Donald Trump: दुनिया आज मूर्खों के हाथों में है, यह पक्का है. 3-4 सदियों की तकनीकी उपलब्धि अब खतरे में है, यह दिख रहा है. अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप, रूस में व्लादिमीर पुतिन, इजराइल में बेंजामिन नेतान्याहू, भारत में नरेंद्र मोदी, अफगानिस्तान में तालिबान, उत्तर कोरिया में किम जोंग उन दुनिया को कहां ले जाएंगे, बताया नहीं जा सकता. दुनिया की लगभग आधी जनता और आधी से ज्यादा अर्थव्यवस्था शासकों के पागलपन की शिकार है.
डोनाल्ड ट्रंप का सिक्का सब से ज्यादा चमकदार है. वे जब मुंह खोलते हैं तब उन के मुंह से किसी न किसी के लिए गाली ही निकलती है चाहे उन के अपने देश के लिए हो, दशकों का साथी व पड़ोसी कनाडा के लिए हो.
अब सिरफिरे डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से कहा है कि वह उस से व्यापार केवल अमेरिकी शर्तों पर करेगा और कनाडा को एक आज्ञाकारी नौकर की तरह रहना होगा. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने डोनाल्ड ट्रंप की चमचागीरी करने से इनकार कर दिया और वे यूरोप के साथ व्यापक समझौता कर रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने अब टैरिफ, कस्टम ड्यूटी को फिर हथियार बनाया है. उस पर मोटा टैरिफ लगा दिया ताकि कनाडा का सामान अमेरिका में महंगा हो जाए.
इसी तरह भारत और चीन द्वारा रूस से सस्ते में तेल खरीदने पर ट्रंप ने उन के सामान पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी है.
यही नहीं, अमेरिका में यूएस इमीग्रेशन एंड कस्टम एनफोर्समैंट (आईसीई-आइस) फोर्स भारत की ईडी, सीबीआई, भगवा ब्रिगेड की मिलीजुली फोर्स जैसी है जो किसी भी काले, हिस्पैनिक, भूरे, साउथ एशियन को गिरफ्तार कर सकती है. यहां मोदी अपने भगवा गैंग को शाबाशी देते रहते हैं, वहां ट्रंप आइस को.
इन सब देशों में एक चीज बराबर सी है. सभी बेहद अंधविश्वासी और चर्च, मंदिर, मसजिद समर्थक हैं. उतर कोरिया में किम जोंग उन के दादा किम इल सुंग एक देवता हैं और उन की किताब बाइबिल, कुरान, मनुस्मृति जैसी है. इन सब देशों में असली ताकत धर्म के पहरेदारों के पास है. ये देश चलते हैं आधुनिक तार्किक, साइंस और टैक्नोलौजी के सहारे लेकिन सोचते यह हैं कि असली ताकत ईश्वर के हाथों में है जिसे इन्होंने गढ़ा है.
ये देश अपने साथ पूरे विश्व को ले डूबेंगे, ऐसा प्रतीत हो रहा है. वर्ष 1940 से 1945 तक दुनिया ने हिटलर और जापान का कहर देखा था, अब ट्रंप व पुतिन का देखने को मिल रहा है. जब तक दुनिया की जनता पूजापाठ छोड़ कर तर्क और तथ्य को प्राथमिकता नहीं देंगी, नएनए ट्रंप, पुतिन, मोदी, किम पनपते रहेंगे. Donald Trump





