Harappan Civilization: डेक्कन यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति और राखीगढ़ी के खोजकर्ता प्रो वसंत शिंदे ने 25 अक्टूबर 2026 को हिसार में हुए इंटरनेशनल राखीगढ़ी समिट में दावा किया है कि हड़प्पा के लोग 225 फीट लंबे और 40 फीट चौड़े विशाल जहाजों से व्यापार करते थे. ये दावा अगर सच है तो इससे दुनिया का समुद्री इतिहास ही बदल सकता है. लेकिन सवाल ये है कि इसका सबूत क्या है? और क्या हड़प्पा वाकई में भगवानों की नहीं बल्कि मेहनतकश कारीगरों की सभ्यता थी?

हड़प्पा को लेकर हम अक्सर सोचते हैं कि ये सिर्फ मोहनजोदड़ो के स्नानागार तक ही सीमित है लेकिन लोथल में हुई खोज ने इस सोच को तोड़ दिया है. 1954 से 1960 के बीच एस आर राव ने भोगवा नदी के पास खुदाई की तो उन्हें एक ऐसा विशाल ढांचा मिला जो 218 मीटर लंबी और 37 मीटर चौड़ा था और यह पक्की ईंटों से बना था. इसे दुनिया का सबसे पुराना डॉकयार्ड माना जाता है, जो 2400 ईसा पूर्व में बना था.

वैज्ञानिकों ने जांच से साबित किया कि ये मीठे पानी का तालाब नहीं बल्कि ज्वार भाटे से चलने वाला बंदरगाह था. जहां 20 से 30 जहाज एक साथ लग सकते थे. एस आर राव के मुताबिक उस समय के जहाज 20 से 25 मीटर लंबे होते थे. लोथल से ही टेराकोटा की नाव का मॉडल मिला है. कोण नापने के यंत्र भी मिले हैं. मुहरों पर मस्तूल वाली नावों के चित्र हैं. जिनमें अंदर केबिन और दिशा के लिए पक्षियों का जिक्र है. लोथल की मुहरें और मनके इराक और बहरीन तक मिले हैं. इससे पता चलता है कि ये हजारों किलोमीटर तक फैला हुआ बिजनेस नेटवर्क था.

अब सवाल आता है कि 225 फीट के जहाज वाले दावे की सच्चाई क्या है? सच ये है कि आज तक लकड़ी का कोई पूरा जहाज नहीं मिला है. क्योंकि लकड़ी सड़ जाती है. अभी तक के सभी एविडेंस 65 से 82 फीट तक के जहाज के ही हैं. 225 फीट के जहाज वाली बात एक नई परिकल्पना है. जो डॉकयार्ड के बड़े आकार के आधार पर अनुमान लगाई गई है. इसे अभी साबित होना बाकी है लेकिन इतना तय है कि हड़प्पा के लोग नाव बनाने में दुनिया में सबसे आगे थे.

225 फिट के जहाज वाली बात महज परिकल्पना ही है लेकिन हड़प्पा का असली सच इससे कहीं ज्यादा पुख्ता है. मिस्र ने देवताओं के लिए पिरामिड बनाए. मेसोपोटामिया ने भगवान के लिए जिगुरात बनाए. लेकिन हड़प्पा सभ्यता के लोगों की तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और डवलपमेन्ट इंसानों के लिए था. इसका सबसे बड़ा सबूत यही है कि पिछले सौ सालों में 1500 से ज्यादा हड़प्पा स्थलों की खुदाई हो चुकी है लेकिन इनमें से किसी भी जगह पर एक भी मंदिर नहीं मिला. एक भी राजा का महल नहीं मिला. एक भी पुजारी का घर नहीं मिला. यहां जो मिला है वो है इंसान के लिए बनाई गई चीजें हैं. अन्न के लिए अन्नागार, नहाने के लिए ग्रेट बाथ, पक्की गलियां, ईंटो से बनी नालियां, पानी के लिए धोलावीरा की झीलें और व्यापार के लिए लोथल का डॉकयार्ड.

सिंधु घाटी सभ्यता से जुड़ी यह खोजें साबित करती हैं कि जब समाज मेहनतकश लोगों के हाथ में होता है तो उसे भगवान के आलीशान घरों की जरूरत नहीं पड़ती. चन्हुदड़ो में चूड़ी बनाने की फैक्ट्री थी. लोथल में मनका बनाने का कारखाना था. एक मनके में छेद करने के लिए दिन भर की मेहनत लगती थी. ये काम मंत्र से नहीं बल्कि हाथ के हुनर से होता था. हड़प्पा ने साबित किया है कि अगर लोग मिलकर नदी को रोकना सीख लें और नाव बनाने की कला समझ लें तो उन्हें किसी काल्पनिक स्वर्ग की जरूरत नहीं पड़ती. वो यहीं धरती पर ही स्वर्ग बना लेते हैं. Harappan Civilization

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...