Bollywood Celebrity Weddings: अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी के बाद कई तरह की बातें की जा रही हैं. बौलीवुड में एक से अधिक विवाह करना आम बात है. कई कलाकार तलाक ले कर अपनी राह बदल चुके हैं. ऐसे में आमिर खान के 5 जुलाई, 2026 को तीसरी शादी करने पर हैरानी नहीं होनी चाहिए. बौलीवुड में यह आम बात है.
अभिनेता कबीर बेदी ने 4 शादियां की हैं. कबीर बेदी ने पहली शादी 1969 में प्रोतिमा बेदी के साथ की थी, जिन्हें 5 साल में ही 1974 में तलाक दे दिया था. फिर 1980 में सुसान हम्फ्रीज के साथ दूसरी शादी की, जिन्हें 10 साल बाद 1990 में तलाक दे दिया. फिर तीसरी शादी 1992 में निक्की मूलगावकर से की और इन्हें 13 साल बाद 2005 में तलाक दे दिया और 2016 में चौथी शादी परवीन दुसांझ से की. कबीर बेदी ने चौथी शादी 70 साल की उम्र में की.
धर्मेंद्र ने 2 शादियां कीं. पहली शादी 1954 में प्रकाश कौर से की और प्रकाश कौर को तलाक दिए बिना ही 1980 में दूसरी शादी अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ की थी.
संजय दत्त ने 3 शादियां कीं. पहली शादी 1987 में रिचा शर्मा से की थी, जिन की कैंसर से 1996 में मृत्यु हो गई. संजय दत्त और रिचा की बेटी त्रिशाला है. संजय दत्त ने 1998 में दूसरी शादी रिया पिल्लई से की, जिन से उन का 2008 में तलाक हो गया. और तीसरी शादी 2008 में ही मान्यता दत्त से की. मान्यता दत्त से संजय दत्त के 2 जुड़वां बच्चे हैं.
राज बब्बर ने 2 शादियां कीं. पहली शादी 1975 में नादिरा जहीर बब्बर से और 1983 में दूसरी शादी अभिनेत्री स्मिता पाटिल से की थी. 1986 में एक बेटे प्रतीक बब्बर को जन्म देने के बाद स्मिता पाटिल की मृत्यु हो गई थी.
मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान ने पहली शादी 1964 में सलमा खान से की थी, जिन का असली नाम सुशीला चरक है. और दूसरा विवाह 1981 में अभिनेत्री हेलन से किया.
दक्षिण भारत के मशहूर कलाकार कमल हासन ने 1978 में पहली शादी वाणी गणपति से की थी. उस के बाद 1988 में वाणी गणपित को तलाक दे कर अभिनेत्री सारिका से दूसरी शादी की, जिन से उन की 2 बेटियां श्रुति हासन और अक्षरा हासन हैं. कमल हासन ने 2004 में सारिका से तलाक ले लिया था. 2005 से 2016 तक कमल हासन का रिश्ता अभिनेत्री गौतमी के संग रहा.
टीवी व फिल्म कलाकार करण सिंह ग्रोवर ने पहली शादी 2 दिसंबर, 2008 को श्रृद्धा निगम से की थी, जिन्हें 10 माह के अंदर तलाक दे कर 9 अप्रैल, 2012 को दूसरी शादी जेनिफर विंगेट से कर ली. जेनिफर विंगेट को 2014 में तलाक दे दिया. उस के बाद करण सिंह ग्रोवर ने तीसरी शादी 30 अप्रैल, 2016 को अभिनेत्री बिपाशा बसु के संग की.
गायक और अभिनेता अदनान सामी ने 1993 में पहली शादी जेबा बख्तियार से की थी, जिन्हें 1996 में तलाक दे दिया. अदनान और जेबा का बेटा अजान सामी खान है. फिर 2001 में दूसरी शादी दुबई मे रहने वाली अरब लड़की सबाह गलादरी से की जिन्हें 2003 में तलाक दे दिया. 2008 में सबाह वापस मुंबई आई और अदनान सामी ने तीसरी शादी 2008 में फिर से सबाह के साथ कर ली. लेकिन एक साल बाद 2009 में तलाक हो गया. उस के बाद 29 जनवरी, 2010 को अदनान चौथी बार दूल्हा बने. इस बार उन्होंने रोया फरीबी से शादी की. रोया फरीबी ने 10 मई, 2017 को अदनान की बेटी मेदिना सामी को जन्म दिया.
