Barapullah Flyover: बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 की लागत करीब 1,635 करोड़ है. 29 सितंबर को गृहमंत्री अमित शाह ने बड़े-बड़े दावों के साथ बारापुला फेज-3 का उद्घाटन किया. कहा गया मयूर विहार से AIIMS तक 9 किलोमीटर सिग्नल-फ्री सफर होगा और पूर्वी दिल्ली को जाम से मुक्ति मिलेगी लेकिन उद्घाटन के 7 दिन के अंदर ही इस 1,635 करोड़ के फ्लाईओवर ने बीजेपी की इंजीनियरिंग और प्लानिंग की पोल खोल दी.

यही है बीजेपी सरकार के विश्वगुरु इंफ्रास्ट्रक्चर का सच. तीन लेन का नया फ्लाईओवर सुंदरियाल पार्क के पास आकर दो लेन के पुराने कॉरिडोर में घुसा दिया गया. वहीं सनडायल, सराय काले खां, रिंग रोड, आश्रम और DND से आने वाली 8-9 लेन का ट्रैफिक भी उसी एक संकरे मर्जर पॉइंट पर लाकर पटक दिया गया. नतीजा यह हुआ कि अब सफदरजंग से सराय काले खां तक 8 किलोमीटर का रास्ता 1 घंटे से ज्यादा में तय हो रहा है. ट्रैफिक पुलिस को ड्रोन सर्वे कराना पड़ा और फिर PWD को चिट्ठी लिखकर कहना पड़ा कि यह अचानक बना “जंक्शन डिजाइन” ही जाम की जड़ है, इसे तुरंत रिडिजाइन करो.

यानी जनता के 1635 करोड़ रुपये पहले घटिया डिजाइन पर फूंक दिए गए, अब उसी को ठीक करने के नाम पर फिर से सरकारी खजाना लूटा जाएगा और ठेकेदारों को फिर से भुगतान होगा. यह सिर्फ लापरवाही नहीं है बल्कि यही असली बीजेपी मॉडल है. जो डबल इंजन की सरकारों में खूब दिखाई पड़ रहा है. पहले बिना प्लानिंग के उद्घाटन किया जाता है, फोटो शेशन चलता है, बड़े बड़े होर्डिंग और अख़बारों में बड़े बड़े विज्ञापन छपवाये जाते हैं और जब कहीं हाइवे धंसते हैं, पुल गिर जाते हैं या ख़राब डिजाइन की खामियाँ उजागर होती हैं तो इसकी जवाबदेही लेने कोई सामने नहीं आता. उल्टे सारा दोष पिछली सरकारों पर मढ़ दिया जाता है.

PWD मंत्री प्रवेश वर्मा अब कह रहे हैं कि डिजाइन में खामी केजरीवाल सरकार की देन है. सवाल है कि 11 साल से केंद्र में और अब दिल्ली में भी बीजेपी की सरकार है तो 2014 में मंजूर और 2015 में शुरू हुई परियोजना को आप 11 साल में ठीक क्यों नहीं कर पाए? और अगर डिजाइन खराब था तो अमित शाह से उद्घाटन क्यों करवाया? दिल्ली की जनता को सिग्नल-फ्री का सपना दिखाकर सिग्नल से भी बदतर जाम में धकेल दिया गया है. यह 1600 करोड़ का फ्लाईओवर नहीं, बीजेपी सरकार की नाकामी, भ्रष्टाचार और इवेंटबाजी का एक बड़ा उदाहरण है. Barapullah Flyover

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...