Crime Stories: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के नासिरपीर मोहल्ले में 8 अगस्त, 2026 को हुई टीचर शालिनी यादव की हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. रूप में सामने आया है. मृतका के पति और सरकारी स्कूल के सहायक अध्यापक दिलीप यादव ने डेढ़ साल से चल रहे शक और मनमुटाव के चलते पत्नी की हत्या की साजिश रची. उस ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से वार कर के शालिनी को बेहोश किया और फिर पानी भरे टब में डुबो कर उस की जान ले ली.

शालिनी और दिलीप कुमार यादव की प्रेम कहानी कालेज के समय से शुरू हुई थी. दोनों एक ही कालेज में पढ़ते थे. परिवार की रजामंदी के बाद 3 दिसंबर, 2017 को जयराम नगर के एक गेस्टहाउस में दोनों की धूमधाम से शादी हुई. शादी के एक साल बाद उन का एक बेटा हुआ. दोनों ही शिक्षक थे.

शालिनी एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी और दिलीप बहुआ ब्लौक के एक प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापक था. शादी के शुरुआती साल अच्छे बीते, लेकिन धीरेधीरे दोनों के बीच तनाव बढऩे लगा.

दिलीप कंजूस स्वभाव का था और चाहता था कि शालिनी की पूरी सैलरी उस के बैंक खाते में आए. वहीं शालिनी घर का खर्च, बेटे की पढ़ाई और अपनी जिम्मेदारियां खुद उठाती थी. इसी बात को ले कर दोनों में अकसर झगड़ा होता था. करीब डेढ़ साल से दिलीप को शक था कि शालिनी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है. वह बिना बताए कहीं चली जाती थी और फोन साइलेंट मोड पर रखती थी.

इन दिनों पत्नियों द्वारा प्रेमी के साथ मिल कर पति की हत्या की खबरें देख कर दिलीप को डर लगने लगा कि कहीं उस की पत्नी भी उस की जान न ले ले. इसी शक ने उसे सनकी बना दिया.
पुलिस पूछताछ में दिलीप ने बताया कि वह करीब 6 महीने से पत्नी की हत्या कर के उसे दुर्घटना दिखाने की योजना बना रहा था.

8 अगस्त, 2026 की सुबह करीब 5 बजे उस की नींद खुली. वह छत पर टहलने चला गया. नीचे आंगन में शालिनी बरतन धो रही थी. छत के जाल से उसे देख कर दिलीप नीचे आया. शालिनी के पीछे रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से उस ने पीछे से शालिनी के सिर पर लगातार 3 वार किए. कुकर की सीटी वाला हिस्सा उस के सिर में घुस गया और शालिनी बेहोश हो कर गिर पड़ी. पास रखा कांच का गिलास भी टूट गया, जिस का एक टुकड़ा शालिनी के दाहिने पैर में घुस गया.

इस के बाद दिलीप ने शालिनी को उठा कर पानी से भरे बाथटब में डाल दिया और उस की गरदन पकड़ कर करीब 2 मिनट तक डुबोए रखा. जब उस की सांसें थम गईं तो उस ने टब का वाल्व खोल कर सारा पानी निकाल दिया ताकि खून के धब्बे भी बह जाएं. सबूत मिटाने के लिए उस ने कुकर का ढक्कन धो कर वापस रसोई में रख दिया, घर की धुलाई की और पत्नी के खून लगे कपड़े बदल दिए.

हत्या के बाद दिलीप बाइक से मौर्निंग वाक पर निकल गया, ताकि किसी को शक न हो. करीब आधे घंटे बाद लौट कर उस ने अपने भाइयों भूपेंद्र और संदीप को बुलाया. सभी ने मिल कर शालिनी को कार से तांबेश्वर मंदिर के पास एक नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां डौक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घर आ कर उस ने सभी को बताया कि शालिनी पैर फिसलने से टब में गिर गई थी.

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआत में इसे दुर्घटना माना जा रहा था. खोजी कुत्ता ‘सूर्या’ को भी 3 बार घटनास्थल पर लाया गया, लेकिन तब तक आरोपी सबूत मिटा चुका था. पुलिस को एक बड़ा चाकू भी मिला, लेकिन वह साफ था. उस में खून नहीं लगा था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि शालिनी के सिर में धारदार हथियार के 3 गहरे घाव हैं और मौत पानी में डूबने से हुई है. इस से पुलिस का शक गहरा गया.

पुलिस ने दिलीप के परिजनों को हिरासत में ले कर सख्ती से पूछताछ की और जेल भेजने की धमकी दी. इसी दबाव में दिलीप टूट गया. उस ने बताया कि उसे पत्नी पर शक था और वह उस से छुटकारा पाना चाहता था. उस के कुबूलनामे के बाद पुलिस ने आलाकत्ल कुकर का ढक्कन बरामद किया, जिस में फोरैंसिक जांच में रक्त की पुष्टि हुई.

इस पूरे मामले में सब से अहम कड़ी बेटे का बयान बना. उस ने बताया था कि घटना से कुछ दिन पहले उस ने मम्मी को फोन पर बात करते देखा था. इस पर पापा ने मम्मी को बहुत डांटा था और कहा था कि तुम को नाना के यहां छोड़ आते हैं, उस के बाद देख लेंगे.

इस से स्पष्ट था कि आरोपी पहले से ही पत्नी को ठिकाने लगाने की फिराक में था.
शालिनी के पापा और जख्नी गांव के पूर्व प्रधान धर्म सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दिलीप और उस के दोनों भाइयों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने घटनास्थल से कुकर का ढक्कन, टूटे गिलास के टुकड़े, टब, मोबाइल और बाइक बरामद की है. आरोपी दिलीप शुगर का पेशेंट है और उस ने पहले वकालत भी की थी. खुद को बचाने के लिए उस ने कोतवाली में फंदा लगाने का नाटक भी किया था.

अब पुलिस ने शिक्षा विभाग को पत्र लिख कर दिलीप के निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं उस के दोनों शिक्षक भाइयों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि शक और अविश्वास किस तरह एक परिवार को पूरी तरह बरबाद कर देता है. Crime Stories

लंबी कहानी सत्यकथा नवंबर अंक में या मनोहर कहानियां के डिजिटल एडिसन में पढ़ें

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...