Smartphone Addiction: आज के डिजिटल युग में हमारा अधिकांश समय स्मार्टफोन, लैपटौप और अन्य तकनीकी उपकरणों के साथ गुजरता है. स्मार्टफोन पर रातदिन हर पल आते नोटिफिकेशन जहां हम को अपडेट रखते हैं वही हमारे ध्यान को भटकाने का भी काम करते हैं, इसलिए इन से दूरी बनाना आवश्यक है ताकि जो भी काम आप कर रहे हों वह पूरा हो सके.

ये अनावश्यक अलर्ट्स व इन्फौर्मेशन कई बार नैगेटिविटी से दिमाग को भर देते हैं जोकि हमारी काम करने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं क्योंकि ये हमारी एकाग्रता को भंग करते हैं, किसी भी काम के ऊपर केंद्रित होने ही नहीं देते. ऐसे में हम को इस के ऊपर ध्यान देने की जरूरत है ताकि हम बारबार आते सोशल मीडिया न्यूज, ईमेल, न्यूज ऐप्स, चैट, गेम्स और दर्जनों अन्य ऐप्स से आते अलर्ट नोटिफिकेशन से बचे रहें. ये नोटिफिकेशन चाहे छोटे हों लेकिन ये हमारे ध्यान, मानसिक स्वास्थ्य और उत्पादकता पर गहरा असर डालते हैं.

जैसे आप किसी जरूरी काम में पूरी तरह डूबे हैं, पढ़ाई कर रहे हैं या किसी मीटिंग में हैं या कोई रिपोर्ट लिख रहे हैं, तभी मोबाइल की स्क्रीन चमकती है, एक ‘टिंग’ की आवाज आती है और ध्यान वहीं खिंच जाता है कि क्या और किस का मैसेज या नोटिफिकेशन आया? बिना देखे मन नहीं मानता और फिर देखने के लिए एक बार फोन उठाया तो व्हाट्सऐप से इंस्टाग्राम, फेसबुक फिर यूट्यूब की सैर करने लगते हैं और 10-15 मिनट बाद आप भूल जाते हैं कि असल में क्या कर रहे थे और फिर दोबारा उसी काम पर ध्यान केंद्रित करने में थोड़ा समय लगता है.

मानसिक स्वास्थ्य पर असर :नोटिफिकेशन हमारी डोपामिन प्रणाली को सक्रिय करते हैं. यह वही रसायन है जो हमें पुरस्कार मिलने पर खुशी देता है. हर लाइक, कमैंट, या मैसेज एक छोटा इनाम होता है, जिस से हम बारबार फोन चैक करने के आदी हो जाते हैं. यह प्रक्रिया धीरेधीरे अधीरता, बेचैनी और मानसिक थकान को जन्म देती है.

रचनात्मकता में कमी : गहराई से सोचने में बाधा आती है, बारबार ध्यान भटकने से हम गहरी सोच और रचनात्मकता की स्थिति में नहीं पहुंच पाते.

फोकस में कमी : हम हर समय सतही ध्यान देते हैं पर किसी चीज में पूरी तरह फोकस या अटैंशन नहीं दे पाते.

कोई भी काम पूरा नहीं होता : बारबार रुकावट के कारण कार्य अधूरे रह जाते हैं. कोई भी काम पूरा नहीं होता. हर काम अधूरा छूटता जाता है और फिर काम पूरा न होने का तनाव बढ़ने लगता है तो हम उन्हें टालने लगते हैं. इस से आत्मविश्वास में कमी आती है.

दूरी के लिए अपनाएं ये कदम

1. नोटिफिकेशन अलर्ट को साइलैंट मोड पर रखें.

2. कुछ समय मोबाइल से दूरी बनाएं. इस के लिए डिजिटल डिटौक्स करें. हर दिन कुछ घंटे बिना स्क्रीन के बिताएं.

3. काम करते समय मोबाइल से दूरी बनाएं क्योंकि कई बार आवश्यकता न होने पर भी हम हर 10-15 मिनट में अपने मोबाइल को चैक करने लग जाते हैं. हर बार फोन उठाते समय खुद से पूछें, क्या यह जरूरी है?

4. ऐसी ऐप्स जो अलर्ट मैसेजेस भेजती हैं उन को अनइंस्टौल कर दें ताकि अपने काम पर फोकस कर सकें.

5. नोटिफिकेशन सीमित करें, केवल जरूरी ऐप्स के नोटिफिकेशन चालू रखें, बाकी को बंद करना बेहतर है.

6. फोकस मोड या डू नौट डिस्टर्ब मोड को औन करें, काम करते समय यह फीचर बेहद उपयोगी है. Smartphone Addiction

 

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...