Physical Relationship: असल में, हमारे बीच फिजिकल रिलेशन को ले कर सोच अलग है. मैं मानता हूं कि यह किसी भी रिलेशनशिप का एक जरूरी हिस्सा होता है, जिस से पार्टनर्स के बीच नजदीकी और समझ बढ़ती है लेकिन मेरी पार्टनर इस मामले में अभी सहज नहीं है. वह कहती है कि वह अभी इस के लिए तैयार नहीं है. समय के साथ मुझे लगने लगा कि शायद वह मुझ से उतनी कनैक्ट नहीं है जितना मैं उस से हूं.
अब हालात ऐसे हो गए हैं कि हमारे बीच पहले जैसी गर्मजोशी नहीं रही. मैं उस से बहुत प्यार करता हूं और उसे खोना नहीं चाहता, लेकिन मेरी अपनी जरूरतें और भावनाएं भी हैं. मैं कन्फ्यूज्ड हूं कि क्या मैं गलत सोच रहा हूं या फिर हमें इस रिश्ते के बारे में गंभीरता से दोबारा सोचना चाहिए?
हर इंसान की सोच, भावनाएं और कन्फर्ट लैवल अलग होता है, खासकर फिजिकल रिलेशन जैसे विषय में. आप की पार्टनर का अभी सहज न होना यह नहीं दिखाता कि वह आप से प्यार नहीं करती, बल्कि यह उस की पर्सनल फीलिंग्स और सीमाओं का हिस्सा है.
किसी भी रिश्ते में फिजिकल नजदीकी तभी अच्छी होती है जब दोनों पार्टनर अपनी इच्छा से और पूरी तरह कन्फर्टेबल हों. अगर इस बात में जल्दबाजी या दबाव डाला जाए तो इस से रिश्ता और ज्यादा कमजोर हो सकता है. इसलिए सब से जरूरी है कि आप उन की भावनाओं का सम्मान करें, उन्हें समय दें.
साथ ही, यह भी जरूरी है कि आप अपनी फीलिंग्स को दबा कर न रखें. शांत तरीके से, बिना किसी दबाव या आरोप के उन से खुल कर बात करें. उन्हें बताएं कि आप कैसा महसूस करते हैं.
इस के अलावा, अपने रिश्ते के बाकी पहलुओं पर ध्यान दें, जैसे इमोशनल कनैक्शन, एकदूसरे का साथ और विश्वास. अगर ये मजबूत हैं तो समय के साथ बाकी चीजें भी सही दिशा में आ सकती हैं.
लेकिन अगर लंबे समय तक आप दोनों की सोच में कोई संतुलन नहीं बन पाता और इस से लगातार तनाव बढ़ता है तो आप को ईमानदारी से यह सोचना होगा कि क्या यह रिश्ता आप दोनों की जरूरतों व खुशियों के अनुसार सही है या नहीं. याद रखें, सच्चा रिश्ता वही होता है जिस में दोनों लोग एकदूसरे की भावनाओं, सीमाओं और जरूरतों का सम्मान करें, न कि किसी एक की इच्छा दूसरे पर हावी हो.
………………………………………………………………………………………………………………………………………………………
मेरी गर्लफ्रैंड मुझ से काफी ज्यादा कमाती है
पिछले 2 वर्षों से मैं एक रिलेशनशिप में हूं. मेरी गर्लफ्रैंड भी जौब करती है और सच कहूं तो वह मुझ से काफी ज्यादा कमाती है. शुरुआत में यह बात मेरे लिए इतनी बड़ी नहीं थी क्योंकि हमारे बीच प्यार और समझ बहुत अच्छी थी. हम एकदूसरे का सम्मान करते थे और साथ में खुश रहते थे लेकिन धीरेधीरे यह बात मेरे मन में घर करने लगी. जब भी हम कहीं बाहर जाते हैं या कोई खर्च होता है तो कई बार वह आसानी से पैसे दे देती है.
ऊपर से वह कभीकभी महंगी चीजें खरीद लेती है, जो मैं आसानी से अफोर्ड नहीं कर पाता. ऐसी स्थिति में मुझे अंदर ही अंदर हीनभावना होने लगती है. मुझे लगता है कि मैं उस के सामने छोटा पड़ रहा हूं. हालांकि जब मैं उस से इस बारे में बात करता हूं तो वह कहती है कि उसे पैसों से कोई फर्क नहीं पड़ता और वह मुझ से वैसे ही प्यार करती है, लेकिन फिर भी मेरे मन से यह बात निकल नहीं रही.
अब हालत यह हो गई है कि छोटीछोटी बातों पर भी मुझे असहजता महसूस होती है. मैं खुद की उस से तुलना करने लगता हूं, जिस से मेरा आत्मविश्वास भी कम होता जा रहा है. यह हीनभावना हमारे रिश्ते को धीरेधीरे कमजोर कर रही है. मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं अपनी सोच कैसे बदलूं और इस स्थिति को कैसे संभालूं?
