Child Viral Video: इंस्टाग्राम पर वायरल होने की चाहत में अब शायद कंटैंट की कोई सीमा नहीं है. एक रील में 7-8 साल की बच्ची खाना बनाती नजर आती है. मां कैमरे के पीछे से वीडियो शूट कर रही है और बच्ची रोते हुए पूछ रही है, “हम से खाना क्यों बनवा रही हो?” आजकल आंसू भी एंगेजमैंट दिलाते हैं और मासूमियत तो वैसे भी वायरल होने की गारंटी मानी जाती है. कंटैंट क्रिएटर्स की दुनिया में शायद अगला बड़ा सवाल यही है, बच्चा रो रहा है, तो कैमरा बंद करें या रील बना दें? जवाब व्यूज तय करेंगे. इस वीडियो को divya_official079 नाम के पेज से इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है. इस वीडियो को 19 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. इस अकाउंट पर ज्यादातर इस बच्ची को रील में खाना बनाते देखा जा सकता है. कभीकभी उस की मां भी रील बनाती दिख जाती है.

बच्ची से खाना बनवाना सिर्फ व्यूज के लिए किया गया स्टंट है. विडंबना देखिए, जिस उम्र में बच्चों को खेलना, पढ़ना और अपनी पसंद की चीजें सीखनी चाहिए, उस उम्र में कुछ मातापिता उन्हें कैमरे के सामने ‘परफौर्मर’ बना रहे हैं. इस के लिए दर्शक भी कम जिम्मेदार नहीं. हम हर भावुक वीडियो को लाइक, शेयर और कमैंट दे कर ऐसी रील्स का बाजार बड़ा करते हैं.

कंटैंट बनाइए, लेकिन बच्चे की मासूमियत को कंटैंट की कीमत मत बनाइए. हर आंसू वायरल होने के लिए नहीं होता.

मीनिंगफुल कंटैंट

फूहड़ रील्स के बीच आज बिना गालीगलौज के सर्कास्टिक कंटैंट देख पाना काफी मुश्किल हो गया है. मिलियंस की भीड़ में उंगलियों पर गिने जा सकने वाले ही ऐसे क्रिएटर मिलेंगे जो सर्काज्म को बेहतर ढंग से पेश करते हैं. उन्हीं में से एक हैं, dead.cells07. इस अकाउंट में 3-4 लड़के कुछ डायलौग्स में अपने कंटैंट को फनी बना देते हैं. इन का कंटैंट कभीकभी सरकार की खामियों पर भी होता है. अपने पौइंट्स को डायरैक्ट न बोल कर ये क्रिएटर व्यंग्य की भाषा बोलते हैं. वायरल वीडियो नीट पेपर लीक को ले कर था, जिसे लाखों लोगों ने लाइक किया.

कौमेडी मजेदार होने के लिए जरूरी नहीं कि तेज आवाज वाली हो. कभीकभी दोचार सूखे डायलौग और सही टाइमिंग ही काफी होती है.

रील्स की इस भीड़ में जहां हर कोई ज्यादा से ज्यादा शौकिंग और वायरल होने की कोशिश कर रहा है, वहां dead.cells07 का लो एफर्ट दिखने वाला लेकिन स्मार्ट सर्काज्म एक अलग तरह की जगह बना रहा है. और शायद सोशल मीडिया पर इस वक्त दर्शकों को इसी तरह की थोड़ी सधी हुई, कम शोर वाली कौमेडी की जरूरत भी है. Child Viral Video

 

 

 

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...