Relationship Problems: मेरी उम्र 35 वर्ष है. मेरा एक रिश्तेदार हर पारिवारिक समारोह में मुझे नीचा दिखाने की कोशिश करता है. सामने मीठी बातें करता है, लेकिन लोगों के बीच मेरी कमियां गिनाने से नहीं चूकता. परिवार वाले कहते हैं कि रिश्तेदारी है, इसलिए सहन करो लेकिन अब हर मुलाकात के बाद कई दिनों तक मन खराब रहता है. क्या करूं?
सब से पहले यह समझिए कि समस्या रिश्ते में नहीं, उस व्यक्ति के व्यवहार में है. कई लोग आदतन दूसरों की कमियां गिना कर खुद को बेहतर साबित करने की कोशिश करते हैं. ऐसे व्यवहार के लिए खुद को दोषी मानने की आवश्यकता नहीं है.
अगली बार यदि वह व्यक्ति सार्वजनिक रूप से आप की आलोचना करे तो गुस्से या कटु शब्दों से जवाब देने के बजाय शांत और आत्मविश्वास से कह सकती हैं, ‘अगर कोई बात है तो हम इस पर अलग से बात कर सकते हैं. सब के सामने इस तरह कहना मुझे ठीक नहीं लगता.’ कई बार संयमित लेकिन स्पष्ट प्रतिक्रिया ही सामने वाले को उस की सीमा का एहसास करा देती है.
यदि व्यवहार में कोई बदलाव न आए तो अपनी सीमाएं तय करना बिलकुल उचित है. हर समारोह में लंबे समय तक रुकना या हर बातचीत का हिस्सा बनना आवश्यक नहीं है. जहां तक संभव हो, ऐसे व्यक्ति से औपचारिक और सीमित व्यवहार रखें. परिवार के लोग अकसर रिश्ते बनाए रखने की सलाह देते हैं, क्योंकि वे विवाद नहीं चाहते. लेकिन शांति का अर्थ यह नहीं कि एक ही व्यक्ति बारबार अपमान सहता रहे. Relationship Problems





