Interesting Facts: चीन का कांच पुल चीन में कई ऐसे पुल हैं जिन का फर्श कांच का बना होता है. इन पुलों पर चलते समय नीचे गहरी खाई साफ दिखाई देती है. कई लोग डर के कारण धीरेधीरे कदम रखते हैं. इन पुलों को बहुत मजबूत कांच से बनाया जाता है. पर्यटक वहां रोमांच का अनुभव लेने जाते हैं.  यह आधुनिक इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण है.

उड़ते हुए लाल केकड़े

आस्ट्रेलिया के एक द्वीप पर हर साल लाखों लाल केकड़े एकसाथ समुद्र की ओर निकल पड़ते हैं. पूरा रास्ता लाल रंग से भर जाता है. कई सड़कों को इस दौरान बंद करना पड़ता है. लोग इस दृश्य को देखने के लिए दूरदूर से आते हैं. यह यात्रा उन के जीवन चक्र का हिस्सा होती है. प्रकृति का यह नज़ारा बेहद विचित्र और आकर्षक माना जाता है.

संगीत बजाती सड़क

जापान में कुछ ऐसी सड़कें बनाई गई हैं जिन पर गाड़ी चलाने से संगीत जैसी ध्वनि सुनाई देती है. सड़क पर बने विशेष कटाव टायरों के कंपन से सुर पैदा करते हैं. हर सड़क अलग धुन सुनाती है. यदि गाड़ी सही गति से चलाई जाए तो संगीत साफ सुनाई देता है. यह तकनीक और कला का अनोखा मेल माना जाता है. लोग केवल इस अनुभव के लिए वहां ड्राइव करने जाते हैं.

जापान का कैप्सूल होटल

जापान में ऐसे होटल बहुत प्रसिद्ध हैं जिन्हें ‘कैप्सूल होटल’ कहा जाता है. इन होटलों में बड़े कमरों की जगह छोटेछोटे बौक्स जैसे केबिन बने होते हैं. एक व्यक्ति बस उस में लेट सकता है, इसलिए इसे कैप्सूल कहा जाता है. इन के अंदर लाइट, मोबाइल चार्जिंग और एयर सिस्टम जैसी सुविधाएं भी होती हैं. जापान में जगह की कमी और तेज़ जीवनशैली के कारण यह व्यवस्था लोकप्रिय हुई. दुनियाभर के पर्यटक भी इसे एक अनोखे अनुभव के रूप में देखते हैं.

दुनिया का सब से शांत कमरा

दुनिया का यह सब से शांत कमरा अमेरिका के रेडमौंड माइक्रोसौफ्ट के कैंपस में मौजूद है. इसे ‘एनेकोइक चैंबर’ कहा जाता है. यह कमरा इतना शांत है कि यहां इंसान को अपनी हार्टबीट, सांसों की आवाज़ और यहां तक कि खून के बहने की आवाज़ भी सुनाई देने लगती है. कहा जाता है कि जो लोग सुकून और शांति की तलाश करते हैं, वे भी इस कमरे में ज्यादा देर नहीं टिक पाते. पूरी खामोशी इंसान के दिमाग को असहज महसूस कराने लगती है और कई लोगों को कुछ मिनटों बाद चक्कर या बेचैनी होने लगती है.

नीदरलैंड का नाव वाला गांव

नीदरलैंड में एक ऐसा गांव है जहां सड़कें बहुत कम हैं और नहरें अधिक हैं. लोग कारों की जगह नावों से यात्रा करते हैं. घर पानी के किनारे बने हुए हैं.्र वहां का वातावरण बेहद शांत और सुंदर माना जाता है. दूरदूर से पर्यटक इस गांव को देखने आते हैं. यह जगह किसी सपनों की दुनिया जैसी लगती है.

तैरता डाकघर

डल लेक पर तैरता हुआ दुनिया का इकलौता फ्लोटिंग पोस्ट औफ़िस सिर्फ एक डाकघर नहीं, बल्कि कश्मीर की विरासत और इतिहास की अनोखी पहचान है. यह खास पोस्ट औफिस साल 1953 में शुरू किया गया था और आज भी झील के शांत पानी पर तैरते हुए लोगों तक चिट्ठियां, पोस्टकार्ड्स और यादें पहुंचा रहा है.

लकड़ी से बने इस खूबसूरत हाउसबोट स्टाइल डाकघर को देख कर ऐसा लगता है जैसे कश्मीर की पुरानी संस्कृति पानी पर जिंदा हो. यहां आने वाले पर्यटक सिर्फ डाक भेजने नहीं आते, बल्कि इस जगह की तसवीरें लेने और इस की कहानी जानने के लिए भी पहुंचते हैं.  – प्रतिनिधि l

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...