Germany Robot Harassment News: लड़कों द्वारा लड़कियों को छेड़ने और गलत तरीके से टच करने की घटिया हरकतें पूरी दुनिया में होती हैं. कई लड़के सैक्सुअल हैरेसमैंट के केस में पकड़े जाते हैं और उन्हें सजा भी मिलती है. लेकिन क्या हो अगर इस तरह की छेड़छाड़ कोई लड़का नहीं, बल्कि एक रोबो करे? जरमनी में एक ऐसा ही चौँकाने वाला मामला सामने आया है जिस में एक रोबो पर सैक्सुअल हैरेसमैंट का आरोप लगा है.

जरमनी के कोलोन शहर में एक रात 11.45 बजे एक 16 साल की लड़की अपने 2 दोस्तों के साथ बर्गर रैस्टोरैंट के बाहर खड़ी थी, तभी 120 सैंटीमीटर लंबा, लाल व सुनहरे रंग का एक ह्यूमनौइड रोबोट उस के पीछे से आया, उस के हिप्स को टच किया और उस की तरफ थ्रस्टिंग मोशन करने लगा. हालांकि यह रोबोट अकेला नहीं था. उस के साथ उस का 16 साल का मालिक और उस का 19 साल का दोस्त भी थे. उन दोनों ने इस पूरी घटना को टिकटौक पर लाइव स्ट्रीम किया, कमैंट्री की और हंसते रहे.

इस बीच, लड़की ने तुरंत पुलिस को बुलाया. पुलिस ने पास की गली में एक वौक्सवैगन कार की डिक्की में छिपा हुआ वह रोबोट बरामद किया, साथ ही, दोनों लड़कों के मोबाइल फोन जब्त किए.

पुलिस ने फेसबुक पर रोबोट की फोटो डाली- सफेद बनियान, काले पजामे, गले में नकली सोने की चेन, आंख पर चश्मा और नकली मूंछ लगाए हुए. यह चीनी कंपनी यूनीट्री का आर वन एयर मौडल का रोबो है जिस की कीमत जरमनी में करीब 5,000 यूरो है. कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफ बर्मेल ने कहा, “यह हमारे लिए बिलकुल नया फेनोमेना है. हम ने ऐसा कभी नहीं देखा. यह हमारे लिए नई टेरिटरी है. दोनों लड़कों को अभी चार्ज नहीं किया गया है पर सैक्सुअल हैरेसमैंट के शक में जांच चल रही है. पुलिस यह जांच रही है कि रोबोट पहले से प्रोग्राम किया गया था या रिमोट से कंट्रोल किया जा रहा था.”

सवाल यह है कि क्या रोबोट ने हैरेसमैंट किया? नहीं. रोबोट ने नहीं, 2 मर्दों ने रोबोट के जरिए हैरेसमैंट किया. रोबोट एक हथियार है, जैसे लाठी, जैसे कार. अगर कोई कार से किसी को टक्कर मार दे तो क्या कार आरोपी है? नहीं, ड्राइवर आरोपी है. यहां भी असली आरोपी वे 16 और 19 साल के लड़के हैं जिन्होंने एक मशीन को औरत को छेड़ने के लिए इस्तेमाल किया.

हालांकि, यह कोई नई घटना नहीं है. 2024 में सऊदी अरब में एक टैक कौन्फ्रैंस में मुहम्मद नाम के रोबोट ने एक महिला टीवी रिपोर्टर को गलत तरीके से टच किया था, तब रोबो कंपनी ने कहा था, गड़बड़ी हो गई. इसी तरह अमेरिका में कई बार एआई चैटबोट्स ने महिलाओं से सैक्सुअल बातें की हैं.

दोनों लड़कों ने इसे लाइव किया. मतलब हैरेसमैंट अब प्राइवेट क्राइम नहीं रहा, यह कंटैंट बन गया है. लड़की की इज्जत का तमाशा बना कर व्यूज कमाने की टेंडैंसी पूरी दुनिया में बढ़ रही है. क्या कोई भी आदमी रिमोट से रोबोट को औरत को छेड़ने के लिए भेज सकता है? अगर हां, तो कंपनी भी जिम्मेदार है. जैसे कार में ब्रेक होना जरूरी है, वैसे ही रोबोट में भी ऐसी कोडिंग होनी चाहिए कि वह किसी इंसान के प्राइवेट पार्ट को टच न कर सके और थ्रस्टिंग जैसे जेस्चर न कर सके.

जरमनी के कानून के मुताबिक, सैक्सुअल असौल्ट के लिए सीधा शारीरिक संपर्क जरूरी है, मशीन के जरिए किया गया कृत्य असौल्ट नहीं माना जाता. सो, पुलिस इसे सैक्सुअल हैरेसमैंट मान रही है, जिस में 2 साल तक की सजा या जुर्माना हो सकता है, लेकिन यह सिर्फ कानून का लूपहोल है. लड़की के लिए फर्क क्या है कि हाथ मर्द का था या मर्द द्वारा कंट्रोल किए गए रोबोट का? डर, शर्म, गुस्सा तो वही है.

सच यह है कि कोई भी नई तकनीक जब भी आती है, मर्द सब से पहले उसे औरत को कंट्रोल करने और छेड़ने के लिए इस्तेमाल करता है. इंटरनैट आया तो पोर्न आया, कैमरा आया तो छिपा कैमरा आया. अब रोबोट आया तो रोबोट से छेड़छाड़ शुरू. Germany Robot Harassment News

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...