संसद का सत्र हो और कुछ चटपटा न हो, क्या ऐसा हो सकता है…? संसद के शीतकालीन सत्र में तय था कि इस बार एसआईआर और दिल्ली लाल किले धमाके का मुद्दा केंद्र में रहेगा, मगर बाजी मार ली कुत्ते ने. जी हां, कुत्ते ने… आखिर क्या है संसद में कुत्ते का मामला? दरअसल हुआ यूं कि सोमवार को सत्र के पहले दिन कांग्रेस राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी एक कुत्ते को ले कर पहुंची. फिर क्या था, कुत्ते के साथ उनके संसद परिसर में आने पर बवाल मच गया. इस पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल भड़क गए और संसद में कुत्ता लाने पर रेणुका पर कार्यवाही करने की बात कह डाली. प्रतिक्रिया में रेणुका ने कहा, ‘कौन सा प्रोटोकोल? कहीं कोई कानून बना है क्या..? उन्होंने बताया, जब वो संसद आ रही थीं, तो रास्ते में एक छोटा पिल्ला दिखा, जो एक स्कूटर और कार की टक्कर के बाद सड़क पर घूम रहा था. वो किसी गाड़ी के पहिए के नीचे न आ जाए इसलिए उन्होंने उसे उठा कर गाड़ी में रख लिया और संसद ले आईं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि, “कुत्ता घर चला गया है, असली डसने और काटने वाले तो संसद में बैठे हैं.”