आप की समस्या सिर्फ पैसों की नहीं, बल्कि खुद के आत्मविश्वास और सोच से जुड़ी हुई है. सब से पहले यह सम?ाना जरूरी है कि किसी भी रिश्ते की मजबूती कमाई से नहीं, बल्कि भरोसे, सम्मान और समझ से तय होती है. आप की गर्लफ्रैंड अगर साफतौर पर कह रही है कि उसे पैसों से फर्क नहीं पड़ता तो इस का मतलब है कि वह आप को आप के व्यक्तित्व और प्यार के लिए महत्त्व देती है, न कि आप की कमाई के आधार पर.
आप को खुद की उस से तुलना करना बंद करना होगा. हर इंसान की अपनी जर्नी होती है और कैरियर में आगेपीछे होना सामान्य बात है. यह जरूरी नहीं कि जो आज ज्यादा कमा रहा है वही हमेशा आगे रहेगा. इसलिए अपने कैरियर और स्किल्स पर ध्यान दें, ताकि आप का आत्मविश्वास मजबूत हो सके.
साथ ही, पैसों को ले कर एक स्पष्ट सम?ा बनानी भी जरूरी है. आप दोनों बैठ कर यह तय कर सकते हैं कि खर्च कैसे बांटे जाएं, ताकि किसी को असहजता न हो. रिश्ते में ‘मैं कम हूं’ या ‘वह ज्यादा है’ जैसी सोच की जगह ‘हम साथ हैं’ वाली सोच लानी होगी.
……………………………………………………………………………………………………………………………………………….
गर्लफ्रैंड को लगता है मैं बदल गया हूं, क्या लौंग डिस्टैंस रिश्ते खत्म कर देता है?
मैं 29 वर्ष का हूं, मेरी हाल ही में सरकारी नौकरी लगी है. मेरी पोस्टिंग दूसरे शहर में हुई है, जबकि मेरी गर्लफ्रैंड दिल्ली में रहती है जहां हम पहले साथ थे. हम पिछले 3 साल से रिलेशनशिप में हैं और एकदूसरे से बहुत प्यार करते हैं. लेकिन नौकरी लगने के बाद सब बदल गया है. अब हम दोनों के बीच लौंग डिस्टैंस रिलेशनशिप हो गई है. मेरी जौब में टाइम फिक्स नहीं होता, कभी देर तक काम करना पड़ता है, कभी अचानक ड्यूटी लग जाती है. इस वजह से मैं उसे पहले जितना टाइम नहीं दे पाता. वहीं, मेरी गर्लफ्रैंड को लगता है कि मैं बदल गया हूं. कई बार वह गुस्से में कह देती है कि ‘अगर तुम इतना ही बिजी हो तो रिलेशनशिप क्यों रखी है?’
मैं समझ नहीं पा रहा कि क्या करूं? एक तरफ मेरी सरकारी नौकरी है, जो मेरे कैरियर और परिवार के लिए बहुत जरूरी है, दूसरी तरफ मेरा रिश्ता है.
सब से पहले, आप को अपनी गर्लफ्रैंड को अपनी नौकरी की वास्तविकता समझनी होगी. उसे यह बताना जरूरी है कि आप का बिजी होना उस की अनदेखी नहीं, बल्कि आप की जिम्मेदारी का हिस्सा है. जब सामने वाला स्थिति को समझेगा, तभी वह आप को सही तरीके से सपोर्ट कर पाएगा. साथ ही, भले ही आप बहुत बिजी हों लेकिन थोड़ा सा क्वालिटी टाइम निकालना जरूरी है, जैसे दिन में एक कौल, एक मैसेज या वीकैंड पर लंबी बातचीत. इस से उसे यह महसूस होगा कि वह आप के लिए अभी भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है.
दूसरी तरफ, आप की गर्लफ्रैंड को भी यह समझना होगा कि हर समय साथ रहना संभव नहीं होता, खासकर जब कैरियर की जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं. अगर आप दोनों एकदूसरे की परिस्थितियों को समझ कर चलेंगे तो यह दूरी भी आप के रिश्ते को कमजोर नहीं, बल्कि और मजबूत बना सकती है. Physical Relationship
WHATSAPP +918527666772
आप अपनी प्रेम समस्याएं, संपादकीय विभाग, मुक्ता, दिल्ली प्रैस भवन, ई-8, रानी झांसी मार्ग, झंडेवाला एस्टेट, नई दिल्ली-110055 पर भेजें. SMS/Whatsapp से भी भेज सकते हैं. ईमेल द्वारा mukta@delhipress.in पर भेजें. नाम गुप्त रखा जाएगा.





