Wife Murder: निराधार शक, बेरोजगारी, हीनभावना और मानसिक कुंठा एक हंसते परिवार को बर्बाद कर सकती है. गुजरात के सूरत के रहने वाले विशाल सालवी और शिल्पा की शादी साल 2010 में हुई थी. शिल्पा एक निजी अस्पताल में डायटिशियन थी और अपना क्लीनिक भी चलाती थी, जबकि विशाल हीरा एक फर्म में नौकरी करता था. शुरुआती वर्षों में उन का दांपत्य जीवन सुखद रहा और उन के 2 बच्चे हुए.
समस्या तब शुरू हुई, जब विशाल ने नौकरी छोड़ दी और लंबे समय तक बेरोजगार रहा. घर की पूरी जिम्मेदारी शिल्पा सालवी पर आ गई. आर्थिक बोझ और तनाव के कारण वह अकसर पति को काम करने के लिए कहती और उस के व्यवहार में चिड़चिड़ापन आ गया. दूसरी ओर खाली बैठे विशाल के मन में हीनभावना और पत्नी के चरित्र को ले कर बेबुनियाद शक घर करता गया. उसे लगता था कि शिल्पा का किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध है, जबकि इस का कोई प्रमाण नहीं था. दोस्तों के तानों और अपनी असफलता ने उस के शक को और गहरा कर दिया.
धीरेधीरे विशाल ने पत्नी की हत्या करने की योजना बना ली. उस ने अपने पुश्तैनी पुराने मकान को इस अपराध के लिए चुना, जहां लोगों का आनाजाना कम था. 20 अप्रैल, 2026 को वह शिल्पा को पुराने घर से सामान लाने का बहाना बना कर सलाबतपुरा स्थित मकान में ले गया. वहां दोनों के बीच फिर उसी पुराने विषय पर विवाद हुआ. विशाल ने शिल्पा पर अवैध संबंधों का आरोप लगाया, जिसे उस ने सख्ती से नकार दिया. गुस्से में विशाल ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
हत्या के बाद उस ने बड़ी बेरहमी से शिल्पा के शव को लकड़ी के एक बड़े बक्से में बंद कर दिया और बदबू बाहर न आए, इस के लिए उस पर सीमेंट की मोटी परत चढ़ा दी. इस के बाद वह सामान्य व्यवहार करता हुआ रिश्तेदारों के घर गया और फिर अपने घर लौट आया. बच्चों और परिजनों से उस ने कहा कि वह शिल्पा को अस्पताल के पास छोड़ कर आया था.
अगले दिन उस ने अपने ससुर प्रदीप कोस्टा के साथ थाने जा कर पत्नी शिल्पा की गुमशुदगी दर्ज कराई और 5 दिनों तक उस की तलाश का नाटक करता रहा. इस दौरान वह चोरीछिपे पुराने मकान में जा कर शव से निकल रहे तरल पदार्थ को साफ करता और रूम फ्रेशनर छिड़कता था, ताकि किसी को बदबू का संदेह न हो.
5 दिन बाद विशाल को अहसास हुआ कि वह अधिक समय तक बच नहीं सकेगा. उसने अपने 13 साल के बेटे को एक हस्तलिखित पत्र दिया, जिस में हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए शव छिपाने की पूरी जानकारी लिखी थी. पुलिस पत्र के आधार पर पुराने मकान पहुंची और सीमेंट से ढंके लकड़ी के बक्से से शिल्पा का सड़ागला शव बरामद कर लिया. बाद में मोबाइल लोकेशन के आधार पर विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पत्नी के चरित्र पर शक और मानसिक कुंठा के कारण उस ने यह जघन्य अपराध किया.
इस घटना ने 2 मासूम बच्चों से उन की मां और पिता दोनों छीन लिए. मां की हत्या हो गई और पिता जेल पहुंच गया. अंततः बच्चों को उन के नाना प्रदीप कोस्टा अपने साथ ले गए. Wife Murder
लेखक – वीरेंदर बहादुर सिंह
लंबी कहानी सत्यकथा के सितंबर, 2026 अंक में पढ़ें





