Alien Star: इंस्टाग्राम पर एक ऐसा लड़का मिलियंस में व्यूज बटोर रहा है, जिसे देख कर पहली नजर में लगता है कि शायद किसी साइंस फिक्शन फिल्म का एलियन गलती से रील्स की दुनिया में आ गया है. दावा है कि उस का कंटैंट कौमेडी है, लेकिन हंसी नहीं आती.
वीडियो में अजीब एक्सप्रैशन, कुछ बेतुकी हरकतें और तेजतर्रार डायलौग्स देख कर उम्मीद होती है कि अब शायद हंसी आएगी. लेकिन फिर रील खत्म हो जाती है और चेहरे पर वही सवाल रहता है कि इस में मजेदार क्या था? फिर भी व्यूज मिलियंस में हैं. alian_star_नाम से इस लड़के को हर रील में लाखों व्यूज मिले हैं. और तो और, 17 लाख फौलोअर्स भी इसे ऐसे कंटैंट की वजह से मिले हैं.
ऐसे कंटैंट क्रिएटर्स को देख कर लगता है कि आजकल वायरल होने के लिए टैलेंट से ज्यादा जरूरी है लोगों को दो सैकंड के लिए चौंका देना. कंटैंट अच्छा हो या न, बस, चेहरा ऐसा हो कि स्क्रौल करती उंगली रुक जाए.
मयंक की ग्लैम कौमेडी
सोशल मीडिया प्लेटफौर्म्स पर ‘नौलेज’ और ‘आइडिया’ शेयर करना तो जैसे पाप है. जिस प्लेटफौर्म को समाज में अवेयरनैस विचारों और बातचीत का साधन बनना चाहिए था, वह अब महज एक ‘चेंजिंग रूम’ और ‘मेकअप रूम’ बन कर रह गया है.
Thatsarcastictrash के वीडियोज पर मिलियंस में व्यूज आते हैं. अपने वीडियो में मयंक लिपसिंक करते हुए मेकअप ट्रांसफौर्मेशन करता है. उस के ज्यादतर वीडियोज ऐसे ही हैं. मयंक तिवारी के 3 लाख से ज्यादा फौलोअर्स हैं. वह किसी कंपनी में डाटा एनालिस्ट की जौब भी करता है. हर रील में वह लड़की के अटायर पहन कर वीडियोज बनाता है.
बैकग्राउंड में बजते गाने, केवल लिपसिंक, एक के बाद एक कपड़े बदलना और कैमरे के सामने सिर्फ मेकअप की बात करना आज इंस्टाग्राम कंटैंट का नया पैरामीटर बन चुका है. सब से ज्यादा चिंता की बात यह है कि इस तरह के खोखले और बिना किसी विचार या मैसेज के कंटैंट पर मिलियंस में व्यूज आ रहे हैं और क्रिएटर्स के फौलोअर्स की संख्या रातोंरात बढ़ रही है.
यह कंटैंट क्रिएटर्स के दिमाग की कंगाली को दिखाता है. जहां क्रिएटिव, रिसर्च या समाज के लिए किसी जानकारी की जरूरत होनी चाहिए थी, वहां अब सिर्फ दिखावे का सहारा लिया जा रहा है. कैमरे के सामने कपड़े बदलना या सिर्फ लिपसिंक करना न तो कोई कला है और न ही कोई कौशल. यह बिना किसी मेहनत के जल्दी लोकप्रिय होने का आसान रास्ता है. क्रिएटर्स से भी ज्यादा बड़ा सवाल उन लाखों देखने वालों पर उठता है जो इस कंटैंट को कंज्यूम कर रहे हैं.





