America Midterm Election: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव ने डोनाल्ड ट्रंप की राजनीति को बड़ा झटका दिया है. नस्लवाद, प्रवासी विरोध और नफरत के सियासी एजेंडे के बीच अश्वेत, हिस्पैनिक और भारतीय मूल के उम्मीदवारों की जीत ने अमेरिकी लोकतंत्र की नई तस्वीर पेश की है. यह जनादेश बताता है कि जनता को धर्म और नस्ल के नाम पर बांटने की राजनीति हमेशा नहीं चल सकती है. जनता जाग जाए तो बड़े बड़े किले ढह जाते हैं.

अमेरिका में भारतीय मूल, अश्वेत और हिस्पैनिक समुदायों के लोग अब केवल मतदाता नहीं रह गए हैं, बल्कि सत्ता के शीर्ष पदों तक पहुंच रहे हैं. अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को हुए मिडटर्म चुनाव में अश्वेत, हिस्पैनिक/लैटिनो और भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने कई अहम जीत दर्ज की हैं. खास बात यह है कि इस चुनाव में अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने वाली कई ऐतिहासिक जीत भी हुई हैं.

इस चुनाव में अमेरिकी मतदाताओं ने केवल रिपब्लिकन पार्टी को ही झटका नहीं दिया, बल्कि डोनाल्ड ट्रंप की उस राजनीति को भी चुनौती दी है जिसमें राष्ट्रवाद, प्रवासी विरोध, नस्ली ध्रुवीकरण और कट्टर दक्षिणपंथी एजेंडे को चुनावी हथियार बनाया गया. साथ ही अल्पसंख्यक समुदायों के नेताओं की जीत को लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है.

जिन समुदायों को कभी अमेरिका की मुख्यधारा से बाहर रखने की कोशिश की जाती रही, आज उन्हीं समुदायों के प्रतिनिधि सत्ता के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंच रहे हैं. यह ट्रंप की उस राजनीति के लिए करारा जवाब है जो अमेरिका को प्रवासियों और नस्लीय पहचान के आधार पर बांटने की कोशिश करती रही है.

अश्वेत महिला ने रचा इतिहास

इस चुनाव की सबसे चर्चित जीतों में जॉर्जिया की कीशा लांस बॉटम्स का नाम शामिल है. उन्होंने गवर्नर का चुनाव जीतकर अमेरिका की पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनने का इतिहास रचा. बॉटम्स इससे पहले अटलांटा की मेयर रह चुकी हैं. मेयर के रूप में उन्होंने सामाजिक न्याय, पुलिस सुधार, शिक्षा और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों पर काम किया. उनकी जीत बताती है कि अमेरिका का मतदाता अब नेतृत्व के लिए किसी की त्वचा का रंग नहीं, बल्कि उसकी क्षमता और काम को महत्व देना चाहता है.

इसी तरह फ्लोरिडा में बायरन डोनाल्ड्स भी पहले अश्वेत गवर्नर बने हैं. हालांकि वे रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार हैं और ट्रंप के समर्थक माने जाते हैं. यह बात भी महत्वपूर्ण है कि अश्वेत समुदाय की राजनीतिक भागीदारी किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं है.

प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज भी दोबारा चुने गए हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी के बहुमत के कारण उनके अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पहले अश्वेत स्पीकर बनने की संभावना मजबूत हुई है. तीन अश्वेत महिलाओं का एक साथ सीनेट में पहुंचना भी अमेरिकी इतिहास में एक नया अध्याय है.

हिस्पैनिक समुदाय ने भी दिखाई ताकत

टेक्सास में जीना हिनोजोसा की जीत ने अमेरिकी राजनीति में नया इतिहास रच दिया है. वह राज्य की पहली लैटिना गवर्नर बनी हैं. खास बात यह है कि टेक्सास लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है. यहां 31 साल से रिपब्लिकन पार्टी का कब्जा था. हिनोजोसा ने इस किले को ढहाकर ग्रेग एबॉट को सत्ता से बाहर कर दिया है.

एक वकील और पूर्व राज्य विधायक के रूप में हिनोजोसा ने आम लोगों के आर्थिक हितों, शिक्षा, स्वास्थ्य और श्रमिक अधिकारों को अपने राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाया था. उनकी जीत केवल एक महिला या हिस्पैनिक उम्मीदवार की जीत नहीं है, बल्कि उस राजनीतिक सोच की हार है जो अमेरिका की पहचान को केवल श्वेत बहुसंख्यक आबादी से जोड़कर देखती है.

गौरतलब है कि अमेरिका में हिस्पैनिक आबादी लगातार बढ़ रही है. इस समुदाय के लोग खेती, निर्माण, उद्योग, कारोबार और सेवा क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाते हैं. इसके बावजूद ट्रंप की प्रवासी विरोधी राजनीति और सख्त इमिग्रेशन नीतियों के कारण उन्हें लगातार निशाना बनाया जाता रहा है. इस बार हिस्पैनिक मतदाताओं ने भी ट्रंप की नीतियों के खिलाफ अपना रुख बदला है.

