Mary Kom Divorce Controversy: ऐसे मुकदमे अपवाद स्वरूप ही दायर होते हैं जैसा कि अपने दौर की कामयाब और मशहूर बाक्सर मेरीकाम पर उनके पति करोंग ओंखोलर ने किया है. बीती 6 अक्तूबर को दिल्ली की साकेत कोर्ट में दायर आपराधिक मानहानि के इस मुकदमे में करोंग ने मेरीकाम पर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने एक टीवी शो में जो कुछ भी उनके बारे में कहा उससे उनकी मानहानि हुई है. यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत दायर किया गया है.
बाक्सिंग में ओलम्पिक कांस्य विजेता मेरीकाम की शोहरत किसी सबूत की मोहताज नहीं. उनके नाम मुक्केबाजी की छह बार की इकलौती महिला विश्वविजेता होने के अलावा कई और रिकार्ड व ख़िताब दर्ज हैं, जिनके चलते उन्हें आयरन लेडी भी कहा जाता है. मणिपुर के एक मामूली किसान परिवार में जन्मी मेरीकाम के संघर्ष की कहानी पर ओमंग कुमार द्वारा निर्देशित एक फिल्म भी साल 2014 में मेरीकाम प्रदर्शित हो चुकी हैं. जिसमे अभिनेत्री प्रियंका चौपडा ने मेरीकाम का चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया था.
कैसे इन दो खिलाड़ियों की शादी तलाक में तब्दील हुई और अब क्यों मानहानि के मुकदमे की नौबत आई उससे पहले इन दोनों की लव स्टोरी पर नजर डालें तो वह एकदम फ़िल्मी ही नजर आती है. बात साल 2000 की है जब मेरीकाम ट्रेन से बेंगलुरु जा रहीं थीं. तब उनकी पहली मुलाकात करोंग से हुई थी. ट्रेन में मेरीकाम का सामान चोरी हो गया था तो करोंग ने उनकी मदद की थी. करोंग खुद भी फुटबाल के खिलाडी हैं जो कांट्रेक्ट पर खेलते थे. जानपहचान दोस्ती में बदली और दोस्ती प्यार में तो दोनों ने साल 2005 में शादी कर ली. शादी के बाद यह कपल फरीदाबाद शिफ्ट हो गया.
जैसा कि अमूमन होता है लव मेरिज के बाद के कुछ साल हंसी ख़ुशी गुजरे. मेरीकाम ने साल 2007 में जुड़वाँ बेटों को जन्म दिया तो यह फेमिली परफेक्ट हो गई. दोनों की इच्छा एक बेटी की भी थी जो पूरी नहीं हुई तो उन्होंने 2018 में एक बच्ची को गोद ले लिया जिसका नाम उन्होंने प्यार से मेरिलिन रखा. जाहिर है इस वक्त तक सब कुछ ठीकठाक चल रहा था.
इसके कुछ साल बाद ही दोनों में मतभेद होने लगे तो उन्होंने 2023 में स्थानीय परम्पराओं के तहत तलाक ले लिया. यह कतई हर्ज की बात नहीं कि पति पत्नी में मतभेद होने लगें तो रोज रोज की कलह और घुटन से बचने वे तलाक का रास्ता चुने. लेकिन यह बात जरुर चिंता की है कि तलाक के बाद भी दोनों या दोनों में से कोई एक इस घुटन से मुक्त न हो पाए तो क्या करे.
क्या एक्स की सार्वजनिक रूप से बुराई और आरोप इस घुटन से आजादी दिला सकते हैं. इस सवाल का जबाब तो शायद मनोवैज्ञानिक भी न दे पाएं कि घुटन से मुक्ति के बदले भी अगर घुटन ही मिले तो फिर तलाक का फायदा और माने क्या. मेरीकाम और करोंग के मामले के मद्देनजर देखें तो फसाद की जड पैसा नजर आती है जो मुंबई से प्रकाशित त्रेमासिक पत्रिका 1 फाइनेंस के अक्तूबर 2025 में प्रकाशित इस सर्वे की पुष्टि ही करती है कि भारत में कोई 43 फीसदी तलाक सीधे तौर पर फाइनेंशियल स्ट्रेस यानी पैसों के विवाद के चलते होते हैं.
