Dating App Scam: आज के समय में डेटिंग ऐप्स और डेटिंग साइट्स के जरिए लोगों का एकदूसरे से मिलना काफी आम हो गया है. लोग नए लोगों से मिलते हैं, बातचीत करते हैं और कभीकभी बात दोस्ती या रिश्ते तक भी पहुंच जाती है. लेकिन यहां कुछ लोग ऐसे भी हैं जो डेटिंग किसी रिश्ते या दोस्ती बनाने के लिए नहीं बल्कि मोनेटरी बेनेफिट्स के लिए करते हैं. इस का ज्यादातर फायदा लड़कियां उठाती हैं और लड़के शिकार बन जाते हैं. ऐसा ही कुछ हुआ दिल्ली के मयंक (बदला हुआ नाम) के साथ जो पहली बार डेटिंग साइट पर किसी रिश्ते की तलाश में आया था.
औमतौर पर लड़कियों को डेटिंग साइट पर ज्यादा मैच मिलते हैं और लड़कों को कम, इसलिए किसी भी लड़की का मैच मिलते ही लड़के बात करना शुरू कर देते हैं. मयंक के साथ भी यही था. उस की 4-5 लड़कियों से बात हुई, फिर अमीशा (बदला हुआ नाम) से मैच मिला तो उस से भी बात होने लगी. शुरुआत में अमीशा मयंक को अटैंशन देती थी. फिर मिलने का डिसाइड हुआ. अमीशा ने एक ऐसी जगह मिलने को कहा जो काफी रईस जान पड़ती थी लेकिन औनलाइन बुकिंग साइट्स पर उपलब्ध नहीं थी.
जब दोनों लोग डेट पर पहुंचे तो पहली नजर में मयंक को यह जगह थोड़ी अजीब लगी लेकिन पहली डेट थी तो नर्वस भी था. अमीशा ने बेझिझक खाने की डिशेज और ड्रिंक्स में दारू वगैरह और्डर कर दिया. बिल देने की बारी आई तो अमीशा वाशरूम का बहाना बना कर चल दी और बिल 10,000 रुपए का था और उस की चपत मयंक को लगी. इस डेट के बाद अमीशा गायब ही हो गई.
ऐसे मामलों में शुरुआत बहुत सामान्य तरीके से होती है. किसी डेटिंग ऐप पर बातचीत शुरू होती है, सामने वाला काफी दिलचस्पी दिखाता है, लगातार चैट करता है और कुछ समय बाद मिलने का एक सुझाव देता है. सामने वाले को लगता है कि शायद एक अच्छा कनैक्शन बन रहा है. लेकिन असली मकसद कुछ और होता है.
डेट पर पहुंचते ही बदल जाता है रवैया
मुलाकात के लिए अकसर ऐसी जगह चुनी जाती है जहां खानापीना काफी महंगा हो. डेट पर पहुंचने के बाद जरूरत से ज्यादा महंगे आइटम और्डर किए जाते हैं. कई बार शराब या दूसरे महंगे ड्रिंक्स भी बिल में शामिल हो जाते हैं.
जिस व्यक्ति ने डेट को सामान्य मुलाकात समझ कर स्वीकार किया था, उस के सामने अचानक हजारों रुपए का बिल आ जाता है. कई मामलों में पूरा खर्च एक ही व्यक्ति के ऊपर डाल दिया जाता है. बिल चुकाने के बाद कहानी खत्म और उस के बाद सामने वाला व्यक्ति धीरेधीरे संपर्क कम कर देता है या पूरी तरह गायब हो जाता है.
अगर शुरुआत से ही किसी व्यक्ति का उद्देश्य दूसरे इंसान से महंगा खानापीना करवाना और आर्थिक फायदा उठाना था, तो इसे सामान्य डेटिंग नहीं कहा जा सकता. यह धोखे और शोषण की मानसिकता है.
ऐसी घटना में आर्थिक नुकसान के साथ भरोसे का नुकसान भी होता है. जिस व्यक्ति ने सामने वाले पर भरोसा कर के मुलाकात की थी, उसे बाद में महसूस होता है कि उस की भावनाओं और विश्वास का इस्तेमाल किया गया. इस से वह भविष्य में नए लोगों पर भरोसा करने से भी डर सकता है.
एक गलत अनुभव इंसान को यह सोचने पर मजबूर कर सकता है कि शायद हर डेट, हर बातचीत और हर नया रिश्ता किसी न किसी स्वार्थ के पीछे छिपा हुआ है.