अभिनेत्री नीलम कोठारी ने पहली शादी 2000 में रिषि सेठिया संग की. पांच साल बाद 2005 में दोनों का तलाक हो गया. फिर नीलम कोठारी ने 2011 में दूसरी शादी अभिनेता समीर सोनी से की.
अभिनेता अनूप सोनी का पहला विवाह रितु सोनी से 1999 में हुआ था, जिन्हें 11 साल बाद 2010 में तलाक दे दिया और फिर 2011 में जूही बब्बर के साथ दूसरा विवाह कर लिया. जूही बब्बर ने इस से पहले 2007 में पहली शादी फिल्म निर्देशक बिजय नांबियार के संग की थी, जिन से उन्होंने 2 साल बाद ही 2009 में तलाक ले लिया था और फिर 2011 में अनूप सोनी से दूसरा विवाह किया था.
सैफ अली खान ने पहली शादी 1991 में अभिनेत्री अमृता सिंह से की थी. 12 साल बाद दोनों का तलाक हो गया. सैफ और अमृता सिंह का एक बेटा इब्राहिम अली और एक बेटी सारा अली खान हैं. सैफ अली खान ने 2012 में अभिनेत्री करीना कपूर से दूसरी शादी की. इन दोनों के 2 बच्चे हैं.
निर्माता आदित्य चोपड़ा ने 2001 में पायल खन्ना से पहला विवाह किया, जिन्हें 2009 में तलाक दे दिया. फिर 2014 में दूसरी शादी अभिनेत्री रानी मुखर्जी से की, जिन से उन की एक बेटी है.
फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने 1997 में पहला विवाह मशहूर फिल्म एडिटर आरती बजाज के संग किया था, जिन्हें 2009 में तलाक दे कर 2011 में अभिनेत्री कलकी कोचलीन से दूसरा विवाह किया और इन का 2015 में तलाक हो गया.
गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने पहली शादी हनी ईरानी से की थी, जिन से उन का बेटा फरहान अख्तर और बेटी जोया अख्तर हैं. हनी ईरानी को 1985 में तलाक दे दिया, लेकिन 1984 में उन्होंने दूसरी शादी शबाना आजमी के साथ कर ली थी.
फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने पहली शादी 1983 में मोना शोरी के साथ की थी, जिन से बेटी अंशुला कपूर और बेटा अर्जुन कपूर हैं. 1996 में मोना शोरी को तलाक दे कर 1996 में ही दूसरी शादी अभिनेत्री श्रीदेवी से की थी, जिन से 2 बेटी खुशी कपूर और जान्हवी कपूर हैं.
गायक व अभिनेता किशोर कुमार ने 4 शादियां की थीं. पहली शादी अभिनेत्री व गायक रूमा घोष से 1952 में हुई थी, जिन से उन का बेटा अमित कुमार है. 1958 में रूमा घोष को तलाक दे दिया. रूमा घोष ने 1960 में कोलकाता में अरूप गुहा ठाकुराता से दूसरा विवाह कर लिया था और 2004 में उन की मौत हो गई. फिर किशोर कुमार ने 1960 में अभिनेत्री मधुबाला से दूसरा विवाह किया. 1969 में मधुबाला का बीमारी से निधन हो गया. तब किशोर कुमार ने तीसरा विवाह 1976 में अभिनेत्री योगिता बाली से किया मगर 2 साल बाद 1978 में दोनों का तलाक हो गया. 1979 में योगिता बाली ने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से दूसरा विवाह का लिया था. जबकि, किशोर कुमार ने चौथा विवाह लीना चंद्रावरकर से किया था.
अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने 1979 में पहला विवाह अभिनेत्री हेलेना लुक के साथ किया था, मगर कुछ माह बाद ही दोनों का तलाक हो गया था. उस के बाद 1979 में ही मिथुन चक्रवर्ती ने दूसरा विवाह योगिता बाली से कर लिया था.
भजन सम्राट के रूप में मशहूर गायक व अभिनेता अनूप जलोटा ने पहला विवाह सोनाली सेठ से किया था, जिन्हें उन्होंने 1984 में तलाक दे दिया था. कहा जाता है कि सोनाली ने अनूप जलोटा को धोखा दे कर तबलावादक व गायक रूप कुमार राठौड़ से विवाह कर लिया था, इसलिए अनूप ने तलाक दिया था. दूसरा विवाह बीना भाटिया से किया था, इन्हें तलाक दे कर तीसरा विवाह 1994 में मेधा गुजराल से किया था, जिन का 25 नवंबर, 2014 को न्यूयौर्क, अमेरिका में बीमारी से निधन हो गया. इन का बेटा आर्यमान जलोटा है.
