Dancing Girls: एक तरफ सोशल मीडिया पर खुद को क्रिएटर बोलने वाले गांव की गलियों में, शहरों की सड़कों पर और मैट्रो में डांस के नाम पर सिर्फ मेंढ़क की तरह उछल रहे हैं, वहीं कुछ ऐसे भी जो असल में डांस को समझते भी हैं और करते भी. डांस की ऐसी ही अच्छी समझ और कला को दिखाता है लड़कियों का एक डांस ग्रुप. इंस्टाग्राम अकाउंट @gmgjddance पर लड़कियों का यह ग्रुप अपनी डांस रील्स पर 112 मिलियन, 101 मिलियन व्यूज पाता है. इन्हें अपने बेहतरीन डांस पर मिलियन लाइक्स और हजारों कमैंट्स तो मिलते ही हैं, साथ ही, इन के 1.5 मिलियन फौलोअर्स भी हैं. वे इन की प्रशंसा करते कहते हैं, “न चेहरे पर मेकअप, न पैर में महंगे जूते मगर इन के स्टैप्स में जादू है,” “ब्यूटीफुल कोरियोग्राफी,” “सोशल मीडिया पर कुछ लोग है जिन्हें असली डांस आता है.” इन्हीं के बीच कई बौलीवुड सैलिब्रिटीज ने भी इन की तारीफ की है. इतना ही नहीं, ये कई डांस शोज में अपनी कला का प्रदर्शन भी कर चुके हैं. GMG JD गर्ल्स की ये लड़कियां उन लड़कियों से बहुत आगे और काबिल हैं जो सोशल मीडिया पर डांस के नाम पर सिर्फ अपना अधनंगा बदन दिखा रही हैं, मैट्रो में बंदर की तरह झूल रही है तो कभी सड़कों पर लोट रही हैं.
अंकल का बेहूदा नाच
एक समय था जब लड़कियों ने पैंटशर्ट पहनना शुरू किया था तो समाज में ऊंचेनीचे संस्कारों व आचरण के तानों और अपमानों की लहर चल पड़ी थी. लेकिन आज जब पुरुष महिलाओं के वस्त्र, नहीं बेढंगे वस्त्र पहन कर समाज के बीच नाचते फिर रहे हैं तो उन्हें अपमान नहीं, मिलियन व्यूज और हजारों लाइक्स मिल रहे हैं. जैसे इंस्टाग्राम अकाउंट @biswajitdasbarsha के क्रिएटर बलाई राय को मिल रहे है. वह यहां बेढंगे कपड़े पहने बेढंगा नाच और सड़ी हुई ऐक्टिंग पेश कर रहा है और जिस जिस पर लोग 1 मिलियन, 2 मिलियन व्यूज, हजारों लाइक दे व हजारों कमैंट्स से उसे नवाज रहे हैं, जैसे ‘बहुत खूब दादा,’ ‘बहुत अच्छी वीडियो बनाई,’ ‘खूबसूरत.’ वहीं, कुछ चुटकी लेते कहते हैं, ‘अंकल, पेट कम करो,’ ‘7 महीने के प्रैग्नैंट अंकल,’ ‘इंस्टाग्राम पर कोई गाइडलाइन्स है या नहीं,’ ‘अब इन की क्या मजबूरी थी.’ मगर फिर भी सपोर्ट में लिखे कमैंट्स और लाइक्स को देख कर तो यही लगता है कि क्रिएटर तो सिरफिरा है ही, साथ ही, उस की तारीफ करने वाले भी समझ से कोसों दूर है.
क्रेजी शिवम की क्रैक कौमेडी
1.46 लाख फौलोअर्स और मिलियन लाइक्स हों रील्स पर, तो कोई भी सोचेगा कि क्रिएटर का कंटैंट अच्छा होगा. मगर जब कंटैंट देखें तो पता चलता है कि यह सिर्फ खोखली कौमेडी है और कुछ नहीं. शिवम का इंस्टाग्राम अकाउंट @crazyshivamjx हजारों फौलोअर्स और मिलियन लाइक्स तो लिए हैं लेकिन हंसी 10 सैकंड की भी नहीं. कौमेडी कंटैंट के नाम पर रील्स में सिर्फ शिवम की बेढंगी चाल, बेहाल स्क्रिप्ट और जीरो हंसी है. फिर भी कमैंट्स में लोग कहते हैं, ‘बेस्ट कौमेडियन,’ ‘भाई की एक आंख और एक टांग चलती रहती है,’ ‘बिग फैन,’ ‘भाई मजा आता है वीडियो देख के.’ मजा, लेकिन क्यों, क्योंकि रील्स में ढंग की कौमेडी या ऐक्टिंग तो है नहीं. हां, अगर इस बात पर मजा आता है कि एक क्रिएटर दिन के घंटों लगा कर भी 30 सैकंड का फनी वीडियो भी नहीं बना सकता तो यह बात हंसने लायक तो है और एक दिन यह हंसी उस क्रिएटर का भविष्य भी हंसी में उड़ा ले जाएगी. Dancing Girls





