Hindi Story: पैसे वाले वालिदैनों और उन की कृत्रिम मेधावियों को यह खुशखबरी देते हुए हमें हार्दिक प्रसन्नता हो रही है कि अब उन के शहर में भी हर प्रतियोगी परीक्षा से ले कर आम परीक्षा में सौ प्रतिशत सफलता दिलवाने वाला कोचिंग सैंटर खुल गया है, जिस में निम्न से अतिनिम्न स्तर का मेधावी अपने वालिदैनों के पैसे के बूते हर तरह की परीक्षा सौ प्रतिशत गारंटी के साथ पास कर मैरिट लिस्ट में आएगा.

हे हर तरह की परीक्षा में सफल होने के लिए लालायित मेधावियों से अधिक उन के परमादरणीय वालिदैनों, आप के तथाकथित मेधावियों को सौ प्रतिशत सफलता दिलवाने के लिए हमारे कोचिंग सैंटर के पास इतनी उच्च कोटि की फैकल्टी है कि वह जो कुछ भी, जिस परीक्षा के लिए तैयारी करवाती है, हर प्रतियोगी परीक्षा में सारे प्रश्न उन्हीं में से आते हैं.

अब आप यह सोच रहे होंगे कि हम हर परीक्षा के पेपर को लीक करवाने की ताकत रखते होंगे? हमारे हर सीक्रेसी ब्रांच के अंदर तक नहीं, बहुत अंदर तक लिंक होंगे कि हम पेपर करवाने वालों से पेपर खरीद लेते होंगे? बिलकुल नहीं. हम परीक्षाओं की शुचिता में विश्वास करते हैं चाहे वह लोअर केजी की हो या अपर केजी की.

हम कौन होते हैं पेपर लीक करवाने वाले? पेपर लीक करवाने वाला तो ऊपरवाला है. हम कौन होते हैं पेपर बनाने वालों से पेपर खरीदने वाले? हम कौन होते हैं अपनी पसंद के प्रश्न पेपरसैटर से पेपर में डलवाने वाले? हम और हमारा कोचिंग सैंटर आरंभ होने से पहले से ही हर तरह की लीकेज, पहुंच का विरोधी नहीं, घोर विरोधी रहा है. लीकेज धर्म हो, जिन का धर्म हो. हमारा धर्म कठोर मेहनत है. हमारा धर्म तो केवल अपने छात्रों को सौ प्रतिशत सफलता दिलवाना है. हम परीक्षाओं में अवैध तरीकों में कतई विश्वास नहीं करते. हमारे कोचिंग सैंटर की सब से बड़ी विशेषता यही है जो देश के अन्य कोचिंग सैंटरों से हमारे कोचिंग सैंटर को अलग करती है. केवल बेहतर परिणामों के लिए बेहतर फीस हमारा नारा है. सड़क से ले कर संसद तक सब जानते हैं, चाय में जितना गुड़ पाया जाएगा, उतनी ही वह मीठी होगी.

अपने यहां जिनजिन पदों के लिए जोजो परीक्षाएं होती हैं उन सब के पेपर हमारी अनुभवी फैकल्टी द्वारा परीक्षा होने से पहले ही तैयार कर लिए जाते हैं क्योंकि पेपर सैट करने वालों के साथ हमारे वैसे ही संबंध हैं जैसे मंदिर के पुजारियों के अदृश्य भगवानों के साथ होते हैं. हमारे यहां पेपरसैटरों से तैयार पेपर लेने का गुप्त इंतजाम है. उन्हें पता होता है कि अब की बार किसकिस परीक्षा में कौनकौन से प्रश्न पूछे जाएंगे. इसी बात को मद्देनजर रख कर हमारे कोचिंग सैंटर की फैकल्टी अपने मेधावियों को तैयार करती है ताकि वे हर तरह की परीक्षा को परीक्षा से पहले ही क्रैक कर डालें.