विनोद खन्ना ने भी 2 शादियां की थीं. उन का पहला विवाह 1971 में गीतांजलि से हुआ था, जिन से उन के 2 बेटे अक्षय खन्ना और राहुल खन्ना है. पर गीतांजलि को विनोद खन्ना ने 1985 में तलाक दे दिया था. उस के बाद विनोद खन्ना ने दूसरा विवाह 1990 में बीना दफ्तरी से किया था.
अभिनेता संजय मिश्रा की पहली शादी 1991 में रोशनी अचरेजा के साथ हुई थी. इन्हें तलाक दे कर संजय मिश्रा ने 2009 में किरण मिश्रा से दूसरा विवाह किया.
अभिनेत्री नीलिमा अजीज ने 3 शादियां कीं. पहली शादी अभिनेता पंकज कपूर से 1979 की थी, जिन से उन के बेटे शाहिद कपूर हैं. नीलिमा ने पंकज कपूर से 1984 में तलाक ले कर 1990 में राजेश खट्टर से दूसरा विवाह किया, जिन से उन के बेटे ईशान खट्टर हैं. 2001 में राजेश खट्टर से अलगाव हो गया. उस के बाद नीलिमा अजीज ने अपने बचपन के दोस्त उस्ताद रजा अली खान से तीसरी शादी कर ली. पर 2009 में उन्हें भी तलाक दे दिया.
पंकज कपूर का पहला विवाह 1979 में नीलिमा अजीम से हुआ था, तलाक के बाद उन्होंने अभिनेत्री सुप्रिया पाठक के संग दूसरा विवाह कर लिया.
निर्मातानिर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने भी 3 शादियां कीं. पहली शादी 1976 में फिल्म एडिटर रेणु सलूजा से की थी, जिन से 1983 में तलाक हो गया था. रेणु सलूजा ने 1988 में फिल्मकार सुधीर मिश्रा से दूसरा विवाह कर लिया था, पर 2000 में रेणु सलूजा की मौत हो गई. इधर रेणु सलूजा से अलगाव के बाद विधु विनोद चोपड़ा ने 1985 में दूसरी शादी शबनम सुखदेव से की थी. 4 साल बाद तलाक हो गया. तब 1990 में तीसरी शादी पत्रकार अनुपमा से की.
फिल्म निर्देशक सुधीर मिश्रा के नाना द्वारका प्रसाद मिश्रा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे. सुधीर मिश्रा ने पहला विवाह अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी से किया था, पर यह शादी ज्यादा समय तक नहीं चली. सुधीर मिश्रा से अलगाव के बाद सुष्मिता मुखर्जी ने अभिनेता राजा बुंदेला से विवाह कर लिया. जबकि सुधीर मिश्रा ने 1988 में रेणु सलूजा से दूसरा विवाह किया था और 2000 मे रेणु सलूजा का निधन हो गया था.
फिल्म निर्माता सिद्धार्थ रौय कपूर ने पहली शादी बचपन की दोस्त आरती बजाज से की थी. दूसरी शादी टीवी निर्माता कविता से की थी. तीसरा विवाह अभिनेत्री विद्या बालन से किया.
दिलीप कुमार ने भी 2 शादियां की थीं. पहली शादी 44 साल की उम्र में अपनी उम्र से 22 साल छोटी अभिनेत्री सायरा बानो के साथ 11 अक्टूबर, 1966 को की थी. फिर 1980 में दिलीप कुमार ने आस्मा से दूसरा विवाह कर लिया था. लेकिन एक साल बाद ही आस्मा को तलाक दे कर वे सायरा बानो के पास लौट आए थे.
अभिनेत्री रेणुका शहाणे का पहला विवाह रंगकर्मी विजय केंकरे के साथ हुआ था, जिन से जल्द तलाक हो गया. उस के बाद 2001 में रेणुका शहाणे ने अभिनेता आाशुतोष राणा से विवाह कर लिया था.
यही नहीं, बौलीवुड में कई कलाकार ऐसे हैं जोकि अपनेअपने परिवार वालों की पसंद की लड़की से विवाह करने के बाद मुंबई आ कर बौलीवुड से जुड़ने के बाद यहां पर दूसरा विवाह रचा लिया.
जब बौलीवुड में बहुविवाह करने की परंपरा ही बन गई हो तो भला कौन किस पर उंगली उठाएगा. Bollywood Celebrity Weddings