भारतीय मूल के नेताओं ने भी जमाई धाक

भारतीय मूल के अमेरिकियों के लिए भी यह चुनाव काफी उत्साहजनक रहा है. अमेरिका में भारतीय मूल की आबादी भले ही कुल जनसंख्या का एक छोटा सा हिस्सा हो, लेकिन शिक्षा, कारोबार, तकनीक और राजनीति में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है.

फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया दांडिया ने जीत दर्ज की है. वह पूर्व स्कूल प्रिंसिपल रही हैं और उन्होंने शिक्षा, आर्थिक अवसर तथा आम लोगों की समस्याओं को अपने चुनाव अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाया था.

वर्जीनिया से सुहास सुब्रमण्यम ने भी अपनी सीट बचा ली है. वह 2024 में वर्जीनिया से कांग्रेस पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी थे. उनकी दोबारा जीत भारतीय मूल के समुदाय के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को दिखाती है.

मैरीलैंड की उपराज्यपाल अरुणा मिलर ने भी अपनी जीत दोहराई है. रो खन्ना और प्रमिला जयपाल जैसे भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक सांसदों की जीत ने भी इस समुदाय की राजनीतिक उपस्थिति को मजबूत किया है.

दूसरी ओर रिपब्लिकन पार्टी के भारतीय मूल के बड़े चेहरे विवेक रामास्वामी को ओहायो के गवर्नर चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से हार का सामना करना पड़ा है. यह भी उल्लेखनीय है कि भारतीय मूल का होना अपने आप में चुनावी जीत की गारंटी नहीं है. अब मतदाता उम्मीदवार की नीतियों और राजनीतिक विचारधारा को परख रहे हैं.

ट्रंप के लिए राजनीतिक संकट

डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले दो वर्षों में अपनी राजनीति को जिस तरह आगे बढ़ाया, उसमें विरोधियों को दुश्मन बताना, प्रवासियों को देश की समस्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराना, मीडिया पर हमले करना, ब्लैक्स के प्रति नफरत और सरकारी संस्थाओं पर अपनी मर्जी थोपने की कोशिश करना प्रमुख रहा है.

जबकि अमेरिका का आम आदमी महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत से परेशान है. पेट्रोल और ऊर्जा की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं. ईरान के साथ युद्ध ने आर्थिक चिंताओं को और बढ़ा दिया है. ट्रंप के टैरिफ और व्यापार नीतियों से किसान तथा उद्योग जगत भी परेशान है. ऊपर से प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ने समाज के एक बड़े हिस्से में नाराजगी पैदा कर दी है.

संसद में बढ़ेगा ट्रंप पर दबाव

अब जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के पास दोनों सदनों में बहुमत है, तो ट्रंप की मनमानियों पर काफी हद तक लगाम लगेगी. उनकी नीतियों, बजट, नियुक्तियों और प्रशासनिक फैसलों पर संसद में कड़ी निगरानी रखी जा सकेगी. विपक्ष जांच समितियों और संसदीय प्रक्रियाओं के जरिए सरकार को जवाबदेह बनाने की स्थिति में होगा.

लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का संदेश

इस चुनाव का बड़ा संदेश यह है कि लोकतंत्र केवल पांच साल या चार साल में एक बार वोट डाल देने का नाम नहीं है, बल्कि लोकतंत्र का असली मतलब है कि जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों से सवाल करे, उनकी नीतियों का हिसाब मांगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता भी दिखाए. अमेरिका का यह चुनाव मोदी सरकार के लिए भी यही संदेश देता है.

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी लोकप्रियता और राजनीतिक ताकत के दम पर यह मान लिया था कि अमेरिकी मतदाता हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे. लेकिन जनता ने बता दिया कि लोकतंत्र में जनता की ताकत क्या है. अमेरिका में राष्ट्रपति के पास कितनी भी ताकत क्यों न हो, मतदाता के पास उसे चुनौती देने का अधिकार हमेशा होता है.

युवा और अल्पसंख्यक बने बदलाव की आवाज

इस चुनाव में युवा मतदाताओं, महिलाओं, अश्वेतों, हिस्पैनिक और एशियाई समुदायों की बड़ी भागीदारी ने डेमोक्रेटिक पार्टी को मजबूती दी है. इसका अर्थ यह है कि अमेरिकी समाज में राजनीतिक चेतना केवल पारंपरिक राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रह गई है. आम लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और नागरिक अधिकारों के सवाल पर सरकार को परख रहे हैं. जनता जब जागती है तो बड़े-बड़े राजनीतिक किले ढह जाते हैं. अमेरिका के इस चुनाव ने दुनिया को एक बार फिर यही याद दिलाया है कि सत्ता कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंतिम फैसला जनता के हाथ में ही रहता है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...