INDIA Alliance March: दिल्ली में 6 अक्टूबर 2026 को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसी लोकतांत्रिक साहस की मिसाल पेश की. चुनाव प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ इंडिया गठबंधन के मार्च को जिस तरह पुलिस ने रोका, उसके बाद दोनों नेता सड़क से लेकर आकाशवाणी भवन परिसर तक धरने पर बैठे रहे. लगभग दस घंटे तक वे डटे रहे और अंततः अन्धेरा हो जाने के बाद पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लिया. जब तक रौशनी रही पुलिस की हिम्मत नहीं पड़ी कि वे दोनों को हाथ भी लगा सके.
यह तस्वीर महज एक राजनीतिक प्रदर्शन की तस्वीर नहीं थी. यह उस सवाल की तस्वीर थी जो आज भारतीय लोकतंत्र के सामने खड़ा है – क्या आम नागरिक के वोट की ताकत सुरक्षित है?
राहुल गांधी ने जिस बेबाकी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए, उससे सत्ता के गलियारों में असहजता तो पैदा हुई ही, साथ ही विपक्षी राजनीति को एक स्पष्ट संदेश जरूर मिला कि डरकर राजनीति नहीं की जा सकती है.
राहुल गांधी की राजनीति को लेकर मतभेद हो सकते हैं. उनके हर बयान से सहमत होना जरूरी नहीं है. लेकिन लोकतंत्र में किसी नेता के साहस का मूल्यांकन उसकी लोकप्रियता से नहीं, बल्कि इस बात से होना चाहिए कि वह जनता के हितों से कितना जुड़ा हुआ है और असहमति के क्षण में कितना खड़ा रहता है.
मंगलवार को राहुल गांधी जिस हिम्मत से खड़े रहे, भारतीय नेताओं में वह ताकत बिरले ही दिखती है. पुलिस ने रास्ता रोका तो वे सड़क पर बैठ गए. सड़क से उठाया गया तो आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए. धरना खत्म करने का दबाव आया तो पीछे नहीं हटे. और जब अंततः पुलिस ने बलपूर्वक हिरासत में लिया, तब भी उनका विरोध समाप्त नहीं हुआ. यही राजनीतिक साहस है.
लेकिन इस पूरी तस्वीर का दूसरा महत्वपूर्ण चेहरा प्रियंका गांधी वाड्रा थीं.
प्रियंका केवल राहुल गांधी की बहन के रूप में वहां नहीं थीं. वे एक राजनीतिक कार्यकर्ता और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता के रूप में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर बैठीं थी. सत्ता और पुलिस के दबाव के बीच उनका वहां मौजूद रहना अपने आप में एक राजनीतिक संदेश था कि लोकतंत्र की लड़ाई केवल भाषणों से नहीं, मैदान में उतरकर लड़ी जाती है. राहुल और प्रियंका की सबसे बड़ी ताकत शायद यही है कि वे अपने समर्थकों से सिर्फ संघर्ष करने को नहीं कहते, बल्कि खुद संघर्ष की पहली कतार में दिखाई देते हैं.
जिस समय सैकड़ों नेता बयान जारी करने तक सीमित रह जाते हैं, उस समय राहुल और प्रियंका सड़क पर होते हैं. जिस समय राजनीति सोशल मीडिया पोस्ट और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सिमट कर रह जाती है, उस समय वे धरने पर दिखाई देते हैं. और जिस समय पुलिस कार्रवाई का डर किसी भी राजनीतिक नेता को पीछे हटने के लिए मजबूर कर सकता है, उस समय दोनों ने पीछे हटने के बजाय हिरासत स्वीकार करते हैं. असली राजनेता और सच्ची राजनीति इसी को कहते हैं.
इसीलिए 6 अक्टूबर की तस्वीर को केवल कांग्रेस की राजनीतिक लड़ाई के रूप में देखना इस पूरे घटनाक्रम को छोटा करके देखना होगा. यह तस्वीर उस लोकतांत्रिक परंपरा की याद दिलाती है जिसमें सत्ता से सवाल पूछना अपराध नहीं, लोकतंत्र का अधिकार है.
राहुल गांधी पिछले कुछ वर्षों में लगातार यह कहते रहे हैं कि देश की संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा जरूरी है. उनके विरोधियों को उनकी भाषा आक्रामक लग सकती है, उनके आरोपों पर राजनीतिक बहस हो सकती है और उनके दावों की संवैधानिक तथा तथ्यात्मक जांच भी होनी चाहिए, लेकिन एक बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि उन्होंने इस मुद्दे को पूरी ताकत से उठाने के लिए अपनी जान का भी जोखिम उठाया है. और प्रियंका गांधी ने इस संघर्ष में उनके साथ खड़े होकर यह साबित किया कि राजनीति केवल पद और सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के सवालों के लिए संघर्ष करने का नाम भी है.
करीब दस घंटे तक धरने पर बैठे रहना, फिर पुलिस द्वारा बलपूर्वक हिरासत में लिया जाना और उसके बावजूद संघर्ष की मुद्रा में बने रहना, इन घटनाओं ने राहुल गांधी की उस छवि को और मजबूत किया है जिसमें वे सत्ता से सीधे टकराने वाले नेता के रूप में दिखाई देते हैं.
अगर ‘जननायक’ का अर्थ वह व्यक्ति है जो जनता की आवाज को सत्ता के सामने रखने का साहस करे, जो लोकप्रियता की चिंता से ज्यादा अपने राजनीतिक विश्वास को महत्व दे और जो सड़क पर उतरकर अपने विरोध का जोखिम उठाए, तो कल की घटना ने राहुल गांधी को उस भूमिका में और मजबूती से खड़ा किया है.
इतिहास आंदोलनों का फैसला उसी दिन नहीं करता है. इतिहास यह भी नहीं देखता कि सत्ता उस समय किसके पास थी. इतिहास अक्सर यह याद रखता है कि अन्याय, असहमति और संकट के समय कौन खड़ा था और कौन चुप रहा. राहुल और प्रियंका की यही हिम्मत उन्हें आज की राजनीति में अलग पहचान देती है. वे सत्ता के सामने खड़े दो चेहरे भर नहीं हैं, वे उस उम्मीद के प्रतीक हैं कि लोकतंत्र में जनता के वोट, अधिकार और सवालों की आवाज को अंततः दबाया नहीं जा सकता है. आने वाले समय में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को केवल विपक्षी नेताओं के रूप में नहीं, बल्कि जनता के सवालों के लिए सड़क पर उतरने वाले जननायकों के रूप में देखा जाएगा. INDIA Alliance March





