Daily Life Tips: 1. किसी को बरतन, किताब या घरेलू उपकरण दें, तो देते समय उस की एक छोटी सी तसवीर अपने फोन में रख लें. खासकर जब एक ही तरह के सामान कई लोगों को दिए हों, तो यह याद रखने में आसानी होगी कि कौन सी चीज किस के पास है.

2. कई लोग मेहमानों के आते ही अपने घर की अव्यवस्था, पुराने फर्नीचर या छोटी रसोई के लिए सफाई देने लगते हैं. इस की जगह उन का सहज स्वागत करें. आप का व्यवहार घर की सजावट से अधिक याद रहता है.

3. कैंची, टेप, टौर्च, अतिरिक्त बैटरी और जरूरी औजारों के लिए एक निश्चित डब्बा बनाएं. घर के सभी सदस्यों को इस की जगह बता दें. जरूरत के समय चीजें खोजने में लगने वाला समय बचेगा.

4. यदि बोतल रोज इस्तेमाल होती है, तो उसे नियमित रूप से साबुन और साफ पानी से धोएं, ढक्कन और मुंह वाले हिस्से की भी सफाई करें. केवल पानी से खंगालना पर्याप्त नहीं होता, खासकर जब बोतल में दुर्गंध आने लगे.

5. किसी सामाजिक कार्यक्रम में अकेले पहुंचे व्यक्ति को अनदेखा न करें. यदि कोई परिचित सभा में चुपचाप बैठा हो, तो उस से सामान्य बातचीत शुरू करें या दूसरे लोगों से परिचय करा दें. छोटे से स्वागत से किसी का संकोच दूर हो सकता है और आप का सामाजिक व्यवहार याद रखा जाएगा.

6. किसी के घर में प्रवेश करने से पहले एक शिष्टाचार याद रखें, दरवाजा खुला देख कर सीधे अंदर न चले जाएं. पहले आवाज दें या घंटी बजाएं और अनुमति मिलने पर ही प्रवेश करें. पड़ोसियों से घनिष्ठता होने पर भी निजी जगह का सम्मान जरूरी है.

7. घर में रखे अग्निशामक यंत्र की तारीख भी जांचें. यदि घर या सोसायटी में अग्निशामक यंत्र है, तो उस की सर्विसिंग और वैधता की जानकारी समयसमय पर जांचें. परिवार के सदस्यों को आपातस्थिति में बाहर निकलने का रास्ता भी पता होना चाहिए. केवल यंत्र रख लेना पर्याप्त नहीं, उस का सही रखरखाव आना भी जरूरी है.

8. घर में जरूरी सामान खत्म होने का इंतजार न करें. साबुन, कचरे के थैले, सफाई का सामान और रोज इस्तेमाल होने वाली दूसरी चीजों के लिए एक छोटी सूची बनाएं. जैसे ही कोई वस्तु खत्म होने के करीब पहुंचे, उसे सूची में जोड़ दें. इस से अचानक बाजार भागने और अनावश्यक खरीदारी दोनों से बचा जा सकता है.

9. किसी के बारबार देर से आने पर यह गलती न करें, हर बार ताना मारने के बजाय अगली मुलाकात में समय और प्रतीक्षा की सीमा पहले ही स्पष्ट कर दें. उदाहरण के लिए, कह दें कि आप आधे घंटे तक इंतजार कर पाएंगे. इस से बिना झगड़े के अपनी सुविधा का ध्यान रखा जा सकता है.

 

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...