Kriti Sanon: हाल ही में फिल्म ‘मिमी’ में ‘सरोगेट मदर’ का किरदार निभा कर ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री’ का अवार्ड जीतने वाली बौलीवुड अदाकारा कृति सैनन ने ‘ह्यूमंस औफ बौम्बे’ पौडकास्ट में चौंकाने वाला और साहसी खुलासा कर हंगामा बरपा दिया है. कृति सैनन ने खुल कर कबूला कि वे कुछ साल पहले अपने एग्स (अंडे) फ्रीज करवा चुकी हैं. कृति के इस बयान ने देश में महिलाओं के बीच रीप्रोडक्टिव हैल्थ (प्रजनन स्वास्थ्य) और अपनी शर्तों पर मां बनने की एक नई बहस छेड़ दी है.

बहस की मूल वजह यह है कि भारतीय समाज में अमूमन 30 वर्ष की उम्र पार करते ही हर कामकाजी और आत्मनिर्भर महिला के सामने शादी और बच्चे को ले कर सवालों की बौछार शुरू हो जाती है. लेकिन आज की आधुनिक महिला ने इस का एक बेहद स्मार्ट तोड़ ढूंढ़ निकाला है, जिसे मैडिकल की भाषा में एगफ्रीजिंग कहते हैं.

 कृति सैनन ने कब कराया था अपने एग फ्रीज

कृति सैनन के अनुसार उन्होंने फिल्म ‘मिमी’ (2021) की शूटिंग की तैयारी के दौरान ही अपने एग फ्रीज करवाए थे. वास्तव में फिल्म ‘मिमी’ में कृति सैनन ने एक सरोगेट मदर का किरदार निभाया है. इस किरदार को निभाने के लिए उन्हें अपने शरीर का वजन 15 किलोग्राम बढ़ाने के अलावा मोटा दिखना था. उस वक्त अन्य तरीके अपनाने के बजाय अपने दोस्त की सलाह पर कृति सैनन ने ‘एग फ्रीज’ करवाने का निर्णय कर खुद के लिए एक ‘बड़ा निवेश’ और ‘खुद को बड़ा उपहार’ देने का निर्णय लिया था.

कृति सैनन ने उस वक्त बहुत ही समझदारी से काम लिया. देखिए, एगफ्रीजिंग तकनीक यानी कि मैडिकल प्रोसीजर (हार्मोनल इंजैक्शंस) की वजह से शरीर में काफी ब्लौटिंग (सूजन) होती है और वजन बढ़ता है, इसलिए कृति ने सोचा कि फिल्म के लिए वैसे भी वजन बढ़ाना ही है, तो यही सब से सही समय है. कृति सैनन ने पौडकास्ट में कबूल किया है कि वे उम्र या समाज के दबाव में आ कर शादी या बच्चे का फैसला नहीं करना चाहती थीं. इस फैसले ने उन्हें मानसिक शांति दी है कि जब वे अंदर से पूरी तरह तैयार होंगी, तभी मां बनेंगी.

 ये अभिनेत्रियां भी करा चुकी हैं एग्स फ्रीज

‘एग्स फ्रीज’ करवाने वाली कृति सैनन पहली अभिनेत्री नहीं हैं. उन से पहले ग्लोबल स्टार बन चुकी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अपने उम्र के शुरुआती 30 के दशक में अपनी डाक्टर मां डाक्टर मधु चोपड़ा की सलाह पर एग्स फ्रीज करवाए थे ताकि वे अपने कैरियर पर फोकस कर सकें. मशहूर टीवी व फिल्म निर्माता एकता कपूर ने 36 साल की उम्र में अपने एग्स फ्रीज कराए थे और बाद में सरोगेसी के जरिए मां बनीं. टीवी और फिल्म ऐक्ट्रैस मोना सिंह ने 34 साल की उम्र में अपने एग्स फ्रीज करवा लिए थे. काजोल की बहन तनीषा ने 39 साल की उम्र में और रिचा चड्ढा ने भी शादी से पहले अपने एग्स सुरक्षित करवाए थे.

खर्च

किसी भी महिला के लिए ‘एग्स फ्रीज’ करवाना आसान नहीं है. यह काफी खर्चीला है. भारत के अच्छे और मान्यता प्राप्त आईवीएफ (IVF) सैंटर्स में एग रिट्रीवल (अंडे निकालने की प्रक्रिया) और शुरुआती मैडिकल टैस्ट का खर्च सवा लाख रुपए से 3 लाख रुपए के बीच आता है. इस के अलावा, इन एग्स को लिक्विड मानइस 196 डिग्री में सुरक्षित रखने के हर साल का स्टोरेज चार्ज (सालाना रेंट) देना होता है, जो लगभग 15,000 से 30,000 रुपए तक हो सकता है.

 भारत में एग फ्रीजिंग के नियम, कानून और समयसीमा

इसे महज संयोग कहें या कुछ और, पर 2021 में ही भारत सरकार ने ‘एग्स फ्रीज’ कराने यानी कि ‘असिस्टेड रीप्रोडक्टिव टैक्नोलौजी रैगुलेशन एक्ट 2021’ नामक नए कानून को अमली जामा पहनाया था. उसी वक्त कृति सैनन ने अपने एग्स फ्रीज करवाने का फैसला लिया था. सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि सरकार के नियम सामने आते ही कृति सैनन ने यह बोल्ड कदम उठाने का फैसला लिया था मगर वे इस का जिक्र करने से बची रहीं.

भारतीय कानून के मुताबिक, कोई भी महिला 21 वर्ष से ले कर 50 वर्ष की उम्र तक एग फ्रीजिंग करवा सकती है. हालांकि, डाक्टर्स की सलाह होती है कि 25 से 35 साल की उम्र के बीच एग्स की क्वालिटी सब से अच्छी होती है. भारतीय कानून के अनुसार, कोई भी फर्टिलिटी क्लिनिक या बैंक किसी महिला के एग्स को अधिकतम 10 वर्षों के लिए फ्रीज कर के रख सकता है. विशेष परिस्थितियों में मैडिकल बोर्ड की अनुमति से इस अवधि को बढ़ाया जा सकता है.

एक्सपर्ट्स और डाक्टर्स का कहना है कि एग फ्रीजिंग भविष्य में मां बनने की संभावनाओं को सुरक्षित रखने का एक बेहतरीन जरिया तो है लेकिन यह 100 प्रतिशत प्रैग्नैंसी की गारंटी नहीं है.

विज्ञान ने महिलाओं को यह अवसर जरूर दिया है कि यदि वे चाहें तो अपनी प्रजनन क्षमता को कुछ समय के लिए सुरक्षित रख सकती हैं. किसी सामाजिक दबाव के तहत उन्हें दबने की जरूरत नहीं है. Kriti Sanon

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...