टियर – और 1 टियर – 2 शहरों में किए इस सर्वे में 67 फीसदी कपल्स ने यह माना था कि उनके बीच हर 15 दिन में कम से कम एक बार पैसों को लेकर गंभीर विवाद यानी कलह होती है. मेरीकाम ने इसी साल जनबरी में एक टीवी शो में जो आरोप करोंग पर लगाए थे वे मुख्यत पैसों को लेकर ही थे. बकौल मेरीकाम-
1 – करोंग शादी के वक्त बेरोजगार थे.
2 – मुझे बिना बताए उन्होंने मेरे बेंक खातों से करोड़ों रु निकालकर कर उन्हें खाली कर दिया.
3 – करोंग ने कुछ संपत्तियां अपने नाम ट्रांसफर करा ली.
4 – मेरी कमाई से खरीदी गई जमीनों और संपत्तियों पर कर्ज लिए.
मेरीकाम यहीं नहीं रुकीं उनके मुताबिक घर का पूरा खर्च वही उठाती थीं. करोंग शराबी हो चले थे और बच्चों की तरफ से लापरवाह भी हो गए थे. जब उन्हें चोट लगने के दौरान पति से भावनात्मक सहारे की जरूरत थी तब करोंग ने विश्वासघात किया और उनसे दूरी बना ली. एक वक्त में उन्हें महसूस हुआ कि वे एक झूठ के सहारे जी रहीं थीं.
ऐसे हालात में किसी के लिए भी यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि पति पत्नी में से कौन सच और कौन झूठ बोल रहा है. करोंग के जबाव से भी यही लगता है अब उनकी बातो और दलीलों को देखें-
1 – मेरीकाम के आरोप झूठे और वेबुनियाद हैं. अगर मैंने उसके करोड़ों रु हडपे होते तो आज मैं दिल्ली में 16 हजार रु महीने के किराए के मकान में न रह रहा होता.
2 – मेरीकाम के कैरियर के लिए मैंने कई कुर्बानियां दीं. न केवल फुटबाल का कैरियर छोड़ा बल्कि उसके कहने पर यूपीएससी की तयारी भी छोड़ी.
3 – जब मेरीकाम दुनिया भर में घूमकर मेडल्स जीत रहीं थीं तब मैंने घर और बच्चों की जिम्मेदारी संभाली. एक तरह से मैंने गुलामो सरीखी जिंदगी जी.
4 – अब मेरे त्याग योगदान और घरेलू श्रम को `निर्भरता` कहा जा रहा है
5 – जहाँ तक बात शराब पीने की है तो खुद मेरीकाम भी वोदका व रम पीती हैं और गुटखा भी खाती हैं
6 – मेरे और मेरीकाम के बीच विवाद की वजह मेरीकाम के एक जूनियर मुक्केबाज से संबंध हैं जिसके चलते दोनों के परिवारों के बीच भी विवाद हुआ था.
7 – दरअसल में मेरीकाम अकेले रहना चाहती थीं और किसी और के साथ नया रिश्ता बनाना चाहती थीं इसलिए उन्होंने तलाक लिया.
साफ़ दिख रहा है कि इस मामले में भी वही आरोप प्रत्यारोप पति पत्नी एक दूसरे पर मढ़ रहे हैं जो आमतौर पर हरेक मामले में गढ़े और मढ़े जाते हैं. यानी आधा सच और आधा झूठ बोला जाता है. यह भडास है जिसका कोई इलाज दुनिया में नहीं.
अब लाख टके का सवाल यह कि क्या इस भड़ास को सार्वजनिक करने का कोई नैतिक या क़ानूनी अधिकार पति पत्नी को है या होना चाहिए. तो इसका जबाव ढूंढ पाना कोई आसान काम नहीं. मामला अब अदालत में है और तय भी वही करेगी कि क्या सचमुच करोंग की प्रतिष्टा को नुकसान पहुंचा है और उनकी मानहानि हुई है.
बात जहाँ तक कानून की है तो बीएनएस की धारा 356 के तहत आरोप साबित करना आसान नहीं होता. अदालतें इंटेंनशन यानी मंशा के साथ साथ लगाए गए आरोपों के सबूतों पर गौर कर ही फैसले देती हैं.
व्यक्तिगत के अलावा सामाजिक तौर पर चिंता की बात यह है कि क्या तलाक के बाद अपनी या पार्टनर की प्राइवेसी पब्लिक की जानी चाहिए और उससे भी ज्यादा अहम बात यह कि सारी भड़ास तलाक के पहले ही क्यों नहीं निकाल ली जाती. बाद के लिए क्यों कुछ छोड़ा जाता है. Mary Kom Divorce Controversy




