगी तो खराब होगी और मैकेनिक के पास जाएगी. मैकेनिक उसे ठीक कर दो वक़्त की रोटी खाएगा, ज्यादा खराब होगी तो आप नई गाड़ी लोगे तो औटोमोबाइल कंपनी का फायदा होगा और गड्ढ़े में पानी भरेगा तो एक जीव यानी मच्छर को संसार में आने का मौका मिलेगा, हमारा खून पीने का मौका मिलेगा और ये गड्ढे जीवन की सीख भी देते हैं कि जिस तरह इस पर से गाड़ी ऊपरनीचे हो कर जाती है उसी तरह लाइफ में भी ऊंचनीच होती रहती है.”
इस पर चुटकी लेते हुए एक व्यक्ति ने कमैंट्स में लिखा, “भाई एक्सिडैंट होगा तो हौस्पिटल वालों की भी कमाई होगी, उन के घर भी लोग रोटी खाएंगे.” ठीक इसी तरह जय ने नीट पेपर लीक पर भी कहा कि, “उतना तो नल भी लीक नहीं होता, उतना एसी में से गैस भी लीक नहीं होती, उतना अफेयर भी लीक नहीं होते जितना इतने सालों से नीट पेपर लीक हो रहा है.” जय कभी सड़कों पर पानी, तो कभी लैंग्वेज बैरियर, स्ट्रीट सेफ्टी जैसे मुद्दों को कुछ अलग ढंग से सामने रखता है, जिसे लोग काफी सरहाते हैं. Rider Girl





