Relationship Problems: मैं 23 साल की हूं, कालेज कि पढाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हूं. मेरा बौयफ्रैंड 25 साल का है, एक कंपनी में नौकरी करता है. हम 3 साल से साथ हैं. वह अकसर अपनी एक्स गर्लफ्रैंड से मेरी तुलना करता है. कभी कहता है कि वह मुझ से ज्यादा समझदार थी तो कभी उस के बारे में कोई पुरानी अच्छी बात बताता है. वह शायद जानबूझ कर नहीं करता, लेकिन मुझे बहुत बुरा लगता है. क्या मैं ज्यादा सोच रही हूं?
Ans. अगर आप को बारबार लगता है कि आप को किसी और के मुकाबले कम आंका जा रहा है, तो इसे सिर्फ आप की ‘ओवरथिंकिंग’ कह कर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. किसी रिश्ते में पार्टनर के पुराने अनुभवों के बारे में बात करना अपनेआप में गलत नहीं है. समस्या तब शुरू होती है जब तुलना बारबार होने लगे या आप को कमतर महसूस कराने लगे. इसलिए एक बार अपनी बाउंड्री साफ कर दीजिए और फिर देखिए कि वह आप की बात समझ कर अपने व्यवहार में बदलाव लाता है या नहीं. एक स्वस्थ रिश्ते में आप को लगातार यह साबित करने की जरूरत नहीं होनी चाहिए कि आप उस की एक्स से बेहतर हैं.
इसलिए, यह बात नहीं है कि आप ज्यादा सोच रही हैं. आप की फीलिंग्स वैलिड हैं, लेकिन इस स्थिति को समझने का सब से अच्छा तरीका यह है कि आप अनुमान लगाने के बजाय उस से खुल कर बात करें. अगर वह आप की बात समझता है, तुलना कम करता है और आप को आप के अपने व्यक्तित्व के लिए महत्त्व देता है, तो यह एक अच्छी बात है. लेकिन अगर आप की बात कहने के बाद भी वह बारबार वही करता है, तो फिर समस्या आप की सोच में नहीं, बल्कि उस के व्यवहार में है.
पांच साल के रिश्ते के बाद भी बॉयफ्रैंड शादी के लिए परिवार से नहीं मिलवा रहा
मेरी उम्र 26 साल है, एक बैंक में नौकरी करती हूं. मेरे बौयफ्रैंड की उम्र 29 साल है, आईटी कंपनी में काम करता है. हम 5 साल से साथ हैं. वह हमेशा कहता है कि वह मुझ से शादी करेगा, लेकिन जब भी मैं उस के परिवार से मिलने की बात करती हूं तो वह कोई न कोई बहाना बना देता है. अब मेरे घरवाले भी मेरे लिए रिश्ता देख रहे हैं. मुझे समझ नहीं आ रहा कि उस पर भरोसा करूं या नहीं.
Ans. आप को उस से एक बार बहुत शांत तरीके से स्पष्ट बातचीत करनी चाहिए. उस से पूछें कि वह शादी को ले कर वास्तव में क्या चाहता है और अपने परिवार से आप को कब मिलवाना चाहता है. केवल ‘मैं तुम से शादी करूंगा’ जैसे वादे पर बात खत्म न करें, बल्कि उस से समय और योजना के बारे में पूछें. अगर परिवार में कोई समस्या है, तो वह समस्या क्या है और उसे दूर करने के लिए वह क्या करने वाला है, यह जानना आप का अधिकार है. 5 साल बाद भी अगर हर बार सिर्फ बहाना मिल रहा है, तो इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं होगा.
आप के घरवाले अगर आप के लिए रिश्ते देख रहे हैं, तो आप को जल्दबाजी में किसी दूसरे रिश्ते के लिए हां करने की भी जरूरत नहीं है. लेकिन अपने बौयफ्रैंड के लिए अनिश्चित समय तक इंतजार करना भी आप के हित में नहीं है. उसे साफ बताइए कि अब आप के लिए इस रिश्ते की दिशा जानना जरूरी है. अगर वह सच में शादी करना चाहता है, तो उस के व्यवहार में भी उस की बात दिखाई देनी चाहिए. प्यार सिर्फ वादों से नहीं, जिम्मेदारी और फैसले लेने की क्षमता से भी साबित होता है. 5 साल के रिश्ते में आप को सिर्फ यह नहीं सोचना चाहिए कि ‘क्या वह मुझे खोना चाहता है?’, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि ‘क्या वह मुझे अपने जीवन में जगह देने के लिए तैयार है?’
मेरा बॉयफ्रैंड फोन और चैट पढ़ने की जिद करता है
मैं 23 साल की हूं, कालेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक कोर्स कर रही हूं. मेरा बौयफ्रैंड 25 साल का है, एक कंपनी में नौकरी करता है. हम एक साल से रिलेशनशिप में हैं. वह बारबार मेरा फोन चैक करना चाहता है और मेरी चैट पढ़ने की जिद करता है. मैं मना करती हूं तो वह कहता है कि अगर मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो फोन देने में परेशानी क्यों है?
Ans. वह आप की प्राइवेसी को आप के प्यार और ईमानदारी की परीक्षा बना रहा है. आप उसे शांत तरीके से समझा सकती हैं कि फोन न देना किसी बात को छिपाने का सुबूत नहीं है. हर व्यक्ति की कुछ निजी बातें, दोस्तों की बातचीत और व्यक्तिगत जगह होती है. आप उस से कह सकती हैं कि अगर उसे किसी खास बात को ले कर शक है, तो वह सीधे आप से बात करे, लेकिन हर बार फोन चैक करना भरोसा बढ़ाने का सही तरीका नहीं है. रिश्ते में ट्रस्ट का मतलब यह भी है कि बिना किसी सुबूत के पार्टनर पर लगातार शक न किया जाए.
आप एक स्पष्ट बाउंड्री तय करें और देखें कि वह उस का सम्मान करता है या नहीं. अगर वह आप की बात समझ कर अपनी आदत बदलने की कोशिश करता है, तो बातचीत से समस्या सुलझ सकती है. लेकिन अगर वह गुस्सा करता है, आप को दोषी ठहराता है, पासवर्ड मांगता है या फोन न देने पर आप को धोखा देने वाला बताता है, तो यह सिर्फ प्यार या चिंता नहीं है; यह कंट्रोलिंग बिहेवियर की तरफ बढ़ सकता है.
आप को अपने बौयफ्रैंड को यह साबित करने के लिए अपनी प्राइवेसी छोड़ने की जरूरत नहीं है कि आप उस से प्यार करती हैं. एक स्वस्थ रिश्ते में प्यार के साथ भरोसा, सम्मान और व्यक्तिगत आजादी भी जरूरी होती है. Relationship Problems