हर परीक्षा का पेपर डालने वाले पेपरसैटर को पता हो या न, कि वह पेपर में क्या डाल रहा है या उसे पेपर में क्या डालना चाहिए लेकिन हमारी अनुभवी फैकल्टी को पहले ही पता होता है कि पेपर में वह सौ प्रतिशत क्या डालेगा. और हमारा अनुभव, वह डालता भी वही है,  जिस का अंदाजा हमारी अनुभवी फैकल्टी को पहले से होता है.

मौसम विभाग का हर मौसम को ले कर अनुमान गलत हो जाए तो हो जाए, लेकिन हमारी अनुभवी फैकल्टी का हर परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों को ले कर आज तक कोई अनुमान गलत नहीं हुआ. आज तक के सब पेपरों में सौ प्रतिशत वही आया जिस का अनुमान हमारी योग्य फैकल्टी ने लगाया. अब फिर सवाल खड़ा हो सकता है कि पेपरसैटर पेपर में वही डालता होगा जो हम उस से डलवाते होंगे या कि पेपरसैटर पेपर सैट कर विभाग में जमा करवाने से पहले पेपर हमारे पास जमा करवाता होगा? बेहतर है कि आप इन सवालोंजवाबों में उल?ाने के बदले हमारे परिणामों में उल?ों. सवालों के जवाब ढूंढ़ना बहुत ऊंचे स्तर का मैटर है.

हमारे कोचिंग सैंटर में जोंक चयन सेवा आयोग, कर्मचारी जोंक चयन आयोग, बैंकिंग और बीमा, रेलवे परीक्षाओं से ले कर राज्य स्तर की तमाम क्लास वन से ले कर क्लास फोर तक की जोंक परीक्षाओं सहित व्यावसायिक परीक्षाओं, जैसे जेईई मेन, जेईई एडवांस, नीट, कानून, प्रबंधन, गेट, यूजीसी नेट, सीटीईटी, टेट, सीईयूटी, सेट, अलाइड, मेन सर्विसेज, पुलिस भरती, पटवारी भरती सहित तमाम स्कूली बोर्डों की अकादमिक परीक्षाओं की सौ प्रतिशत सफलता वाली गारंटी के साथ कोचिंग दी जाती है.

आप को यह जान कर और भी प्रसन्नता होगी कि हमारी अनुभवी फैकल्टी प्रतियोगी परीक्षाओं को हाई रैंकों में पास कर देश, समाज की सेवा करने वाले तमाम समाज के लिए समर्पित इच्छुकों को केवल और केवल वही पढ़ाती है जो उन के पेपर में शर्तिया आना तय होता है. हमारी दूरदर्शी फैकल्टी को सोएसोए ही पता चल जाता है कि अब के किस प्रतियोगिता परीक्षा में कौनकौन से प्रश्न आने वाले हैं, जिस की वजह से दूसरे कोचिंग सैंटर वालों की तरह हम अपने छात्रों को इधरउधर भटका, उन का कीमती समय खराब नहीं करते. नाक की सीध में सीधे पौइंट पर चलते हैं.

हम जानते हैं कि हर तरह की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए कौम्पिटिटर से अधिक उन के वालिदैन कुछ भी करने को तैयार रहते हैं ताकि साम, दाम, दंड, भेद जैसे भी हो, जहां से भी हो, जितने में भी हो, उन के उन होनहारों को प्रतियोगी परीक्षा में सुनिश्चित सफलता की गारंटी मिले जो मैरिट लिस्ट में सब से नीचे से सब से नीचे आने लायक भी न होने पर भी मैरिट लिस्ट में टौप टेन में आएं.

ऐसे कौम्पिटिटरों और उन के वालिदैनों का हमारा कोचिंग सैंटर दिल से स्वागत करता है. आइए और सौ प्रतिशत सफलता की गारंटी के साथ हर प्रतियोगी परीक्षा में सफल हो, देशसेवा के हकदार हो जाइए. Hindi Story

लेखक – अशोक गौतम      

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...