Independence Day 2026: क्या आपकी आजादी के जश्न में
सड़कों पर
तिरंगा बेचते
बच्चे, बच्चियां, औरतें
शामिल हैं ?

क्या आजादी के
इस जश्न में
वो लोग भी शामिल हैं
जिनके बच्चे
मर गये बीमार हुए
भूख से लाचार हुए
कुछ बह गये बाढ़ में
कुछ रेप का शिकार हुए

क्या वे लोग भी जश्न मना सकते हैं
जो मैले कुचैले होते हैं
दिन भर की मेहनत के बाद
रात को भूखे सोते हैं

क्या वे लोग भी
आजादी मनाएं
जिनकी जिंदगी सरेआम है
और पीढियां आज भी गुलाम हैं

क्या वे लोग भी झूमें
जिनके भविष्य को हिला दिया गया
जिनकी झुग्गियों पर
बुलडोजर चला दिया गया

क्या वो लोग भी
इस जश्न में शामिल होंगे
जिन्हें पीटा गया, रुलाया गया
जिनके घरों को दंगों में जलाया गया

स्वतंत्रता के
80वे वर्ष में
आजादी का जश्न
सब को मनाना ही चाहिए

और जो इस जश्न में शामिल न हो
उसे “देशद्रोह” की
किसी सख्त धारा में
आजीवन कारावास की
कठोर सजा मिलनी चाहिए

मैं तो इस जश्न में शामिल हूँ
क्योंकि
सड़कों पर भटकते बच्चों में
मेरे परिवार का कोई नहीं है

मेरे परिवार से कोई
सड़कों के गड्डों में फंसकर नहीं मरा
मेरा घर बुलडोजर से बच गया

मेरा गांव बाढ़ में बह गया और मैं बच गया
क्योंकि मैं शहर में रहता हूँ

मेरे घर से किसी ने सुसाइड नही किया
क्योंकि मैं किसान नहीं हूँ

और सबसे बड़ी बात
मेरे घर की बच्चियां
इस बार भी रेप से बच गईं
इसलिए मैं
आजादी का भरपूर
जश्न मना सकता हूँ
क्योंकि मैं
“देशद्रोही” भी नहीं हूँ  Independence Day 2026

आपको भी आजादी मुबारक

 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...