family Drama Movie: डेविड धवन ने अपनी ही पुरानी तिजोरी से एक नया खिलौना निकाला है, जिस का अटपटा सा नाम रखा है, ‘है जवानी तो इश्क होना है.’ वही आउटडेटेड कौमेडी जिस पर कभी गोविंदा व सलमान हंसाया करते थे. डेविड धवन ने अपना निर्देशन कैरियर ‘एक मर्द और दो औरतें’ वाले फौर्मूले पर रखा है. ‘साजन चले ससुराल’, ‘घरवाली बाहरवाली’ और ‘बीवी नंबर 1’ इसी इंजन से चली थीं. यहां भी वे यही पेश कर रहे हैं मगर थोड़ा मौडर्न तरीके से.
कहानी घूमती है एक वैडिंग फोटोग्राफर जस्स (वरुण धवन) के इर्दगिर्द, जिस की अपनी पत्नी बानी (मृणाल ठाकुर) से इसलिए अनबन हो जाती है क्योंकि जस्स को तुरंत बच्चा चाहिए और बानी को अपना कैरियर. दोनों अलग होने का फैसला करते हैं. इस के बाद जस्स लंदन पहुंचता है और वहां उस की मुलाकात प्रीत (पूजा हेगड़े) से होती है. प्रीत का एक खूंखार पंजाबी भाई है रंधावा (जिमी शेरगिल). कहानी में मोड़ तब आता है जब जस्स को पता चलता है कि उस की अलग रह रही पत्नी और नई प्रेमिका, दोनों एक ही समय पर प्रैग्नैंट हो गई हैं.
फिर शुरू होता है, जस्स की छिपनछिपाई. पहली को दूसरी के सामने आने से रोकना और दूसरी को पहली का पता न चलने देना. फिल्म का क्लाइमैक्स अजीब सा है. डायरैक्टर के पास 90 के दशक वाली छूट नहीं थी कि जहां दोनों बीवियां एक पति को अपनाता हुआ दिखा दें, इसलिए यह बताया गया है कि चूंकि हर इंसान अंदर से व्यभिचारी होता है इसलिए यह सब चलता है. जस्स को दोनों लड़कियां छोड़ देती हैं, वह वापस इंडिया आ जाता है जहां उसे अपनी पुरानी क्लासमेट दिशा (कृति सेनन) मिल जाती है.
तकनीकी तौर पर देखें तो सिनेमेटोग्राफी में चटक रंगों का इस्तेमाल किया गया है. डेविड धवन का तेज एडिटिंग स्टाइल यहां भी देखने को मिलता है. पुराना ‘चुनरीचुनरी…’ गाना ही बढि़या लगा है. बाकी गाने जबरदस्ती ठूंसे गए हैं.
अभिनय की बात करें तो वरुण धवन ने अपनी तरफ से पूरी जानझुकी है. वे कूदते हैं, गिरते हैं, अपने एब्स दिखाते हैं लेकिन फिल्म उन से यहां ओवरऐक्ंिटग की डिमांड कर रही थी तो वे पूरी करते हैं. मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े खूबसूरत दिखती हैं.
साइड कैरेक्टरों के रूप में चंकी पांडे, राकेश बेदी, राजपाल यादव और जौनी लीवर जैसे दिग्गज कौमेडियनों की फौज खड़ी की गई जो एकदो सीन में ही दिखाई देते हैं. मनीष पौल जस्स के दोस्त के रूप में वही घिसेपिटे अंदाज में नजर आता है. जिम्मी शेरगिल को पूरी तरह से वेस्ट कर दिया गया है. फिल्म ने आज भी पुरुषों की बेवफाई या कहें ढीले रवैए को मासूमियत से कवर कर दिया है. family Drama Movie





