Religious Practices: नौकरी तो अब पैकेज वाली हो ही गई है लेकिन धार्मिक संस्कारों के नाम पर भी अब बर्थडे, मैरिज, क्रिमेशन पैकेज के बाद एक से एक मनभावन पिंडदान पैकेज भी आ गए हैं ताकि अपने पितरों का पिंडदान करते हुए पिंडदाताओं को किसी तरह की तंगी न हो और वे मस्तमस्त हो अपने पितरों का पिंडदान कर अपने को श्राद्धमय फील कर सकें.
हे मेरे धर्म के अपने जीवित सगेसंबंधियों के स्वर्गलोकी हो जाने के बाद उन से दिखावे का अगाध प्रेम करने वाले सत्संगियो, आप को यह जान कर हार्दिक प्रसन्नता होगी कि इस पितृपक्ष में हम आप के द्वारा आप के पितरों को पिंडदान का खास, आकर्षक पैकेज ले कर आए हैं ताकि आप की आप के पितरों में अनास्था बनी रहे और उन का आप में विश्वास.
हे अपने पितरों के मरने के बाद भी छलावा करने वाले पिंडदाताओ, हम जानते हैं कि आज किसी के पास,. किसी के लिए तो छोड़िए, अपने लिए भी जरा सी भी फुरसत नहीं. हम जानते हैं कि आज किसी के पास, किसी के लिए तो छोड़िए, अपने लिए भी जरा सी भी आस्था नहीं. जिंदगी में भागदौड़, मारधाड़ इतनी अधिक बढ़ गई है कि तरीके से हमारे पास, अपने मांबाप का तो छोड़िए, अपना पिंडदान करने तक का वक्त नहीं. ऐसी भागदौड़, मारधाड़ भरी जिंदगी में आप के द्वारा आप के पितरों के पिंडदान के लिए हम ले कर आए हैं एक से एक आकर्षक पैकेज. ऐसेऐसे आकर्षक पैकेज कि जिन को देख आप तो आप, आप के पितर भी मस्तमस्त हो उठेंगे. हमारे हर पिंडदान के पैकेज से जुड़ आप पूरी मस्ती के साथ अपने पितरों का पिंडदान कर सकेंगे, बिना किसी व्यवधान के, पूरे विधिविधान से. अपने पितरों का पिंडदान करते हुए तब आप को तनिक भी आभास नहीं होगा कि आप अपने पितरों का पिंडदान कर रहे हैं या मौजमस्ती.
सो, इस पितृपक्ष में अपने पितरों का पिंडदान करने वाले पिंडदाताओं को हम अब के उन के बजट के हिसाब से एक से एक आकर्षक पैकेज ले कर आए हैं ताकि किसी भी स्तर के अपने पितरों से छुटकारा पाने वाले को हताशनिराश न होना पड़े और उस के पितर हसंतेमुसकराते हुए उन से अपनाअपना पिंडदान करवा सकें.
इस पैकेज में हर क्लास के पिंडदाताओं के लिए हम ने उन की पूरी सुविधाओं का विशेष खयाल रखा है ताकि अपने पितरों का पिंडदान करते वक्त कम से कम उन को किसी तरह की कोई असुविधा न हो. शेष तो जब तक जीवन है, तब तक असुविधा ही असुविधा है.
हमारे पितृपक्ष पिंडदान पैकेज की सब से बड़ी खासीयत यह है जो हमें दूसरों के पिंडदान पैकेज से अलग करती है कि हम पिंडदान के इच्छुकों को उन के बिस्तर से पिकअप और पिंडदान करवाने के बाद पूरी सुरक्षा के साथ उन के बिस्तर पर ड्रौप करेंगे, ताकि अपने पितरों का पिंडदान करने जाने वालों का पिंडदाताओं की भीड़ में उन का ही पिंडदान न हो जाए. इस के अतिरिक्त इस पैकेज में सेफ और सुरक्षित यात्रा, यात्राबीमा, शुद्ध पूजा सामग्री, प्रदूषण मुक्त नदी किनारे विधिविधान से पिंडदान हेतु सात्विक प्रशिक्षित पंडित, शुद्ध पिंडदान सामग्री, पितरों के स्वर्ग से बेहतर रहने की सुविधा और शुद्ध शाकाहारी भोजन की तीनों वक्त जितना मन करे उतने की सुविधा शामिल रहेगी.
