Girlfriend Problems: मैं 27 साल की हूं, एक निजी कंपनी में काम करती हूं. मेरे बौयफ्रैंड की उम्र 29 साल है, अपना बिजनैस है उस का. हम 4 साल से साथ हैं. मेरे उस के साथ रिश्ते में आने से पहले एक रिश्ता था जिस के बारे में मैं ने उसे शुरुआत में ही सबकुछ बता दिया था. इस के बावजूद वह आज भी मेरी पुरानी जिंदगी को ले कर सवाल करता रहता है. कई बार छोटी सी बात पर वही पुरानी बातें निकाल देता है. मैं उसे कैसे समझाऊं?

Ans. आप ने अपने पुराने रिश्ते के बारे में शुरुआत में ही अपने बौयफ्रैंड को सबकुछ ईमानदारी से बता दिया था, इसलिए आज 4 साल बाद भी अगर वह छोटीछोटी बातों में आप का अतीत सामने लाते हैं, तो यह आप के लिए दुख देने वाली बात हो सकती है. हर इंसान की जिंदगी में एक अतीत होता है और उसे बदला नहीं जा सकता. जरूरी यह है कि आज आप अपने रिश्ते के प्रति कितनी ईमानदार और कमिटेड हैं.

आप को उन से किसी बहस के समय नहीं, बल्कि शांत माहौल में बात करनी चाहिए. उन्हें समझाइए कि अगर आप के अतीत को ले कर उन के मन में कोई डर, इनसिक्योरिटी या सवाल है, तो आप उस पर खुल कर बात करने के लिए तैयार हैं. लेकिन हर बार वही पुरानी बातें निकाल कर आप से उन का एक्सप्लेनेशन मांगना ठीक नहीं है. आप ने उन से कुछ छिपाया नहीं था, इसलिए आप को बारबार अपने पास्ट के लिए गिल्टी महसूस करने की जरूरत नहीं है.

हो सकता है उन के मन में कंपैरिजन का डर हो या उन्हें यह चिंता होती हो कि कहीं आप का पुराना रिश्ता आज भी आप के लिए मायने तो नहीं रखता. अगर ऐसा है तो उन की फीलिंग्स को समझना जरूरी है. आप उन्हें रीअश्योर कर सकती हैं कि आप की प्रेजैंट रिलेशनशिप आप के लिए महत्त्वपूर्ण है. लेकिन साथ ही यह भी क्लियर कर दें कि आप अपने पास्ट को ले कर बारबार सफाई नहीं देना चाहतीं.

चार साल के रिश्ते में ट्रस्ट और रिस्पैक्ट सब से जरूरी होते हैं. आप का पास्ट आप की जिंदगी का एक हिस्सा है, लेकिन आप का प्रेजैंट आप के बौयफ्रैंड के साथ है. अगर वे आप की बात समझने और अपनी इनसिक्योरिटी पर काम करने के लिए तैयार हैं, तो आप का रिश्ता और स्ट्रौंग हो सकता है. लेकिन अगर वे बारबार अतीत को ले कर आप को ताने देते हैं या गिल्टी महसूस कराते हैं, तो आप को एक क्लियर बाउंड्री तय करनी चाहिए. उन की फीलिंग्स को समझना ठीक है, लेकिन अपने अतीत की सजा बारबार भुगतना ठीक नहीं.

हर झगड़े में गर्लफ्रैंड कहती है ब्रेकअप कर लेते हैं, कैसे संभालें रिश्ता

मैं 24 साल का हूं, एक निजी कंपनी में नौकरी करता हूं. मेरी गर्लफ्रैंड 23 साल की है, कालेज में पढ़ रही है. हम 2 साल से रिलेशनशिप में हैं. जब भी हमारा झगड़ा होता है, वह गुस्से में कहती है कि रिश्ता खत्म कर देते हैं. कुछ समय बाद वह खुद ही सामान्य हो जाती है और माफी मांग लेती है. मैं उस से बहुत प्यार करता हूं, लेकिन हर बार ब्रेकअप की बात सुन कर मुझे डर लगने लगा है. मुझे क्या करना चाहिए?

Ans. यह स्थिति केवल झगड़े की नहीं, बल्कि रिश्ते में इमोशनल सेफ्टी की भी है. आप को किसी शांत समय में उन से इस बारे में गंभीरता से बात करनी चाहिए. उन्हें बताइए कि आप उन से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन हर झगड़े में ब्रेकअप की बात सुनना आप के लिए बहुत तकलीफदेह है. यह भी साफ करें कि अगर किसी बात से उन्हें परेशानी है, तो आप उस पर बात करने और समाधान निकालने के लिए तैयार हैं, लेकिन हर बहस में रिश्ते को खत्म करने की बात समाधान नहीं हो सकती. हो सकता है उन्हें खुद भी एहसास न हो कि उन के ये शब्द आप पर कितना असर डाल रहे हैं.

आप दोनों मिलकर एक रूल तय कर सकते हैं कि गुस्से में ब्रेकअप की बात नहीं करेंगे. अगर बहस बहुत बढ़ जाए, तो कुछ समय के लिए बातचीत रोक देंगे और शांत होने के बाद दोबारा बात करेंगे. साथ ही, सिर्फ माफी मांगना ही काफी नहीं है; जरूरी यह है कि समय के साथ उन का व्यवहार भी बदले. आप भी उन की बात ध्यान से सुनें और यह समझने की कोशिश करें कि झगड़ों के पीछे असली समस्या क्या है.

सब से जरूरी बात यह है कि आप सिर्फ इस डर से हर बात सहते न रहें कि कहीं वह आप को छोड़ न दें. प्यार के साथ रिस्पैक्ट, ट्रस्ट और इमोशनल सिक्योरिटी भी जरूरी हैं. Girlfriend Problems

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...