Editorial :

एक नेता कैसे अपने देश की जनता से मित्र देशों को दुश्मन मनवा सकता है, इस का ‘महान’ उदाहरण अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप हैं. ‘द इकोनौमिस्ट’ पत्रिका के लिए किए गए गूगल के सर्वे से पता चला है कि अमेरिका में जहां वर्ष 2016 तक मुश्किल से 2-3 प्रतिशत लोग कनाडा को एनिमी या दुश्मन मानते थे, ट्रंप के शासन में आने के बाद उन की गिनती बढ़ने लगी है. ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के 25 परसैंट लोग कनाडा को अब अनफ्रैंडली या एनिमी मानते हैं.

इसी तरह यूरोप को अब 30 परसैंट रिपब्लिकन वोटर और 4 परसैंट डैमोक्रेट वोटर अपना यानी अमेरिका का मित्र नहीं मानते. यह बदलाव डोनाल्ड ट्रंप और उन के मागा (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) के निरंतर प्रचार का नतीजा है. वर्ष 1948 से पहले पूरा यूरोप अमेरिका को अभिन्न मित्र मानता था क्योंकि वहां यूरोप के विभिन्न देशों से गए लोगों ने ही मिलजुल कर अमेरिका को अमेरिका बनाया व बसाया था.

वर्ष 1940-1945 के विश्व युद्ध में जरमनी से फ्रांस व ब्रिटेन के साथ अमेरिकी कंधे से कंधे मिला कर लड़े थे और उस के बाद उन्होंने यूरोप के पुनर्निर्माण में पूरा सहयोग भी दिया था.

आज यूरोपीय, कनाडाई और बहुत से अन्य उदार व संपन्न देश अमेरिका को मित्र मानने से इनकार कर रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप और मागा की सोच ने अमेरिकियों के मन में कनाडा और यूरोप के प्रति इस कदर जहर भर दिया है कि अब दोनों को एक मेज पर बैठना मुश्किल हो गया है. यूरोप में बसे कट्टरपंथी अमेरिकी और अमेरिका में बसे कनाडाई व यूरोपीय धीरेधीरे अपने देशों में जा रहे हैं. यह बदलाव समाज पर मागा व ट्रंप का थोपा गया है.

अब दोनों तरफ विश्वास की कमी होने लगी है. और यह परिवर्तन स्थायी लगता है. यह केवल ट्रंप के राष्ट्रपति काल तक रहेगा, ऐसा कोई संकेत नहीं मिल रहा. यूरोप के लोग इस साल अब फुटबौल वर्ल्ड कप में जाना टाल रहे हैं जो अमेरिका में होने वाला है. यूरोपीय फुटबौल के खास शौकीन हैं, उन्हें लगता है कि गोरी स्किन और यूरोपीय पासपोर्ट के होने बावजूद अमेरिकी अफसर उन से ढंग से बात नहीं करेंगे.

ऐसा ही कुछ भारत और बंगलादेश में हुआ है. भारत में बंगलादेशी घुसपैठियों को ले कर 10 सालों के दौरान इतना शोर मचाया गया है कि आज आम बंगलादेशी भारत को 1971 में पश्चिमी पाकिस्तानी सेना से बचाने वाला उदारक मानने से इनकार कर रहा है. पश्चिमी पाकिस्तान से तो हमारा बैर 1947 में ही शुरू हो गया था. यहां भी एक गुट ने 2 लोगों, जो सदियों साथ रहे, साथ खाएपिए, साथ लड़े, साथ दुश्मनों से पिटे, को अब एकदूसरे का दुश्मन बना दिया है.

Editorial

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...