पितृपक्ष में पितर पिंडदान पैकेज के अनुसार, अपनेअपने पितरों का पिंडदान करने के इच्छुकों को हम सेडान या हैचबैक कार से उन के आवास से पिकअप कर निर्धारित तय पिंडदान स्थलों तक ले जाएंगे. इस में बीच में आने वाले रमणीय स्थलों का भ्रमण का विकल्प जुड़ा रहेगा. जिनजिन रमणीय स्थलों का हम पितृपक्ष में अपने पितरों का पिंडदान करने वालों को भ्रमण करवांएगे, उन सभी रमणीय स्थलों के प्रवेश टिकट पैकेज का हिस्सा रहेंगे.
पिंडदान करने वालों के पितर बजट के हिसाब से हम ने पिंडदाताओं को फाइवस्टार से ले कर एसी होटलों में रहने की व्यवस्था की है ताकि हर पिंडदानी अपने पितर बजट के हिसाब से अपने पितरों का पिंडदान करते हुए हर सुविधा का भोग कर सके.
पितरों के पिंडदान के लिए हमारे आकर्षक पैकेज
पिंडदान पैकेज ए- इस का कुल शुल्क 30 हजार रुपए है. यह पैकेज 1 रात्रि 2 दिन का रहेगा. इस पैकेज की दर होटल श्रेणी की सुविधा के हिसाब से एक पिंडदानी से ले कर 4 पिंडदाताओं की क्षमता के अनुसार 20 हजार से 30 हजार रुपए रहेगी.
पिंडदान पैकेज बी- हमारा दूसरा पैकेज 2 रात्रि 3 दिन का रहेगा. इस पैकेज की दर एक पिंडदानी के लिए 30 हजार और 3 के लिए 50 हजार रुपए रहेगी.
पिंडदान पैकेज सी- अपने पितरों का गयाजी में पिंडदान करने के इच्छुकों के लिए यह एक दिन एक रात्रि का पैकेज रहेगा. इस में एक दोसितारा कमरे में 4 पिंडदाताओं के ठहरने की सुविधा रहेगी. इस की देयराशि 12 हजार से 20 हजार रुपए तक होगी.
इस पितृपक्ष में विशेष- इस पितृपक्ष से हम अपने पितरों का पिंडदान करने वालों के लिए खास पैकेज ले कर आ रहे हैं, जिस का नाम है- ईपिंडदान पैकेज. ईअंतिम संस्कार के बाद यह दूसरा ईपैकेज है ताकि जिन मांबापों ने अपनी औलादों को अपने जिंदा रहते कोई असुविधा न होने दी, भले ही वे खुद कितनी ही असुविधा में क्यों न रहे हों, उन की संतानें इस पितृपक्ष में उन का पिंडदान कर अपने पितरों के लिए पिंडदान की डिजिटल कौपी अपने पितरों को प्रमाण के तौर पर दिखा सकें कि यह देख लो, मैं ने तुम्हारा पिंडदान कर दिया है. अब मत कहना कि मैं ने तुम्हारा कुछ नहीं किया. अब भी बेकार में गुस्सा हुए तो देख लेना. अब इधरउधर, इस से उस से मत कहते फिरना कि मैं ने तुम्हारा आज तक कुछ नहीं किया.
हम इस पैकेज के तहत ईपिंडदान करवाने वाले पिंडार्थी को उस के पितरों के पिंडदान इवैंट की स्पैशल इफैक्ट से सुसज्जित पूरी वीडियो रिकौर्डिंग की पेनड्राइव उपलब्ध करवाएंगे, ताकि अपने पितरों का पिंडदान करने वाला अपनेअपने पितरों की पिंडदान की पूरी प्रक्रिया की डिजिटिल स्मृति अपने पास रख सके. भविष्य में जब भी वह अपने पितरों को पिंडदान करें तो धोखा न खाए, साथ ही, जब उस का मन करे, फुरसत में अकेला ही हंसता हुआ अपना भरपूर मनोरंजन कर सके. Religious Practices