अगर कोई लगातार दूसरे लोगों को इस्तेमाल कर के आर्थिक फायदा उठाने लगे, तो धीरेधीरे उसे यह व्यवहार सामान्य लगने लगता है. आज किसी एक व्यक्ति को धोखा दिया, कल दूसरे को और फिर यह एक आदत बन सकती है.
सामाजिक और प्रोफैशनल जिंदगी पर असर
आज सोशल मीडिया और डिजिटल कनैक्शन के दौर में किसी व्यक्ति की निजी और सामाजिक छवि पूरी तरह अलग नहीं रहती. अगर किसी के बारे में लगातार यह धारणा बनने लगे कि वह लोगों का इस्तेमाल करता है, झूठ बोलता है या आर्थिक फायदा उठाने के लिए रिश्ते बनाता है, तो लोग उस से दूरी बनाने लग सकते हैं.
दोस्ती में भी भरोसा सब से जरूरी है
व्यवहार का असर डेटिंग तक सीमित नहीं रहता. अगर किसी व्यक्ति के बारे में उस के आसपास के लोग यह महसूस करने लगें कि वह जरूरत पड़ने पर उन का व दोस्तों का भी इस्तेमाल कर सकता है, झूठ बोल सकता है या अपने फायदे के लिए किसी को नुकसान पहुंचा सकता है, तो वे सभी सावधान हो जाते हैं.
शुरुआत में शायद सबकुछ सही दिखाई दे, लेकिन समय के साथ लोग अपनी सीमाएं तय करने लगते हैं. बातचीत कम हो जाती है, निजी बातें साझा करना बंद हो जाता है और दोस्ती पहले जैसी नहीं रहती. दरअसल, दोस्ती हो या प्यार, जहां भरोसा नहीं, वहां रिश्ता ज्यादा दूर तक नहीं चलता.
डेटिंग में दोनों तरफ से सावधानी जरूरी है
डेटिंग करने वाले लोगों को भी कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए. पहली मुलाकात में बहुत महंगी जगह चुनने की जरूरत नहीं है. खर्च पहले से स्पष्ट कर लेना बेहतर है. अगर कोई व्यक्ति शुरुआत से ही बारबार पैसे, महंगे गिफ्ट या महंगे आउटिंग पर जोर दे रहा है, तो उसे एक रेड फ्लैग या स्कैम की तरह देखना चाहिए. सब से जरूरी बात, किसी के आकर्षण या मीठी बातों की वजह से अपनी समझ को किनारे नहीं रखना चाहिए.
किसी को डेट पर बुला कर, जानबूझ कर उस का आर्थिक फायदा उठाना शायद कुछ समय के लिए आसानी पैसा दे सकता है लेकिन किसी इंसान की असली कीमत उस के पास कितने पैसे हैं, इस से नहीं बल्कि वह दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करता है, इस से तय होती है.
रिश्ते विश्वास से बनते हैं, फायदे से नहीं
डेटिंग इस सोच के साथ की जा रही है कि सामने वाले से कितना पैसा निकलवाया जा सकता है, तो वहां रिश्ता नहीं, एक लेनदेन चल रहा होता है. लेनदेन खत्म होने के बाद अकसर पैसा तो मिल जाता है लेकिन भरोसा, सम्मान और अच्छे रिश्ते धीरेधीरे हाथ से निकल जाते हैं.
खुद को दोष मत दीजिए
अगर किसी लड़के के साथ ऐसी घटना हो चुकी है तो उसे इस से एक सीख लेनी चाहिए. एक खराब डेट का मतलब यह नहीं कि दुनिया में हर लड़की गलत है. उसी तरह किसी लड़की के साथ बुरा अनुभव होने का मतलब यह नहीं कि हर लड़का धोखेबाज है. एक गलत इंसान के कारण पूरी इंसानियत पर भरोसा मत खोइए. बस, अगली बार थोड़ा समझदार बनिए.
पहली मुलाकात साधारण जगह पर रखिए. खर्च को ले कर पहले से स्पष्ट रहिए. सामने वाले के व्यवहार को समय दीजिए और सिर्फ मीठी बातों के आधार पर भरोसा मत कीजिए.
जिंदगी में पैसा नहीं, अपनी वैल्यू बढ़ाइए
युवाओं के लिए सब से जरूरी है अपनी जिंदगी में ऐसा मुकाम हासिल करने की कोशिश कीजिए जहां आप को किसी दूसरे इंसान का फायदा उठा कर पैसे कमाने की जरूरत ही न पड़े. अपने हुनर पर काम कीजिए, अपना कैरियर बनाइए, अपना आत्मसम्मान मजबूत कीजिए. और ऐसे रिश्ते बनाइए जिन में दोनों एकदूसरे की इज्जत करें. Dating App Scam





